Monday, 29 December 2014

दिनांक --29-12-2014
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥
झील महोत्सव, हस्तशिल्प मेला एवं पर्यटन उत्सव मनाया जाएगा
------------------
देवास टूरिज्म प्रमोशन कॉउन्सिल की बैठक संपन्न

     देवास 29 दिसंबर 2014/ जिले में मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा जारी कार्यक्रम अनुसार फरवरी माह में 11 से 23 तारीख तक पर्यटन पखवाड़ा मनाया जाएगा, इसके अंतर्गत झील महोत्सव, हस्तशिल्प मेला, प्रदर्शनी, सांस्कृतिक मेला, जिले के पर्यटन स्थलों पर आधारित चित्रकला/फोटोग्राफी प्रतियोगिता आदि गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
     अपर कलेक्टर श्री प्रबल सिपाहा की अध्यक्षता में आज सोमवार को देवास टूरिज्म प्रमोशन कॉउन्सिल की बैठक में आयोजन के संबंध में रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में कार्यक्रम की नोडल अधिकारी परियोजना अधिकारी शहरी विकास अभिकरण श्रीमती रावल, नगर निगम उपायुक्त श्री पुष्प, प्राध्यापक सुश्री समीरा नईम, जिला पंचायत के परियोजना अधिकारी श्री मेहता सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

जिले की प्रतिभाओं को दें प्रोत्साहन
     बैठक में अपर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि आयोजन में जिले के कलाकारों, साहित्यकारों, खेल प्रतिभाओं एवं अन्य प्रतिभाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिशित की जाए, जिससे वे प्रोत्साहित हों। इसके लिए इनकी सूची बनाई जाए, जिसमें इनकी विषय विशेषज्ञता, संपर्क, उपलब्धियों आदि का उल्लेख हो। इनसे संपर्क कर इन्हें आयोजन की जानकारी दी जाए तथा पूछा जाए कि वे किस प्रकार से आयोजन में अपना सहयोग दे सकते हैं।



