Saturday, 27 December 2014

27-दिसंबर-2014
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ समाचार॥

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ समाचार॥

निर्माण कार्य हों गुणवत्ता पूर्ण, योजनाओं के प्रदाय में न हो विलंब
--------
कलेक्टर ने किया बागली क्षेत्र के ग्रामों का भ्रमण
     देवास 27 दिसंबर 2014/ जिले में विभिन्न शासकीय निर्माण कार्य गुणवत्ता पूर्ण हों तथा उनमें शासकीय मापदण्डों के अनुरूप सामग्री लगाई जाए। जो कार्य पूर्ण हो गए हैं, उन्हें संबंधित विभाग को हस्तांतरित कर उनका उपयोग प्रारंभ किया जाए। शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को मिले तथा उनका लाभ प्रदाय करने में विलंब न हो। अधिकारीगण क्षेत्र भ्रमण कर शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों का समुचित क्रियान्वयन जिले में सुनिश्चित करें।
     कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने आज शनिवार को जिले के बागली क्षेत्र के ग्रामों के निरीक्षण के दौरान उक्त निर्देश अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर के साथ एसडीएम बागली श्रीमती वर्षा भूरिया, ईई आरईएस श्री तोमर, सीईओ जनपद पंचायत, तहसीदार तथा संबधित अधिकारी थे।
6 की जगह 4 सरिये क्यों लगा रहे हो
     कलेक्टर ने ग्राम बेड़ामऊ में वहां बन रहे आंगनवाड़ी भवन के निरीक्षण में पाया कि भवन शासन द्वारा निर्धारित मापदण्डों के अनुरूप नहीं बनाया जा रहा है। भवन में बनने वाले पिलर्स में 6 सरिये लगने चाहिएं, जबकि उसमें चार सरिये ही लगाए जा रहे हैं। इस पर कलेक्टर द्वारा ग्रामीण्‍ यांत्रिकी सेवा विभाग के संबंधित उपयंत्री से इसका कारण पूछा तो उसके पास कोई जवाब नहीं था। कलेक्टर ने भवन निर्माण में निर्धारित सामग्री लगाने एवं अच्छी गुणवत्ता का निर्माण करने के निर्देश दिए। उन्होंने हिदायत दी कि यदि कोई कमी रहती है, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।  
कहां हैं आपके उपकरण ?
     जब कलेक्टर ने आंगनवाड़ी भवन के निर्माण में लगने वाले सरियों की मोटाई नापने के निर्देश ग्रामीण यांत्रिकी विभाग के यंत्री को दिए तो, उसके पास गेज नापने का उपकरण ही नहीं था। इस पर कलेक्टर ने नाराजी जाहिर करते हुए कहा कि जब आप लोगों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं, कि दौरे पर जाते समय अपने सभी उपकरण एवं औजार साथ रखें तो आप लापरवाही क्यों करते हैं, भविष्य में ध्यान रखें नहीं तो कार्रवाई होगी।
क्यों नहीं जारी की शोचालयों की राशि ?
     ग्राम बेड़ामऊ में निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पाया कि ग्राम में स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत 90 शौचालयों के निर्माण के लिए जिला पंचायत द्वारा राशि जारी नहीं किए जाने के कारण ये शौचालय अधूरे पड़े हैं। इस पर कलेक्टर ने असंतोष जाहिर करते हुए जिला पंचायत के अतिरिक्त कार्यपालन अधिकारी को निर्देश दिए कि तुरंत राशि जारी कर कार्य पूरा कराया जाए।
गतिविधि तालिका कहां है ?
