दिनांक 27 जुलाई 2015
जिला
जनसंपर्क कार्यालय, देवास
।। स मा चा र ।।
विद्यालयों में पुस्तकें, साइकिल और गणवेश का समयसीमा में वितरण करें
टीएल बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों
को दिए निर्देश
देवास 27 जुलाई 2015/ विद्यालयों में शासन की ओर से बांटी जाने वाली किताबें विद्यार्थियों
को समय सीमा में मिल जाना चाहिए। जहां पर पुस्तकों के अतिरिक्त बंडल पड़े हुए हैं, वहां
से आवश्यकता वाले विद्यालयों में उन्हें पहुंचा दिया जाएं। साइकिल और गणवेश की राशि
विद्यार्थियों को समयसीमा में मिल जाएं। कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने ये निर्देश आज सोमवार
को टीएल बैठक में दिए। बैठक में सीएम हैल्प लाइन और जनसुनवाई के लंबित प्रकरणों की
भी समीक्षा की गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत प्रबल सिपाहा, अपर कलेक्टर कैलाश बुंदेला,
एसडीएम धीरज श्रीवास्तव सहित अन्य अधिककारी उपस्थित थे।
गांव के विकास के लिए गांवों में
खाट लगाकर सोना पड़ेगा
कलेक्टर ने बैठक में जिले में ग्रामीण विकास के
अधूरे कार्यों के पूरा करने में गंभीरता के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि ग्रामीण
विकास का कार्य मुंह में रखा कौर नहीं है। गांव की तस्वीर बदलने के लिए सभी अधिकारियों
को बड़े जतन से काम करना होगा। आधे-अधूरे मन से गांवों का दौरा करने से काम नहीं चलेगा।
धुआं उड़ाते गांव जाने और धुआं उड़ाते गांव से वापस आने से कोई सार्थक परिणाम नहीं आने
वाला। ग्रामीणों के बीच सार्थक समय बिताना होगा। जरूरत पड़ती है तो गांवों में खाट डालकर
सोना पड़ेगा।
देवास एसडीएम के कार्य की सराहना
बैठक में जाति प्रमाण-पत्र बनाने की भी समीक्षा
की गई। एसडीएम देवास द्वारा तत्परता से 31 हजार 753 प्रमाण-पत्र बनाए जाने पर उनकी
सराहना की गई। साथ ही कन्नौद एवं बागली के एसडीएम द्वारा अधिक संख्या में प्रकरण लंबित
रखे जाने पर तेजी के निर्देश दिए गए। उल्लेखनीय है कि जिले में अभियान चलाकर जाति प्रमाण-पत्र
बनाए जा रहे हैं। कुल 2 लाख 38 हजार आवेदन विद्यार्थियों से प्राप्त किए गए हैं।
जनशिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की जाए
कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी सहित सभी जिला कार्यालय
प्रमुखों को एक बार पुन: विद्यालयों को निरीक्षण के निर्देश दिए है। जिला शिक्षा अधिकारी
अधिकारी द्वारा ग्राम बैरागढ़ में निरीक्षण के दौरान बारिश में भीग रही किताबों के बंडल
पाए जाने पर कलेक्टर ने संबंधित जन शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। जिला
आदिम जाति कल्याण विभाग को जिले के सभी छात्रावासों और आश्रमों की दशा सुधारने के निर्देश
दिए।
शासकीय भूमि व पहाड़ों पर पौधरोपण
एवं नीम बीजरोपण करें
आंगनवाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य केंद्रों, शाला परिसरों,
राजस्व भूमि और अन्य शासकीय भूमि सहित पहाड़ों में पौध रोपण और नीम बीज रोपण के लिए
अधिकारियों को निर्देश दिए गए। स्वरोजगार योजना की भी समीक्षा की गई। जिला उद्योग केंद्र,
अंत्यव्सायी निगम, जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण को स्वरोजगार योजना में तेजी से कार्य
के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि जिले में इन योजनाओं में कम से कम 8 लाख रूपए
के प्रकरण तैयार करें।
