Wednesday, 7 January 2015

दिनांक-07-01-2015

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥
जो न पहुंचे हम तक, हम पहुंचे उन तक
-------------
प्रमुख सचिव स्वास्थ्य ने विभागीय समीक्षा बैठक में कहा
                        देवास 07 जनवरी 2015/ ''जो न पहुंचे हम तक, हम पहुंचें उन तक।'' शासन द्वारा स्वास्थ्य विभाग को भरपूर अमला, पर्याप्त बजट एवं इलाज व जांच की सारी सुविधायें प्रदाय की गई हैं। हमारा दायित्व है कि जिस प्रकार समर्थ व्यक्ति समय-समय पर अपना हेल्थ चैकअप करवाता है, उसी प्रकार गांव-गांव जाकर स्वास्थ्य विभाग का अमला गरीबों का हेल्थ चैकअप करे तथा उन्हें आवश्यकता अनुसार स्वास्थ्य संबंधी सलाह एवं नि:शुल्क दवायें उपलब्ध कराई जायें।
     स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव श्री प्रवीर कृष्ण ने आज देवास जिले के भ्मण के दौरान सृष्टि क्लब में आयोजित स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक्‍ में उक्त निर्देश दिये। बैठक में कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सिविल सर्जन, समस्त खण्ड चिकित्सा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, खण्ड कार्यक्रम अधिकारी आदि उपस्थित थे।
लोक स्वास्थ्य का अर्थ समझिये
     प्रमुख सचिव स्वास्थ्य ने स्वास्थ्य अधिकारियों से कहा कि आप लोग पहले लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग का अर्थ समझिये तब आपको विभागीय कार्य का मर्म समझ में आयेगा। लोक स्वास्थ्य का अर्थ होता है जनता के स्वास्थ्य की देखभाल। यदि आप लोग जनता के स्वास्थ्य की सही देखभाल करेंगे तो लोगों को अस्पताल आने की आवश्यकता ही क्यों पड़ेगी। आपका पहला ध्यान 'प्रिवेन्शन' अर्थात बीमारियों की रोकथाम पर होना चाहिए।
गांव-गांव जाकर गरीबों की जांच करें
     प्रमुख सचिव स्वास्थ्य ने निर्देश दिये कि जिले में गांव-गांव में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाए जाकर गरीबों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाये तथा उन्हें आवश्यकता अनुसार दवायें दी जायें। जांचों में डायविटीज, खून की जांच, ब्लड प्रेशन आदि की जांच अवश्य की जाये।
     शासन द्वारा नि:शुल्क जांच के लिए सभी सुविधायें प्रदान की जा रही हैं। जिन्हें आवश्यकता हो उन्हें नि:शुल्क दवाओं का‍ वितरण भी किया जाये। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का भी मुफ्त इलाज कराया जा रहा है तथा नि:शुल्क डायलिसिस की सुविधा भी प्रदान की जा रही है। 
पता ही नहीं है तो जांच कैसे करायेंगे
     श्री प्रवीर कृष्ण ने कहा कि इस बात का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाये कि शासन द्वारा फ्री चैकअप, नि:शुल्क दवाओं आदि की पूरी व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि जब गरीब को यह पता ही नहीं कि उसकी भी बीमार न होने पर पर भी डायबिटीज, खून, ब्लड प्रेशर आदि की नि:शुल्क जांचें की जाती हैं तो वह जांच कैसे करायेगा।
10 गर्भवती माताओं की देखभाल नहीं कर सकते?
     प्रमुख सचिव स्वास्थ्य ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का बहुत बड़ा अमला जिले में काम कर रहा है। एक गांव में औसत 10 गर्भवती महिलाएं एवं 30-40 छोटे बच्चे होते हैं, क्या हम उनकी पूरी देखभाल नहीं कर सकते ? उन्होंने स्पष्ट कहा कि जो आशा कार्यकर्ता कार्य नहीं करें उनकी सेवाएं आगामी 26 जनवरी तक समाप्त कर दी जायें तथा नई आशा कार्यकर्ता रख ली जाए।
18 जनवरी तक बन जाये गर्भवती माताओं एवं बच्चों की सूची
     प्रमुख सचिव ने निर्देश दिये कि जिले के प्रत्येक ग्राम की गर्भवती माताओं एवं 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों की सूची 18 जनवरी तक आवश्यक रूप से तैयार हो जाये। इसके साथ ही इसे मदर एण्ड चाईल्ड ट्रेकिंग सिस्टम के अन्तर्गत ऑनलाइन की करा दिया जाये, जिससे प्रत्येक गर्भवती माता एवं बच्चे के स्वास्थ्य की लगातार मॉनीटरिंग हो सके।
75 प्रतिशत होना चाहिए घर छोड़ने का प्रतिशत
     प्रमुख सचिव ने जननी एक्सप्रेस योजना की समीक्षा में पाया कि जिले में गर्भवती माताओं को अस्पताल ले जाने तथा उसके बाद वापस छोड़ने का प्रतिशत 43 रहा है। खातेगांव विकासखण्ड में यह प्रतिशत सबसे कम 30 रहा है तथा बरोठा में यह प्रतिशत 36 है। प्रमुख सचिव ने यह प्रतिशत कम से कम 75 तक लाने के निर्देश दिये तथा जहां प्रतिशत सबसे कम है, वहां संबंधित के विरूद्ध कार्यवाही के निर्देश दिये।

