Tuesday, 13 January 2015

दिनांक -13 जनवरी 2015
जिला जनसम्पर्क कार्यालय देवास

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
जनसुनवाई में हुआ आवेदनों का त्वरित निराकरण
52 आवेदन प्राप्त
-------------
     देवास 13 जनवरी 2015/ मल्हार स्मृति मंदिर में संपन्न जनसुनवाई में आज मंगलवार को 52 आवेदकों ने कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी एवं पुलिस अधीक्षक श्री अभय सिंह के समक्ष अपनी समस्याओं/मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा आवेदनों का त्वरित निराकरण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए। जनसुनवाई एवं एसडीएम धीरज श्रीवास्तव, डिप्टी कलेक्टर वर्षा भूरिया, सीएसपी श्री तरूणेन्द्र सिहं बघेल एवं सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
श्रमिकों एवं कर्मचारियों को वेतन व बोनस दिलवाएं
     उद्योग एस कुमार नेशनवाइड लि. के श्रमिक एवं कर्मचारीगणों ने आवेदन देकर बताया कि कंपनी के मालिकों द्वारा अवैधानिक रूप से कारखाने में दिसम्बर 2014 में तालाबंदी करदी तथा अब श्रमिकों एवं कर्मचारियों को उनका बकाया वेतन एवं बोनस नहीं दे रहे हैं। संस्थान द्वारा पीएफ एवं ईएसआईसी की राशि भी दो वर्षों से जमा नहीं की गई है। कंपनी के सभी कर्मचारी एवं श्रमिक बेरोजगार हो गए हैं। प्रकरण में कलेक्टर द्वारा श्रम‍ विभाग को कार्रवाई के ‍निर्देश दिए गए।
नायब तहसीलदार करती हैं मुफ्त में यात्रा
     बस ऑपरेटर परवेज उर्फ तनु पिता मंजूर शेख लालगेट ने आवेदन दिया कि उसकी बस क्रमांक MP04-PA2027 जो देवास से इंदौर के बीच संचालित है, उसमें रोज नायब तहसीलदार रेखा सचदेव मुफ्त में यात्रा करती हैं। किराया मांगने पर धमकी देती हैं। प्रकरण में कलेक्टर द्वारा एसडीएम को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
रकम वापस दिलवाई जाए
     आवेदक नीतिश भैरूलाल प्रजापत दुर्गापुरा देवास ने आवेदन दिया कि उसने साहूकार विपिन चौधरी के पास अपनी गहने आदि रकम गिरवी रखी। अब उसने पूरा ब्याज व राशि चुका दी है, परन्तु साहूकार उसे उसकी रकम वापस नहीं कर रहा। प्रकरण में कलेक्टर द्वारा एसडीएम देवास को साहूकारी अधिनियमि के अंतर्गत तुरन्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
नि:शक्त का राशन कार्ड बनवाएं
     आराधना चौहान महाकाल कॉलोनी देवास ने आवेदन दिया कि वह जन्म से ही विकलांग है। उसका पति मजदूरी करता है। वे गरीब हैं तथा सही ढ़ंग से अपनी आजीविका नहीं चला पाते। उसे प्राथमिकता परिवार की श्रेणी में शामिल कर उसे पात्रता पर्ची दिलाई जाए जिससे उसे खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत उचित मूल्य सामग्री मिल सके। प्रकरण में कलेक्टर द्वारा जिला आपूर्ति विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
आंगनवाड़ी सहायिका की हुई गलत नियुक्ति
     आवेदिका कृष्णाबाई पति संतोष ग्राम धासड़ सतवास ने आवेदन देकर बताया कि ग्राम के आंगनवाड़ी क्रमांक 02 में संजूबाई पिता अमर सिंह की गलत नियुक्ति करदी गई है। वो बीपीएल नहीं है, फिर भी उसे बीपीएल के 10 अंक दिए गए हैं। वह 10 वीं उत्तीर्ण है और आवेदिका 12 वीं उत्तीर्ण, उसके बाद भी संजूबाई की नियुक्ति करदी गई है। गलत नियुक्ति निरस्त कराई जाए। प्रकरण में कलेक्टर द्वारा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कन्नौद को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
पूर्व पंचायत सचिव ने सांसद निधि की राशि रख ली
     ग्राम पंचायत बारोली देवास के सरपंच ने आवेदन दिया कि ग्राम पंचायत के पूर्व सचिव राजेन्द्र मीणा द्वारा टैन्कर की सांसद‍ निधि की राशि 80 हजार रूपये का चैक जनपद पंचायत द्वारा प्राप्त कर अपने पास रख लिया गया और आज दिनांक तक पंचायत में नहीं दिया। इसी प्रकार स्कूल आतराकोड़ी की  राशि 95 हजार फर्जी हस्ताक्षर कर आहरित करली। ग्राम पंचायत की एक अन्य मद की 1 लाख 7 हजार रूपये की राशि भी उसके द्वारा निकाल ली गई। प्रकरण में जिला पंचायत को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
क्रमांक 229/2000/13-01-2015                                 (फोटो- सलंग्न)







जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
पहल योजना का लाभ लें घरेलू गैस उपभोक्ता
20 जनवरी तक आधार नंबर व बैंक खाते की जानकारी दें
            देवास 12 जनवरी 2015/एल.पी.जी. के लिए प्रत्यक्ष हस्तांतरित लाभ (पहल) योजना (डीबीटीएल) पूरे प्रदेश में 01 जनवरी 2015 से लागू हो चुकी है। पहल योजना की कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी द्वारा समीक्षा करने पर पाया गया कि, देवास जिले में अभी तक आधार से जुडने का कार्य बहुत धीमी गति से चल रहा है। देवास जिले में कुल 183018 ग्राहक हैं, लेकिन पहल योजना से अभी तक केवल 52582(28.73%) उपभोक्ता ही जुड़ पाए है।
     कलेक्टर श्री अवस्थी द्वारा आइल कम्पनी के अधिकारी, एल.पी.जी वितरको एवं लीड बैंक मैनेजर को निर्देशित किया गया है कि, वे इस कार्य में तेजी लाए एवं समस्त उपभोक्ताओं से अनुरोध किया गया है कि वे 20 जनवरी 2015 तक अपने आधार नम्बर एवं बैंक अकाउन्ट की जानकारी एल.पी.जी. वितरक एवं बैंकों को अनिवार्यतः उपलब्ध करवायें।
                         यह है पहल योजना       
            गैस उपभोक्ता जिनके पास आधार नम्बर है, वे अपना आधार नम्बर अपने एल.पी.जी. वितरक एवं संबंधित बैंक को दें। यदि आधार नंबर नही है तो अपना बैंक एकाउन्ट विवरण अपने एल.पी.जी. वितरक को दें। एक बार इस योजना से जुडने के बाद ग्राहक सीटीसी (कैश ट्रांसफर कम्प्लाएंट) बन जाता है एवं सब्सिडी का लाभ उपभोक्ता के  खाते में सीधे जाएगा। पहली बुकिंग करने पर ग्राहक के खाते में 568/-रूपये सीधे एडवांस राशि जमा होगी। इसके अतिरिक्त गैस डिलेवरी पर 340/-रूपये की राशि सब्सिडी के रूप में ग्राहक के खाते में पुनः जमा होगी, यानि ग्राहक को कुल 908/-रूपये प्राप्त होगे। जबकि ग्राहक को गैस सिलेन्डर लेते समय 822/-रूपये देना होगा।  
ग्राहक ये दस्तावेज जमा कराएं
            जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि उपभोक्ता जिनके पास आधार नंबर नही है, बैंक खाता है, वे एलपीजी वितरक के पास अपने बैंक पासबुक की छायाप्रति तथा गैस डायरी की छायाप्रति दें, उन्हें बैंक जाने की आवश्यकता नहीं है। वे उपभोक्ता जिनके पास पास आधार नंबर है एवं बैंक खाता है, वे एल.पी.जी. वितरक के पास वाला फार्म भरें, आधार नंबर एवं बैंक पासबुक की छायाप्रति दें तथा गैस डायरी की छायाप्रति दें।
क्रमांक 230/2001/13-01-2015


जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
अधिकारी कार्य करें, कार्य न करने के बहाने न ढूढें
समयावधि बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश
--------------------
     देवास 13 जनवरी 2015/ कुछ जिला अधिकारी कार्य नहीं करते हैं, बल्कि कार्य न करने के बहाने ढूंढते हैं, इस प्रवृत्ति को बदल लें तथा कार्य प्रारंभ करना प्रारंभ कर दें। कई निर्माण कार्यों में शासन के लाखों रूपये लगने के बाद वे बरसों से अधूरे पड़े रहते हैं, इससे शासन का बहुत नुकसान होता है, इसकी चिंता संबंधित जिला अधिकारी को करनी चाहिए तथा कार्य को पूरा करवाना चाहिए। यदि कोई कार्य अधूरा रहता है, तो उसके लिए संबंधित जिला अधिकारी को जिम्मेवार माना जाएगा तथा उसके विरूद्ध कार्रवाई होगी।
     कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने आज मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में संपन्न समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में आदिम जाति कल्याण विभाग, लोक निर्माण विभाग परियाजना क्रियान्वयन इकाई आदि के कार्यों की समीक्षा के दौरान ये निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री प्रबल सिपाहा, निगम आयुक्त श्री हिमांशु सिंह, सभी जिला अधिकारी, सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
गंभीरता से करें आवेदनों का निराकरण
     कलेक्टर द्वारा सीएम हैल्प लाइन 181 की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए गए कि अधिकारी प्राप्त समस्त आवेदनों का गंभीरता पूर्वक निराकरण करें। जन शिकायत निवारण प्रकोष्ठ, जनसुनवाई आदि के आवेदनों का भी त्वरित निराकरण किया जाए। सीएम हैल्प लाइन के आवेदन ऑन लाइन प्राप्त होते हैं, अत: अधिकारी उन्हें ऑन लाइन चैक करें तथा निराकरण के उपरांत ऑन लाइन निराकरण दर्ज करना सुनिश्चित करें। 
बातें मत करिए कार्य करिए
                                                                             
     आदिम जाति कल्याण विभाग के कार्यों की समीक्षा में कलेक्टर ने पाया कि छात्रावासों में बेहतर व्यवस्थाओं के लिए दिए गए निर्देशों पर अमल नहीं किया गया है। खातेगांव छात्रावास में गेट नहीं लगा है, जिससे वहां सूअर घुसते हैं, सामुदायिक भवन बागली के निर्माण पर 25 लाख खर्च हो चुके हैं तथा वह कई वर्षों से अधूरा पड़ा है, कुसमानिया छात्रावास में पानी की समस्या हल करने के लिए बोरिंग में मोटर नहीं लगी है तथा अनुसूचित जाति गंदी बस्ती विकास कार्यक्रम में भी कार्य नहीं हुआ है। छात्रावासों के लिए रिवाइज्ड मीनू भी अभी जारी नहीं हुआ है। कलेक्टर ने नाराजी जाहिर करते हुए जिला संयोजक को सख्त हिदायत दी कि वे केवल बातें न करें, कार्य करें। अन्यथा कार्रवाई होगी।  
मॉडल स्कूल के कार्य पड़े हैं अधूरे
     कलेक्टर ने परियोजना क्रियान्वयन इकाई लोक निर्माण विभाग के कार्यों की प्रगति पर भी अप्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जिले के विभाग द्वारा बनाए जा रहे सभी मॉडल स्कूल के कार्य अधूरे पड़े हैं। मॉडल स्कूल बागली, सोनकच्छ आदि का कार्य बरसों से अधूरा पड़ा है। जिला अस्पताल की बाउण्ड्री वॉल का कार्य भी राशि देने के बाद भी नहीं हुआ है। कार्यों को शीघ्र पूरा किए जाने के निर्देश दिए गए।
ग्रामीण स्वास्थ्य कार्यक्रम की प्रगति धीमी
     कलेक्टर ने एनआरएचएम अर्थात राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य कार्यक्रम की प्रगति भी धीमी पाई। कार्यक्रम के अंतर्गत अभीतक 50 प्रतिशत से भी कम लक्ष्यपूर्ति हुई है। कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को कार्यक्रम में प्रगति लाने के निर्देश दिए। पशु स्वास्थ्य केन्द्रों की पुताई के निर्देश पशु चिकित्सा अधिकारी को दिए गए।                                       
टेकरी पर 24 को वृक्षारोपण
     बैठक में मां चामुण्डा टेकरी पर चल रहे कार्यों की सभी अधिकारियों द्वारा प्रशंसा की गई। कलेक्टर ने कहा कि मां चामुण्डा टेकरी को हरा भरा करने के उद्देश्य से वहां सहयोग हरियाली मिशन चलाया जा रहा है, जिसमें सभी जिला अधिकारी अपनी सहभागिता दें। इस संबध में आगामी 24 जनवरी को पूर्वाह्न 11 बजे से टेकरी पर वृक्षारोपण कार्यक्रम रखा गया है।  

