Friday, 2 January 2015

02-01-2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥
फोटो- कैप्शन
      कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी एवं महापौर श्री सुभाष शर्मा गुरूवार रात को नगर के विभिन्न्‍ क्षेत्रों का भ्रमण कर गरीबों को कंबल वितरित किए।
-------

जिले में 23.9 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज
     देवास 02 जनवरी 2015/ जिले में 2 जनवरी की प्रात: तक वर्षामापी केन्द्रों पर औसत रूप से 23.9 मिलीमीटर ( करीब 1 इंच ) वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार सर्वाधिक सोनकच्छ में 72, खातेगांव में 17, कन्नौद में 31, उदयनगर में 10, टोंकखुर्द में 6, बागली में 23, सतवास तथा देवास में 16 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।
अभी तक 63.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज
     जिले में पिछले तीन दिनों में 63.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जिसमें देवास में 44, टोंकखुर्द में 42, सोनकच्छ में 118, बागली में 56.5, उदयनगर 55.4, कन्नौद में 78, सतवास में 48 तथा खातेगांव में 66 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
क्रमांक 170/1941/02-01-2015

त्रि-स्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन 2014-15

सहायक रिटर्निंग अधिकारी आदेश में संशोधन
      देवास 02 जनवरी 2015/ त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2014-15 के लिए सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्ति आदेश में आंशिक संशोधन करते हुए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आशुतोष अवस्थी ने देवास विकासखंड में सरपंच/पंच के लिए पूर्व में नियुक्त सहायक रिटर्निंग अधिकारी नायब तहसीलदार श्री लवनीत कोरी के स्थान पर वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी श्री सीएस तोमर को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया है।
क्रमांक 171/1942/02-01-2015
               


जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
                                 ॥ स मा चा र॥
अब घर-घर मिलेगी बैंकिंग सुविधा
बैंकों के व्यावसायिक प्रतिनिधियों की कार्यशाला में कलेक्टर ने कहा
     देवास 02 जनवरी 2015/जिले में प्रधानमंत्री जन-धन योजना के अंतर्गत प्रत्येक परिवार के बैंक खाते खुलवाए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से जिले के हर व्यक्ति को बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। बैंकों द्वारा प्रत्येक ग्राम में अपने व्यवसायिक प्रतिनिधि ( बीसी) नियुक्त किए गए है जो अब घर-घर बैंकिंग सुविधा उपलब्ध करा रहे हैं। इस दिशा में नर्मदा-झाबुआ ग्रामीण बैंक ने उल्लेखनीय कार्य किया है।
    कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने आज शुक्रवार को नर्मदा-झाबुआ ग्रामीण बैंक द्वारा सृष्टि क्लब देवास में आयोजित वित्तीय समावेशन पर व्यावसायिक प्रतिनिधियों की कार्यशाला में उक्त विचार प्रकट किए। इस अवसर पर नर्मदा-झाबुआ ग्रामीण बैंक के अध्यक्ष श्री के व्ही राघवेंद्र, महप्रबंधक श्री आरएम नायगांवकर, सिडबी इंदौर के महाप्रबंधक अल्लाडा श्रीनिवास, नाबार्ड के डीजीएम श्री पीजी जोशी, जिला विकास प्रबंधक श्री योगेश गोखले, एलडीएम देवास श्री भूपेश करोलिया आदि उपस्थित थे।
बीसी मॉडल को सफल बनाएं
     कार्यक्रम में  नर्मदा-झाबुआ ग्रामीण बैंक के अध्यक्ष श्री के व्ही राघवेंद्र ने कहा कि बैंक द्वारा घर-घर पर लोगों को वित्तीय सुविधा उपलब्ध कराने के लिए बीसी (व्यवसायिक प्रतिनिधि) बनाए गए है। इनके द्वारा बैंकिंग सुविधाओं के साथ ही आने वाले समय में बीमा तथा ऋण वितरण सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि बैंक के इस बीसी मॉडल को सफल बनाएं। उन्होंने बताया कि भविष्य में नाबार्ड के सहयोग से महिला बीसी भी नियुक्त की जाएंगी।
बकायादारों को बैंक सेवाओं का महत्व समझाएं
    कार्यक्रम में श्री राघवेंद्र ने कहा कि जो लोग बैंकों के बकायादार है तथा इसके कारण जिन्हें बैंकों की पूरी सेवाएं नहीं मिल पा रही है, उन्हें बीसी बैंकिंग सेवाओं का महत्व समझाएं। उन्हें बताया जाए कि यदि वे अपना बकाया चुकाते हैं, तो उन्हें अधिक ऋण मिल सकता है तथा बैंकों के माध्यम से ओर अधिक सेवाएं प्राप्त हो सकती हैं।
            