कृषि अधिकारी को लगाई फटाकर
कलेक्टर ने उपसंचालक कृषि केसी वास्केल को बताए
गए ग्राम का दौरा नहीं करने पर फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि विभागीय योजनाओं में प्रगति
सुनिश्चित करें। बैठक में बताया गया कि जिले में 4 हजार 567 मैट्रिक टन यूरिया उपलब्ध
है। कहीं पर भी खाद की कमी नहीं है। किसानों को खेत में जमा पानी निकालने की सलाह कृषि
विभाग द्वारा दी जा रही है। कलेकटर ने निर्देश दिए कि अपनी पूरी क्षमता से भर चुके
तालाबों में पानी निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करें। किसानों से सतत संपर्क रखने के
निर्देश कृषि विभाग, परियोजना संयोजक आत्मा को दिए।
क्रमांक 181/712/27-07-2015 (फोटो-संलग्न)
जिला
जनसंपर्क कार्यालय, देवास
।। स मा चा र ।।
जिले में चलेगा डायरिया नियंत्रण
पखवाड़ा
देवास 27 जुलाई 2015/ जिले में 27 जुलाई से 2 अगस्त तक सघन डायरिया नियंत्रण पखवाड़ा चलाया
जागएा। इसके तहत 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चें को एक ओआरएस का पैकेट दिया जाएगा। बच्चों
को जिंक की गोलियां भी दी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस अभियान के तहत डायरिया
की रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने आज स्वास्थ्य
विभाग की बैठक लेकर समीक्षा की। उन्होंने आशा कार्यकर्ता और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं
को इस अभियान से सघन रूप से जोड़ने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्य
अधिकारी डॉ. एके दीक्षित, महिला बाल विकास अधिकारी सुनीता यादव एवं अन्य संबंधित
उपस्थित थे।
क्रमांक 182/713/27-07-2015
जिला
जनसंपर्क कार्यालय, देवास
।। स मा चा र ।।
वोटर आईडी को आधार नंबर से लिंक कराएं-कलेक्टर
देवास 27 जुलाई 2015/ त्रुटिरहित मतदाता सूची प्रत्येक मतदाता का अधिकार है। स्वच्छ,
निष्पक्ष और शांतिपूर्ण निर्वाचन के लिए मतदाता सूची का त्रुटिरहित होना जरूरी है।
इसके लिए अपने वोटर आईडी से अपने आधार नंबर को लिंक कराएं। कलेक्टर आशतोष अवस्थी ने
यह अनुरोध सभी मतदाताओं से किया है। उन्होंने आज जिला अधिकारियों की बैठक लेकर प्रत्येक
शासकीय कर्मचारी और उनके परिवार के मतदाता सदस्यों के वोटर आईडी को आधार नंबर से लिंक
कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंगलवार को जिले के प्रत्येक कार्यालय में कर्मचारी
अपना आधार कार्ड एवं वोटर आईडी लेकर आए तथा आयोग की वेबसाइट एवं टोलफ्री नंबर की सहायता
से अपना नंबर लिंक कराएं।
क्रमांक 183/714/27-07-2015
जिला
जनसंपर्क कार्यालय, देवास
।। स मा चा र ।।
उमंग और हर्षोल्लास से मनाया जाएगा
स्वतंत्रता दिवस
देवास 27 जुलाई 2015/ जिले में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया
जाएगा। जिला मुख्यालय स्थित पुलिस परेड ग्राउण्ड पर मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा
सलामी ली जाएगी। मुख्य समारोह प्रातः 9.00 बजे से आयोजित होगा। जनपद मुख्यालयों, नगर
पंचायतों, ग्राम पंचायतों आदि में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित होंगे। कलेक्टर
श्री आशुतोष अवस्थी ने आज सोमवार को जिला अधिकारियों की बैठक लेकर उन्हें आयोजन के
लिए जिम्मेवारियों सौंपी। बैठक में सीईओ जिला पंचायत प्रबल सिपाहा, एडीएम कैलाश बुंदेला,
एडीएसपी राजेश रघुवंशी एवं अन्य संबंधित उपस्थित थे।
पल प्रतिपल कार्यक्रम
