Thursday, 23 July 2015

दिनांक 23 जुलाई 2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
                         ॥ स मा चा र ॥
बारिश की बूंदों से निखर उठा मंडूक पुष्कर तालाब
                कलेक्टर श्री अवस्थी की पहल रंग लाई     
      देवास, 23 जुलाई 2015/ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी द्वारा विगत माह में शहर के एबी रोड स्थित मंडूक पुष्कर तालाब का सौंदर्यीकरण करवाया गया था। इस तालाब के सौंदर्यीकरण के दौरान तालाब किनारें विभिन्न प्रकार के पौधों का रोपण किया गया था। गत दिवस हुई लगातार बारिश ने जैसे पौधों पर अमृत की वर्षा कर दी। आज इन पौधों में विभिन्न प्रकार के फूलों के आने से तालाब के आसपास की सुंदरता बढ़ गई है। साथ ही हरियाली मन को प्रफुल्लित करने लगी है।
                अच्छा लगता है तालाब के किनारे बैठना
       मंडूक पुष्कर की सुंदरता राहगीरों को अपनी ओर आकर्षित करती है और वे रूककर कुछ क्षण निहारते जरूर है। तालाब को देखने के लिए प्रतिदिन अनेक लोग आते हैं। तालाब के किनारे बैठकर सकून के कुछ पल बिताते हैं। वहां पर बैठे आमजन तालाब की सुंदरता तथा कलेक्टर श्री अवस्थी की इस अनूठी पहल की सराहना करते हैं।
प्रतिदिन आते हैं मछली को दाना खिलाने
       प्रतिदिन शाम को शहर के कई लोग मछलियों को दाना खिलाने के लिए आते हैं। शहर के युवा रोहित राठौर ने बताया कि वे हमेशा इस तालाब के पास से होकर गुजरते थे, लेकिन जब से इसकी सुंदरता बढ़ी है तो इसे देखे बिना नहीं रहा जाता। जब यहां पर मैंने तालाब में मछलियों को देखा, उसी दिन से प्रतिदिन मछलियों को दाना खिलाने का क्रम जारी है। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन यहां पर अनेक लोग आते हैं तथा मछलियों को दाना खिलाते हैं।
क्रमांक 140/671/23-07-2015               (फोटो-संलग्न)