ये गतिविधियां होंगी आयोजित
     बैठक में बताया गया कि पर्यटन महोत्सव के अंतर्गत तीन दिवसीय झील महोत्सव, सात दिवसीय हस्तशिल्प मेला, प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, देवास जिले के पर्यटन स्थलों पर आधारित फोटो एवं चित्रकला प्रदर्शनी आदि का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा जिले के पर्यटन स्थलों का विकास कार्य भी किया जाएगा। इसके अंतर्गत नेमावर में घाट निर्माण, कम्यूनिटी हॉल निर्माण, हॉकर्स झोन विकास, चंद्रकेशर में विकास कार्य, मां चामुण्डा टेकरी पर बड़ी माता मंदिर पर नवीन प्लेटफॉर्म निर्माण, बड़ी एवं छोटी माता मंदिरों के आसापास रैलिंग एवं रपट मार्ग विकास, छोटी माता मंदिर के पास शिव मंदिर का छत निर्माण एवं रिटेनिंग वॉल निर्माण आदि के कार्य कराए जाएंगे। 
मीठा तालाब में होगा झील महोत्सव
     उपायुक्त नगर निगम ने बताया कि पर्यटन पखवाड़े के अंतर्गत मीठा तालाब देवास पर पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए तीन दिवसीय झील महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इसके अंतर्गत तालाब में 10 बोट्स संचालित की जाएंगी तथा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बोट में बैण्ड इस उत्सव का आकर्षण होगा।
सिंहस्थ में जिले के कलाकारों को दें प्लेटफॉर्म
       अपर कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि जिले के विभिन्न विधाओं के कलाकारों को आगामी वर्ष में उज्जैन में आयोजित सिंहस्थ मेले में उनकी प्रतिभाओं के प्रदर्शन के लिए मंच तथा उनके द्वारा बनाई गई कलाकृतियों के विक्रय के लिए प्लेटफॉर्म देने के लिए प्रयास किए जाएं। उनकी विशेषज्ञता की जानकारी लिए जाकर उनके प्रदर्शन एवं कलाकृतियों के विक्रय की संभावनाओं को तलाशा जाए।
जिले की वाइल्ड लाइफ, फ्लोरा-फोना, ऐतिहासिक महत्व को करें रेखांकित
     अपर कलेक्टर श्री सिपाहा ने कहा कि पर्यटन पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से जिले के वन्य जीवन, वानस्पतिक विशेषताओं एवं स्थलों के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित किया जाए। इन पर आधारित फोटो एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित करें।
      जिले में पीपलरावां, टोंकखुर्द क्षेत्र में नीलगाय, खिवनी अभ्यारण्य क्षेत्र में सांभर एवं कालाहिरण, धनतालाब घाट में काले एवं लाल-मुंह के बंदर, मेढ़की एवं बिलावली क्षेत्र में मोर आदि बहुतायत से पाए जाते हैं। ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों में चामुण्डा टेकरी, जटाशंकर, चंद्रकेशर नदी उद्गम स्थल, कावड़िया पहाड़, नेमावर के घाट, गंधर्वपुरी, रानी दमयंती तालाब भोंरासा, सीतामढ़ी, टिनोनिया माता, झरनेश्वर महादेव, हनुमान मंदिर बागली, करनावद मंदिर, जयन्ती माता मंदिर, पुष्पगिरी, इकलेरा माता मंदिर, मातमोर जैन तीर्थ आदि प्रसिद्ध हैं।
औद्योगिक विकास भी दर्शाएं
     मेले एवं प्रदर्शनी में देवास जिले के औद्योगिक विकास को भी दर्शाया जाए। इसके लिए उद्योंगों की प्रतिकृतियां भी प्रदर्शनी में प्रदर्शित की जा सकती हैं। साथ ही उनकी स्थापना, विकास एवं व्यापार के संबंध मे जनसामान्य के लिए संक्षेप में जानकारी का प्रदर्शन भी किया जाए।
क्रमांक 139/1910/29-12-14
पीजीआर के प्रकरणों का त्वरित निराकरण करें
-----------------
टीएल बैठक में अपर कलेक्टर ने दिये निर्देश
     देवास 29 दिसम्बर 2014/जन शिकायत निवारण प्रकोष्ठ से प्राप्त प्रकरणों का निराकरण संबंधित विभागीय अधिकारी त्वरित किया जाना सुनिश्चित करें। शासन के निर्देश अनुसार भारत सरकार से प्राप्त प्रकरणों का जवाब अंग्रेजी भाषा में तैयार कर प्रतिवेदन प्रेषित किये जाये। साथ ही सीएम हैल्प लाइन एवं जनसुनवाई आदि के प्रकरणों का निराकरण भी प्राथमिकता से करना सुनिश्चित करें।
     अपर कलेक्टर श्री प्रबल सिपाहा ने आज सोमवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में सम्पन्न लंबित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में उक्त निर्देश अधिकारियों को दिये। बैठक में एसडीएम कन्नौद श्री एएन अरोरा, एसडीएम खातेगांव, एसडीएम बागली श्रीमती वर्षा भूरिया, डिप्टी कलेक्टर श्री वीपी सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
जाति प्रमाण पत्र जारी करने के कार्य में वांछित प्रगति लायें
     बैठक में जाति प्रमाण पत्र जारी करने के कार्य में वांछित प्रगति नहीं होने  पर अपर कलेक्टर ने कार्य को प्राथमिकता से करने तथा वांछित प्रगति लाने के निर्देश अनुविभागीय अधिकारियों को दिये। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी एवं डीपीसी को निर्देश दिये कि जाति प्रमाण-पत्र  के लिए जिन स्कूलों से फार्म भरकर जमा नहीं करवाये गए हैं, उनके फार्म तत्काल भिजवाये जायें।
जनप्रतिनिधियों से प्राप्त होने वाले आवेदन पृथक पंजी में दर्ज करें
     अपर कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि उनके कार्यालय में जनप्रतिनिधियों से प्राप्त होने वाले आवेदन पत्रों को दर्ज करने के लिए पृथक से पंजी संधारित की जाये। पंजी का समय समय पर अवलोकन भी किया जाये। उन्होंने निर्देश दिये कि जनप्रतिनिधियों से प्राप्त आवेदन पर तीन दिवस में कार्यवाही करते हुए संबंधित जनप्रतिनिधि को सूचित भी किया जाये।
परिवार नियोजन के लक्ष्य की पूर्ति के लिए शिविर लगायें
     अपर कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिये कि शासन द्वारा परिवार नियोजन में जिले को दिये गये लक्ष्य की पूर्ति के प्रयास किये जायें। इसके लिए नियमित कार्यक्रमों के अलावा विशेष नसबंदी शिविर आयोजित किये जायें। बैठक में बताया गया कि आगामी माह में देवास में हस्तशिल्प मेले का आयोजन किया जाना प्रस्तावित है। उन्होंने संबंधित विभागों को मेल के सफल आयोजन के लिए विस्तृत कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिये।
विवाह सम्मेलन के आयोजन की पूर्व से तैयारियां करें
     अपर कलेक्टर ने निर्देश दिये कि मुख्यमंत्री कन्यादान योजना अन्तर्गत सामूहिक विवाह सम्मेलनों के आयोजन की तैयारियां पूर्व से ही कर ली जायें। योजना अन्तर्गत शासन के नवीन निर्देशों के अनुसार ही सामग्री प्रदाय की जाये। प्रदाय की जाने वाली सामग्री गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिये कि जिन विभागों द्वारा निर्वाचन कार्यालय को अपने विभागीय अधिकारियों कर्मचारियों का डाटाबैस नहीं भिजवाया है, वे शीघ्र ही डाटाबैस भिजवाना सुनिश्चित करें।
क्रमांक 140/1911/29-12-14


No comments:

Post a Comment