Saturday, 31 January 2015


दिनांक 31- जनवरी 2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥
कार्यों के लिए सही स्वीकृतियां जारी करें
सहकारी विकास परियोजना ऋण समिति की बैठक में कलेक्टर ने कहा
--------------
देवास 31 जनवरी 2015/ एकीकृत सहकारी विकास परियोजना देवास के अंतर्गत जिले में कार्यरत विभिन्न सेवा सहकारी संस्थाओं को विभिन्न कार्यों के लिए सही आर्थिक स्वीकृतियां जारी करें, जिससे समय सीमा में कार्य हों तथा शासन को आर्थिक क्षति भी न हो। डेरियासाहू एवं मुरझाल में पूर्व में जारी की गई गोदाम निर्माण स्वीकृति को निरस्त किए जाकर, नवीन स्वीकृतियां जारी की जाएं। 
कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ये निर्देश आज शनिवार को कलेक्टर कार्यालय में आयोजित एकीकृत सहकारी विकास परियोजना जिला देवास की ऋण समिति की बैठक में दिए। बैठक में उपायुक्त सहकारिता श्री ए के त्रिपाठी, महाप्रबंधक जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक श्री आरबीएस ठाकुर, महाप्रबंधक एकीकृत सहकारी विकास परियोजना देवास एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे। 
2 सौ एमटी के गोदाम की आवश्यकता, 1 हजार एमटी की स्वीकृति पूर्व में जारी
बैठक् में बताया गया कि डेरियासाहू हाटपीपल्या में 1 हजार एमटी क्षमता के गोदाम निर्माण के लिए सेवा सहकारी संस्था बरखेडासोमा को 35 लाख रूपये की आर्थिक सहायता की स्वीकृति पूर्व में जारी की गई थी, परन्तु संस्था द्वारा केवल 200 एमटी क्षमता के गोदाम की आवश्यकता बताई गई। इस पर कलेक्टर द्वारा 200 एमटी क्षमता के गोदाम निर्माण के लिए 8 लाख रूपये की स्वीकृति जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कलेक्टर द्वारा स्वीकृत 35 लाख रूपये की राशि के ब्याज का नुकसान होने से उसे ब्याज सहित वापिस लिए जाने के निर्देश दिए गए। 
गोदाम निर्माण के लिए स्थान अनुपयुक्त
बैठक में बताया गया कि सेवा सहकारी संस्था मुरझाल को पूर्व में 200 एमटी के नवीन गोदाम निर्माण के लिए 8 लाख रूपये की आर्थिक सहायता की स्वीकृति जारी की गई थी। संस्था द्वारा बताया गया कि गोदाम के लिए नदी के किनारे भूमि आबंटित की गई है, जो गोदाम निर्माण के लिए अनुपयुक्त है। कलेक्टर द्वारा गोदाम निर्माण के लिए अन्यत्र स्थान चयन के निर्देश दिए गए। साथ ही संस्था को दिया गया स्वीकृति आदेश निरस्त किया जाए। 
अजनास संस्था को कार्यों के लिए 13 लाख रूपये स्वीकृत 
बैठक में प्राथमिक कृषि सहकारी स्ंस्था अजनास, खातेगांव को विभिन्न कार्यों के लिए कुल राशि 13 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत किए जाने के निर्देश दिए गए। इसके अंतर्गत 8 लाख रूपये की राशि 200 एमटी क्षमता के गोदान निर्माण के लिए, 1 लाख रूपये की राशि कम्प्यूटराइजेशन के लिए तथा 4 लाख रूपये की राशि पीडीएस शेड निर्माण के लिए स्वीकृत की गई। संस्था के लिए ग्रेडिंग मशीन लिए जाने के संबंध में भी कार्रवाई करें। 
क्रमांक 323/2094/31-01-2015 (फोटो-सलंग्न)