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
सोनकच्छ विधायक श्री वर्मा की विधायक निधि से 40 व्यक्तियों को सहायता स्वीकृत
      देवास, 23 जुलाई 2015/ विधायक स्वेच्छानुदान निधि से  सोनकच्छ विधायक श्री राजेंद्र वर्मा की अनुशंसा पर कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी द्वारा 40 हितग्राहियों को निर्धन सहायता एवं चिकित्सा आर्थिक सहायता के लिए 96 हजार रूपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है।
    जारी आदेश अनुसार विकासखंड सोनकच्छ के ग्राम मुरम्या निवासी सभाबाई, ग्राम रजापुर के संदीपसिंह चौहान, ग्राम रजापुर के गिरीराजसिंह चौहान, सोनकच्छ के वार्ड क्रमांक 13 निवासी वीणा पिता नंदकिशोर शर्मा, वार्ड क्रमांक 2 अयोध्याबाई पति सूरजमल, टोंकखुर्द  विकासखंड के ग्राम चिड़ावद निवासी रामचंदर पिता लक्ष्मीनारायण, ग्राम टोंककला निवासी सूरज पिता महेंद्र तथा ग्राम टोंककला के  लोकेंद्र पिता  नाथूलाल को 5-5 हजार रूपए की निर्धनता एवं चिकित्सा सहायता की प्रशासकीय राशि स्वीकृति जारी की गई।
    इसी प्रकार सोनकच्छ विकासखंड के ग्राम चौबाराजागीर निवासी दिनेश पिता बहादुरसिंह को 3 हजार रूपए की निर्धनता सहायता की प्रशासकीय राशि स्वीकृत की गई है।
    इसी प्रकार सोनकच्छ विकासखंड के ग्राम पांदा में कलाबाई पति बाबूलाल, ग्राम डकाच्या निवासी हिम्मतसिंह पिता बापूसिंह यादव, नौशराबाद पंचायत जलेरिया निवासी गंगाराम पिता गोपालजी, ग्राम नानाधाराखेड़ी भेरूलाल पिता शंकरलाल, ग्राम नराना निवासी किशन पिता नानूराम, ग्राम सरसौदा के नरबेसिंह पिता देवाजी गुर्जर, ग्राम पोलाय जागीर के पुंजीलाल पिता कोदाजी टेलर, ग्राम मनासा के रूखमाकुंवर पति शेरसिंह, ग्राम सांवेर निवासी शाहिस्ता बी अब्दूल अजीज खां, ग्राम सांवेर निवासी नाहिदा बी अब्दूल अजीज खां, ग्राम मनासा निवासी रोहित पिता शेरसिंह, ग्राम पीपल्याबक्सु की मानकुंवर बाई इंदरसिंह, ग्राम पीपल्याबक्सु निवासी शैलेंद्र इंदरसिंह, ग्राम मनासा के भरतसिंह भंवरसिंह, ग्राम गंधर्वपुरी निवासी रामेश्वर पिता धुलजी वर्मा, ग्राम गंधर्वपुरी निवासी दीपक रामेश्वर, ग्राम पीरपाड़ल्या निवासी बनेसिंह ब्रदीसिंह, सोकनच्छ नगर के वार्ड क्रमांक 12 निवासी रिसिका पिता संतोष, वार्ड क्रमांक 5 बाबूलाल चौहान, वार्ड क्रमांक 5 कपिल पिता गोपाल तथा टोंकखुर्द विकासखंड के ग्राम रंधनखेड़ी निवासी बाबूलाल पिता सीताराम तथा ग्राम भैरवाखेड़ी निवासी कृष्णाबाई मदनलाल को 2-2 हजार रूपए की आर्थिक निर्धनता सहायता की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है।
    इसी प्रकार सोनकच्छ विकासखंड के ग्राम पंचायत मुंडलाआना के ग्राम आमगुराड़िया निवासी दौलाजी पिता भैराजी, ग्राम घिचलाय निवासी कलाबाई रामेश्वर, ग्राम पंचायत मुंडलाआना के ग्राम आमगुराड़िया निवासी कट्टूबाई पति दौलाजी, सोनकच्छ नगर के वार्ड क्रमांक 9 निवासी नब्बूखां पिता कालेखां तथा वार्ड क्रमांक 2 निवासी कैलाश पिता रणछोड़ एवं टोंकखुर्द विकासखंड के ग्राम गुर्जर गुराड़िया निवासी राधाबाई नरबतसिंह, ग्राम पंचायत खेड़ा माधोपुर के ग्राम मेरखड़ी निवासी मेवाबाई पति जगन्नाथसिंह को 1-1 हजार रूपए की आर्थिक निर्धनता सहायता की प्रशासकीय राशि स्वीकृत की गई है।
क्रमांक 141/672/23-07-2015               
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
जिले में 505.25 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज
    देवास, 23 जुलाई 2015/ जारी मानसून सत्र में जिले के वर्षामापी केन्द्रों पर अभी तक औसत रूप से 505.25 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार जारी मानसून सत्र में अभी तक सर्वाधिक सोनकच्छ में 723, उदयनगर में 605, देवास में 502, कन्नौद में 474, बागली में 469, टोंकखुर्द में 466, खातेगांव में 446, तथा सतवास में 357 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
                  24 घंटे में 13 मिमी वर्षा
    पिछले 24 घंटों में 13 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जिसमें सोनकच्छ में 64, टोंकखुर्द में 21, बागली में 16, कन्नौद में 7 तथा देवास, उदयनगर, खातेगांव तथा सतवास में शून्य मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।
गत वर्ष इस दिनांक को 57 मिमी वर्षा दर्ज हुई
    गत वर्ष 23 जुलाई को सोनकच्छ में 92, खातेगांव में 76, टोंकखुर्द में 53, देवास में 52, सतवास में 51, उदयनगर में 48 तथा बागली एवं कन्नौद में 42 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
पिछले साल 205 मिमी औसत वर्षा
    अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार गत मानसून सत्र में अभी तक सोनकच्छ में 286, टोंकखुर्द में 254, उदयनगर में 233, देवास में 215,कन्नौद में 205, खातेगांव में 183, बागली में 144, सतवास में 121 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
क्रमांक 142/673/23-07-2015      


जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
सहकारी समितियों के लिए परिसमापक नियुक्त
         देवास, 23 जुलाई 2015/ मप्र सहकारी सोसायटी नियम के अंतर्गत पंजीयक सहकारी समितियां जिला देवास द्वारा तिलहन उत्पादक सहकारी संस्था मर्या. चापड़ा, तिलहन उत्पादक सहकारी संस्था मया. कुसमानिया तथा तिलहन उत्पादक सहकारी संस्था मर्या. जामगोद तथा श्री नाथ बीज उत्पादक सहकारी संस्था मर्यादित सोनकच्छ की सहकारी संस्थाओं के लिए डीके आर्य उप अंकक्षेक सहकारी संस्थाएं को परिसमापक नियुक्त किया गया है।
क्रमांक 143/674/23-07-2015

दो बीज एवं कीटनाशक विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित
         देवास, 23 जुलाई 2015/ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी के निर्देश पर गठित जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल द्वारा बीज दुकानों के निरीक्षण में अनियमितता पाए जाने पर बिक्री लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। कृषि‍ विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार मेसर्स सरस्वती कृषि केंद्र एवं मेसर्स ओम कृषि सेवा केंद्र देवास के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।
क्रमांक 144/675/23-07-2015

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
फार्म एफ अधूरा होने पर नहीं होगी सोनोग्राफी

एमपी ऑनलाइन को सौंपा गया फार्म 'एफ' की पूर्ति का काम
अगस्त अन्त तक पूरे प्रदेश में लागू हो जाएगा ऑनलाइन ट्रेकिंग सिस्टम

   देवास, 23 जुलाई 2015/ कन्या भ्रूण हत्या पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पूरे प्रदेश में ऑनलाइन ट्रेकिंग सिस्टम अगस्त अन्त तक लागू हो जाएगा। एमपी ऑनलाइन को फार्म 'एफ' की पूर्ति की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अधूरे फार्म पर अब अल्ट्रा सोनोग्राफी नहीं की जा सकेगी। संचालक एवं राज्य सक्षम प्राधिकारी पी.सी.एण्ड पी.एन.डी.टी. एक्ट डॉ. नवनीत मोहन कोठारी ने यह जानकारी गर्भधारण पूर्व एवं प्रसव पूर्व निदान तकनीक में गठित राज्य सलाहकार समिति की गत दिवस भोपाल में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।
आधार कार्ड से जुड़ेगा डाक्टर का नाम
   बैठक में सोनोग्राफी के लिए पंजीकृत चिकित्सक का आधार कार्ड नम्बर भी ट्रेकिंग डिवाइस से जोड़ने का निर्णय लिया गया। इससे पंजीकृत चिकित्सक के स्थान पर किसी अन्य तकनीशियन द्वारा सोनोग्राफी संभव नहीं होगी।
सोनोलॉजिस्ट का डाटाबेस बनेगा
   ऑनलाइन पंजीयन से प्रदेश के सभी सोनोलॉजिस्ट का डाटाबेस बनेगा। इससे विभिन्न केन्द्रों पर कार्यरत सोनोलॉजिस्ट के कार्य की सतत मॉनीटरिंग हो सकेगी। उल्लंघन की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

नए फार्म 'एफ' में रिकार्ड संधारण होगा
   सभी समुचित प्राधिकारियों को जिले में फार्म 'एफ' में रिकार्ड संधारण सुनिश्चित करने को कहा गया है। नवीन फार्म 'एफ' में रिकार्डस का संधारण सुनिश्चित करने के लिए ऑनलाइन फार्म 'एफ' प्रक्रिया अपनाई जा रही है। सभी जिलों में अल्ट्रा-सोनोग्राफी मशीनों पर ट्रेकर डिवाइस (एक्टिव ट्रेकर/साइलेंट आब्सर्वर) की स्थापना सुनिश्चित की जा रही है। नवीन पंजीयन एवं पंजीयन नवीनीकरण की प्रक्रिया के लिए भी ट्रेकर डिवाइस जरूरी कर दिया गया है
क्रमांक 145/676/23-07-2015
          