       ग्राम के एक आंगनवाड़ी केन्द्र के निरीक्षण में कलेक्टर ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से जब पूछा कि बच्चों को इस माह कराए जाने वाली गतिविधियां निर्धारित चार्ट के आधार पर कराई जा रही हैं, तो इसकी जानकारी उसे नहीं थी। कलेक्टर ने कहा कि जिले में प्रत्येक आंगनवाड़ी केन्द्र को प्रत्येक माह की गतिविधियों के चार्ट प्रिंट कराकर दिए गए हैं, जिनमें बच्चों के लिए मनोरंजक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियां दी गई हैं। इनके आधार पर आंगनवाड़ियों में बच्चों को गतिविधियां करवाई जानी चाहिएं।
पानी निकासी की व्यवस्था कराएं
     ग्राम के शाला भवन प्रांगण में चर्चा के दौरान ग्रामवासियों ने कलेक्टर को बताया कि ग्राम की प्रमुख समस्या यहां पानी की निकासी की व्यवस्था न होना है। इस पर कलेक्टर द्वारा 7 दिन के अंदर पाइप डालकर पानी की निकासी की व्यवस्था कराए जाने के निर्देश ईई आरईएस को दिए गए। ग्राम में जहां पानी एकत्रित होता है, वहां सोख्ता गड्ढा बनाया जाए। प्राथमिक विद्यालय में हाथ धोने के स्थान से निकलने वाले पानी को पाइप डालकर एक सोख्ता गड्ढा बनाए जाकर उसमें निकाला जाए।
रोड बना दी पर साइड नहीं भरी
     ग्रामवासियों ने कलेक्टर को बताया कि बेड़ामऊ बायपास मार्ग बनाया गया पर उसके दोनों ओर साइड्स को नहीं भरा गया, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं तथा मार्ग खराब हो रहा है। कलेक्टर ने संबंधित निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए कि आगामी 7 दिनों में साइड भराई का काम पूरा कर लिया जाए।  ग्राम में बनाए गए एक कुंए के धंस जाने पर कलेक्टर द्वारा ग्रामीण विकास विभाग को कुंए की मरम्मत कराए जाने के निर्देश दिए गए।
बाउण्डी वॉल निर्माण के लिए आगे आए गांववासी
     शासकीय प्राथमिक विद्यालय की बाउण्ड्रीवॉल बनाने की मांग जब गांववासियों ने कलेक्टर से रखी तो कलेक्टर ने कहा कि जनभागीदारी योजना में जितनी राशि ग्राम वासी एकत्रित करेंगे उतनी ही राशि शासन द्वारा कार्य के लिए प्रदाय की जाएगी। इस पर ग्रामवासी करण सिंह भागीरथ ने 10 हजार का अंशदान दिया।
बच्चे 50, पैकेट आते हैं 40
     कलेक्टर ने ग्राम कमलापुर के भ्रमण के दौरान वहां आंगनवाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण में उन्होंने पाया कि 3 वर्ष तक के बच्चों को दिए जाने वाले टेक होम राशन के वहां एक बार के वितरण के लिए 40 पैकेट्स प्राप्त हो रहे हैं, जबकि इस उम्र के बच्चों की संख्या वहां 50 है। इस पर कलेक्टर द्वारा आंगनवाड़ी सुपरवाइजर को निर्देश दिए गए कि पर्याप्त पैकेट्स केन्द्र में पहुंचाए जाएं तथा प्रत्‍येक बच्चे को एक बार में दो-दो पैकेट्स टेक होम राशन प्रदाय किया जाए। आंगनवाड़ी केन्द्र में ग्राम के स्टॉपडैम्‍ के गेट्स बड़ी संख्या में रखे पाए जाने पर कलेक्टर ने उन्हें स्टॉपडैम में लगवाने के निर्देश दिए। केन्द्र के पास ही स्थित पशु चिकित्सालय के कार्य की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने ग्राम में मवेशियों के कृत्रिम गर्भाधान की संख्या बढ़ाए जाने के निर्देश पशु चिकित्सक को दिए।

