Wednesday, 24 December 2014


24-12-2014
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥ 


जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥ 

अटलजी ने दी सुशासन की अवधारणा
-----------
सुशासन दिवस पर कार्यशाला में श्री पवार ने कहा
देवास 24 दिसम्बर 2014/ देश के पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी ने देश को सुशासन की नई अवधारणा दी, जिस पर चलकर आज देश एवं प्रदेश प्रगति एवं विकास के मार्ग पर तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं। आज आम आदमी तक सुशासन पहुंच रहा है। अटलजी ने बताया था कि सुशासन के बिना विकास संभव नहीं है, आज अटलजी के बताए रास्ते पर राज्य सरकार एवं केन्द्र सरकार चल रही है।  
देवास विधायक श्री तुकोजीराव पवार ने आज बुधवार को मल्हार स्मृति मंदिर में सुशासन दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित संगोष्ठी में उक्त विचार प्रकट किए। प्रदेश में पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्म दिवस 25 दिसम्बर से एक दिन पूर्व सुशासन दिवस मनाया जाता है। (25 दिवस को प्रतिवर्ष क्रिसमस का अवकाश होने के कारण)
बच्चियां करेंगी जिले का नाम रौशन
कार्यक्रम में श्री पवार द्वारा जिले की दो बच्चियों कुमारी आरती जाट एवं कुमारी अंतिम बाला को पुरस्कृत किया गया। उन्होंने कहा कि ये बच्चियां बहादुर एवं मेधावी हैं तथा जिले का नाम रौशन करेंगी। कुमारी आरती जाट वो बच्ची है, जिसका विवाह उसके मां-बाप कम उम्र में कराना चाहते थे, इस पर उसने न केवल इसका विरोध किया बल्कि अपने अन्यायी मां-बाप के साथ रहने से भी मना कर दिया। वह पढ़ना चाहती है और विवाह योग्य उम्र की हो जाने के बाद ही विवाह करेगी। इसी प्रकार कुमारी अंतिम बाला जन्म से ही दृष्टिहीन है, तथा अपनी हायर सेकेन्ड्री की पढ़ाई सफलतापूर्वक पूरी करके अब केपी कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष में अध्ययन कर रही हैं।

जनता की समस्याओं का त्वरित एवं सकारात्मक निराकरण
कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने कहा कि जनता को सुगमता से शासकीय सेवाओं की प्राप्ति एवं शासकीय विभागों में आमजन के कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किये जाने की, पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी की परिकल्पना को प्रदेश में साकार किया जा रहा है। लोक सेवा गारंटी अधिनियम, सीएम हैल्प लाइन, समाधान ऑन लाइन, जनसुनवाई आदि के माध्यम से प्रदेश की जनता की समस्याओं का त्वरित एवं सकारात्मक निराकरण किया जा रहा है। 

जनसुनवाई प्रक्रिया ऑनलाइन
कलेक्टर ने कहा कि जिले में जनसुनवाई कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के लिए जनसुनवाई प्रक्रिया को ऑनलाइन किया गया है। देवास जिला उज्जैन संभाग में पहला जिला है जहां पर जनसुनवाई प्रक्रिया को ऑनलाइन किया गया है। इसके अलावा कलेक्टर कार्यालय में प्राप्त आवेदनों को कलेक्टर डेस्क के माध्यम से निराकरण के लिए संबंधित अधिकारी के पास ऑनलाइन दर्ज कराया जाता है। यह प्रक्रिया अत्यन्त कारगर साबित हो रही है। साथ ही अखबार आदि प्रचार माध्यमों से शिकायतें/समस्याएं ज्ञात होने पर उनका यथोचित निराकरण किया जाता है। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि कार्यालयों में आने वाले हितग्राहियों/ आवेदकों की समस्या को संजीदगी से सुनें तथा उनका सकारात्मक निराकरण करने का प्रयास करें। शासकीय सेवकों की आम जनता के प्रति जिम्मेदारी है कि वे अच्छी सेवाएं प्रदान करें तथा शासन की अपेक्षा पर खरे उतरें।