प्रधानमंत्री जन-धन योजना में विशेष सुविधाएं
     कार्यशाला में बताया गया कि प्रधानमंत्री जन-धन योजना में नागरिकों के लिए विशेष सुविधाएं हैं, जैसे- पैसों की सुरक्षा के साथ ब्याज, डेबिट कार्ड के जरिए किसी भी एटीएम से पैसे निकालना, 1 लाख रूपए का दुर्घटना बीमा, कोई न्यूनतम शेष राशि की आवश्यकता नहीं, भारत में कहीं भी आसानी से पैसे भेजना, सरकारी योजनाओं की राशि खाते में सीधे पाना, 6 माह तक खाते के संतोषजनक परिचालन के बाद ओवरड्राफ्ट की सुविधा, पेंशन इत्यादि।
बैंक खाता खोलने के लिए आवश्यक दस्तावेज
   कार्यशाला में बताया गया कि यदि आपके पास आधार कार्ड या आधार नंबर है तो खाता खोलने के लिए किसी भी अन्य प्रमाण-पत्र की आवश्यकता नहीं है। अगर आपका पता बदल गया है तो अपने वर्तमान पते को स्वयं के द्वारा प्रमाणित करके देना आवश्यक है। अगर आधार कार्ड नहीं है तो मतदाता पहचान पत्र, राशन कार्ड, ड्रायविंग लायसेंस, प्राधिकृत जन प्राधिकारी अथवा लोक सेवक व सरपंच द्वारा जारी पत्र, मान्यता प्राप्त संस्थान का पहचान पत्र, नरेगा द्वारा जारी जॉब कार्ड अथवा बिजली या टेलीफोन बिल, जन्म या विवाह का प्रमाण-पत्र खाता खुलवाने के लिए मान्य होगी।
क्रमांक 172/1943/02-01-2015                            (फोटो- सलंग्न)
निगम अध्यक्ष चुनाव में श्री अंसार एहमद विजयी घोषित
       देवास 02 जनवरी 2015/नगर पालिक निगम देवास के अध्यक्ष पद का चुनाव आज शुक्रवार को मल्हार स्मृति मंदिर देवास में सम्पन्न हुआ। चुनाव के उपरांत प्रत्याशी श्री अंसार एहमद को जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आशुतोष अवस्थी द्वारा विजयी घोषित करते हुए उन्हें निर्वाचन प्रमाण पत्र वितरित किया गया। इस अवसर पर महापौर श्री सुभाष शर्मा, नगर निगम आयुक्त श्री हिमांशु सिंह तथा संबंधित उपस्थित थे।
       निर्वाचन में तीन प्रत्याशी श्री अंसार एहमद, श्री दीपक शिवा चौधरी तथा श्री दिलीप बांगर मैदान में थे। निर्वाचन में कुल विधिमान्य मत 44 रहे, जिसमें से 26 मत श्री अंसार एहमद को, 12 मत श्री दिलीप बांगर को तथा 6 मत श्री दीपक शिवा चौधरी को प्राप्त हुए। अविधिमान्य मतों की संख्या 2 रही।
क्रमांक 173/1944/02-01-2015                            (फोटो- सलंग्न)

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥
परंपरा अनुसार मने मिलाद-उन-नबी का पर्व
-----------
जिला शांति समिति की बैठक संपन्न
     देवास 02 जनवरी 2015/ जिले में मिलाद-उन-नबी का त्योहार जिले की गौरवशाली परंपरा के अनुरूप पूरी शांति, सौहार्द तथा सद्भावना के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर संबंधित अधिकारी श्रेष्ठ रूप से संपादित करें।
    कलेक्टर कार्यलय में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में आज शुक्रवार को कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने ये निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अभय सिंह, एडीएम श्री प्रबल सिपाहा, एडीशनल एसपी श्री राजेश रघुवंशी, समिति के सभी सदस्यगण तथा सभी संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे।
                 निर्धारित मार्ग पर ही निकलेगा जुलूस
     बैठक में बताया गया कि मिलाद-उन-नबी के अवसर पर परम्परागत रूट पर ही जुलूस निकाला जाएगा। जुलूस प्रात: लगभग 9 बजे से प्रारंभ होगा तथा दोपहर लगभग 3 बजे समाप्त होगा। मार्ग पर अच्छी साफ-सफाई हो तथा मार्ग की आवश्यक मरम्मत कर ली जाए। आवारा मवेशियों की रोकथाम के लिए नगर निगम द्वारा प्रभावी कार्रवाई की जाए। स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था हो। बिजली की निर्बाध आपूर्ति बनी रहे।
सुरक्षा के पूरे इंतजाम रहेंगे
     पुलिस अधीक्षक श्री अभय सिंह ने बताया कि त्योहार के अवसर पर सुरक्षा के पूरे इंतजाम रहेंगे। जुलूस मार्ग पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा। मार्ग पर सुरक्षा की दृष्टि से सीसी कैमरे, स्टेंडिंग कैमरे लगाए जाएंगे तथा वीडियो रिकॉर्डिंग कराई जाएगी।
                         