शासकीय सेवकों के आधार नंबर को वोटर आईडी से लिंक करने का अभियान

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय में समीक्षा

   देवास, 23 जुलाई 2015/ मध्यप्रदेश में शासकीय सेवकों के आधार नंबर को मतदाता परिचय-पत्र से लिंक करने के लिये विशेष अभियान चलाया जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग ने कार्य को प्राथमिकता से किये जाने के निर्देश दिये हैं। आज इस कार्य की मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती सलीना सिंह ने गत दिवस भोपाल में समीक्षा की।
   बैठक में विभिन्न शासकीय विभाग के विभाग प्रमुख से अनुरोध किया गया कि वे अपने विभाग में अधिकारी एवं कर्मचारी के साथ उनके परिवार के सदस्यों के आधार नम्बर को मतदाता परिचय-पत्र से लिंक करवाये।

   बैठक में बताया गया कि आधार नम्बर को वोटर आईडी से जोड़ने के लिये एक करोड़ 45 लाख मतदाता ने आवेदन दिये है। इनमें से 97 लाख मतदाता के आधार नम्बर को वोटर आईडी से लिंक करवा दिया गया है। इनमें 15 हजार ऐसे मतदाता है जिन्होंने एसएमएस के जरिये इस सेवा का लाभ उठाया है। प्रदेश में 4 करोड़ 90 लाख मतदाता है। मध्यप्रदेश में 18 वर्ष से ऊपर के 3 करोड़ 95 लाख ऐसे मतदाता है जिन्हें आधार कार्ड जारी किये गये है। इन सभी के आधार नम्बर को वोटर आईडी से लिंक किये जाने का कार्य किया जा रहा है।
क्रमांक 146/677/23-07-2015
कलेक्टर द्वारा  सड़क के किनारे मनरेगा से वृ़क्षारोपण के निर्देश
   देवास, 23 जुलाई 2015/ ग्लोबल वार्मिंग के प्रभाव को कम करने के लिये वृक्षारोपण के माध्यम से राष्ट्रीय मार्ग, राज्य मार्ग, पी.एम.जी.एस.वाय., मुख्यमंत्री सड़क अथवा ग्राम पंचायतो के पहुंच मार्गो पर वृक्षारोपण कर पर्यावरण संतुलन का प्रयास किया जायेगा। कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने इस संबंध में जिला पंचायत सीईओ को निर्देश दिए है।
   इस वृक्षारोपण के माध्यम से मनरेगा के पात्र हितग्राहियों, जॉबकार्ड धारियों की आय में वृद्धि कर उनकी आजीविका का सुदृढ़ीकरण का कार्य भी हो सकेगा। इसी उद्देश्य से महात्मा गांधी नरेगा में अब सड़कों के किनारे वृक्षारोपण कार्य की कार्ययोजना के संबंध में शासन स्तर पर निर्देश जारी किये गये है। उक्त निर्देशों के परिपालन में कार्ययोजना के प्रारंभिक चरण के लिए उपर्युक्त सड़कों का चिन्हांकन संबंधित विभाग द्वारा ग्राम पंचायत की सहमति से किये जाने के निर्देश मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायतों को जारी किये गये है। चिन्हित मार्गो पर ट्रांजिट वॉक करके उनकी लंबाई, वृक्षारोपण हेतु उपलब्ध/उपर्युक्त स्थलों की जानकारी प्राप्त कर स्थल उपलब्धता अनुसार एक पंक्ति, दो पंक्ति अथवा तीन पंक्ति वृक्षारोपण करने का निर्णय लिया जावेगा।