उत्कृष्ट साहित्यकार एवं श्रेष्ठ नेता थे अटलजी
कार्यक्रम में अटलजी के जीवन एवं कार्यों पर प्रकाश डालते हुए डॉ. डीपी श्रीवास्तव ने बताया कि अटलजी एक उत्कृष्ट साहित्यकार एवं श्रेष्ठ नेता थे। सादा जीवन एवं उच्च विचार उनकी जीवन शैली थी। वे वर्ष 1957 से लगातार सांसद रहे तथा दो बार देश के प्रधानमंत्री बने। पोखरण परमाणु विस्फोट, स्वर्ण चतुर्भुज योजना आदि उनके कार्यकाल की उल्लेखनीय उपलधियां रहीं। 



भ्रष्टाचार की दीमक खा रही है देश को
कार्यक्रम में श्री बहादुर मुकाती ने कहा कि आज भ्रष्टाचार की दीमक देश को खा रही और इसने हमारी जड़ों को खोखला कर दिया है। भ्रष्टाचार दूर करने का एक ही मार्ग है देश में सुशासन तथा इसके लिए देश एवं प्रदेश में सार्थक एवं सफल प्रयास किए जा रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी महान राष्ट्र नायक थे, जिन्होंने पूरी दुनिया को दिशा दी। 
21 विभागों की 102 सेवाएं
कार्यक्रम में लोक सेवा प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि लोक सेवाओं के प्रदाय की गारंटी अधिनियम लाकर तथा उसे प्रदेश में सफलता पूर्वक लागू करके प्रदेश सरकार ने पूरे देश में सुशासन स्थापित करने के क्षेत्र में अनुकरणीय पहल एवं कार्य किया है। आज प्रदेश में 21 विभागों की 102 सेवाओं को इसके दायरे में लाया गया है तथा धीरे धीरे इसका दायरा बढ़ाया जा रहा है, जिससे लोगों को समय पर लोक सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
प्रदेश की योजनाओं का अन्य राज्यों द्वारा अनुकरण
कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण अधिकारी नीलम सूद ने प्रदेश में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस दिशा में मध्यप्रदेश देश में अव्वल है तथा प्रदेश की कई योजनाओं का देश के कई राज्यों ने अनुकरण किया है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा भी सुशासन के विषय में अपने विचार प्रकट किए गए। आभार नगर निगम आयुक्त श्री हिमांशु सिंह ने माना।
सुशासन दिवस पर ली गई शपथ
कार्यक्रम के प्रारंभ में सुशासन दिवस के अवसर पर कलेक्टर द्वारा उपस्थित सभी शासकीय सेवकों को शपथ दिलाई गई कि वे प्रदेश में सुशासन के उच्चतम मापदंडों को स्थापित करने के लिए सदैव संकल्पित रहेंगे, शासन को अधिक पारदर्शी, सहभागी, जनकल्याण केंद्रित तथा जवाबदेह बनाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे तथा प्रदेश के नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाने के लक्ष्य को पाने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
क्रमांक 114/1885/24-12-14


जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥ 
मानव सेवा सबसे बड़ा कार्य
नि:शक्त शिविर में 215 नि:शक्तों को मिला लाभ
देवास 24 दिसम्बर 2014/ मानव सेवा सबसे बड़ा कार्य है। जिले के प्रत्येक नि:शक्तजन का स्वास्थ्य परीक्षण किये जाकर उनके नि:शक्तता प्रमाण पत्र बनाये जायें तथा उन्हें उनकी आवश्यकता अनुसार कृत्रिम अंग, उपकरण, ट्रायसिकल आदि प्रदाय किये जायें। पात्रता अनुसार नि:शक्तजनों को नि:शक्तता पेंशन तथा बहु-विकलांग पेंशन प्रदाय की जाये।
कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने आज बुधवार को शासकीय महारानी चिमनाबाई हायर सेकण्ड्री स्कूल में सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण विभाग द्वारा आयोजित नि:शक्त परीक्षण शिविर में ये निर्देश दिये। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री प्रबल सिपाहा, एसडीएम श्री धीरज श्रीवास्तव, सीईओ जनपद पंचायत देवास श्री विनोद चौहान, तहसीलदार श्री एलके खरे आदि उपस्थित थे।
कोई नि:शक्त छूटे नहीं
शिविर में कलेक्टर श्री अवस्थी द्वारा उपस्थित ग्राम पंचायतों के सचिवों को बुलाकर उनसे पूछा गया कि उनके गांव का कोई नि:शक्त स्वास्थ्य परीक्षण एवं शिविर का लाभ लेने से वंचित तो नहीं रहा। कलेक्टर ने निर्देश दिये कि गांव का कोई भी नि:शक्त शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। यदि ऐसा होता है तो इसके लिए संबंधित ग्राम पंचायत सचिव को जिम्मेवार माना जायेगा।
सड़क दुर्घटना के मामलों में सहायता दें
कलेक्टर ने निर्देश दिये कि ऐसे व्यक्ति जो सड़क दुर्घटना में नि:शकत् हुए है उन्हें संबंधित शासकीय योजनाओं के लाभ के साथ ही सड़क दुर्घटना सहायता योजना का लाभ भी आवश्यक रूप से दिलाया जाये। इस संबंध में संबंधित क्षेत्र के तहसीलदार तत्परता के साथ कार्यवाही करें।


