दिनांक -15- जनवरी 2015
जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
गुम हो रहीं हैं बेटियां, मुजरिम
कौन?
पीसीएनपीएनडीटी एक्ट की कार्यशाला
में उठाया गया ज्वलंत प्रश्न
----------------
देवास 15 जनवरी 2015/
आज हमारे सभ्य समाज में बेटों की तुलना में बेटियों का अनुपात कम होता जा रहा है,
बेटियां गुम होती जा रही हैं? आखिर इसके लिए कौन जिम्मेवार है? चिकित्सक,
माता-पिता या परिवार के सदस्य, हम, आप या अन्य? इसके लिए हम सभी जिम्मेवार हैं।
यदि गर्भस्थ भ्रूण का लिंग परीक्षण करते हैं तो चिकित्सक, यदि गर्भस्थ भ्रूण का
लिंग परीक्षण करवाते हैं, प्रोत्साहित करते हैं या दबाव बनाते हैं, तो माता पिता
या परिवार के सदस्य तथा यदि मूक दर्शक हैं तो हम और आप, इस भ्रूण हत्या के लिए
जिम्मेवार हैं। कन्या भ्रूण हत्या रोकना हम सब की सामूहिक जिम्मेवारी है।
कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी की अध्यक्षता में आज गुरूवार को जिला
पंचायत सभाकक्ष में पीसीएमपीएनडीटी एक्ट अर्थात गर्भधारण पूर्व और प्रसूति पूर्व
निदान तकनीक (लिंग चयन प्रतिषेध) अधिनियम 1994 का जिले में क्रियान्वयन के संबंध
में आयोजित कार्यशाला में बेटियों के गिरते अनुपात पर चिंता व्यक्त की गई तथा इसे
रोकने के लिए जन जागरूकता फैलाने तथा किए जाने वाले प्रभावी उपायों पर विस्तार से
चर्चा की गई। कार्यशाला में सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक सिंह, अपर कलेक्टर श्री
प्रबल सिपाहा, मध्यप्रदेश वॉलन्ट्री हैल्थ एसोसिएशन के कार्यकारी निदेशक श्री
मुकेश कुमार सिन्हा तथा सभी संबंधित उपस्थित थे।
जबसे सोनोग्राफी तकनीक आई
तबसे लिंगानुपात में तेज गिरावट
कार्यशाला में बताया गया कि भारत में जबसे सोनोग्राफी तकनीक वर्ष
1980 में आई, इसके बाद से महिलाओं की संख्या में तेजी से कमी आई है। भारत में 1981
में लिंगानुपात 962 था जो 1991 में घटकर 945, 2001 में घटकर 927 तथा 2011 में घटकर
919 हो गया। मध्यप्रदेश में 1981 में लिंगानुपात 975 था जो 1991 में घटकर 941,
2001 में घटकर 932 तथा 2011 में घटकर 918 हो गया। यह तथ्य साफ रूप से जाहिर करता
है कि भारत में सोनोग्राफी तकनीकी का व्यापक दुरूपयोग हो रहा है तथा इसके माध्यम
से कन्या भ्रूण हत्या हो रही है। इसे कड़ाई से रोका जाना चाहिए।
देवास
शहर की हालत खराब
कार्यशाला में बताया गया कि देवास जिले में लिंग अनुपात 923 है,
अर्थात यहां 1000 पुरूषों की तुलना में महिलाओं की संख्या 923 है। अन्य जिलों की
तुलना में देवास जिले की हालत खराब है। देवास प्रदेश के उन 17 जिलों में शामिल है
जहां लिंगानुपात सबसे कम है। देवास जिले में सबसे खराब हालत देवास शहरी क्षेत्र
तथा टोंकखुर्द की है, जहां लिंगानुपात क्रमश: 889 एवं 869 है। जिले के बरोठा
क्षेत्र में लिंगानुपात 894, बागली में 947, कन्नौद में 933, खातेगांव में 986 तथा
सोनकच्छ में 952 है। यहां चोंकाने वाला तथ्य यह है कि नगरीय क्षेत्रों में जहां
अधिक पढ़े-लिखे लोग रहते जैसे देवास नगरीय क्षेत्र, वहां लिंगानुपात कम है तथा जो
अजजा बहुल क्षेत्र हैं अथवा जहां शिक्षा का अनुपात कम है जैसे बागली, कन्नौद,
खातेगांव वहां लिंगानुपात अधिक है। इससे इंगित होता है कि शहरी एवं पढ़े-लिखे लोग
अधिक सोनोग्राफी एवं भ्रूण लिंग परीक्षण करवाते हैं व कन्या भ्रूण हत्या करवाते
हैं। क्या ये वाकई पढ़े-लिखे है या असभ्य और बर्बर हैं?
