Monday, 8 December 2014

08-12-2014
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥

सुर्ख भगुआ अनार एवं थाइलेंड के एप्पल बेर ने बदली क्षेत्र की रंगत
---------------
कलेक्टर ने किया उद्यानिकी फसलों का निरीक्षण

      देवास 8 दिसम्बर 2014/ तीन से चार हैक्टर क्षेत्र में चमकीली हरी पत्तियों के बीच सुर्ख भगुआ अनार एवं मेढ़ पर सेब के आकार के थाइलेंड एप्पल बेर ने सिरोल्या गांव के उस क्षेत्र की रंगत बदल दी है, जहां एक उन्नत किसान अपने खेत में इनकी पैदावार ले रहे हैं, वो भी मुरम युक्त ऐसी मिट्टी में जो अन्य किसी फसल के लिए अनुपयुक्त होती है।
      कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने गत दिनों ग्राम सिरोल्या पहुंचकर वहां उद्यानिकी फसलों को देखा, किसानों के प्रयासों की सराहना की तथा कहा कि जिले के अन्य किसान भी उन्नत तकनीकी से खेती कर अच्छी फसल एवं मुनाफा प्राप्त करें। इस अवसर पर उप संचालक उद्यानिकी श्री तोमर एवं अन्य विभागीय अधिकारी कलेक्टर के साथ थे।

टिशू कल्चर, ड्रिप एवं मल्चिंग का किया प्रयोग
      ग्राम सिरोल्या एवं आसपास के क्षेत्र के किसानों ने उद्यानिकी विभाग से अनुदान प्राप्त कर अपनी उद्यानिकी फसलों में टिशू कल्चर, मल्चिंग (प्लाटिक की चादर बिछाकर उसके ऊपर पौधै लगाना) तथा सिंचाई के लिए ड्रिप का उपयोग किया है, जिसके अच्छे परिणाम प्राप्त हो रहे हैं। उप संचालक उद्यानिकी ने बताया कि किसानों को विभाग की ओर से एक हैक्टर क्षेत्र में अनार की खेती के लिए 40 हजार रूपये पौधों के लिए, 16 हजार रूपये मल्चिंग के लिए तथा 65 हजार रूपये ड्रिप के लिए अनुदान प्रदान किया जाता है। इस प्रकार एक हैक्टर क्षेत्र में अनार की खेती के लिए सरकार 1 लाख 21 हजार रूपये का अनुदान प्रदान करती है।

डेढ़ वर्ष में पैदावार, 2 से 3 लाख प्रति हैक्टर आमदनी
      ग्राम सिरोल्या के उन्नत किसान श्री आरके अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने 8 माह पूर्व अनार के पौधे टिशू कल्चर पद्धति से लगाए थे, इनमें अब फूल आ रहे हैं। पौधे देवास एवं जलगांव महाराष्ट्र से लाए गए हैं। आगामी 10 माह में इनमें फल आ जाएंगे। एक पेड़ पर 8 से 10 किलो अच्छी किस्म के अनार लगेंगे। इस अनार का बाजार में उन्हें 40 से 50 रूपये किलो तक भाव मिल जाएगा, जिससे अच्छा मुनाफा प्राप्त होगा। खर्च लगभग 1 लाख रूपये प्रति हैक्टर है तथा आमदनी लगभग 2 से 3 लाख रूपये प्रति हैक्टर होने की संभावना है।

थाइलेंड के एप्पल बेर
       कृषक श्री अग्रवाल ने अपने खेत की मेड़ पर थाइलेंड के एप्पल बेर लगाए हैं, जो सेब के आकार के और अत्यंत स्वादिष्ट होते हैं। ये पेड़ बेरों से लदे हैं। एक पेड़ पर एक मौसम में 70 से 80 किलो बेर लगने की संभावना है। इनका बाजार में मूल्य भी अच्छा प्राप्त हो जाता है तथा ये निर्यात भी होते हैं। कलेक्टर ने किसान के इस प्रयास की भी सराहना की।
क्रमांक 29/1799/08-12-14

 जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
॥ समाचार ॥
नगरीय क्षेत्रों में अवैध रूप से लगाये गये होर्डिंग्स सख्ती से हटाये
अपर कलेक्टर ने टीएल बैठक में दिये निर्देश
      देवास 08 दिसम्बर 2014/ नगरीय क्षेत्रों में अवैध रूप से लगाये गये होर्डिंग्स हटाने के शासन द्वारा दिये गये निर्देशों के परिपालन में जिले के सभी नगरीय क्षेत्रों में अवैध रूप से लगाये गये होर्डिंग्स सख्ती से हटाये जायें। नगरीय निकाय के अधिकारी अपने क्षेत्र के एसडीएम के साथ समन्वय कर अवैध रूप से लगाये गये होर्डिंग्स हटाने की कार्यवाही करें।
      अपर कलेक्टर श्री प्रबल सिपाहा ने आज सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में सम्पन्न लंबित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में उक्त निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। बैठक में सभी एसडीएम सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
बैंक कियोस्क केंद्रों का वेरीफिकेशन करें
      बैठक में अपर कलेक्टर ने एसडीएम को निर्देश दिये कि जिले में जनधन योजना अन्तर्गत बैंक खाते खोलने के लिए ग्रामीण क्षेत्र में खोले गये बैंक कियोस्क केंद्रों का वेरीफिकेशन किया जाये। कियोस्क सेंटर द्वारा अभी तक खोले गये बैंक खातों की जानकारी प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि कियोस्क सेंटर निर्धारित समय पर खुलें एवं शासन के दिशा निर्देश अनुसार अधिक से अधिक व्यक्तियों के बैंक खाते खोले जायें।
सामूहिक विवाह सम्मेलनों की तिथियां निर्धारित करें
      अपर कलेक्टर ने निर्देश दिये कि मुख्यमंत्री कन्यादान/निकाह योजना के अन्तर्गत सामूहिक विवाह सम्मेलनों के आयोजन की तिथियों का निर्धारण कर अभी से समारोह आयोजन की तैयारियां प्रारंभ करें। सामूहिक विवाह सम्मेलनों का आयोजन शासन के नवीन दिशा निर्देशों के अनुसार किया जाये। सभी विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय से अधिक से अधिक पात्रता उम्र की बालिकाओं का विवाह कन्यादान योजना अन्तर्गत करवाना सुनिश्चित करें।
21 दिसम्बर को बागली में खण्ड स्तरीय अन्त्योदय मेला प्रस्तावित
      बैठक में बताया गया कि आगामी 21 दिसम्बर को बागली में विकासखण्ड स्तरीय अन्त्योदय मेले का आयोजन किया जाना प्रस्तावित है। अपर कलेक्टर ने निर्देश दिये कि  उज्जैन संभागायुक्त द्वारा दिये गये दिशा निर्देशों के अनुसार अन्त्योदय मेले का आयोजन किया जाये। अन्त्योदय मेले में अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करना सुनिश्चित किया जाये।
निःशक्तजनों के परीक्षण के लिए शिविर आयोजित किये जायें
      अपर कलेक्टर ने निर्देश दिये कि जिले में निःशक्तजनों के परीक्षण के लिए जिले में शिविरों का आयोजन किया जाये। शिविरों में चिन्हांकित निःशक्तजनों को उनकी आवश्यकता अनुसार उपकरण आदि का वितरण किया जाये। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिये कि निःशक्तजनों के परीक्षण शिविरों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की डयूटी लगाई जाये। साथ ही मानसिक निःशक्तों के परीक्षण के लिए मानसिक चिकित्सक की सेवाएं भी उपलब्ध करायें।
आज होगी जनसुनवाई
       बैठक में बताया गया कि कलेक्टर स्तर पर जनसुनवाई का आयोजन 9 दिसम्बर को स्थानीय मल्हार स्मृति मंदिर में प्रातः 11.00 बजे से किया जायेगा। अपर कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे निर्धारित समय पर जनसुनवाई में उपस्थित हों तथा अपने विभाग से संबंधित समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करें। 
क्रमांक 30/1800/08-12-14
जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
॥ समाचार ॥

