Tuesday, 9 December 2014

09-12-2014
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन 15 दिसम्बर

      देवास 09 दिसम्बर 2014/ जिले के प्रतिभावन एवं उभरते हुए कलाकारों को एक मंच प्रदान करने की मंशा से खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन 15 दिसंबर को प्रातः 9.00 बजे से स्थानीय मल्हार स्मृति मंदिर में किया जाएगा।
विभिन्न कलाओं के कलाकार भाग ले सकेंगे
     अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी ने बताया कि जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन प्रतिवर्ष जिला, संभाग, राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर पर किया जाता है। युवा उत्सव में भाग लेने वाले कलाकारों की आयु 15 से 35 वर्ष के बीच होना चाहिए। आयोजन में 18 विधाओं का समावेश किया गया है, जिसमें वादन में गिटार, सितार, वीणा, तबला, हारमोनियम, मृंदगम, बासुरी गायन में शास्त्रीय गायन (हिन्दुस्तानी) शास्त्रीय गायन (कर्नाटकी) लोकगीत (सामूहिक) नृत्य में ओडिसी, मणिपुरी, कुचीपुड़ी, भरतनाटयम्, कत्थक तथा लोकनृत्य (सामूहिक) के साथ नाटक (एकांकी) एवं वक्तृत्व कला के कलाकर भाग ले सकते है।  जिला स्तरीय युवा उत्सव के विजेता कलाकार संभाग स्तरीय युवा उत्सव में 17 दिसंबर को कालीदास अकादमी उज्जैन में भाग लेंगे।
आवेदन की अंतिम तिथि 12 दिसंबर
     जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी ने बताया कि युवा उत्सव में भाग लेने के इच्छुक कलाकार 10 से 12 दिसंबर तक दोपहर 12.00 से 4.00 बजे के मध्य कार्यालय जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग कुशाभाऊ ठाकरे खेल परिसर में संपर्क कर आवेदन-पत्र प्राप्त कर सकते है।
क्रमांक 37/1808/09-12-14

लोक अदालत के संबंध में बैठक आज

     देवास 09 दिसम्बर 2014/ जिले में आगामी 13 दिसंबर को  नेशनल/मेगा लोक अदालत का आयोजन किया जायेगा। नेशनल लोक अदालत के आयोजन एवं व्यवस्थाओं के संबंध में 10 दिसंबर को अपरान्ह 4.00 बजे जिला न्यायालय के सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई है। रजिस्ट्रार/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री सुरेश कुमार सूर्यवंशी ने सभी संबंधित अधिकारियों को बैठक में उपस्थित रहने के लिए कहा है।

क्रमांक 38/1809/09-12-14

 

 

 

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
जन सुनवाई में किया गया समस्याओं का त्वरित निराकरण
-----------------------
कलेक्टर स्तर पर जनसुनवाई  में आए 54 आवेदन
            देवास 09 दिसंबर 2014/ कलेक्टर स्तर पर आज मंगलवार को मल्हार स्मृति मंदिर में आयोजित जनसुनवाई में 54 आवेदकों ने जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक सिंह के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किये। प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए श्री सिंह ने उनके निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री अभय सिंह, एसडीएम देवास श्री धीरज श्रीवास्तव,  बागली एसडीएम, श्रीमती वर्षा भूरिया, तहसीलदार श्री एलके खरे सहित जिले के सभी विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
शिक्षा ऋण दिलाया जाये
     आवेदक लता राजेन्द्र सोनी निवासी 47 ए  आदर्श नगर देवास  ने आवेदन देकर बताया कि उसका पुत्र संदीप सोनी आईपीएस कॉलेज इन्दौर में अध्ययनरत है। प्रथम वर्ष की फीस उसने जमा करवा दी है, किन्तु पढाई जारी रखने के लिए उसे शिक्षा ऋण की आवष्यकता है। गत जुलाई माह से निरंतर कई बैंकों में षिक्षा ऋण के लिए सम्पर्क किया गया किन्तु अभी तक उसे षिक्षा ऋण नहीं मिला है। प्रकरण में सीईओ जिला पंचायत ने जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक को कार्यवाही के  निर्देश दिये।
शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटवाकर रास्ता खुलवाया जाये
     आवेदकगण गोविन्दसिंह, मिश्रीलाल, देवीलाल, केशरबाई, राधाकिशन आदि  निवासी ग्राम खारदा तहसील खातेगांव ने आवेदन दिया कि खारदा एवं बापच्या के मध्य कांकड पर स्थित शासकीय भूमि पर आसपास के किसानों ने अतिक्रमण कर आने-जाने का रास्ता बंद कर दिया है। अतिक्रमण हटवाकर रास्ता प्रारंभ करवाया जाये। प्रकरण में सीईओ जिला पंचायत ने तहसीलदार खातेगांव को जांच कर नियमानुसार कार्यवाही के निर्देश दिये।