प्रसव के बाद ऑपरेशन करवाने पर 13 हजार से अधिक सहायता
     प्रमुख सचिव ने बताया कि शासन की योजनाओं के अन्तर्गत यदि कोई महिला प्रसव के तुरंत बाद एलटीटी ऑपरेशन करवाती है, तो उसे 13 हजार रूपये से अधिक की राशि शासन द्वारा सहायता के रूप में दी जाती है। इसमें लगभग 9500 रूपये प्रसूति अवकाश सहायता योजना में, 2200 रूपये एलटीटी ऑपरेशन के तथा 1400 रूपये जननी सुरक्षा योजना के प्रदान किये जाते हैं।
कुछ सवालों का जवाब नहीं दे पाये स्वास्थ्य अधिकारी
     प्रमुख सचिव ने बैठक के दौरान खण्ड चिकित्सा अधिकारियों एवं अन्य अधिकारियों से स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं के संबंध में प्रश्न भी किये, जिनमें से कुछ प्रश्नों का जवाब स्वास्थ्य अधिकारी नहीं दे पाये। जब प्रमुख सचिव ने पूछा की एक लाख की जनसंख्या पर कितने टीबी एवं कोढ़ के मरीज औसतन होते हैं, तो इसका जवाब नहीं दिया गया। प्रमुख सचिव ने बताया कि एक लाख की जनसंख्या पर 216 टीबी के मरीज अनुमानित रूप से होते हैं, जिनकी खोज स्वास्थ्य विभाग को करनी होती है। एक टीबी का मरीज खोजने पर शासन की ओर से एक हजार रूपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। इसी प्रकार 10 हजार की जनसंख्या पर 0.1 कोढ़ के मरीज होते हैं। एक कोढ़ का मरीज ढूंढने पर शासन द्वारा ढाई सौ रूपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है।
5 से अधिक मरीज होने पर जाये स्वास्थ्य विभाग का दल
     प्रमुख सचिव ने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिये कि यदि जिले के किसी भी क्षेत्र में 5 या उससे अधिक बुखार अथवा उल्टी-दस्त के मरीज पाये जाते हैं, तो तुरंत सवास्थ्य विभाग का दल वहां जाकर इलाज करे। बीमारी बढ़ने का इंतजार न किया जाये।
अतिशीघ्र 108 मोटरबोट
     श्री प्रवीर कृष्ण ने बताया कि प्रदेश में  108 एम्बुलेंस की ही तरह 108 मोटर बोट एम्बुलेंस भी चालू की जा रही हैं। जिन इलाकों में बारिश आदि के दौरान सड़क से इलाज सुविधा नहीं दी जा सकेगी, वहां ये मोटरबोट काम आयेंगी। भविष्य में एयर एम्बुलेंस की भी योजना है। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल देवास में डायलिसिस की सुविधा अगले माह के अंत तक चालू हो जायेगी।
क्रमांक 198/1969/07-01-2015               (फोटो- संलग्न)