   सड़कों के किनारे रोड शोल्डर से हटकर उपलब्ध शासकीय भूमि में जिससे कि सड़क की सुरक्षा प्रभावित न हो, खण्ड वृक्षारोपण का कार्य भी पंक्ति वृ़क्षारोपण के साथ किया जा सकता है। इस हेतु संबंधित निर्माण विभाग से समन्वय कर सहमति ली जा रही है। वृक्षारोपण हेतु पौधो का चयन पट्टा प्रदाय हितग्राही व ग्रामसभा की सहमति से उस क्षेत्र में सफल हो सकने वाली प्रजातियो में किया जायेगा।
   उक्त कार्य हेतु हितग्राहियों का चयन मनरेगा अधिनियम के दृष्टिगत ट्री पट्टा प्रदाय कर प्राथमिकता क्रमानुसार अनुसूचित जाति परिवार, अनुसूचित जनजाति परिवार, आदिम जनजाति परिवार अधिसूचित, अनुसूचित जनजाति परिवार, अन्य गरीबी रेखा के परिवार, ऐसा परिवार जिनके मुखिया विकलांग है, भूमि सुधार के लाभार्थी परिवार, इंदिरा आवास योजना के हितग्राही, वनाधिकार अधिनियम-2006 अन्तर्गत लाभन्वित हक प्रमाण-पत्र धारक एवं लघु व सीमांत कृषक का चयन किया जायेगा। एवं चयनित हितग्राहियो को ‘‘वृ़क्ष मित्र ट्री पट्टाधारी के नाम से सम्बोधित किया जायेगा। ऐसे हितग्राहियो के चयन में प्राथमिकता दी जावेगी, जिनके पास पानी परिवहन हेतु स्वयं की साईकिल उपलब्ध हो। अत्यंत गरीब हितग्राही के चयन की दशा में उसके द्वारा लिखित में आश्वासन प्राप्त किया जायेगा, कि प्रथम भुगतान प्राप्त होने पर साईकिल की व्यवस्था सुनिश्चित की जावेगी।
   ट्री पट्टा में भूमि का स्वामित्व शासन का रहेगा, मात्र पौधे से फल पत्ती आदि का अधिकार वृक्ष मित्र का होगा, जो कि पौधे के जीवित रहने की अवधि तक पीढ़ी दर पीढ़ी हस्तान्तरित हो सकेगा।
क्रमांक 147/678/23-07-2015
मतदाता स्वयं अपने मोबाइल से जोड सकते हैं आधार नम्बर को वोटर आई.डी.से
   देवास, 23 जुलाई 2015/ आधार कार्ड को वोटर आई.डी. से जोड़ने की योजना के तहत मतदाता स्वयं एसएमएस करके अपना वोटर आईडी आधार कार्ड से जोड सकते हैं। इसके लिये वे ECILINK>Space>EpicNo.>ADHARNo.. को 51969 पर एसएमएस करें। इससे उन्हें एसएमएस के जरिये लिंक होने की सूचना भी मिलेगी। इंटरनेट पर “नेशनल वोटर सर्विस’’ पर जाकर भी कोई भी मतदाता घर बैठे या इंटरनेट कैफे जाकर अपना मोबाइल नम्बर या ई-मेल पता और आधार नम्बर वोटर आईडी से जोड़ सकता हैं। ई-मेल के जरिये भी कोई भी मतदाता अपना वोटर आईडी आधार कार्ड से जोड़ सकता है और chiefelectoralofficemp@gmail.com पर ई-मेल कर सकते हैं।
   इस अभियान का प्रचार-प्रसार जारी है। इसके लिये आकाशवाणी और दूरदर्शन का सहयोग लिया जा रहा है तथा प्रचार-प्रसार के लिये पैम्पलेट भी छपवाये गये हैं। इसके अलावा बीएलओ ने घर-घर जाकर आधार कार्ड को वोटर आईडी से जोडने का काम तेज कर दिया हैं। बीएलओ समग्र आईडी से भी मतदाताओं के आधार नम्बर घर बैठे डाउनलोड कर सकते हैं। जो ग्राम पंचायत सचिव पहले से ही बीएलओ नियुक्त हैं, उनके लिये यह काम और भी आसान रहेगा।
क्रमांक 148/679/23-07-2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
आवास ऋण मेले का आयोजन समस्त 6 विकासखण्ड मुख्यालयों में होगा

