Monday, 13 July 2015

दिनांक 13 जुलाई 2015



जिला जनसम्पर्क कार्यालय देवास
 स मा चा र ॥
जिला अधिकारियों ने किया विद्यालयों का निरीक्षण 
पाई गई कमियों की टीएल बैठक में की गई समीक्षा
-------------
    देवास 13 जुलाई 2015/ कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी के निर्देश पर जिला अधिकारियों द्वारा ग्रामीण अंचल के विद्यालयों का निरीक्षण किया गया है। सोमवार को टीएल बैठक में विद्यालयों में पाई गई कमियों की समीक्षा की गई। सीईओ जिला पंचायत श्री प्रबल सिपाहा ने शिक्षा विभाग को निरीक्षण प्रतिवेदन पर कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर डॉ. कैलाश बुंदेला सभी एसडीएम तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में जनसुनवाई, सीएम हैल्पलाइन में लंबित प्रकरणों के भी समीक्षा की गई। श्री सिपाहा ने मध्यांहन भोजन में गड़बड़ी करने वाले स्वसहायता समूहों के विरूद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। नागदा में शाला परिसर में अतिक्रमण की जानकारी मिलने पर अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए गए। बागली विकासखंड के श्यामपुरा, पटेलपुरा और अन्य 8 ग्रामों में शौचालय निर्माण आरंभ नहीं होने की जानकारी दी गई। इस पर एसडीएम को निर्देश दिए गए कि इन ग्रामों में सचिव, सरपंचों को तलब कर शीघ्र कार्य प्रारंभ कराया जाए। विक्रमपुर में आदिवासी कल्याण विभाग द्वारा संचालित छात्रावास की दशा सुधारने के निर्देश भी दिए गए।
क्रमांक 66/597/13-07-2015                     (फोटो-संलग्न)


जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र ॥

महिलाओं को नि:शुल्क ई-शक्ति प्रशिक्षण
   देवास 13 जुलाई 2015/ जिला ई गवर्नेंस सोसायटी द्वारा ई शक्ति अभियान के अंतर्गत 7 जुलाई से देवास, सोनकच्छ, टोंकखुर्द, बागली में उत्कृष्ट विद्यालय में  महिलाओं को इंटरनेट संबधी जानकारी प्रदान की जा रही है। प्रशिक्षण में गूगल सर्च, मोबाइल एप्प डाउनलोड करना, ऑनलाइन शॉपिंग करना, ऑनलाइन रिचार्ज करना, बिल भुगतान करना आदि के बारे में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें प्रतिदिन लगभग 800 महिलाओं को मुफ़्त इंटरनेट का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही इंटरनेट के गलत उपयोग को भी उल्लेखित कर उससे बचने की भी चेतावनी दी जा रही है।
आज से कन्नौद, खातेगांव तथा देवास में प्रशिक्षण दिया जाएगा
   जानकारी देते हुए ई-गर्वेनेस सहायक प्रबंधक अरविंद सिंह राजपूत ने बताया है कि ई-शक्ति प्रशिक्षण के अंतर्गत 20 जुलाई तक प्रशिक्षण कन्नौद व खातेगाव में उत्कृष्ट विद्यालय में तथा देवास में उत्कृष्ट विद्यालय एवं शासकीय कन्या महाविद्यालय देवास में दिया जावेगा। प्रशिक्षण के बैच का समय 10 से 11.30, 12 से 1.30, 2 से 3.30 बजे से तीन पाली में रहेगा। अतः उक्त ब्लाक की जो  महिलाएं स्वयं या ग्रुप में  प्रशिक्षण प्राप्त करना चाहती है वे अपना रजिस्ट्रेशन व बैच का समय सुनिश्चित कराने के लिए 9301063182 या 9229446674 पर संपर्क कर सकते है।
क्रमांक 67/598/13-07-2015                 (फोटो-संलग्न)
           


जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र ॥

लोक उपयोगी सेवाओं की लोक अदालत 25 जुलाई को
   देवास 13 जुलाई 2015/म.प्र.राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश देवास, श्रीमती सरिता सिंह के मार्ग दर्शन में 25 जुलाई शनिवार को जिला न्यायालय परिसर देवास में नेशनल लोक अदालत लगाई जाएगी। श्री पी.सी. शर्मा विशेष न्यायाधीश (विद्युत), चतुर्थ अपर जिला न्यायाधीश देवास तथा श्री राजीव आप्टे, प्रथम अपर जिला न्यायाधीश देवास की अध्यक्षता में दो खंडपीठ का गठन किया गया है। श्री पी.सी. शर्मा, विशेष न्यायाधीश (विद्युत) देवास की खंडपीठ में विद्युत अधिनियम 2003, जल एवं टेलीफोन से संबंधित प्रकरणों का राजीनामा के आधार पर निराकरण किया जाएगा।
ब्याज की राशि पर 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी
   म.प्र.पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, लिमिटेड जबलपुर के अनुसार विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135, 138 एवं 126 के अंतर्गत लंबित प्रकरणों में निर्धारण आदेश जारी होने की तिथि से 30 दिवस की अवधि समाप्त होने के पश्चात प्रत्येक छ: माही चक्रवृद्धि दर अनुसार 16 प्रतिशत प्रतिवर्ष की दर से लगने वाले ब्याज की राशि पर 50 प्रतिशत की छूट प्रि-लिटिगेशन स्तर पर दी जाएगी। न्यायालय में लंबित प्रकरणों में भी 16 प्रतिशत वार्षिक दर से लगने वाले ब्याज की राशि पर 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। तहसील खातेगांव, कन्नौद, सोनकच्छ एवं बागली में भी अपर जिला न्यायाधीश के न्यायालय में विद्युत के प्रकरणों का उक्त लोक अदालत में राजीनामा के आधार पर निराकरण किया जाएगा।
  

विद्युत प्रकरणों का निराकरण 20 जुलाई को
   विद्युत प्रकरणों का राजीनामें के आधार पर निराकरण के लिए 20 जुलाई 2015 को दिन में 3.00 बजे मिटिंग हाल जिला न्यायालय परिसर देवास में प्रिसिटिंग भी आयोजित की गयी है, जिसमें विद्युत मंडल के अधिकारीगण भी उपस्थित रहेंगे। पीड़ित पक्ष अपने प्रकरण प्रिसिटिंग में प्रस्तुत कर राजीनामा पर चर्चा कर सकेंगे।
   खंडपीठ क्रमांक-2 श्री राजीव आप्टे, प्रथम अपर जिला न्यायाधीश देवास की अध्यक्षता में गठित की गयी है, जिसमें लोक उपयोगी सेवाओं से संबंधित विवादों का राजीनामा के आधार पर नेशनल लोक अदालत में निराकरण किया जाएगा।
क्रमांक 68/599/13-07-2015

विश्व कौशल दिवस कार्यक्रम 15 जुलाई को
देवास 13 जुलाई 2015/ नेहरू युवा केंद्र देवास द्वारा जिला स्तरीय युवा सम्मेलन विश्व कौशल दिवस कार्यक्रम 15 जुलाई बुधवार को  सेंट्रल इंडिया एकेडमी स्कूल में आयोजित किया जाएगा। जिला युवा समन्वयक राजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि इस सम्मलेन में 500 प्रतिभागी उपस्थित रहेंगे।
क्रमांक 69/600/13-07-2015

 जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र ॥

कम्प्यूटराइज्ड डिजिटल जाति प्रमाण-पत्र

स्कूलों में विशेष अभियान में 62 लाख 40 हजार प्रमाण-पत्र जारी

    देवास 13 जुलाई 2015/ राज्य शासन द्वारा प्रदेश के स्कूलों में जाति प्रमाण-पत्र बनवाकर वितरित करने के विशेष अभियान में अब तक 62 लाख 40 हजार से अधिक जाति प्रमाण-पत्र बनवाये गये हैं। जाति प्रमाण-पत्र बनाने का कार्य नये शिक्षण सत्र के साथ ही पुन: प्रारंभ किया गया है। जाति प्रमाण-पत्र डिजिटल हस्ताक्षर के साथ डिजिटल रिपॉजिटरी में भी सुरक्षित रखे जा रहे हैं। इससे भविष्य में जब चाहें इसकी इलेक्ट्रॉनिक प्रति ऑनलाइन उपलब्ध हो सके। साथ ही इसे डाउनलोड भी किया जा सकेगा।
   ऑनलाइन जाति प्रमाण-पत्र हर जिले में सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा निर्देशित पेपर क्वालिटी और प्रिंटिंग के साथ मुद्रित किये जा रहे हैं। ऐसा करने वाला मध्यप्रदेश संभवत: देश का पहला राज्य है। प्रदेश में अभी तक अनुसूचित-जाति के 12 लाख 27 हजार 136, अनुसूचित जनजाति के 20 लाख 58 हजार 368, अन्य पिछड़ा वर्ग के 29 लाख 39 हजार 249, विमुक्त जाति के 14 हजार 745 और घुमक्कड़ एवं अर्द्ध-घुमक्कड़ जाति के 560 जाति प्रमाण-पत्र बनवाये गये हैं।
देवास में एक लाख 46 हजार 417 बनाए गए
   उज्जैन संभाग में 8 लाख 83 हजार 374 प्रमाण-पत्र बनवाये गये। इनमें उज्जैन जिले में 56 हजार 992, नीमच में एक लाख 14 हजार 538, मंदसौर में 2 लाख 12 हजार 298, रतलाम में एक लाख 55 हजार 709, शाजापुर में एक लाख आठ हजार 992, देवास में एक लाख 46 हजार 417 और आगर-मालवा जिले में 88 हजार 428 जाति प्रमाण-पत्र बने है। सागर संभाग में 6 लाख 29 हजार 544 जाति प्रमाण-पत्र बने। इनमें सागर जिले में एक लाख 46 हजार 718, टीकमगढ़ में 90 हजार 246, छतरपुर में एक लाख 49 हजार 173, पन्ना में एक लाख एक हजार 60 और दमोह जिले में एक लाख 42 हजार 347 प्रमाण-पत्र बनाये गये।
   भोपाल संभाग में चार लाख 79 हजार 159 प्रमाण-पत्र बनें। इनमें भोपाल जिले में 36 हजार 755, राजगढ़ में एक लाख 32 हजार 356, विदिशा में 95 हजार 303, सीहोर में एक लाख 23 हजार 398 और रायसेन जिले में 91 हजार 347 जाति प्रमाण-पत्र के आवेदनों का निराकरण किया गया। ग्वालियर संभाग में चार लाख 54 हजार 589 प्रमाण-पत्र बने। जिला ग्वालियर में 94 हजार 761, दतिया में 26 हजार 79, शिवपुरी में एक लाख 39 हजार 498, गुना में 97 हजार 940 और अशोकनगर जिले में 96 हजार 311 जाति प्रमाण-पत्र बनवाये गये।
   इंदौर संभाग में 14 लाख चार हजार 633 जाति प्रमाण-पत्र बने हैं। इनमें इंदौर जिले में एक लाख 85 हजार 76, धार में एक लाख 94 हजार 843, खरगोन में दो लाख 89 हजार 436, बड़वानी में एक लाख 34 हजार 62, झाबुआ में एक लाख 93 हजार 187, अलीराजपुर में 90 हजार 625, खण्डवा में 2 लाख चार हजार 19 और बुरहानपुर जिले में एक लाख 13 हजार 385 जाति प्रमाण-पत्र बनवाये गये।
   जबलपुर संभाग में 13 लाख 18 हजार 771 प्रमाण-पत्र बने। इनमें जबलपुर जिले में एक लाख 78 हजार 665, कटनी में एक लाख चार हजार 184, नरसिंहपुर में एक लाख 30 हजार 187, मंडला में एक लाख 52 हजार 731, छिन्दवाड़ा में 2 लाख 603, सिवनी में एक लाख 67 हजार 680, बालाघाट में 2 लाख 83 हजार 191 और डिण्डोरी जिले में एक लाख एक हजार 530 जाति प्रमाण-पत्र बनवाये गये।
   रीवा संभाग में कुल चार लाख एक लाख 477 प्रमाण-पत्र बने। इनमें रीवा जिले में एक लाख 22 हजार 436, सतना में 89 हजार 404, सीधी में एक लाख 22 हजार 734 और सिंगरोली जिले में 66 हजार 903 आवेदन का निराकरण किया गया है। नर्मदापुरम संभाग में दो लाख 61 हजार 538 जाति प्रमाण-पत्र बने हैं। इनमें बैतूल जिले में 69 हजार 861, हरदा में 75 हजार 213 और होशंगाबाद जिले में एक लाख 16 हजार 464 जाति प्रमाण-पत्र बनवाये गये।
   चम्बल संभाग में दो लाख 20 हजार 502 जाति प्रमाण-पत्र बने हैं। इनमें श्योपुर जिले में 59 हजार 253, मुरैना में एक लाख 8 हजार 531 और भिण्ड जिले में 52 हजार 718 आवेदन का निराकरण किया गया।
   शहडोल संभाग में एक लाख 86 हजार 471 जाति प्रमाण-पत्र बनवाये गये। उमरिया जिले में 46 हजार 227, अनूपपुर में 63 हजार 249 और शहडोल जिले में 76 हजार 995 आवेदन का निराकरण किया गया।
क्रमांक 70/601/13-07-2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र ॥