70 दिन में निरीक्षण
आवश्यक
कार्यशाला में बताया गया कि पीसीएनपीएनडीटी एक्ट के अंतर्गत जिले
के प्रत्येक सोनोग्राफी सेंटर की जांच एवं निरीक्षण प्रत्येक 70 दिन में किया जाना
आवश्यक है। देवास जिले में कुल 32 सोनोग्राफी केन्द्र हैं, जिनमें देवास नगर में
22 सोनोग्राफी केन्द्र हैं। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले के सभी सोनोग्राफी
केन्द्रों की सतत् जांच एवं निरीक्षण हो तथा यदि कहीं से भी लिंग परीक्षण की सूचना
मिलती है तो संबंधित सोनोग्राफी केन्द्र के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।
लिंग परीक्षण करने, करवाने
तथा सहयोग करने वाले सभी को सजा
कार्यशाला में बताया गया कि पीसीएनपीएनडीटी एक्ट के अंतर्गत
गर्भस्थ शिशु का लिंग परीक्षण करना अथवा करवाना अथवा उसमें किसी भी प्रकार से
सहयोग करना दण्डनीय अपराध है, जिसमें सजा एवं जुर्माने दोनों का प्रावधान है। ऐसा
करने पर संबंधित चिकित्सक, माता-पिता परिवार जन एवं अन्य सहयोगी व्यक्त्यिों के
विरूद्ध कार्रवाई होगी।
क्रमांक 243/2014/15-01-2015 (फोटो-संलग्न)
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
प्रत्येक गैस उपभोक्ता
का खाता हो बैंक से लिंक
गैस एजेंसियों की बैठक में
कलेक्टर ने दिए निर्देश
देवास
15 जनवरी 2015/ घरेलू गैस सब्सिडी की राशि सीधे उपभोक्ता के खाते में दिए जाने
की शासन की पहल योजना के अंतर्गत प्रत्येक
गैस उपभोक्ता का गैस एजेंसी खाता उसके बैंक खाते से लिंक किया जाना है। जिले के सभी
गैस वितरक इस कार्य को जल्दी से जल्दी पूरा कर लें, जिससे उपभोक्ताओं को इस योजना का
लाभ मिले।
कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने आज गुरूवार को
जिला कार्यालय के सभाकक्ष में पहल योजना
के क्रियान्वयन के संबंध में आयोजित बैठक में उक्त निर्देश दिए। बैठक में जिला आपूर्ति
अधिकारी, ऑइल कंपनियों के प्रतिनिधि, जिले की समस्त गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि तथा
सभी संबंधित उपस्थित थे।
7 दिन में करें 60 प्रतिशत
से अधिक
बैठक
में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी गैस वितरण आगामी 7 दिनों में अपने 60 प्रतिशत से
अधिक उपभोक्ताओं के खाते उनके बैंक खातों से लिंक करवादें, अभी जिले के 32 प्रतिशत
गैस उपभोक्ताओं के खाते ही लिंक किए गए है, जिनमें से देवास नगर में यह प्रतिशत 22
है। सबसे कम प्रतिशत इंडियन ऑइल कंपनी का 24 है। जो गैस वितरक शासन की इस योजना में
असहयोग करेगा अथवा इसके क्रियान्वयन में ढिलाई बरतेगा, उसके विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी।
बैंक करें तत्परता के साथ कार्रवाई
समीक्षा में पाया गया कि कई स्थानों पर बैंकों
द्वारा कार्रवाई नहीं की जाने से उपभोक्ताओं के खाते लिंक नहीं हो पाए हैं। इस पर कलेक्टर
द्वारा लीड बैंक प्रबंधक को निर्देश दिए गए कि बैंकें इस संबंध में तत्परता के साथ
कार्रवाई करें। यह भी बताया गया कि कुछ उपभोक्ताओं के बैंक खाते ही नहीं होने से उनका
नाम लिंक नहीं हो पा रहा है। इस पर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि ऐसे उपभोक्ताओं के तुरंत
बैंक खाते खुलवाए जाएं।
आधार नंबर आवश्यक नहीं
बैठक में जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि योजना से
जुड़ने के लिए आधार नंबर होने की अब अनिवार्यता नहीं है। गैस उपभोक्ता जिनके पास आधार नम्बर हैं, वे अपना आधार नम्बर अपने एल.पी.जी. वितरक एवं संबंधित बैंक को दें। यदि आधार नंबर नहीं है तब भी अपना बैंक एकाउन्ट विवरण अपने एल.पी.जी. वितरक को दें। एक बार इस योजना से जुड़ने के बाद ग्राहक सीटीसी (कैश ट्रांसफर कम्प्लाएंट) बन जाता है एवं सब्सिडी का लाभ उपभोक्ता के खाते में सीधे जाएगा। पहली बुकिंग करने पर ग्राहक के खाते में 568 रूपये सीधे एडवांस राशि जमा होगी।