जिला मुख्यालय पर पुलिस परेड ग्राउण्ड में आयोजित
मुख्य कार्यक्रम में प्रातः 8.58 बजे मुख्य अतिथि का आगमन, प्रातः 9.00 बजे मुख्य अतिथि
द्वारा ध्वजारोहण एवं सलामी एवं राष्ट्रगान, 9.08 बजे मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण,
9.15 बजे मुख्यमंत्री का संदेश वाचन, 9.40 बजे परेड मार्च पास्ट, 9.55 बजे सांस्कृतिक
कार्यक्रम, 10.30 बजे पुरस्कार वितरण तथा प्रातः 11.00 बजे कार्यक्रम का समापन होगा।
सार्वजनिक भवनों पर रौशनी
जिले में स्वतंत्रता दिवस की संध्या पर समस्त सार्वजनिक
भवनों, शासकीय भवनों, स्मारकों आदि पर रोशनी के निर्देश कलेक्टर ने दिए। कलेक्टर ने
सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रभात फेरी के लिए शिक्षा विभाग को निर्देश दिए।
स्वतंत्रता दिवस पर स्कूलों में विशेष
मध्यान्ह भोजन
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को सभी शासकीय
एवं शासन से अनुदान प्राप्त प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में विशेष मध्यान्ह भोजन
बच्चों को दिया जायेगा। विशेष भोजन में हलवा अथवा खीर के अलावा पुड़ी सब्जी तथा लड्डू
शामिल रहेंगे।
क्रमांक 184/715/27-07-2015
जिला
जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
जिले में 653.85
मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज
देवास,
27 जुलाई 2015/ जारी मानसून सत्र में जिले
के वर्षामापी केन्द्रों पर अभी तक औसत रूप से 653.85 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार जारी मानसून सत्र में अभी तक सर्वाधिक
सोनकच्छ में 906, टोंकखुर्द में 706, उदयनगर में 704.80, देवास में 701, कन्नौद में
644, खातेगांव में 559, बागली में 551 तथा सतवास में 459 मिमी औसत वर्षा रिकॉर्ड की
गई।
24 घंटे
में 22.08 मिमी वर्षा
पिछले 24 घंटों में 22.08 मिमी वर्षा दर्ज की गई,
जिसमें टोंकखुर्द में 42, देवास में 32, सोनकच्छ में 26, उदयनगर में 23.60, बागली में
18, कन्नौद में 16, खातेगांव में 11 तथा सतवास में 8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।
गत वर्ष इस दिनांक को 9.25 मिमी वर्षा दर्ज
हुई
गत वर्ष 27 जुलाई को खातेगांव में 51, कन्नौद में
तथा सतवास में 8-8, देवास में 6, बागली में 1, उदयनगर में, सोनकच्छ में, टोंकखुर्द
में शून्य मिमी वर्षा दर्ज की गई।
पिछले साल 288.15 मिमी औसत वर्षा
अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार
गत मानसून सत्र में अभी तक सोनकच्छ में 350, उदयनगर में 343.20, खातेगांव में 324,
टोंकखुर्द में 305, देवास में 291, कन्नौद में 286, बागली में 221, सतवास में 185 मिमी
वर्षा दर्ज की गई।
क्रमांक 185/716/27-07-2015
जिला
जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
सहकारी समितियों
के लिए परिसमापक नियुक्त
देवास, 27 जुलाई
2015/ मप्र सहकारी सोसायटी नियम के अंतर्गत पंजीयक
सहकारी समितियां जिला देवास द्वारा प्रतापनगर गृह निर्माण सह.संस्था देवास, तिलहन
उत्पादन सह.संस्था कन्नौद, दुग्ध उत्पादन सह.संस्था कुसमान्या, बीजेश्वर महिला प्रा.उप
भंडार कन्नौद, शासकीय शिक्षक साख सहकारी संस्था देवास, विराट ग्रामोद्योग सह. संस्था
चिड़ावद, चामुंडा स्टोन केशर सह.सं. देवास, आदर्श गृह निर्माण मर्या देवास, नटराज फलसब्जी
उत्पा. सह.संस्था खातेगांव के लिए डी.एस. बाल्के उप अंकक्षेक सहकारी संस्थाएं को परिसमापक