वेतन से न काटी जाए उपचार पर व्यय राशि
     आवेदक विष्णु कुमार अम्बाराम शिन्दे निवासी ग्राम धन्धेडा तहसील सोनकच्छ ने आवेदन दिया कि वे वर्ष 2011 से आयशर कंपनी में कार्यरत है। वर्ष 2013 में पेट दर्द होने पर उसका उपचार बीमा चिकित्सालय में करवाया गया। इसके पश्चात बीमा अस्पताल की ओर से बाम्बे हास्पिटल में उपचार करवाया गया, जिस पर लगभग 19 हजार रूपये व्यय हुए। कंपनी द्वारा उपचार पर व्यय की गई राशि की वसूली उसके वेतन से 2000 प्रतिमाह काट कर की जा रही है, जबकि उसका नियमित रूप से बीमा काटा जा रहा था। प्रकरण में सीईओ जिला पंचायत ने श्रम पदाधिकारी को कार्यवाही  के निर्देश दिये।
समग्र आईडी में जाति संषोधित करवाई जाये
     जाकिर हुसैन, आबिद, कादर खां, नौशाद, अख्तर खां आदि निवासी बागली  ने आवेदन देकर बताया कि नगर पंचायत द्वारा बनाई गई समग्र आईडी में उनकी जाति सामान्य दर्ज कर दी गई है, जबकि वे पिछड़ा वर्ग के हैं। समग्र आईडी में सामान्य जाति के स्थान पर उनकी सही जाति, पिछड़ा वर्ग दर्ज कराई जाये। प्रकरण में सीईओ जिला पंचायत ने मुख्य नगर परिषद अधिकारी को कार्यवाही के निर्देश दिये।
इंदिरा आवास का लाभ दिलाया जाये
     आवेदक अनोपसिंह पिता कैलाश निवासी पीपलरावां तहसील सोनकच्छ ने आवेदन दिया कि वह गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करता है। उसके पास रहने के लिए टूटा-फूटा कच्चा मकान है। उसे इंदिरा आवास का लाभ दिलाया जाये। प्रकरण में सीईओ जिला पंचायत श्री सिंह ने सीईओ जनपद पंचायत सोनकच्छ को कार्यवाही के निर्देश दिये।  
खेत में आने जाने का रास्ता खुलवाया जाये
     आवेदक बद्रीलाल विजयसिंह निवासी ग्राम पाडल्या तहसील टोंकखुर्द ने आवेदन देकर बताया कि उसके खेत में आने-जाने के रास्ते पर अन्य ग्रामीण द्वारा मिट्टी, चद्दर एवं अन्य सामग्री डालकर रास्ते कोबंद कर दिया गया है। सामग्री हटाने की बात कहने पर लड़ाई-झगड़ा करता है। खेत में जाने का रास्ता खुलवाया जाये। प्रकरण में सीईओ जिला पंचायत ने सीईओ जनपद  पंचायत टोंकखुर्द को कार्यवाही के निर्देश दिये।