        देवास, 23 जुलाई 2015/ मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास मिशन योजना अंतर्गत जिले की समस्त 06 जनपद पंचायतों में आवासीय ऋण मेलों का आयोजन किया जा रहा है। आवासीय ऋण मेलों का आयोजन 22 जुलाई से 31 जुलाई 2015 तक जनपद पंचायत मुख्यालयों पर किया जाएगा। इसी श्रृंखला में देवास जनपद में 22 एवं 23 जुलाई तक आयोजित किया गया। टोंकखुर्द, सोनकच्छ व बागली में 28 एवं 29 जुलाई को कन्नौद एवं खातेगांव 30 एवं 31 जुलाई को आवास ऋण मेले का आयोजन किया जाएगा, जिसमें समस्त बैंकों के शाखा प्रबंधक, तहसीलदार, पटवारी उपस्थित होंगे एवं हितग्राही को मौके पर ही भू-अधिकार पत्र का वितरण किया जाएगा। जिसका पर्यवेक्षण अग्रणी जिला प्रबंधक द्वारा भी किया जाएगा। कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने बताया कि आवास ऋण स्वीकृत करने के साथ ही राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के प्रकरण भी स्वीकृत एवं वितरित करने की कार्यवाही की जाएगी।
क्रमांक 149/680/23-07-2015

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
कृषकों को सामयिक सलाह: खेतों में जल निकास का प्रबंध करें
        देवास, 23 जुलाई 2015/ जिले में हो रही बारिश से खेतों में कहीं-कहीं पर जल भराव की स्थिति निर्मित हो रही है। अतः किसान भाई वर्षा के जल को खेतों में अधिक समय तक भरा न रहने दें तथा जल भराव वाले खेतों में उचित जल निकासी का प्रबंध करें।
        कृषि विभाग ने बताया है कि विगत 4-5 दिनों से हो रही वर्षा से खेतों में कहीं-कहीं पर जल भराव की स्थिति निर्मित हुई है, जिससे फसलों की जड़े सड़ने, गलने, पीली पड़ने एवं फसल की बढ़वार रूकने की स्थिति निर्मित हो सकती है। अतः किसानभाई वर्षा के इस अतिरिक्त जल को खेतों में छोटी-छोटी नालियां बनाकर निकास की व्यवस्था करें।
        कीटव्याधि के नियंत्रण हेतु कीटनाशक खरीदने एवं उपयोग करते समय किसानभाई आवश्यक सावधानी रखें। जिनमें कीटनाशक केवल पंजीकृत विक्रेताओं से ही खरीदें। कीटनाशक खरीदी का बील अवश्य प्राप्त करें। निर्धारित आर्थिक क्षति स्तर से अधिक संख्या में कीट लगने पर ही कीटनाशक का उपयोग करें।
क्रमांक 150/681/23-07-2015

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
प्रदेश में 16 जिले में सामान्य से अधिक, 28 जिले में सामान्य, 7 जिले में कम वर्षा
   देवास, 23 जुलाई 2015/ प्रदेश के 16 जिले में सामान्य से अधिक, 28 जिले में सामान्य और 7 जिले में कम वर्षा हुई है। जिन जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा हुई है उनमें देवास, इन्दौर, धार, खंडवा, उज्जैन, मंदसौर, रतलाम, शाजापुर, मुरैना, ग्वालियर, गुना, अशोकनगर, भोपाल, सीहोर, रायसेन एवं राजगढ़ हैं।
   सामान्य वर्षा वाले जिले जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, डिण्डोरी, नरसिंहपुर, सागर, दमोह, टीकमगढ़, छतरपुर, रीवा, सिंगरौली, सतना, शहडोल, उमरिया, झाबुआ, अलीराजपुर, खरगोन, बड़वानी, नीमच, आगर-मालवा, भिण्ड, शिवपुरी, दतिया, विदिशा होशंगाबाद, हरदा एवं बैतूल हैं।
   कम वर्षा वाले जिले कटनी, बालाघाट, पन्ना, अनूपपुर, बुरहानपुर, श्योपुर और सीधी हैं।
क्रमांक 151/682/23-07-2015
फोटो-- मंडूक पुष्कर तालाब फोटो--






No comments:

Post a Comment