कुम्हारों को मिट्टी के लिए जमीन आरक्षित करें
     ग्राम के कुम्हार राम प्रसाद प्रजापत ने कलेक्टर को बताया कि कुम्हारों को घड़े बनाने के लिए मिट्टी नहीं मिलती है जिसके कारण कई कुम्हारों ने यह कार्य बंद कर दिया है। इसे गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने तहसीलदार को निर्देश दिए कि कुम्हारों को मिट्टी के लिए ग्राम के आसपास जमीन आरक्षित की जाए।
शिक्षकों की व्यवस्था करें
     ग्राम वासियों ने कलेक्टर को बताया कि ग्राम के शासकीय हाई स्कूल में विज्ञान विषय के शिक्षक नहीं हैं। इस पर कलेक्टर द्वारा अन्य विद्यालय से शिक्षक की व्यवस्था करवाए जाने के निर्देश दिए गए। कमालुद्दृीन पिता न्यायुद्दीन ने कलेक्टर को बताया कि बड़ी से सोनकच्छ मार्ग का जब डामरीकरण कर उसे ऊंचा किया गया तब पानी निकासी की व्यवस्था नहीं की गई, इससे उसके खेत में पानी भर जाता है। कलेक्टर द्वारा आरईएस विभाग को पानी की निकासी की व्यवस्था के निर्देश दिए गए।
कितना ढ़ीला काम है आप लोगों का
     ग्राम में उचित मूल्य सामग्री के वितरण की समीक्षा में कलेक्टर ने पाया कि ग्राम में अभी तक 257 पात्रता पर्चियां नहीं बटी हैं, यद्यपि शासन के निर्देश अनुसार घोषणा पत्र के आधार पर राशन सामग्री का वितरण हो गया है। इस पर कलेक्टर ने नाराजी जाहिर करते हुए खाद्य विभाग के एएसओ ओपी बारीबे एवं जेएसओ किशन पाल से कहा कि कितना ढ़ीला काम है आप लोगों का। उन्होंने 7 दिन में कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए।
गरीबों की सूची टांगें गांव में
     ग्राम वासियों ने कलेक्टर को बताया कि गरीबी रेखा की सूची में ग्राम के कई धनाढ्य व्यक्तियों के नाम भी शामिल हैं। इस पर कलेक्टर द्वारा निर्देश दिए गए कि पंचायत द्वारा ग्राम के बीपीएल सूची के व्यक्तियों की सूची सार्वजनिक स्थलों पर टांगी जाए। उन्होंने अपात्रों के नाम सूची से हटाने के निर्देश दिए। कपिलधारा कुंए की मांग पर कलेक्टर ने बताया कि अब शासन की इस योजना में 3 किसानों को मिलाकर एक कपिलधारा कुंआ स्वीकृत किए जाने का प्रावधान किया गया है। अजा/जजा एवं बीपीएल वर्ग के तीन किसान मिलकर इस योजना का लाभ ले सकते हैं।
नहीं मिले ग्राम में स्वच्छता दूत
     जब कलेक्टर ने ग्राम में स्वच्छ भारत अभियान के संचालन के लिए नियुक्त स्वच्छता दूतों की जानकारी चाही गई तो सीईओ जनपद पंचायत जानकारी देने में असमर्थ रहे। इस पर कलेक्टर द्वारा ग्राम में स्वच्छता दूत नियुक्त न करने पर नाराजी व्यक्त की गई।
हर विद्यालय की हो पुताई और लगाएं पौधे
     निरीक्षण में कलेक्टर द्वारा शासकीय विद्यालय भवनों में पुताई तथा वृक्षारोपण नहीं पाए जाने पर भी अप्रसन्नता व्यक्त की गई। उन्होंने डीपीसी सर्व शिक्षा अभियान को निर्देश दिए कि सभी शासकीय भवनों की पुताई की जाए, वहां सर्व शिक्षा अभियान का शासन का लोगो लगवाया जाए तथा परिसरों में कम से कम 5-5 अच्छी किस्मों के पौधे लगाए जाएं।
3 वर्ष से भवन अधूरा पड़ा है
     बागली में कलेक्टर द्वारा अनुसूचित जाति प्री-मैट्रिेक छात्रावास के नविनिर्मित भवन के निरीक्षण में पाया गया कि भवन केवल खिड़कियों में कांच नहीं लगने के कारण 3 वर्ष से अधूरा पड़ा है। इस पर कलेक्टर द्वारा संबंधित एजेंसी को तीन दिन में कांच लगाने तथा जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण को भवन का आधिपत्य प्राप्त कर उसमें छात्रावास स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए। समीप ही प्री- मैट्रिक बालिका छात्रावास को पूरा किए जाने के ‍निर्देश वेअर हाउसिंग को दिए गए। प्रांगण में दो और भवन अनुसूचित जनजाति कन्या आश्रम एवं मॉडल स्कूल के भवनों का कार्य भी अधूरा पाया गया, इस पर संबंधित निर्माण एजेंसी क्रमश: कृषि विपणन बोर्ड एवं लोक निर्माण विभाग परियोजना क्रियान्वयन इकाई को कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
क्रमांक 137/1908/27-12-14


जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥

आधार कार्ड बनाने का कार्य शीघ्र होगा प्रारंभ

जिले में 25 स्थानों पर आधार पंजीयन मशीनें लगेंगी

      देवास 27 दिसम्बर 2014/ यूआईडी प्रोजेक्ट सोसायटी स्टेट प्लानिंग कमीशन भोपाल मप्र शासन द्वारा जारी आदेश अनुसार जिले में आधार पंजीयन कार्य के लिए मेसर्स के.डब्ल्यू.सी प्राइवेट लिमिटेड हैदराबाद के स्थान पर ओसवाल कम्प्यूटर एंड कंसलटेंस  प्राइवेट लिमिटेड इंदौर को अधिकृत किया गया है। कंपनी द्वारा शीघ्र ही आधार कार्ड बनाने का कार्य प्रारंभ किया जायेगा।
     कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी द्वारा संबंधित कंपनी को 25 स्थानों पर आधार कार्ड बनाने के लिए मशीनें लगाने के निर्देश दिये गये हैं जहां पर कंपनी कर्मचारियों द्वारा आधार कार्ड बनाये जायेंगे। इन केन्द्रों के अतिरिक्त कहीं पर भी आधार कार्ड बनाये जायेंगे तो वे केन्द्र अनाधिकृत होंगे, ऐसे केन्द्र संचालकों के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जायेगी।
इन स्थानों पर बनेंगे आधार कार्ड
     जिला योजना अधिकारी श्री प्रेमचन्द परस्ते से प्राप्त जानकारी के अनुसार देवास में मल्हार स्मृति भवन, नगर पालिका निगम, तहसील कार्यालय एवं उत्कृष्ट विद्यालय सिविल लाइन एवं ग्रामीण क्षेत्र में ग्राम पंचायत भवन शिप्रा, ग्राम पंचायत भवन दत्तोतर में आधार कार्ड बनाने का कार्य किया जायेगा। इसी तरह टोंकखुर्द में नगर पंचायत कार्यालय परिसर, भौंरासा में नगर पंचायत कार्यालय परिसर, बागली में नगर पंचायत कार्यालय परिसर एवं ग्राम पंचायत उदयनगर, पीपरी एवं ग्राम पंचायत चापड़ा में, कन्नौद में नगर पंचायत कार्यालय परिसर एवं तहसील कार्यालय, लोहारदा में नगर पंचायत कार्यालय परिसर, खातेगांव में नगर पंचायत कार्यालय, तहसील कार्यालय परिसर एवं सांसद आदर्श ग्राम पंचायत परिसर अजनास एवं ग्राम पंचायत परिसर नेमावर में, सोनकच्छ में नगर पंचायत कार्यालय, सतवास में नगर पंचायत कार्यालय परिसर, हाटपीपल्या में नगर पंचायत कार्यालय परिसर, करनावद में नगर पंचायत कार्यालय परिसर, कांटाफोड़ में नगर पंचायत कार्यालय परिसर तथा पीपलरावां में नगर पंचायत कार्यालय परिसर में आधार कार्ड बनाने का कार्य किया जायेगा।
क्रमांक 129/1900/27-12-14


जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥
राजस्व एवं कृषि विभाग का निरीक्षण का दल गठित
    देवास 27 दिसम्बर 2014/ कलेक्टर श्री आशुतोष अवसथी ने रबी सीजन 2014-15 के लिए जिले में स्थित निजी उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों एवं सहकारी समितियों का आकस्मिक रूप से निरीक्षण करने के लिए राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारियों के दल का गठन किया गया है। इस दल में संबंधित अनुविभाग के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को प्रभारी तथा संबंधित अनुविभाग के अ.कृ.अधिकारी को सहयोगी बनाया गया है तथा संबंधित विकासखंड में तहसीलदार को प्रभारी तथा संबंधित विकासखंड के व.कृ.वि. अधिकारी को उर्वरक निरीक्षक बनाया है। साथ ही संबंधित क्षेत्र के नायब तहसीलदार, कृ.वि.अ./ग्राम.कृ.वि.अ./ पटवारी को सहायक बनाया है।
    गठित दल जिले में स्थित डबल लॉक केंद्रों/निजी उर्वरक विक्रेताओं एवं सहकारी समितियों का सप्ताह में एक दिन आकस्मिक रूप से निरीक्षण कर छापामार कार्रवाई करेंगे तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर उर्वरक (1985) एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के प्रावधानों के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करेंगे।
क्रमांक 130/1901/27-12-14

चरणवार प्रभावशील रहेगी आदर्श आचरण संहिता
    देवास 27 दिसम्बर 2014/ पंचायत आम निर्वाचन 2014-15 के अन्तर्गत चरणवार आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील रहेगी। मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग से प्राप्त जानकारी के अनुसार द्वितीय चरण में शामिल जिले के देवास, टोंकखुर्द एवं सोनकच्छ विकासखण्डों में 05 फरवरी 2015 तक एवं तृतीय चरण में शामिल बागली, कन्नौद एवं खातेगांव विकासखण्डों में 23 फरवरी 2015 तक आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील रहेगी।
क्रमांक 131/1902/27-12-14



जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥

गणतंत्र दिवस के अवसर पर ''भारत पर्व'' का आयोजन होगा
सफल आयोजन के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त
    देवास 27 दिसम्बर 2014/ प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी आगामी 26 जनवरी 2014 गणतंत्र दिवस की संध्या को जिला मुख्यालय पर लोक उत्सव ''भारत पर्व'' का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने भारत पर्व के सफल आयोजन के लिए आयुक्त नगर निगम श्री हिमांशु सिंह को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
    कलेक्टर श्री अवस्थी ने बताया कि भारत पर्व में इस वर्ष ‘‘अपना मध्यप्रदेश'' के साथ ही मप्र के पारपंपरिक रूप से लोक रूची के गायन (लोक/ भक्ति/सुराज/आजादी के तराने) वादन और नर्तन (जनजातीय एवं लोक) इत्यादि कार्यक्रम शामिल किए जाएंगे। इसके साथ ही विकास कार्यों पर केन्द्रित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
    ''भारत पर्व'' में मुख्य अतिथि के रूप में जिला स्तर पर विधानसभा अध्यक्ष/उपाध्यक्ष/मंत्री/राज्यमंत्री/जिले के प्रभारी मंत्री को आमंत्रित किया जाएगा।
क्रमांक 132/1903/27-12-14

