Thursday, 16 July 2015

दिनांक 16 जुलाई 2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

जगन्नाथपुरी एवं रामेश्वर जाने के लिए आवेदन करें
जिले को जगन्नाथपुरी के लिए 200 तथा
रामेश्वर के लिए 310 सीटों का कोटा आवंटित
    देवास, 16 जुलाई 2015/मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत जगन्नाथुपरी तीर्थ यात्रा आगामी 03 अगस्त से 08 अगस्त 2015 तक की जाएगी। तीर्थ यात्रा के लिए जिले को 200 सीटों का कोटा आवंटित किया गया है। यात्रा पर जाने के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 24 जुलाई 2015 निर्धारित की गई है। इसी प्रकार रामेश्वर तीर्थ यात्रा आगामी 11 अगस्त से 16 अगस्त 2015 तक की जाएगी। तीर्थ यात्रा के लिए जिले को 310 सीटों का कोटा आवंटित किया है। यात्रा पर जाने के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2015 निर्धारित की गई है। कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने जिले के नागरिकों से इस योजना का लाभ लेने को कहा है।
आवेदन करने की प्रक्रिया
    मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का लाभ लेने के इच्छुक व्यक्ति जो मध्यप्रदेश के मूल निवासी हैं, जिनकी आयु 60 वर्ष से अधिक है एवं आयकरदाता नही हैं तथा जिन्होंने योजना के अंतर्गत पूर्व में तीर्थ यात्रा नहीं की हो, वे निर्धारित प्रारूप में आवेदन दो प्रतियों में कलेक्टर कार्यालय अथवा संबंधित तहसील कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं। आवेदन पत्र हिन्दी में ही भरा होना चाहिए। आवेदन के साथ 3.5X3.5 सेंटीमीटर आकार का नवीनतम फोटो, निवास संबंधी साक्ष्य के रूप में राशनकार्ड, ड्रायविंग लाइसेंस, विद्युत देयक, मतदाता पहचान पत्र में से किसी एक दस्तावेज तथा आयु संबंधी दस्तावेज की छायाप्रति संलग्न करना आवश्यक होगा।


आवेदकों का चयन
    जिले को आबंटित निर्धारित कोटे से ज्यादा संख्या मे आवेदन मिलते हैं, तो लॉटरी द्वारा तीर्थ यात्रियों का चयन किये जाकर सूची बनाई जाएगी। कोटे से 10 प्रतिशत अतिरिक्त व्यक्तियों की प्रतीक्षा सूची भी बनाई जाएगी।
सहायक की सुविधा
      मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत 65 साल से ज्यादा उम्र वाले तीर्थयात्रियों के साथ एक सहायक भी जा सकेगा। पति-पत्नी के साथ यात्रा करने पर सहायक ले जाने की सुविधा नही रहेगी। सहायक का आवेदन भी आवेदक के साथ ही जमा किया जायेगा।
क्रमांक 87/618/15-07-2015
प्रवेश के समय अजा, अजजा के विद्यार्थियों को नहीं देना होगा शिक्षण शुल्क
   देवास 16 जुलाई 2015/ तकनीकी एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रम संचालित करने वाली संस्थाओं में प्रवेश के दौरान अनुसूचित-जाति एवं अनुसूचित-जनजाति श्रेणी के विद्यार्थियों से शिक्षण शुल्क नहीं लेने के निर्देश प्राचार्यों को दिये गये हैं। संबंधित विभाग द्वारा शिक्षण शुल्क की प्रतिपूर्ति किये जाने के बाद ही शेष शिक्षण शुल्क विद्यार्थियों से लिया जाये। सभी प्राचार्य को यह जानकारी संस्था के सूचना-पटल पर भी अंकित करने को कहा गया है। उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री उमाशंकर गुप्ता ने कहा है कि इस नियम का पालन नहीं करने वाली संस्थाओं के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जायेगी।
क्रमांक 88/619/16-07-2015


जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र ॥

आंगनवाड़ी केन्द्रों पर दूध का वितरण किया
       देवास 16 जुलाई 2015/ एकीकृत बाल विकास परियोजना देवास शहरी अंतर्गत समस्त आंगनवाड़ी केन्द्रों पर 03 से 06 वर्ष के बच्चों को सप्ताह में तीन दिन सोमवार, बुधवार एवं शुक्रवार को दूध का वितरण किया जाएगा।
       गत दिवस वार्ड क्र. 26 के आंगनवाड़ी केन्द्र मोती बंगला एवं सदाशिव नगर में महापौर श्री सुभाष शर्मा, संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग श्रीआर.पी. रमणवाल, वार्ड पार्षद श्रीमती सीमा मिलिंद सोलंकी, परियोजना अधिकारी श्री जीवन देथलिया, पर्यवेक्षक श्रीमती रूकैया काजी एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती शर्मिला ठाकुर की उपस्थिति में 03 से 06 वर्ष के बच्चों को दूध वितरण कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। महापौर श्री सुभाष शर्मा एवं संयुक्त संचालक द्वारा बच्चों को दूध पिलाया गया।
क्रमांक 89/620/16-07-2015             (फोटो-संलग्न)
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र ॥

छात्राओं को स्कूल बैग, उत्तर पुस्तिका एवं टिफिन वितरित किए
       देवास 16 जुलाई 2015/ उच्च शिक्षा एवं स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री दीपक जोशी ने कन्या उच्च्तर माध्यमिक विद्यालय क्षिप्रा में छात्राओं को स्कूल बेग, पुस्तकों एवं टिफिन वितरित किए तथा छात्राओं को नियमित शाला में उपस्थित रहने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इसके पश्चात शिक्षा राज्यमंत्री श्री जोशी ने शाला परिसर में संचालित कन्या माध्यमिक विद्यालय, बालक माध्यमिक विद्यालय, बालक प्राथमिक विद्यालय क्षिप्रा का निरीक्षण किया तथा फर्नीचर तथा पंखे की उपलब्धता के लिए उन्होनें आश्वासन भी दिया।
       इस अवसर पर सरपंच कुंकबाई वर्मा, उपसरपंच विशाल उपाध्याय, सिंगाराम पटेल, कमल जोशी, अशोक पांचाल, अनिल शर्मा, विवेक चौहान, प्रवीण श्रीवास्तव आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम में संकुल प्रभारी उमाशशि सिसोदिया, श्रीमती मंजूला, अध्यापक तथा विद्यार्थीगण उपस्थित थे।
क्रमांक 90/621/16-07-2015             (फोटो-संलग्न)
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र ॥

ई-अटेंडेंस के लिये अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षकों के मो. नम्बर एजुकेशन पोर्टल पर दर्ज होंगे
    देवास 16 जुलाई 2015/ स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने के लिये ई-अटेंडेंस एप्लीकेशन सॉफ्टवेयर का क्रियान्वयन किया जा रहा है। इसके लिये एजुकेशन पोर्टल पर विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, प्राचार्य एवं शिक्षकों के मोबाइल नम्बर की प्रविष्टि 20 जुलाई के पहले कर ली जायेंगी। प्रविष्टि के लिये सभी आहरण-संवितरण अधिकारियों को अपने अधीनस्थ अमले के मोबाइल नम्बर को पोर्टल में दर्ज करवाने को कहा गया है।
क्रमांक 91/622/16-07-2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र ॥

पंचायत उपचुनाव के लिए सेक्टर अधिकारी नियुक्त
    देवास 16 जुलाई 2015/ मप्र राज्य निर्वाचन आयोग के आदेश पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आशुतोष अवस्थी ने त्रिस्तरीय पंचायत उप चुनाव निर्वाचन 2015 (पूर्वार्द्ध) के तहत देवास जिले की जनपद पंचायत टोंकखुर्द, बागली, कन्नौद एवं खातेगांव ग्राम पंचायतों के पंच पदों के लिए निर्वाचन के लिए पंचायत क्षेत्रों में आने वाले मतदान केंद्रों के लिए सेक्टर अधिकारियों को नियुक्ति किया गया है।
    जारी आदेश अनुसार टोंकखुर्द जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत दोंताजागीर के सेक्टर क्रमांक 36- मा.शा. भवन कक्ष 1 (पंच वार्ड 4 एवं 18) के लिए कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत टोंकखुर्द के.एस. सोलंकी को, बागली जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत गुवाड़ी के सेक्टर क्रमांक 216 शा.प्रा. विद्यालय गुवाड़ी (पंच वार्ड 3,7 एवं 8) के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बागली जितेंद्रसिंह ठाकुर को, कन्नौद जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत खारपा के सेक्टर क्रमांक 109 शा.प्रा.विद्यालय खारपा (पंच वार्ड 3,5,18) के लिए कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कन्नौद किशोर कछवाहा को तथा ग्राम पंचायत सुरमन्या के सेक्टर क्रमांक 236 शा.मा. विद्यालय भवन सुरमन्या (पंच वार्ड 7) के लिए अनुविभागीय अधिकारी लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी कन्नौद पीएन परमार को, खातेगांव जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत पलासी के सेक्टर क्रमांक 20 पलासी (पंच वार्ड 6,8,9) तथा हरणगांव ग्राम पंचायत के सेक्टर क्रमांक 39 मा.शा.भवन हरणगांव (पंच वार्ड 2 एवं 15) के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत खातेगांव एनआर अहिरवार को, ग्राम पंचायत मनोरा के सेक्टर क्रमांक 34 मा.शा. भवन मनोरा (पंच वार्ड 2 एवं 4) के लिए खातेगांव जनपद पंचायत के सहायक यंत्री नरोत्तम शाक्य को तथा ग्राम पंचायत कोलारी के सेक्टर क्रमांक 143- मा.शा. नवीन उत्तरी भाग कोलारी (पंच वार्ड 3,10,15 एवं 16) के लिए एनएस गुर्जर वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी  खातेगांव को सेक्टर अधिकारी नियुक्त किया गया है। नियुक्त सेक्टर अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सतत भ्रमण करेंगे तथा क्षेत्र में कानून व्यवस्था की सतत मॉनिटरिंग कर भ्रमण की रिपोर्ट प्रतिदिन अनुविभागीय दंडाधिकारी को प्रस्तुत करेंगे।
क्रमांक 92/623/16-07-2015