इंदिरा आवास की द्वितीय किश्त दिलाई जाये
     आवेदक भावसिंह पिता चैनसिंह निवासी ग्राम धींगराखेड़ा तहसील बागली ने आवेदन दिया कि वर्ष 2013-14 में स्वीकृत इंदिरा आवास की प्रथम किश्त के रूप में उसे 22 हजार 500 रूपये मिले थे, जिससे उसने मकान का कार्य शुरू करवा दिया। मकान के फोटोग्राफ्स एवं आवेदन जमा करने के पश्चात भी उसे द्वितीय किष्त प्राप्त नहीं हुई है। प्रकरण में सीईओ श्री सिंह ने सीईओ जनपद पंचायत बागली को जांच कर कार्यवाही के निर्देश दिये।
बीपीएल राशनकार्ड पर राशन की पर्ची जारी करवाई जाये
आवेदक नारायण पिता रतनलाल निवासी ग्राम लिम्बोदा तहसील देवास ने आवेदन दिया कि वह गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करता है। उसके बीपीएल राशनकार्ड पर राशन की पर्ची जारी नहीं हो रही है। इस संबंध में सरपंच एवं सचिव से सम्पर्क करने पर उनके द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता। प्रकरण में सीईओ जिला पंचायत ने खाद्य विभाग को कार्यवाही के निर्देश दिये।
रोजगार सहायक ने उखड़वा दिये चंदन के पेड़
     आवेदक नरेन्द्रसिंह सिसोदिया निवासी ग्राम निपानिया हुरहुर तहसील सोनकच्छ ने आवेदन दिया कि ग्राम पंचायत के रोजगार सहायक ने ग्राम पंचायत  द्वारा रोड निर्माण के लिए डाले गये ले आउट के विरूद्ध जेसीबी मशीन से हरे चंदन के पेड़ उखड़वा दिये, जबकि उखाड़े गये चंदन के पेड़ रोड के ले आउट से लगभग 6 फीट बाहर थे। प्रकरण में सीईओ श्री सिंह ने अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को जांच कर कार्यवाही के निर्देश दिये। 
क्रमांक 39/1810/09-12-14

नैक की तरह प्रदेश के सभी महाविद्यालय का मूल्यांकन करवायें

राज्य उच्च शिक्षा परिषद की बैठक में उच्च शिक्षा मंत्री श्री गुप्ता

     देवास 09 दिसम्बर 2014/ नैक की तरह प्रदेश के सभी महाविद्यालय का मूल्यांकन एक माह में करवायें। उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री उमाशंकर गुप्ता ने यह बात राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) में गठित राज्य उच्च शिक्षा परिषद की बैठक में गत दिवस भोपाल में कही। श्री गुप्ता ने कहा कि सभी महाविद्यालयों की 31 दिसम्बर 2014 की स्थिति में जानकारी 31 जनवरी तक उपलब्ध करवायें। बैठक में उच्च शिक्षा राज्य मंत्री श्री दीपक जोशी भी उपस्थित थे।
     श्री गुप्ता ने कहा कि विद्यार्थियों का महाविद्यालयों में रजिस्ट्रेशन प्रतिवर्ष 2 प्रतिशत बढ़ाने की सुनियोजित कार्य-योजना बनायें। कार्य-योजना में जो लक्ष्य निर्धारित करें, उसे समय-सीमा में पूरा भी करें। सन 2020 तक 30 प्रतिशत सकल पंजीयन अनुपात लाना है। अभी 20.4 प्रतिशत है। रूसा में 5000 सहायक प्राध्यापक की भर्ती के लिए सहायता दी जायेगी। श्री गुप्ता ने कहा कि अभियान की सफलता के लिए सभी सदस्यों की सक्रिय सहभागिता जरूरी है।
देवास और सतना में बनेगा क्लस्टर विश्वविद्यालय
     शासन द्वारा स्वशासी महाविद्यालय शहडोल तथा जबलपुर एवं इंदौर इंजीनियरिंग कॉलेज को विश्वविद्यालय के रूप में उन्नयन का प्रस्ताव बनाया गया है। सतना और देवास में क्लस्टर विश्वविद्यालय स्थापित होगा। भोपाल सहित दस विश्वविद्यालयों को अधोसंरचना विकास के लिए 200 करोड़ मिलेंगे। अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ा वर्ग बहुल क्षेत्र श्योपुर, टिमरनी, शाहपुरा, झाबुआ तथा बिरसिंहपुर पाली में मॉडल कॉलेज स्थापित किये जायेंगे। इसी तरह धामनोद,  परासिया, आमला, मंडलेश्वर, बड़वानी, पेटलावद, देपालपुर तथा सिहोरा स्थित शासकीय महाविद्यालय को भी आदर्श महाविद्यालय बनाया जायेगा।     
क्रमांक 40/1811/09-12-14
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
मानव अधिकार कार्यशाला आज