ट्रायसिकल एवं उपकरण किये वितरित
शिविर में कलेक्टर श्री अवस्थी द्वारा नि:शक्तजनों को ट्रायसिकल, कृत्रिम अंग, उपकरण आदि वितरित किये गये। शिविर में 31 नि:शक्तों को ट्रायसिकल, व्हील चेयर वितरित की गईं। ऐसे नि:शक्त जो 80 प्रतिशत तथा अधिक विकलांग थे, उनके नि:शक्तता पेंशन के प्रकरण बनाये गये। शिविर में आने वाले सभी नि:शक्तजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उनके नि:शक्तता प्रमाण पत्र बनाये गये।
                                                  340 में 215 नि:शक्त हुए उपस्थित
शिविर में देवास जनपद पंचायत में स्पर्श अभियान के अन्तर्गत् चिन्हित 340 नि:शक्तजनों में से 215 नि:शक्तजन उपस्थित हुए। इनमें से 166 अस्थि बाधित, 32 दृष्टिबाधित, 17 श्रवण बाधित थे। सभी नि:शक्तजनों का विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों में अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ एएन त्रिपाठी, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ सरल, नाक कान गला रोग विशेषज्ञ डॉ कुलदीप श्रीवास्तव, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ माहेश्वरी आदि शामिल हुए।
शिविर में ही बनाये गये कृत्रिम अंग
इस शिविर की विशेषता यह रही कि शिविर में ही कृत्रिम अंग बनाने वाले कारीगर मय उपकरणों के एवं सामग्री के उपस्थित हुए, जिन्होंने नि:शक्तजनों की आवश्यकता के अनुसार शिविर में ही उनके कृत्रिम अंग बनाकर उन्हें प्रदाय किये।
क्रमांक 115/1886/24-12-14
सुशासन दिवस मनाया गया
देवास 24 दिसम्बर 2014/ पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा स्थापति सुशासन के उच्चतम मापदंडों के महत्व को प्रतिपादित करते हुए 24 दिसंबर बुधवार को जिला चिकित्सालय में सुशासन दिवस मनाया गया। इस अवसर पर सभी शासकीय सेवकों को सुशासन की शपथ दिलाई गई। 
इस अवसर पर प्रभारी जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक वर्मा द्वारा सुशासन विषय पर विचार व्यक्त किए। शासकीय सेवकों को सुशासन दिवस पर जनता के लिए कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।
क्रमांक 116/1887/24-12-14


जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥ 
केंद्रीय मंत्री श्री गहलोत आज जिले के भ्रमण पर
देवास 24 दिसम्बर 2014/ केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री भारत सरकार श्री थावरचंद गहलोत 25 दिसंबर को जिले के भ्रमण पर आएंगे। तय कार्यक्रम अनुसार श्री गहलोत गुरूवार 25 दिसंबर को सुबह 11.30 बजे नागदा से देवास सड़क मार्ग से आएंगे। इसके बाद वे एक स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेकर देवास से प्रस्थान करेंगे।
क्रमांक 117/1888/24-12-14