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र ॥

त्रुटि रहित मतदाता सूची के बूथ लेवल अधिकारियों का प्रशिक्षण सत्र सम्पन्न
    देवास 16 जुलाई 2015/ भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं प्रमाणीकरण के तहत निर्वाचक नामावली के डाटाबेस से मतदाताओं के आधार कार्ड को लिंक किए जाने का कार्य निर्धारित समय में पूर्ण किए जाने के लिए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मप्र भोपाल के निर्देश पर गत दिवस देवास विधानसभा -171 के समस्त बूथ लेवल अधिकारियों को प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया।
    प्रशिक्षण सत्र में सहायक प्राध्यापक केपी कॉलेज एस. पी. राणा पे मतदाताओं के आधार कार्ड नंबरों को निर्वाचक नामावली के डाटाबेस से जोड़ने तथा मतदाता सूची के शुद्धिकरण करने संबंधी आयोग के निर्देशों से बीएलओ को अवगत कराया। प्रशिक्षण में जिला निर्वाचनन कार्यालय के अशोक जीनवाल, निर्वाचन पर्यवेक्षक ऋषिकेश कदम, महेश राठौर एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।   
क्रमांक 92/623/16-07-2015
हाई एवं हायर सेकेण्डरी स्कूलों को 27 जुलाई तक होगा गणित किट का प्रदाय
    देवास 16 जुलाई 2015/ प्रदेश के सभी विकासखंड के दो चुनिन्दा शासकीय हाई एवं हायर सेकेण्डरी स्कूल को गणित विषय की प्रायोगिक किट प्रदाय की जा रही हैं। राज्य शासन ने समस्त जिला शिक्षा अधिकारी को आगामी 27 जुलाई के पहले भोपाल से गणित किट को प्राप्त करने के निर्देश दिये हैं। जिलों के लिये तिथि भी निर्धारित की गई है। जिले से एपीसी/गणित व्याख्याता किट लेने आयेंगे।
क्रमांक 93/624/16-07-2015
जिला अस्पताल में हो रहा है कैंसर का ईलाज
    देवास 16 जुलाई 2015/अब जिले के कैंसर की बीमारी के मरीजों को ईलाज के लिए अन्यत्र जाने की जरूरत नहीं है। जिला चिकित्सालय देवास में कैंसर के ईलाज के लिए कीमोथेरेपी की सुविधा एवं आवश्यक दवाएं उपलब्ध है।
    जिला चिकित्सालय के डॉ. तारिक एहमद शेख ने बताया कि जिला चिकित्सालय में स्तन कैंसर में उपयोग होने वाली दवा टरानटूझूमेब एवं रक्त कैंसर की नेलोटीनीब नामक दवा नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में कैंसर के 300 से भी ज्यादा मरीजों के पंजीयन हो चुके है। कई में मरीजों को प्रतिदिन कीमोथेरेपी प्रदान की जा रही है। कैंसर मरीजों के लिए अलग वार्ड भी बनाया गया है। इसके लिए नर्स एवं डॉक्टर उपलब्ध है। 
क्रमांक 94/625/16-07-2015









No comments:

Post a Comment