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥
निखरने लगी है वृद्धाश्रम की सूरत 
सभी सुविधाओं के साथ वृद्धों को मिल रहा है सुरम्य वातावरण
देवास। देवास नगर में राजोदा मार्ग पर संचालित वृद्धाश्रम की सूरत निखरने लगी है। यहां पर वृद्धाजनों को सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान किए जाने के साथ ही उन्हें हरा-भरा, सुरम्य तथा मनोहारी वातावरण मिल रहा है। वृद्धाश्रम को उत्कृष्ट एवं आदर्श बनाने के लिए वहां निरंतर कार्य जारी है।
अपर कलेक्टर श्री प्रबल सिपाहा ने आज शनिवार को वृद्धाश्रम पहुंचकर वृद्धजनों का हाल जाना तथा वहां कराए जा रहे कार्यों का देखा। इस अवसर पर कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग श्री जीएस मंडलोई एवं संबंधित अधिकारी साथ थे।
सभाकक्ष एवं बांउड्रीवाल का कार्य कराएं
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर ने कार्य पालन यंत्री लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि वृद्धाश्रम में वृद्धजनों के लिए एक सभाकक्ष का निर्माण कराया गया है, जिसका आकार लगभग 40x60 वर्ग फीट हो। इसके साथ वृद्धाश्रम के चारों ओर बाउंड्रीवाल का निर्माण भी शीघ्र चालू कराया जाए। इसके लिए पूर्व में राशि 38 लाख रूपए स्वीकृत की गई थी। बताया गया कि लागत बढ़ने से इसे पुर्नरीक्षित किया जाए। वृद्धाश्रम के मुख्यद्वार के निर्माण का कार्य भी कराया जाए तथा वहां रिसेप्शन के लिए एक छोटा कमरा भी बनाया जाए।
लॉन विकसित की जाए
अपर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि वृद्धाश्रम में वृद्धजनों के लिए एक सुंदर लॉन भी विकसित की जाए जिससे वे वहां टहल सके तथा बैठ सके। इसके लिए वृद्धाश्रम के बांयी और पड़ी भूमि पर मिट्टी टलवाकर कार्य किया जाए।
मल्चिंग पद्धति से हो रही सब्जियां
वृद्धजनों ने बताया कि उन्हें अब शुद्ध एवं ताजी सब्जियां वृद्धाश्रम के खेत से ही मिल रही हैं। वृद्धाश्रम में मल्चिंग पद्धति से सब्जियों की खेती की रही है, इसमें सिंचाई के लिए ड्रिप सिस्टम भी लगाया गया है। वर्तमान में वहां टमाटर, शिमला मिर्ची, मैथी, पालक, तुरई, भिंडी आदि सब्जियां लगाई गई हैं।
"बहुत आनंद आया यात्रा में"
वृद्धजनों ने अपर कलेक्टर को बताया कि सरकार ने उन्हें गत दिनों रामेश्वर की तीर्थ यात्रा पर भेजा था, जिसमें उन्हें बहुत आनंद आया। वृद्धाश्रम से 10 वृद्धजन रामेश्वर की यात्रा पर गए थे। वृद्धाश्रम के प्रबंधक ने बताया कि आगामी 7 फरवरी को यहां के कुछ वृद्धजन द्वारका तीर्थ यात्रा पर जा रहे है।
क्रमांक 324/2095/31-01-2015 (फोटो-सलंग्न)


जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥
प्रेक्षकों के लाइजनिंग अधिकारी नियुक्त
        देवास 31 जनवरी 2015/ त्रिस्तरीय पंचायत के आम निर्वाचन 2014-15 के अंतर्गत निर्वाचन की तैयारियों के लिए जिले में नियुक्त प्रेक्षकों के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आशुतोष अवस्थी द्वारा लाइजनिंग अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
       जारी आदेशानुसार द्वितीय चरण के अंतर्गत् टोंकखुर्द, सोनकच्छ एवं तृतीय चरण के अंतर्गत बागली कन्नौद खातेगांव में निर्वाचन के लिए नियुक्त प्रेक्षक श्री रामेश्वर गुप्ता रा.प्र.से. (सेवा निवृत्त) के लिए श्री अशोक अग्रवाल एपीओ शहरी विकास अभिकरण देवास एवं श्री जगदीश नरवरिया उपयंत्री जनपद पंचायत देवास को लाइजनिंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार द्वितीय चरण के अंतर्गत देवास विकासखंड में होने वाले निर्वाचन के लिए नियुक्त प्रेक्षक श्री अजीत श्रीवास्तव भा.पु.से. (सेवानिवृत्त) के लिए श्री गिरीश तिलवणकर सहायक परियोजना समन्वयक जिला शिक्षा केंद्र देवास को लाइजनिंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। 
    आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक द्वितीय चरण की मतदान एवं मतगणना कार्य के पर्यवेक्षण के लिए 04 फरवरी से 9 फरवरी तक तथा 26 फरवरी से 28 फरवरी तक जिले के भ्रमण पर रहेंगे। तृतीय चरण के मतदान एवं मतगणना के कार्य के पर्यवेक्षण के लिए 21 फरवरी से 28 फरवरी तक जिले में भ्रमण पर रहेंगे।
क्रमांक 325/2096/31-01-2015
ग्यारहवीं कक्षा के लिये फरवरी में दो दिन वर्चुअल क्लास
        देवास 31 जनवरी 2015/राज्य शासन ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को फरवरी में ग्यारहवीं कक्षा की वर्चुअल क्लास के लिये समय-सारणी के अनुसार कक्षाओं में विद्यार्थी और शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिये हैं। योजना में फरवरी में ग्यारहवीं की दो-दिवसीय वर्चुअल क्लास 2 एवं 4 फरवरी को लगेगी।
      वर्चुअल क्लास का समय सुबह 11 से सायं 4 बजे तक रहेगा। प्रतिदिन 6 कालखण्ड का अध्यापन कार्य होगा। कक्षा 10वीं एवं 12वीं की प्री-बोर्ड परीक्षा होने से इन कक्षाओं के लिये प्री-बोर्ड परीक्षा के बाद समय-सारणी जारी की जायेगी। वर्चुअल क्लास के लिये टेली-टीचर को समय-सारणी के अनुसार अध्यापन कार्य के लिये एनआईसी केन्द्र में निर्धारित समय पर उपस्थित होने को कहा गया है।
क्रमांक 326/2097/31-01-2015

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥
सीएसडी केंटीन 07 फरवरी को आयेगी
      देवास 31 जनवरी 2015/ जिले के भूतपूर्व सैनिकों, सैनिक विधवाओं एवं उनके आश्रितों के लिए स्टेशन हेड क्वाटर्स महू से सीएसडी केंटीन 07 फरवरी 2015 को प्रातः 9.30 बजे स्थानीय विश्राम गृह भोपाल चैराहा पर आयेगी। जिला सैनिक कल्याण संयोजक श्री एसएस व्यास ने बताया कि केंटीन से सेंटर स्मार्ट कार्ड धारकों को ही सामान दिया जायेगा। उन्होंने जिले के भूतपूर्व सैनिकों, सैनिक विधवाओं एवं उनके आश्रितों से आग्रह किया है कि वे सेंटर स्मार्ट कार्ड अपने साथ अवश्य लायें।
क्रमांक 327/2098/31-01-2015
                                 उत्कृष्ट और मॉडल स्कूल में प्रवेश परीक्षा के लिये पर्यवेक्षक नियुक्त होंगे
      देवास 31 जनवरी 2015/शिक्षा सत्र 2015-16 के दौरान जिला मुख्यालय स्थित उत्कृष्ट विद्यालय और विकासखण्ड-स्तरीय मॉडल स्कूल में कक्षा 9वीं की चयन प्रवेश परीक्षा के लिये पर्यवेक्षक नियुक्त होंगे। इस संबंध में शासन द्वारा सभी जिला कलेक्टर्स को निर्देश दिये गये है। प्रवेश परीक्षा व्यावसायिक परीक्षा मण्डल द्वारा 15 फरवरी को सुबह 9.45 से 12.15 बजे तक जिला मुख्यालय एवं ब्लॉक स्थित मॉडल स्कूल में होगी।
प्रत्येक जिला-स्तरीय परीक्षा केन्द्र पर अनुविभागीय अधिकारी/तहसीलदार-स्तर के पर्यवेक्षक नियुक्त करने को कहा गया है। कलेक्टर को पर्यवेक्षक की नियुक्ति के साथ प्रवेश परीक्षा के सफल आयोजन के लिये डीईओ तथा उत्कृष्ट विद्यालय/मॉडल स्कूल के प्राचार्य को भी निर्देशित करने को कहा गया है।
क्रमांक 328/2099/31-01-2015

No comments:

Post a Comment