Wednesday, 28 January 2015


दिनांक -28-01-2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
जिले में निष्पक्ष, त्रुटिहीन एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन कराएं
कलेक्टर एवं एसपी ने किया टोंकखुर्द एवं सोनकच्छ क्षेत्र के मतदान केंद्रों का निरीक्षण
---------
      देवास 28 जनवरी 2015/ जिले में पंचायत निर्वाचन निष्पक्ष, त्रुटिहीन एवं शांतिपूर्ण रूप से संपन्न कराएं। इसके लिए निर्वाचन कार्य में लगाए गए सभी अधिकारी/कर्मचारी पूरी निष्ठा एवं सावधानी के साथ कार्य करें। कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
      कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने आज बुधवार को पंचायत निर्वाचन के संबंध में टोंकखुर्द एवं सोनकच्छ के विभिन्न ग्रामों के सघन भ्रमण एवं मतदान केंद्रों के निरीक्षण के दौरान उक्त निर्देश दिए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री अभय सिंह ने भी मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में निर्देश अधीनस्थ अधिकारियों को दिए। भ्रमण के दौरान एसडीएम श्रीमती अंजली जोसफ एवं सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
शौचालय बनाने के लिए प्रेरित करें
     ग्राम कलमा में कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान ग्राम सचिव मॉडल शौचालय निर्माण की जानकारी ली, इस पर ग्राम सचिव ने बताया कि गांव में श्री जगदीश पिता नारायण तथा श्री मदनलाल पिता मुन्नालाल के घर मॉडल शौचालय बनकर तैयार हो चुके हैं। इस पर कलेक्टर ने कहा कि सभी ग्रामीणों को यहां पर ले जाकर मॉडल शौचालय दिखवाएं तथा उन्हें बनवाने के लिए प्रेरित कर मांग पत्र भरवाएं। कलेक्टर श्री अवस्थी ने ग्राम पंचायत भवन तथा शासकीय विद्यालय परिसर के निरीक्षण के दौरान वहां पौधे लगाये जाकर उनकी देखभाल के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल के अध्यापकों को निर्देश दिए कि विद्यालय परिसर में प्रत्येक कक्षा का एक-एक पौधा जरूर लगाएं।

ग्राम टोंककला -- स्कूल भवन शीघ्र पूर्ण करें
    कलेक्टर ने ग्राम टोंककला में निरीक्षण के दौरान निर्वाचन संबंधी जानकारी ली। कलेक्टर को बताया गया कि वहां पर सरपंच निर्विरोध चुनी गई हैं। ग्राम में 4 पंच के उम्मीदवार वार्ड क्रमांक 19 में हैं। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि वहां हाई-स्कूल भवन पिछले 7 साल से बन रहा है, परंतु अभी तक पूर्ण नहीं बन पाया। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूल भवन का कार्य जल्द से जल्द पूर्ण करें। 
ग्राम भैरवाखेड़ी- पंचायत भवन पूर्ण करें अथवा राशि वापस करें
     कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान ग्राम भैरवाखेड़ी शासकीय विद्यालय में बनाए गए निर्वाचन केंद्र का निरीक्षण किया तथा निर्वाचन संबंधी जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली। उन्होंने गांव में बन रहे पंचायत भवन का कार्य पूर्ण नहीं होने पर अप्रसन्नता जाहिर करते हुए सचिव से पूछा कि कितनी राशि मिली है भवन बनवाने के लिए। इस पर सचिव ने बताया कि 12 लाख रूपए स्वीकृत हुए हैं। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि या तो भवन का कार्य पूर्ण करें अथवा राशि लौटाएं। भ्रमण के दौरान गांव में अतिक्रमण की समस्या से कलेक्टर श्री अवस्थी को अवगत कराया। इस पर कलेक्टर ने कहा कि लिखित में शिकायत दें, कार्रवाई कर अतिक्रमण हटवाया जाएगा। चर्चा के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि पेयजल में लाल पानी की समस्या है। इस पर कलेक्टर ने ग्रामीणों को बताया कि वे पानी को छान कर एवं उबालकर उपयोग में लाए। साथ ही इस समस्या के लिए पीएचई विभाग के अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए।
भैरवाखेड़ी- मॉडल शौचालय को देखें तथा बनवाएं
     निरीक्षण के दौरान ग्राम भैरवाखेड़ी में कलेक्टर ने ग्रामीणों से कहा कि वे ग्राम में बनाए गए मॉडल शौचालय को देखें तथा अपने घरों में भी इस प्रकार के शौचालय का निर्माण करवाएं। कलेक्टर ने ग्रामीणों से कहा कि वे अपने घरों में शौचालय बनवाएंगे तो ग्राम में गंदगी नहीं रहेगी तथा गांव पूरी तरह से साफ-स्वच्छ रहेगा।