इसके अतिरिक्त गैस डिलेवरी पर 340 रूपये की राशि सब्सिडी के रूप में ग्राहक के खाते में पुनः जमा होगी, यानि ग्राहक को कुल 908 रूपये प्राप्त होंगे। जबकि ग्राहक को गैस सिलेन्डर लेते समय 822 रूपये देने होंगे।
बैंक जाने की आवश्यकता नहीं
बैठक में जिला
आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि गैस उपभोक्तओं को अपना बैंक
खाता लिंक कराने के लिए बैंक जाने की आवश्यकता नहीं है। उपभोक्ता जिनके पास आधार नंबर नहीं है, बैंक खाता है, वे एलपीजी वितरक के पास अपने
बैंक पासबुक की छायाप्रति तथा गैस डायरी की छायाप्रति दें। वे उपभोक्ता जिनके पास पास आधार नंबर है एवं बैंक खाता है, वे एल.पी.जी. वितरक के पास वाला फार्म भरें, आधार नंबर एवं बैंक पासबुक की छायाप्रति दें तथा गैस डायरी की छायाप्रति दें।
क्रमांक 244/2015/15-01-2015 (फोटो-संलग्न)
जिले को मिलेगा 2411 एमटी यूरिया
आज आएगा रैक
देवास 15 जनवरी 2015/ जिले में यूरिया एवं अन्य उर्वरक
किसानों की आवश्यकता अनुसार पर्याप्त मात्रा में प्राप्त हो रहे हैं तथा सभी सहकारी
संस्थाओं को उपलब्ध करा दिए गए हैं। जिले में सभी स्थानों पर सेवा सहकारी समितियों
के माध्यम से किसानों को यूरिया एवं अन्य उर्वरकों का वितरण किया जा रहा है। इसके अलावा
एमपी एग्रो तथा निजी वितरकों द्वारा भी किसानों को उर्वरक उपलब्ध कराया जा रहा है। कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने जिले के किसानों
से कहा है कि वे अपनी आवश्यकता के अनुरूप यूरिया एवं अन्य उर्वरक संबंधित सोसाइटी से
प्राप्त करें। जिले को पर्याप्त मात्रा में उर्वरक मिल रहा है तथा आगे भी मिलता रहेगा।
जिला
विपणन अधिकारी ने बताया कि 16 जनवरी को रैक पॉइन्ट से देवास जिले को 2411 एमटी यूरिया
प्राप्त होगा, जिसमें से 1400 एमटी यूरिया विपणन संघ को तथा 800 एमटी यूरिया निजी वितरकों
को प्राप्त होगा। साथ ही एमपी एग्रो को 2111 एमटी यूरिया प्राप्त होगा। विपणन संघ को
प्राप्त होने वाले यूरिया में से डबल लॉक केंद्र देवास को 400 एमटी, सोनकच्छ को
200 एमटी, हाटपीपल्या को 300 एमटी, कन्नौद को 300 एमटी तथा खातेगांव को 200 एमटी यूरिया
प्राप्त होगा।
क्रमांक 245/2016/15-01-2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
लंबित समयावधि पत्रों की समीक्षा
बैठक 19 जनवरी को
देवास 15 जनवरी 2015/ लंबित समयावधि पत्रों की बैठक का आयोजन 19 जनवरी सोमवार को प्रातः
10.30 बजे से कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी की अध्यक्षता
में किया जाएगा। कलेक्टर ने सर्वसंबंधितों को आवश्यक जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित
रहने के निर्देश दिए हैं।
क्रमांक 246/2017/15-01-2015
कलेक्टर ने किए 3 स्थानीय अवकाश घोषित
देवास 15 जनवरी 2015/वर्ष 2015 के अंतर्गत कलेक्टर
श्री आशुतोष अवस्थी ने देवास जिले के लिए 3 स्थानीय अवकाश घोषित किए हैं। कलेक्टर द्वारा
पूरे जिले के लिए 10 मार्च मंगलवार को रंगपंचमी का अवकाश घोषित किया गया है। इसी प्रकार
21 अक्टूबर बुधवार को महाष्टमी का अवकाश कन्नौद एवं खातेगांव अनुभागों के लिए, 23 अक्टूबर
शुक्रवार को दशहरे के दूसरे दिन का अवकाश देवास एवं सोनकच्छ अनुभागों के लिए, 12 नवंबर
गुरूवार को गोवर्धन पूजा (दीपावली का दूसरा दिन) का अवकाश सोनकच्छ एवं बागली अनुभागों
के लिए तथा 13 नवंबर शुक्रवार को भाईदूज का अवकाश देवास, बागली, कन्नौद एवं खातेगांव
अनुभागों के लिए घोषित किया गया है।
क्रमांक 247/2018/15-01-2015
No comments:
Post a Comment