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥
मंडूक पुष्‍कर की सुंदरता को देखकर मन हुआ प्रफुल्लित
                    कलेक्टर ने किया निरीक्षण  
                        देवास 07 जनवरी 2015/ मंडूक पुष्कर की दिन ब दिन बढ़ती सुंदरता को देखकर मन प्रफुल्लित हो रहा है। यहां जो कार्य किए गए है वह सराहनीय है। ये बातें बुधवार को कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने मंडूक पुष्कर के निरीक्षण के दौरान कही। इस अवसर प्राधिकरण के प्रभारी सीईओ श्री गुप्ता एवं अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
झरने का अवलोकन किया
     कलेक्टर श्री अवस्थी ने निरीक्षण के दौरान मंडूक पुष्कर पर बनाए कृत्रिम झरने का अवलोकन किया तथा सुंदरता की खुले दिल से तारीफ की। साथ ही प्राधिकरण के सीईओ की पीठ थपथपाते हुए उनके द्वारा करवाए गए कार्य की प्रशंसा की।
आम लोगों से चर्चा की
     निरीक्षण के दौरान तालाब के किनारे खड़े आमजनों से चर्चा करते हुए कलेक्टर ने जब तालाब के कार्य के विषय में पूछा तो उन्होंने बताया कि तालाब का कार्य होने से इसकी सुंदरता प्राकृतिक निखार बढ़ गया है।
मांडने की तारीफ की
     निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने देखा कि तालाब के किनारे लगे पेड़ों पर मालवा की संस्कृति के अनुरूप होकर बनाए गए मांडने की तारीफ की।
क्रमांक
कलेक्टर का दौरा कार्यक्रम स्थगित
     देवास 07 जनवरी 2015/ कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी का 8 जनवरी गुरूवार को जिले की हाटपीपल्या तहसील के ग्राम गुरिया, महुखेड़ा, शिवपुर मुंडला, डेरिया साहू का भ्रमण कार्यक्रम अपरिहार्य कारणों से स्थगित किया गया है।
क्रमांक 199/1970/07-01-2015               (फोटो- संलग्न)


जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥
नि:शुल्क रोगारोन्‍मुखी प्रशिक्षण 10 जनवरी से
            देवास 07 जनवरी 2015/ उद्यमिता विकास केंद्र मप्र सेडमैप द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के बीपीएल युवा, शिक्षित, बेरोजगारों युवक युवतियों के लिए नि:शुल्क रोगारोन्‍मुखी प्रशिक्षण 10 जनवरी से प्रारंभ किया जायेगा।
     जिला अंत्यव्यसायी सहकारी विभाग समिति मर्यादित देवास द्वारा प्रायोजित इस कार्यक्रम में सिक्युरिटी गार्ड, सिलाई कार्य, कागज के दोने निर्माण ट्रेड में तकनीकी प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। प्रशिक्षण में 1000 रूपए प्रतिमाह छात्रवृत्ति भी दी जाएगी। जिला समन्वयक सैडमैप ने बताया कि प्रशिक्षण में 18 से 35 वर्ष के 8वीं पास युवा भाग लेने के लिए 9 जनवरी तक जिला समन्वयक सेडमैप से जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र देवास में सम्पर्क कर सकते हैं।
क्रमांक 200/1971/07-01-2015
रजब अली - अमानत अली संगीत समारोह आज व कल
     देवास 07 जनवरी 2015/ उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी, मप्र संस्कृति परिषद भोपाल द्वारा इस वर्ष भी देवास में दो दिवसीय स्मरण उस्ताद रजब अली खां- उस्ताद अमानत अली खां संगीत समारोह का आयोजन 8 व 9 जनवरी को मल्हार स्मृति मंदिर में किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ 8 जनवरी को सायं 7 बजे से होगा।
     संगीत समारोह के प्रथम दिवस 8 जनवरी को मुम्बई के गायक कलाकार श्री परितोष पोहनकर तथा कोलकाता के सितार वादक श्री निशात खां प्रस्तुति देंगे। समारोह के द्वितीय दिवस 9 जनवरी को सुश्री संगीता गोस्वामी गायक भोपाल तथा श्री कालीनाथ मिश्र, श्री सत्यप्रकाश मिश्र मुम्बई तबला वादन प्रस्तुत करेंगे। कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने आमजन से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में संगीत समारोह में आकर इसका आनंद लें।
क्रमांक 201/1972/07-01-2015 