ग्राम चिड़ावद- ग्राम में लगाएं फलदार पौधे
    कलेक्टर ने ग्राम चिड़ावद में निरीक्षण के दौरान ग्राम के विद्यालय में बनाए गए मतदान केंद्र का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों कहा कि वे निर्वाचन में प्रशासन का सहयोग कर निर्वाचन शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से सम्पन्न कराएं। साथ ही ग्रामीणों से कहा कि वे फलदार पौधे लगाएं। कलेक्टर ने प्राचार्य को निर्देश दिए कि ग्राम को स्वच्छ बनाने के लिए स्कूलों की दीवारों पर स्वच्छता संबंधी नारे लिखवाएं।
ग्राम इकलेरा- माताजी के दर्शन किए
     निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने ग्राम इकलेरा में स्थित मां बिजासनी के दर्शन किए तथा पूजा अर्चना की।
पीपल्या सड़क- बाहर शौच के लिए जाना बंद कर दिया है
     कलेक्टर द्वारा ग्राम पीपल्या सड़क के शासकीय विद्यालय में निरीक्षण के दौरान प्राचार्य से शौचालय निर्माण आदि की जानकारी ली। ग्रामीणों से चर्चा करते हुए कलेक्टर ने खसरा, बी-वन की नकल, वृद्धावस्था पेंशन वितरण, गांव में पेयजल की व्यवस्था आदि की जानकारी ली। ग्रामीणों ने कलेक्टर को बताया कि उन्हें वहां पर सभी शासकीय सुविधाओं का लाभ मिल रहा हैं। चर्चा के दौरान ग्रामीण भारतसिंह मांगीलाल ने बताया कि उसके घर मॉडल शौचालय बना है। ग्रामीणों ने बताया कि मॉडल शौचालय बहुत अच्छा बना है एवं पानी की टंकी भी लगवाई गई है। हमारे परिजनों ने बाहर शौच के लिए जाना बंद कर दिया है।
ग्राम आलरी- दिग्विजय को शाबाशी दी
     निरीक्षण के दौरान ग्राम आलरी में विद्यालय में छात्र-छात्राओं की कमी पर चिंता व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि बच्चों को स्कूल में आने के लिए प्रेरित किया जाए, जिससे वे स्कूल में आकर पढ़ाई कर सकें। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पूछा कि विद्यालय में स्कूल चलें अभियान का लोगो किससे बनाया है। इस पर प्राचार्य ने बताया कि स्कूल के छात्र दिग्विजय पिता कमलसिंह पटेल ने बनाया है। इस पर कलेक्टर ने प्रशंसा जाहिर करते हुए दिग्विजय को शाबासी दी।

ग्राम आलरी- शराब वितरण पर होगी सख्त कार्रवाई

     निरीक्षण के दौरान ग्राम आलरी में कलेक्टर ने कहा ‍कि गांव में निर्वाचन के दौरान शराब बेचने वालों पर पैनी नजर रहेगी तथा जो भी व्यक्ति प्रतिबंधित समय में शराब बेचते या वितरण करते हुए पाया गया तो उसके विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी।
ग्राम हरनावदा, देवली, चौबाराधीरा, बीराखेड़ी का भी किया निरीक्षण
       कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने ग्राम हरनावदा, देवली, चौबाराधीरा एवं बीराखेड़ी के मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं के निर्देश संबधित अधिकारियों को दिए।
क्रमांक 305/2076/28-01-2015                                          (फोटो- सलंग्न)
                                          


No comments:

Post a Comment