जिले में पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध्
आज आएगा 1441 एमटी यूरिया
देवास 24 दिसम्बर 2014/ जिले में यूरिया एवं अन्य उर्वरक किसानों की आवश्याकता अनुसार पर्याप्त मात्रा में प्राप्त हो रहे हैं, तथा सभी सहकारी संस्थाओं को उपलब्ध करा दिए गए हैं। आगे भी जिले को पर्याप्त उर्वरक मिलते रहेंगे। कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने जिले के किसानों से कहा है कि वे अपनी आवश्यकता के अनुरूप यूरिया एवं अन्य उर्वरक संबंधित सोसाइटी से प्राप्त करें। उर्वरक लेने में अनावश्यक हड़बड़ी न करें।  
अभी तक 18 हजार 606 एमटी से अधिक यूरिया प्राप्त
कलेक्टर ने बताया कि जिले को वर्तमान रबी मौसम में अभीतक 18606 एमटी यूरिया प्राप्त हो गया है। जिले का इस बार का यूरिया की आवश्यकता का लक्ष्य 22 हजार 464 एमटी निर्धारित किया गया है। शेष यूरिया भी जिले को शीघ्र प्राप्त हो जाएगा। 
415 एमटी यूरिया शेष
जिला विपणन अधिकारी ने बताया कि जिले में प्राप्त यूरिया सभी सहकारी संस्थाओं को भिजवाया जा चुका है, आज की स्थिति में संस्थाओं के पास 415 एमटी यूरिया शेष है। देवास केन्द्र में प्राप्त यूरिया 6323 में से आज तक विक्रय 6227 एमटी, सोनकच्छ केन्द्र में प्राप्त यूरिया 2900 में से आज तक विक्रय 2782 एमटी, हाटपीपल्या केन्द्र में प्राप्त यूरिया 3418 में से आज तक विक्रय 3384 एमटी, कन्नौद केन्द्र में प्राप्त यूरिया 2762 में से आज तक विक्रय 2712 एमटी तथा खातेगांव केन्द्र में प्राप्त यूरिया 3203 में से आज तक विक्रय 3086 एमटी हो गया है। 

आज आएगा 1441 एमटी यूरिया
कलेक्टर ने बताया कि रैक पॉइन्ट से देवास जिले को गुरूवार को 1441 एमटी यूरिया नागार्जुना से प्राप्त होगा। इसमें से डबल लॉक केन्द्र देवास को 400 एमटी, एमपी एग्रो को 181 एमटी, सोनकच्छ को 200 एमटी, हाटपीपल्या को 260 एमटी, कन्नौद को 200 एमटी तथा खातेगांव को 200 एमटी यूरिया प्राप्त होगा। निजी वितरकों को 60 एमटी यूरिया प्राप्त होगा।
                                                              अन्य उर्वरकों की स्थिति
जिले में डीएपी खाद आज दिनांक तक 3732 एमटी प्राप्त हुआ है, जिसमें से अभी तक 2653 एमटी विक्रय हुआ है तथा 1079 एमटी विभिन्न संस्थाओं के पास उपलब्ध है। देवास केन्द्र में 643 एमटी, सोनकच्छ केन्द्र में 238 एमटी, हाटपीपल्या में 105 एमटी, कन्नौद में 91 एमटी तथा खातेगांव में 2 एमटी डीएपी शेष है। जिले में कॉम्पलेक्स खाद आज दिनांक तक 7103 एमटी प्राप्त हुआ है, जिसमें से 5599 एमटी विक्रय हो गया है, तथा 1504 एमटी शेष है। देवास केन्द्र में 1233 एमटी, सोनकच्छ केन्द्र में 66 एमटी, हाटपीपल्या में 50 एमटी, कन्नौद में 11 एमटी तथा खातेगांव में 144 एमटी कॉम्पलेक्स उर्वरक शेष है।
क्रमांक 118/1889/24-12-14

त्रि-स्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन 2014-15
निर्वाचन कार्यक्रम संशोधित