      देवास 09 दिसम्बर 2014/ अंतराष्ट्रीय मानव अधिकार दिवस पर कार्यशाला का आयोजन 10 दिसम्बर को उत्कृष्ट विद्यालय में सुबह 11.30 बजे से किया जाएगा।  अपर कलेक्टर श्री प्रबल सिपाहा ने बताया कि कार्यशाला की अध्यक्षता कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी करेंगे। कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ नागरिक कल्याण आयोग के श्री व्ही जी धर्माधिकारी तथा नव निर्वाचित महापौर श्री सुभाष शर्मा रहेंगे।
क्रमांक 41/1812/09-12-14
जिला पंचायत कृषि स्थाई समिति की बैठक सम्पन्न
     देवास 09 दिसम्बर 2014/ जिला पंचायत कृषि स्थाई समिति की बैठक गत दिवस सोनकच्छ विकासखंड के ग्राम अरनिया स्थित भीमराज रिसार्ट एंड क्लब में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ग्राम पोलाय के श्री रमेशचंद्र पटेल ने की। बैठक में समिति के सदस्य ग्राम रातातलाई श्रीबलवंत सिंह जामले, ग्राम बधावा की श्रीमती मधुकमल पटेल, ग्राम सुनवानी महाकाल की श्रीमती सोरमबाई सालगराम मालवीय उपस्थित थी।
     बैठक में उप संचालक कृषि एवं सचिव कृषि स्थाई समिति श्री केसी वास्केल ने रबी कार्यक्रम 2014-15, हलधर गहरी जुताई योजना, बायोगैस, राष्ट्रीय तिलहन मिशन योजना, बलराम तालाब योजना की प्रगति के संबंध में विस्तृत से जानकारी दी। परियोजना अधिकारी संचालक आत्मा श्री यू एस जादौन, श्रीमती नम्रता गुरनानी सहायक संचालक कृषि, जिला विपणन अधिकारी देवास एवं मछली पालन विभाग तथा उद्यान विभाग, सहायक भूमि संरक्षण देवास, पशु चिकित्सा विभाग एवं एमपी एग्रो के प्रतिनिधियों ने विभाग की चल रही योजानओं के बारे में बताया। समिति के सभी सदस्यों ने कृषकों को अधिक से अधिक लाभांवित करने की बात कही।
क्रमांक 42/1813/09-12-14

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥
जिले में पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध्‍
किसान संबंधित संस्थाओं से प्राप्त करें उर्वरक