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
                         ॥ स मा चा र॥   
विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के ‍चिकित्सकीय मूल्यांकन शिविर आयोजित होंगे
     देवास 07 जनवरी 2015/ सर्व शिक्षा अभियान, समावेशित शिक्षा (IED) के अंतर्गत विशेष आवश्यकता वाले बच्चों (सीड्ब्ल्यूएसएन) के चिकित्सकीय मूल्यांकन शिविरों का आयोजन भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिमको) जबलपुर के सहयोग से 9, 10 व 12 जनवरी को किया जायेगा।
     कलेक्टर श्री आशुतोष ने बताया कि 9 जनवरी को खातेगांव एवं कन्नौद विकासखंड के लिए उत्कृष्ट विद्यालय खातेगांव में, 10 जनवरी को विकासखंड बागली के लिए उत्कृष्ट विद्यालय बागली में तथा 12 जनवरी को विकासखंड देवास, सोनकच्छ तथा टोंकखुर्द के लिए उत्कृष्ट विद्यालय देवास में चिकित्सकीय मूल्यांकन शिविर आयोजित किए जाएंगे। मूल्यांकन शिविर में सभी सामान्य विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थी (सीड्ब्ल्यूएसएन) सम्मिलित होंगे तथा ऐसे बच्चे भी सम्मिलित होंगे, जिन्हें उपकरण मिलने के बाद शाला में प्रवेश दिया जा सकता है। शिविर में अस्थि रोग विशेषज्ञ, ईएनटी, नेत्र रोग, शिशु रोग विशेषज्ञ एवं मनो चिकित्सक उपस्थित होकर परीक्षण कर नि:शक्तता के प्रमाण पत्र बनाएंगे।
क्रमांक 202/1973/07-01-2015
आंगनवाड़ी केन्द्रों का समय परिवर्तित
     देवास 07 जनवरी 2015/वर्तमान में जारी शीत लहर के दृष्टिगत कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी द्वारा जिले के आंगनवाड़ी केन्द्रों का समय 15 फरवरी 2015 तक के लिए परिवर्तित किया गया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी एकीकृत बाल विकास सेवा से प्राप्‍त जानकारी के अनुसार आंगनवाडी केन्द्रों का समय प्रातः 9.00 बजे से शाम 4.00 बजे के स्थान पर प्रातः 10.00 बजे से शाम 4.00 बजे तक कर दिया गया है।
क्रमांक 203/1974/07-01-2015           


जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥
बलराम तालाब निर्माण में गड़बड़ी पर 4 निलंबित
कमिश्नर एवं कलेक्टर ने की कार्रवाई

देवास। जिले के टोंकखुर्द क्षेत्र में बलराम तालाब निर्माण कार्य में गड़बड़ी पाए जाने पर चार शासकीय सेवकों को निलंबित कर दिया गया है। इस संबंध में कमिश्नर उज्जैन श्री रवींद्र पस्तोर एवं कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने  आदेश जारी कर दिए हैं।
सहायक भूमि संरक्षण अधिकारी निलंबित
     जिले के विकासखंड टोंकखुर्द के ग्राम आगरोद, जिरवाय, बालाखेड़ा में बलराम तालाब योजना के अंतर्गत तालाब निर्माण के  लिए गलत ले-आउट, गलत मूल्यांकन करने, विभागीय दिशा निर्देशों के विपरीत कार्रवाई करने तथा निर्माण कार्यों में अनियमितता बरतने, हितग्राहियों के प्रकरणों में पंजीयन की कार्रवाई समय पर नहीं कर अपने पदीय कर्त्तव्यों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही करने पर संभागायुक्त उज्जैन संभाग श्री रवींद्र पस्तोर ने टोंकखुर्द विकासखंड के सहायक भूमि संरक्षण अधिकारी किसान कल्याण तथा कृषि विभाग देवास श्री त्रिलोकचंद्र छाबनिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में श्री छाबनिया का मुख्यालय कार्यालय कलेक्टर जिला देवास रहेगा और बिना पूर्व अनुमति प्राप्त किये मुख्यालय नहीं छोड़ेगें। निलंबन अवधि में इन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त करने की पात्रता होगी।
तीन अन्य निलंबित
     इसी प्रकार जिले के विकासखंड टोंकखुर्द के ग्राम आगरोद एवं जिरवाय में बलराम तालाब योजना के अंतर्गत तालाब निर्माण के लिए गलत ले-आउट तथा गलत मूल्यांकन करने एवं विभागीय दिशा निर्देशों के विपरीत कार्य करने पर कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी द्वारा मध्यप्रदेश सिविल सेवा वर्गीकरण  नियंत्रण एंव अपील नियम 1966 के नियम 9 (1) में निहित अधिकारों का उपयोग करते हुए भूमि संरक्षण सर्वे अधिकारी टोंकखुर्द श्री कैलाश चौहान, वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी टोंकखुर्द श्री पदमसिंह यादव तथा कृषि विकास अधिकारी टोंकखुर्द श्री बबलू शाक्य तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
     निलंबन अवधि में उक्त शासकीय सेवकों का मुख्यालय कार्यालय उप संचालक, कृषि किसान कल्याण एवं कृषि विकास देवास रहेगा तथा इन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त करने की पात्रता होगी।
क्रमांक 204/1975/07-01-2015
  


No comments:

Post a Comment