पंचायत निर्वाचन- 2014 -15

त्रिस्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन 2014-15 के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त
     देवास 08 दिसम्बर 2014/ प्रदेश में आगामी समय में होने वाले‍ त्रिस्तरीय पंचातयों के आम निर्वाचन 2014-15 के लिए भी ईवीएम का प्रयोग किया जाएगा। निर्वाचन के पूर्व जिले में ईवीएम की एफएलसी कमीशनिंग एवं रिपेयरिंग की सुव्यवस्थित कार्रवाई सम्पन्न कराने के लिए कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी द्वारा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा देवास के कार्यपालन यंत्री श्री पीएस तोमर को नोडल अधिकारी तथा अनुविभागीय अधिकारी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा देवास श्री संजय शर्मा एवं सहायक यंत्री मनरेगा टोंकखुर्द श्री नरोत्तम शाक्य को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
क्रमांक 31/1801/08-12-14

92 हजार आंगनवाड़ी केन्द्र होंगे बेहतर और आकर्षक

 

दो माह का विशेष अभियान चलेगा

      देवास 08 दिसम्बर 2014/ प्रदेश की 92 हजार से अधिक आंगनवाड़ी केंद्रों को बेहतर, आकर्षक और सुदृढ़ बनाने के लिए दो माह विशेष अभियान चलाया जाएगा। महिला-बाल विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने बताया कि यह अभियान 20 दिसम्बर 2014 से शुरू होगा और 20 फरवरी 2015 को समाप्त होगा।
      महिला-बाल विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि बच्चों और धात्री माताओं को आंगनवाड़ी केन्द्रों में बेहतर वातावरण उपलब्ध करवाने की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। विभाग ने इसके लिए विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में इन केन्द्रों के जरिए 73 लाख से अधिक बच्चे और धात्री माताएं लाभान्वित हो रही हैं।
     अभियान में पूर्व से निर्मित आंगनवाड़ी केन्द्र में, जहां आवश्यकता है, वहां सुधार कार्य किए जायेंगे। इसके लिए स्थानीय स्तर पर शासकीय और निजी सहयोग के तौर पर राशि की व्यवस्था की जाएगी। जरूरत पड़ने पर प्रस्ताव आने पर विभाग द्वारा राशि दी जाएगी। निर्देशों में कहा गया है कि जहां आंगनवाड़ी निजी भवन में लग रही हैं वहां शासकीय विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष उपलब्ध हैं तो केन्द्र को वहां स्थानांतरित किया जाए। उपलब्ध न होने पर शहरी क्षेत्र में 3000 और ग्रामीण क्षेत्र में 750 रुपये किराए पर ऐसा भवन लिया जाएगा, जो स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण में हो और उसमें बच्चों के बैठने का पर्याप्त स्थान हो।
      आयुक्त एकीकृत बाल विकास श्रीमती पुष्पलता सिंह ने विभाग के मैदानी अमले को भेजे निर्देश में कहा है कि जहां आंगनवाड़ी भवन का निर्माण और विकास होना है उसके लिए स्थानीय निकाय, कंपनी और दानदाताओं से सहयोग लिया जाए। केन्द्र में किचिन गार्डन भी विकसित करने को कहा गया है जहां सब्जी आदि लगाई जा सके। केन्द्र में पुताई, बाउण्ड्री वॉल, नाम-पट्टिका, केन्द्र की जानकारी की पट्टिका लगाने के निर्देश दिए गए। जिन आंगनवाड़ी में हेंडपंप चालू नहीं है उन्हें सुधरवाने और न होने पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से खनन करवाने को कहा गया है। निर्देश में आंगनवाड़ी केन्द्रों में साफ-सफाई सुनिश्चित करने और शुद्ध पेयजल के लिए वाटर फिल्टर एवं बैठने के लिए दरी की व्यवस्था करने को कहा गया है। जहाँ नवनिर्मित केन्द्र तैयार हैं, उनका शुभारंभ स्थानीय सांसद या विधायक से करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
क्रमांक 32/1802/08-12-14
जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
॥ समाचार ॥