डीजे रहेगा प्रतिबंधित
     जुलूस में डीजे पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। केवल दो चिलम की अनुमति सक्षम अधिकारी द्वारा दी जाएगी। मोटर साइकिल से जुलूस निकालने की अनूमति नहीं होगी। जुलूस में उपयोग लाए जाने वाले वाहनों की अनुमति लेनी होगी।
टेकरी के कार्य में सभी करेंगे सहयोग
     बैठक में शांति समिति के सदस्यों द्वारा मां चामुण्डा टेकरी पर जिला प्रशासन द्वारा किए गए कार्यों एवं व्यवस्थाओं की सराहना की गई। सदस्यों ने कहा कि वे टेकरी के विकास में अपना पूरा-पूरा सहयोग प्रदान करेंगे। बैठक में शांति समिति के सभी सदस्यों को जिला प्रशासन की ओर से परिचय पत्र वितरित किए गए।     
बैठक में ये थे उपस्थित
    शांति समिति की बैठक में श्री हिमांशु साहू (डीई एमपीईबी), सीएचएमओ श्री एके दीक्षित, सिविल सर्जन डॉ. विद्या वेल्हरणकर, श्री जीएस मंडलोई, श्री आरएस केलकर (नगर निगम अधिकारी), डॉ. डीपी श्रीवास्तव, डॉ. श्री भाले, श्री अनिल सिकरवार, श्री राजेंद्र कुमार जैन, श्री दिनेश नेरनिया अभिभाषक, श्री कल्याण भूतड़ा, श्री प्रहलाद अग्रवाल, श्री मुशताक अली, श्री जीपी प्रजापति, श्री गुरूचरणसिंह सलूजा, श्री अशोक लखमानी, श्री दिलीप परमार, श्री अमरजीत सिंह खनूजा, श्री हरिनारायण विजयवर्गीय, श्री प्रेमकुमार अग्रवाल, श्री डीएस मालवीय, श्री जीपी डोंगरे, छगनलाल चौधरी आदि उपस्थित थे।
क्रमांक 174/1945/02-01-2015                            (फोटो- सलंग्न)

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥
आज तक प्राप्त नाम निर्देशन पत्र
       देवास 02 जनवरी 2015/  पंचायतों के आम निर्वाचन के अंतर्गत नामांकन पत्र भरे जाने के तीसरे दिन 2 जनवरी तक जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत सदस्य तथा पंच एवं सरपंचों के लिए अभ्यर्थियों द्वारा नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए गए।
     देवास विकासखंड के अंतर्गत जिला पंचायत सदस्य देवास के लिए आज तक कुल 7 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं। वार्ड क्रमांक 2 से विष्णु प्रसाद लक्ष्मीनारायण, वार्ड क्रमांक 4 से ममता बाई शिवचरण एवं निर्मला बाई सौभागसिंह, वार्ड क्रमांक 5 से भागवंती विक्रमसिंह एवं गीताबाई जसमत सिंह, वार्ड क्रमांक 6 से पवित्रा बाई छतरसिंह तथा वार्ड क्रमांक 15 से प्रेमनारायण शंकरलाल ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद के नाम निर्देशन पद दाखिल किया। जनपद सदस्य के लिए 9, सरपंच के लिए 13 तथा पंच के लिए 2 अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन दाखिल किए।
    विकासखंड खातेगांव में जनपद सदस्य के लिए अभीतक 4, सरपंच के लिए 12 तथा पंच पद के लिए 6 नाम निर्देशन पत्र प्राप्त हुए है। विकासखंड कन्नौद में जनपद सदस्य के लिए अभीतक 6, सरपंच के लिए 27  तथा पंच के लिए 5 नाम निर्देशन पद पा्रप्त हुए है।
    विकासखंड टोंकखुर्द में जनपद सदस्य के लिए अभीतक 6, सरपंच के लिए 32 तथा पंच के लिए 4 नाम निर्देशन पद पा्रप्त हुए है। विकासखंड सोनकच्द में 6 जनपद सदस्य के लिए अभीतक 6, सरपंच के लिए 20 तथा पंच के लिए 4 नाम निर्देशन पद पा्रप्त हुए है।
    बागली विकासखंड में जनपद सदस्य के लिए अभी तक 7, सरपंच के लिए 71 तथा पंच के लिए 23 नाम निर्देशन प्राप्त हुए हैं।
क्रमांक 175/1946/02-01-2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥
लंबित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक 05 जनवरी को
       देवास 02 जनवरी 2015/ लंबित समयावधि पत्रों की बैठक का आयोजन 05 जनवरी सोमवार को प्रातः 10.30 बजे से कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी की अध्यक्षता में किया जाएगा। कलेक्टर ने सर्वसंबंधितों को आवश्यक जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
क्रमांक 176/1947/02-01-2015
                                                                               


No comments:

Post a Comment