तेजी से बढ़ती जनसंख्या पर्यावरण के लिए घातक हैं

विश्व जनसंख्या दिवस पर महापौर ने कहा

    देवास 13 जुलाई 2015/ तेजी से बढ़ती जनसंख्या, सामाजिक व आर्थिक विकास एवं पर्यावरण सुरक्षा के लिए घातक सिद्ध हो रही है। अगर सीमित परिवार हैं तो वह खुशहाल परिवार होगा। उक्त विचार महापौर सुभाष शर्मा ने विश्व जनसंख्या दिवस पर जिला चिकित्सालय में आयोजित कार्यक्रम में कहीं। 
    इस अवसर पर कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एके दीक्षित, सिविल सर्जन डॉ. प्रकाश गर्ग सहित जिला अस्पताल के चिकित्सक उपस्थित थे।
    मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ए.के. दीक्षित ने बताया कि जिला चिकित्सालय के साथ-साथ सभी विकाखंडों में प्रदर्शनी, फिल्म, माइकिंग व समूह बैठकों के माध्यम से सीमिति परिवार के महत्व बताते हुए पात्र इच्छुक दंपत्तियों को परिवार नियोजन के अस्थायी व स्थायी साधनों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। कार्यक्रम के प्रति आम नागरिकों में उत्सुकता पाई गई।
नसबंदी ऑपरेशन किए गए
    विश्व जनसंख्या दिवस 11 जुलाई को योग्य दंपत्तियों ने सीमित परिवार को अपनाते हुए 175 नसबंदी ऑपरेशन किए गए। कार्यक्रम में खुशहाल परिवार के लिए दो बच्चों में तीन साल के अंतर रखने के बारे में समझाया गया। प्रसव के तुरंत बाद 18 महिलाओं ने कॉपर-टी (पीपीआईयूसीडी) निवेश करवाया तथा अन्य 45 महिलाओं ने भी कॉपर-टी (पीपीआईयूसीडी) स्वेच्छा से निवेश करवाई, 235 पुरूष निरोध उपयोगकर्ता व 185 महिलाओं ने भी गर्भ निरोधक ओरल पल्स अपनाई।
ओरल पल्स का वितरण किया जाएगा
    विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर जनसंख्या स्थिरीकरण 11 जुलाई से 11 अगस्त 2015 तक निरंतर जनचेतना के साथ इच्छुक दंपत्तियों को जिला अस्तपाल सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में सेवा प्रदाय की जाएगी। इसके अतिरिक्त ग्राम आरोग्य केंद्रों व अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में अस्थायी साधनों यथा निरोध व ओरल पल्स का वितरण किया जाएगा। प्रसव पश्चात एवं अंतर रखने के लिए कॉपर-टी  चिंहित स्वास्थ्य केंद्रों में प्रशिक्षित चिकित्सकों व नर्सों द्वारा निर्धारित दिवसों में लगाई जाएगी।
कलेक्टर करेंगे समीक्षा
    इस पूरे आयोजन की कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी सतत समीक्षा करेंगे।
स्वास्थ्य शिविरों को आयोजन
    कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य शिविरों, फिल्म का प्रदर्शन एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा।
क्रमांक 71/602/13-07-2015
    
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र ॥

भाई-चारा व शांति से मनाएंगे त्योहार

शांति समिति की बैठक संपन्न

    देवास 13 जुलाई 2015/ ईद का त्योहार भाई-चारा व अमन चैन का संदेश देता हे। समाज के सभी वर्ग यह त्योहार परंपरागत सौहाद्र व शांति से यह पर्व मनाएंगे। उक्त बातें शांति समिति की बैठक में अपर कलेक्टर श्री प्रबल सिपाहा ने कही। बैठक‍ में त्योहारों के लिए आवश्यक प्रशासकीय व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। साफ-सफाई, प्रकाश एवं पेयजल व्यवस्था के लिए नगर निगम को आवश्यक निर्देश दिए गए।
    बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने बैठक में उपयोगी सुझाव दिए। इस अवसर पर अतिरिक्त जिलादंडाधिकारी श्री कैलाश बुंदेला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी, संयुक्त कलेक्टर सारिका भूरिया, डिप्टी कलेक्टर वीपी सिंह, नगर निगम आयुक्त हिमांशु सिंह,  शहर काजी सलीमुद्दीन फारूखी, इरफान अहमद अशरफी एवं समिति के सम्मानीय सदस्य  उपस्थित थे।
क्रमांक 72/603/13-07-2015                     (फोटो-संलग्न)



No comments:

Post a Comment