मध्यप्रदेश शालेय दल का प्री-नेशनल कोचिंग केम्प इंदौर और देवास में

     देवास 27 दिसम्बर 2014/ मध्यप्रदेश के शालेय दलों का प्री-नेशनल कोचिंग केम्प इंदौर और देवास में लगाया जा रहा है। इंदौर में 31 दिसम्बर से 6 जनवरी 2015 तक राष्ट्रीय शालेय कराते, सॉफ्टबाल एवं फुटबाल का कोचिंग केम्प होगा। इसी तरह देवास में राष्ट्रीय शालेय सॉफ्ट टेनिस, ताईक्वांडों का प्री-नेशनल कोचिंग केम्प 12 से 18 जनवरी तक होगा। स्कूल शिक्षा विभाग ने आदिवासी विकास विभाग और समस्त संभागीय संयुक्त संचालक को कोचिंग केम्प में प्रतिभागियों के सम्मिलित होने के संबंध में निर्देश दिये है

क्रमांक 133/1904/27-12-14
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥

पंचायत निर्वाचन के लिए प्रेक्षक नियुक्त

     देवास 27 दिसम्बर 2014/ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायत निर्वाचन 2014-15 के लिए 75 प्रेक्षक की नियुक्ति की गई है। देवास जिले के लिए श्री रामेश्वर गुप्ता (9425057333) को प्रेक्षक नियुक्त किया गया है।

क्रमांक 134/1905/27-12-14

गुरुजन अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा से करें

व्यक्तित्व विकास प्रकोष्ठ के मास्टर-ट्रेनर्स के प्रशिक्षण में उच्च शिक्षा राज्य मंत्री

   देवास 27 दिसम्बर 2014/ मनुष्य का व्यक्तित्व समाज में उसकी एक अलग पहचान बनाता है और इस व्यक्तित्व को निखारने में गुरुजन की अहम भूमिका होती है। इसके लिये गुरुजन को अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा और लगन के साथ करना चाहिये। उच्च एवं स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री श्री दीपक जोशी ने यह बात प्रशासन अकादमी में व्यक्तित्व विकास प्रकोष्ठ के मास्टर-ट्रेनर्स के प्रशिक्षण के दौरान भोपाल में कही।
   श्री जोशी ने कहा कि प्राचीन-काल से ही शिक्षकों एवं गुरुजनों की अपने शिष्यों के व्यक्तित्व को निखारने में अहम भूमिका रही है। उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन के प्रभावी संस्मरण सुनाये और बताया कि जब मैं हमीदिया महाविद्यालय भोपाल का विद्यार्थी था, उस समय के अनेक शिक्षकों के व्यक्तित्व का उदाहरण आज भी मेरे मानस-पटल पर अंकित है। श्री जोशी ने कहा कि युवाओं की सृजनशील क्षमताओं के सम्पूर्ण विकास को ध्यान में रखकर कर्मठ और गतिशील युवा की परिकल्पना साकार करने की भावना से व्यक्तित्व विकास प्रकोष्ठ का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रकोष्ठ के प्रशिक्षित मास्टर-ट्रेनर्स प्रकोष्ठ की गतिविधियों के निर्वहन में अपनी अहम भूमिका निभाएँ।
   प्रकोष्ठ के समन्वयक डॉ. सुरेन्द्र बिहारी गोस्वामी ने कहा कि हमें अपने व्याख्यानों के माध्यम से विद्यार्थियों में पॉजिटिव सोच का विकास करना है और उनकी निगेटिव सोच को समाप्त करना है।
क्रमांक 135/1906/27-12-14

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥

सीएम हेल्पलाईन के स्कूल शिक्षा प्रकरणों का निराकरण 29 दिसम्बर तक करे

     देवास 27 दिसम्बर 2014/ स्कूल शिक्षा विभाग के सभी संभागीय संयुक्त संचालक और जिला शिक्षा अधिकारियों को सीएम हेल्पलाईन के लंबित प्रकरणों का 29 दिसम्बर तक निराकरण करने के निर्देश दिये गये हैं। अधिकारियों को निराकृत प्रकरणों की जानकारी सीएम हेल्पलाईन पोर्टल अथवा टोल-फ्री नबंर पर दर्ज करवाने को कहा गया है। इस कार्य में उदासीनता बरते जाने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

क्रमांक 136/1907/27-12-14

 

No comments:

Post a Comment