देवास 24 दिसम्बर 2014/ मप्र राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा त्रिस्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन वर्ष 2014-15 के लिए निर्वाचन कार्यक्रम निर्धारित किया गया था। आयोग द्वारा पूर्ण विचारोपरांत निर्णय लिया गया है कि प्रत्येक जिले में जनपद पंचायत सदस्य तथा जिला पंचायत सदस्य के लिए मतों का सारणीकरण और निर्वाचन परिणामों की घोषणा एक साथ कराई जाएगी। इस परिप्रेक्ष्य में आयोग के द्वारा जारी संदर्भित निर्वाचन कार्यक्रम में संशोधन किया गया है। शेष निर्देश यथावत रहेंगे।
क्रमांक 119/1890/24-12-14
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥ 
राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस मनाया गया
देवास 24 दिसम्बर 2014/ राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस आज बुधवार को स्थानीय उत्कृष्ट विद्यालय श्री नारायण विद्या मंदिर क्रमांक 02 में भारतीय उपभोक्ता अधिकार संगठन देवास एवं खाद्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर कलेक्टर श्री प्रबल सिपाहा थे। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर श्रीमती वर्षा भूरिया, श्री विक्रमसिंह चैधरी एवं भारतीय उपभोक्ता अधिकार संगठन के जिलाध्यक्ष श्री अकरम शेख तृप्ति, श्रीमती चन्द्रावती जाधव, प्राचार्या उत्कृष्ट विद्यालय श्री नारायण विद्या मंदिर के अलावा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए अपर कलेक्टर श्री सिपाहा ने स्कूली बच्चो एवं अन्य उपभोक्ताओ को उपभोक्ता के हितो के संरक्षण के बारे में अवगत कराया। उन्होने कहा कि राशि लेने के बदले में या राशि दिये जाने का वचन देने के बदले में ली गई सामग्री या प्रदाय की गई सेवा इस अधिनियम की परिधि में आती है। 
कार्यक्रम में उपभोक्ताओ को जागरूक करने के उद्देश्य से नापतौल में दिखने वाली कमियां एवं मिलावट रोकधाम के संबंध में जानकारी दी गई। नापतौल तथा खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा प्रदर्शनी के साथ-साथ पेट्रोल पम्प, गैस एजेन्सी के संबंध में एवं दूरसंचार विभाग द्वारा उनके संबंधित कमियों को दुरूस्थ करने के संबंध में अवगत कराया गया। 
कार्यक्रम को प्राचार्य उत्कृष्ट विद्यालय श्रीमती जाधव, श्री विक्रमसिंह चैधरी, श्री एस.एस.राजपूत, नापतौल निरीक्षक ने भी संबोधित किया गया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों की भाषण प्रतियोगिता का आयोजन कर सफल प्रतियोगियों को प्रशस्ति-पत्र देकर पुरूस्कृत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण, पूजन एवं दीप प्रज्जवलित कर किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला आपूर्ति अधिकारी श्रीमती ज्योति जैन ने किया।
क्रमांक 120/1891/24-12-14


जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥ 
उपस्वास्थ्य केंद्र अजनास में प्रसव की सुविधाएं होगी उपलब्ध
कलेक्टर की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न
देवास 24 दिसम्बर 2014/ आदर्श ग्राम सांसद योजना के अंतर्गत उपस्वास्थ्य केंद्र अजनास का उन्नयन करते हुए वहां प्रसव सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराने के लिए कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी की अध्यक्षता में संपन्न हुई बैठक में निर्णय लिया गया है। 
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ए.के दीक्षित ने बताया कि उपस्वास्थ्य केंद्र अजनास में प्रसव सुविधा उपलब्ध कराने के लिए वहां पदस्थ महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता के अतिरिक्त एक संविदा महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही खंड चिकित्सा अधिकारी खातेगांव को निर्देशित किया गया है कि उप स्वास्थ्य केंद्र अजनास को पंद्रह दिवस के अंदर रिपेयर करवाया जाकर प्रसव के लिए समस्त संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करें।
15 दिन में सेवाएं प्रारंभ होगी
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि बी.एम.ओ. खातेगांव डॉ. परिहार द्वारा जानकारी दी गई कि अजनास में 15 दिवस के अंदर प्रसव सेवाएं प्रारंभ कर दी जाएगी। इस संबंध में जिले में पदस्थ इंजीनियर श्री उमेश शर्मा को भी निर्देशित किया गया है कि अजनास में अतिरिक्त निर्माण कार्य, लेबर रूम, डिलेवरी वार्ड, ए.एन.एम. निवास गृह, बाउंड्रीवॉल, मेजर रिपेयरिंग कार्य का प्राक्कलन तत्काल तैयार कर संचालनालय को स्वीकृति के लिए भेजकर इसकी कार्यवाही पूर्ण करेंगे। उपस्वास्थ्य केंद्र अजनास में प्रति मंगलवार 1 पुरूष चिकित्सक डॉ. गौरव त्रिपाठी तथा माह के अंतिम मंगलवार को पुरूष चिकित्सक के अतिरिक्त महिला चिकित्सक डॉ. श्रीमती दीपा दुबे भी सेवाएं देंगे। 
अजनास में माह के अंतिम मंगलवार को स्वास्थ्य शिविर एवं विशेष टीकाकरण का कार्य भी संपादित किया जाएगा। उपस्वास्थ्य केंद्र अजनास के कार्यों की निरंतर मॉनिटरींग जिला स्तर से स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा भी निरंतर किया जावेगा।
क्रमांक 121/1892/24-12-14

No comments:

Post a Comment