नियुक्त किया गया है।
क्रमांक 186/717/27-07-2015
अल्पसंख्यक प्री-मेट्रिक छात्रवृत्ति आवेदन तिथि एक माह बढ़ी
देवास,
27 जुलाई 2015/शासन ने
अल्पसंख्यक प्री-मेट्रिक छात्रवृत्ति योजना में आवेदन की अंतिम तिथि एक माह बढ़ा दी
है। विद्यार्थी अब छात्रवृत्ति के लिये 31 अगस्त, 2015 तक आवेदन कर सकेंगे। पहले अंतिम
तिथि 31 जुलाई, 2015 थी।
सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण
विभाग देवास ने बताया कि विद्यार्थी अब पी-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के लिए 31 अगस्त
2015 तक आवेदन कर सकते हैं।
क्रमांक 187/718/27-07-2015
जिला
जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
स्कूलों में
शनिवार को नियमित होगी बाल-सभा
देवास,
27 जुलाई 2015/राज्य शासन
ने शासकीय शालाओं में प्रति शनिवार को बाल सभा की गतिविधियों के नियमित आयोजन के निर्देश
दिये हैं। बाल-सभा प्रति शनिवार को प्रथम तीन काल-खण्ड में संचालित होगी। बाल-सभाओं
के सुचारू संचालन के संबंध में शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इसके निर्देश
भी एजुकेशन पोर्टल पर अपलोड कर दिये गये हैं।
बाल-सभा के लिये प्रत्येक स्कूल में 4 सदन(हाउस)
का गठन कर लिया गया है। पहले शनिवार को निबंध-लेखन, दूसरे शनिवार को तात्कालिक भाषण,
तीसरे शनिवार को प्रश्न-मंच और चौथे शनिवार को चित्रकला, गायन, वादन, नृत्य, अभिनय,
हस्त-कला आदि रंग कलाओं का आयोजन होगा। व्यक्तिगत तथा सदनवार गतिविधियों में प्राप्त
अंकों के आधार पर साल के अंत में जिस सदन को अधिकतम अंक प्राप्त होंगे उसे रनिंग शील्ड/ट्रॉफी
दी जायेगी। बाल-सभा की गतिविधियों में अधिकतम अंक प्राप्त करने वाले सदन के 10 प्रतिशत
विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जायेगा।
बाल-सभा के सदनों का नाम चार महापुरूष के नाम पर
रहेगा। प्रत्येक कक्षा के छात्र भी इन सदनों में बँटे होंगे। प्रत्येक सदन में नायक
एवं सहायक नायक बनाये जायेंगे। कक्षा 9वीं से 12वीं में 4 नायक तथा इतने ही शिक्षक
को सदन प्रभारी बना जायेगा। सदन की गतिविधियों में प्रत्येक विद्यार्थी की सहभागिता
अनिवार्य होगी।
राज्य शासन ने सभी जिला शिक्षा अधिकारी और हाई एवं
हायर सेकेण्डरी स्कूल के प्राचार्य को बाल-सभा की गतिविधियों को सुनिश्चित रूप से करने
को कहा है। स्कूल शिक्षा के संभागीय संयुक्त संचालक, जिला शिक्षा अधिकारी एवं अन्य
अधिकारियों द्वारा किये जाने वाले निरीक्षण में भी बाल-सभा की गतिविधियों की मॉनिटरिंग
अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिये गये हैं। शासन का मत है कि विद्यार्थियों में
अकादमिक गुणवत्ता और सर्वांगीण विकास की दृष्टि से बाल-सभा की गतिविधियाँ विद्यार्थी
को उसके जीवन में चुनौतियों का सफलता से सामना करने में सहायक होती है। विद्यालयों
में गठित सदनों के रूप में की गई गतिविधियाँ विद्यार्थी में नेतृत्व गुण तथा अपने साथियों
के साथ समरस होने की सामर्थ्य भी पैदा करती है। राष्ट्रीय शैक्षणिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण
परिषद् द्वारा प्रकाशित न्यूनतम अधिगम स्तर में उल्लेखित सुनने, बोलने और लिखने की
योग्यता भी ऐसी गतिविधियों से प्राप्त होती है।
क्रमांक 188/719/27-07-2015
फोटो- टीएल बैठक में अधिकारियों को निर्देश देते कलेक्टर
No comments:
Post a Comment