थीम बेस्ड हों झांकियों
     कलेक्टर ने निर्देश दिए कि 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्य कार्यक्रम में निकाले जाने वाली झांकियां थीम बेस्ड हों। इनमें शासकीय योजनाओं एवं उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में निजी विद्यालयों की भी भागीदारी हो। प्रस्तुत किए जाने वाली प्रस्तुतियां पारंपरिक एवं देश भक्ति पूर्ण हों।
क्रमांक 231/2002/13-01-2015                                       (फोटो- सलंग्न)
              आज से 'हमारा जल हमारा जीवन' सप्ताह
कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजन समिति की बैठक संपन्न
---------------
     देवास 13 जनवरी 2015/  जिले में आगामी 17 जनवरी तक 'हमारा जल हमारा जीवन' सप्ताह मनाया जा रहा है तथा इसकी समाप्ति पर 17 जनवरी को मल्हार स्मृति मंदिर देवास में पूर्वाह्न 11 बजे से 'जल का प्राकृतिक सरंक्षण, परीक्षण और उत्कृष्ट उपयोग' विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। कार्यशाला में प्रदेश के शिक्षा राज्य मंत्री श्री दीपक जोशी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
     कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी की अध्यक्षता में आज मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री प्रबल सिपाहा, कार्यपालय यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकीय एवं कार्यक्रम के नोडल अधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
दो विकास खण्डों में हालत ज्यादा खराब
     बैठक में कार्यपालन यंत्री ने बताया कि प्रदेश के जिन जिलों में भू-जल स्तर की स्थिति खराब है, उनमें देवास जिला शामिल है। जिले के विकासखण्ड देवास एवं सोनकच्छ में भू-जल का स्तर काफी नीचे जा चुका है। इन क्षेत्रों में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने की अधिक आवश्यकता है।
दो गांवों में सघन कार्य
     बैठक में बताया गया कि जल सप्ताह के अंतर्गत जिले के सोनकच्छ क्षेत्र के ग्राम घिचलाय एवं खातेगांव के रतनपुर में जल संरक्षण एवं संवर्धन के विशेष कार्य किए जाएंगे, लोगों को जल संरक्षण का महत्व समझाया जाएगा तथा उन्हें इसके लिए प्रेरित किया जाएगा।
क्रमांक 232/2003/13-01-2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
निविदाएं नहीं आने पर सामान्य वर्ग को आबंटित करें भवन
देविप्रा की गवर्निंग बोर्ड की बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश
     देवास 13 जनवरी 2015/ प्राधिकरण द्वारा अजा वर्ग के लिए आरक्षित जिन भवनों का व्ययन कई वर्षों से नहीं हो पा रहा है, उनके लिए तीन बार निविदाएं आमंत्रित की जाएं तथा उसके बाद भी यदि उनका व्ययन नहीं होता है तो शासन के नियम अनुसार उन्हें सामान्य वर्ग के लिए आबंटित किया जाए।
     यह निर्णय सोमवार को प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय में संपन्न देवास विकास प्राधिकरण के प्राधिकारी मण्डल की बैठक में लिया गया। बैठक में प्राधिकरण के प्रभारी सीईओ श्री बीएम गुप्ता, उप संचालक नगर तथा ग्राम निवेश, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
समय पर प्रस्तुत हो न्यायालयों का जवाब
     कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्राधिकरण के न्यायालयों में चल रहे प्रकरणों में समय पर जवाब/दावे प्रस्तुत कर दिए जाएं। ऐसा न हो कि इनके अभाव में न्यायालय से प्रतिकूल फैसले हो जाएं।
भू अधिग्रहण का प्रस्ताव भेंजे
     देवास विकास प्राधिकरण की आगरा-बाम्बे राष्ट्रीय राजमार्ग तथा भोपाल रोड के मध्य तथा लगी हुई देवास सीनियर, ग्राम बिलावली तथा ग्राम जेतपुरा की भूमि पर योजना के प्रकरण में शासन को भू अर्जन के लिए प्रस्ताव बनाकर भिजवाया जाए। साथ ही भू उपयोग परिवर्तन का भी प्रस्ताव भिजवाया जाए।
ये भी ‍निर्णय लिए गए
     बैठक में चांमुडा काम्प्लेक्स के चतुर्थ तल पर उप संचालक सामाजिक कल्याण एवं नि:शक्तजन कल्याण विभाग को किराए पर स्थल दिए जाने तथा तृतीय, चुतर्थ तल पर रिक्त सम्पत्ति का व्यन किए जाने का भी निर्णय लिया गया। मंडूक पुष्कर तालाब में कराए गए विकास कार्य एवं सौंदर्यीकरण कार्य पर हुए व्यय राशि 22 लाख 50 हजार का अनुमोदन भी बैठक में किया गया।
क्रमांक 233/2004/13-01-2015

No comments:

Post a Comment