      देवास 09 दिसम्बर 2014/ जिले में यूरिया एवं अन्य उर्वरक किसानों की आवश्याकता अनुसार पर्याप्त मात्रा में प्राप्त हो रहे हैं तथा सभी सहकारी संस्थाओं को उपलब्ध करा दिए गए हैं। आगे भी जिले को पयाप्त उर्वरक मिलते रहेंगे। कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने जिले के किसानों से कहा है कि वे अपनी आवश्यकता के अनुरूप यूरिया एवं अन्य उर्वरक संबंधित सोसाइटी से प्राप्त करें। उर्वरक लेने में अनावश्यक हड़बड़ी न करें। 
अभी तक 14 हजार एमटी से अधिक यूरिया प्राप्त
      कलेक्टर ने बताया कि जिले को वर्तमान रबी मौसम में अभीतक 14 हजार 27 एमटी यूरिया प्राप्त हो गया है। जिले का इस बार का यूरिया की आवश्यकता का लक्ष्य 22 हजार 464 एमटी निर्धारित किया गया है, अभी रबी के लगभग 4 माह शेष हैं। शेष यूरिया भी जिले को शीघ्र प्राप्त हो जाएगा।
18 एमटी यूरिया शेष
      जिला विपणन अधिकारी ने बताया कि जिले में प्राप्त यूरिया सभी सहकारी संस्थाओं को भिजवाया जा चुका है, आज की स्थिति में संस्थाओं के पास 18 एमटी यूरिया शेष है। देवास केन्द्र में प्राप्त यूरिया 4758 में से आज तक विक्रय 4758 एमटी, सोनकच्छ केन्द्र में प्राप्त यूरिया 2451 में से आज तक विक्रय 2446 एमटी, हाटपीपल्या केन्द्र में प्राप्त यूरिया 2592 में से आज तक विक्रय 2592 एमटी, कन्नौद केन्द्र में प्राप्त यूरिया 1961 में से आज तक विक्रय 1961 एमटी तथा खातेगांव केन्द्र में प्राप्त यूरिया 2265 में से आज तक विक्रय 2252 एमटी हो गया है।
अन्य उर्वरकों की स्थिति
      जिले में डीएपी खाद आज दिनांक तक 3732 एमटी प्राप्त हुआ है, जिसमें से अभी तक 2648 एमटी विक्रय हुआ है तथा 1084 एमटी विभिन्न संस्थाओं के पास उपलब्ध है। देवास केन्द्र में 648 एमटी, सोनकच्छ केन्द्र में 238 एमटी, हाटपीपल्या में 105 एमटी, कन्नौद में 91 एमटी तथा खातेगांव में 2 एमटी डीएपी शेष है। जिले में कॉम्पलेक्स खाद आज दिनांक तक 6768 एमटी प्राप्त हुआ है, जिसमें से 5564 एमटी विक्रय हो गया है तथा 1204 एमटी शेष है। देवास केन्द्र में 972 एमटी, सोनकच्छ केन्द्र में 27 एमटी, हाटपीपल्या में 50 एमटी, कन्नौद में 11 एमटी तथा खातेगांव में 144 एमटी कॉम्पलेक्स उर्वरक शेष है।
क्रमांक 43/1814/09-12-14
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
                  मेगा जॉबफेयर का आयोजन 16 दिसम्बर को
     देवास 09 दिसम्बर 2014/ जिला प्रशासन देवास के निर्देशन में जिले के समस्त बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला रोजगार कार्यालय द्वारा आगामी 16 दिसम्बर को  प्रातः 11 से सायं 4 बजे तक आय.टी.आय. परिसर विकास नगर, ए.बी. रोड देवास में एक दिवसीय मेगा जॉब-फेयर का आयोजन किया जायेगा।
     जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि जॉब फेयर में देवास स्थित कुछ कम्पनियों/इन्ष्युरेन्स गुप्र के अलावा पीथमपुर, इन्दौर, भोपाल, मेहतवाडा, सीहोर की निजी कम्पनियों भाग लेगीं। जॉबफेयर में 5वीं पास से आय.टी.आय. पास एवं उच्च योग्यताधारी एवं अनुभवी भी व्यक्ति सम्मिलित हो सकते हैं। वेतन प्रत्येक कम्पनी द्वारा अलग-अलग कार्य के आधार पर नियमानुसार दिया जाएगा। साथ ही कम्पनी की और से मिलने वाले अन्य लाभ भी दिये जाएंगे। आवेदकों से अनुरोध है कि जॉबफेयर में अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्रों एवं अनुभव प्रमाण पत्रों की फोटो कॉपी तथा दो पासपोर्ट साईज के फोटोग्राफ साथ लेकर आयें। इस प्रयोजन के लिए किसी प्रकार का मार्ग व्यय आदि देय नहीं होगा।
क्रमांक 44/1815/09-12-14




No comments:

Post a Comment