पंचायत निर्वाचन- 2014 -15

अधिकारियों का प्रशिक्षण 9 से 15 दिसम्बर तक

       देवास 08 दिसम्बर 2014/ राज्य निर्वाचन आयोग में पंचायत निर्वाचन- 2014-15 की तैयारियों के संबंध में 9 से 15 दिसम्बर तक अधिकारियों को विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण दिया जायेगा। प्रशिक्षण सुबह 10.30 से शाम 5.30 बजे तक चलेगा।
       आयोग में 9 दिसम्बर को सभी जिलों के उप जिला निर्वाचन अधिकारी और सहायक कलेक्टर्स को प्रशिक्षण दिया जायेगा। इसी तरह 10 दिसम्बर को जिला मुख्यालय के सहायक रिटर्निंग आफिसर को प्रशिक्षित किया जायेगा। विभिन्न जिलों के रिटर्निंग आफिसर को अलग-अलग तारीख में 11,12,13 और 15 दिसम्बर को प्रशिक्षण दिया जायेगा। सभी अधिकारियों को निर्धारित समय पर राज्य निर्वाचन आयोग कार्यालय, भोपाल में पहुँचने के निर्देश दिए गए हैं।
क्रमांक 33/1804/08-12-14

13 जिलों में पी.सी.पी.एन.डी.टी. सेल गठित होंगे

देवास जिला भी शामिल

     देवास 08 दिसम्बर 2014/ कन्या भ्रूण हत्या पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सर्वाधिक प्रभावित 13 जिले चिन्हित कर पी.सी.पी.एन.डी.टी. सेल का गठन किया जा रहा है। ये जिले हैं इंदौर, भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन, सतना, देवास, सागर, धार, मंदसौर, छिन्दवाड़ा, रतलाम और होशंगाबाद। यह जानकारी संचालक लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ. नवनीत मोहन कोठारी की अध्यक्षता में गर्भधारण पूर्व एवं प्रसव पूर्व निदान तकनीक (लिंग चयन प्रतिषेध) अधिनियम के तहत गठित राज्य सलाहकार समिति की बैठक में गत दिवस भोपाल में दी गई।
     बैठक में जानकारी दी गई कि सोनोग्राफी दुरुपयोग के प्रकरण पढ़े-लिखे और संपन्न वर्ग में अधिक प्रकाश में आ रहे हैं। कुल प्रकरणों के 50 प्रतिशत प्रकरण प्रदेश के पांच बड़े नगर इंदौर, भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर और उज्जैन से हैं। समिति पंजीयन के नवीनीकरण के लिए कॉम्पीटेन्सी टेस्ट की अनिवार्यता को सुनिश्चित करने, सोनोग्राफी सेन्टर पर निरंतर निगरानी रखने, संदिग्ध मामलों में प्रामाणिक जाँच करने, गिरते लिंगानुपात के विरुद्ध जन-मानस को जागरूक करने, बेटी जन्म के विरुद्ध सदियों से चली आ रही मानसिकता को बदलने में लाड़ली लक्ष्मी, मुख्यमंत्री कन्यादान, स्वागतम् लक्ष्मी और शौर्या दल आदि के सकारात्मक प्रभाव आदि पर चर्चा की गई।
    
क्रमांक 34/1805/08-12-14

जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
॥ समाचार ॥
चुनाव आयोग ने चुनाव खर्च को ऑनलाइन जमा करवाने की सुविधा दी

मान्यता प्राप्त एवं गैर मान्यता राजनैतिक दलों की बैठक आज
     देवास 08 दिसम्बर 2014/ भारत निर्वाचन आयोग ने निर्वाचन के दौरान अभ्यर्थी द्वारा किये जाने वाले चुनाव खर्च को ई-फाइल की सुविधा द्वारा जमा करने के संबंध में गत दिवस भोपाल से निर्देश जारी किये हैं। आगामी निर्वाचनों में इसके उपयोग के संबंध में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय में 9 दिसम्बर को मान्यता एवं गैर मान्यता प्राप्त पंजीकृत राजनैतिक दलों की बैठक आयोजित की गई है। सुबह 11 बजे से होने वाली इस बैठक में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री जयदीप गोविंद राजनैतिक दलों के चुनाव खर्च को ऑनलाइन प्रेषित करने के संबंध में जानकारी देंगे। मध्यप्रदेश के 50 से अधिक राजनैतिक दलों के सामने ऑनलाइन प्रक्रिया का प्रस्तुतीकरण होगा।
क्रमांक 35/1805/08-12-14

No comments:

Post a Comment