Friday, 12 June 2015

दिनांक 12 जून 2015

जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  समाचार  ।।
अधिकारी जनप्रतिनिधियों को कार्यों की सूची दें, जनप्रतिनिधि मौके पर जाकर कार्यों को देखें
जिला सतर्कता एवं मूल्यांकन समिति की बैठक में क्षेत्रीय सांसद एवं विदेश मंत्री श्रीमती सुषमा स्वराज ने निर्देश दिए
     देवास 12 जून 2015/ ग्रामीण विकास कार्यों की योजनाओं का गुणवत्ता युक्त ढंग से क्रियांवयन किया जाए। व्यवहारिकता की कसौटी पर कार्य खरे उतरें। अधिकारी पूर्ण कार्य की सूची जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराएं और जन प्रतिनिधि कार्यों की सत्यता को मौके पर जाकर जांचे परखें। यह निर्देश विदेश मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद श्रीमती सुषमा स्वराज ने आज शुक्रवार को जिले के कन्नौद मुख्यालय पर आयोजित जिला सतर्कता एवं मूल्यांकन समिति की बैठक में दिए। बैठक में स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री दीपक जोशी, विधायक सोनकच्छ श्री राजेंद्र वर्मा, विधायक खातेगांव श्री आशीष शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नरेंद्रसिंह राजपूत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री दौलत तंवर, श्री बहादुर मुकाती, कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी, पुलिस अधीक्षक श्री अभय सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक सिंह, बागली एवं खातेगांव जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
     बैठक में श्रीमती स्वराज ने निर्देश दिए कि अधिकारी जनप्रतिनिधियों को उनके क्षेत्रवार जानकारियां उपलब्ध कराएं। विधायक को उसके सम्पूर्ण विधानसभा क्षेत्र में कराए गए कार्य की जानकारी दें। उसी तरह जिला पंचायत अध्यक्ष को संपूर्ण जिला पंचायत क्षेत्र, जनपद पंचायत अध्यक्ष को उसकी जनपद पंचायत क्षेत्र में कराएं गए कार्यों की जानकारी उपलब्ध कराएं। इसके बाद जनप्रतिनिधि मौके पर जाकर कार्य की सत्यता को परखें तथा जांचे। कार्य में गुणवत्ता अनिवार्य रूप से हो। बैठक में श्रीमती स्वराज ने विभिन्न योजनाओं के क्रियांवयन में आने वाली बाधाओं और जमीनी स्तर पर परिलक्षित कमियों तथा जनता को मिल रहे लाभ की जानकारी ली। उन्होंने योजनाओं के बारे में ठोस फीडबैक प्राप्त किया।
     बैठक में ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं की प्रगति की जानकारी से कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ ने अवगत कराया। स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा के दौरान श्रीमती सुषमा स्वराज ने निर्देश दिए कि शत-प्रतिशत घरों में शौचालय का निर्माण किया जाना है। इसके लिए आवशयक हैं कि सघन प्रचार-प्रसार के जरिए वातावरण का निर्माण ग्रामीण क्षेत्रों में उत्पन्न किया जाए। लोगों के मानस में इस बात की गहरी पैठ की जाए कि शौचालय का निर्माण अत्यंत आवश्यक हैं। बैठक में मनरेगा योजना के जमीनी स्तर पर क्रियावंयन, रोजगार की स्थिति एवं योजना की विभिन्न्‍ स्तरों पर व्यवहारिकता की जानकारी श्रीमती स्वराज ने प्राप्त की। उन्होंने यह भी जाना की कहीं किसी स्तर पर संशोधन या सुधारों की जरूरत है तो वे क्या हो सकते हैं। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना की समीक्षा में निर्देश दिए कि जो सड़कें वन क्षेत्र से गुजर रही हैं, उनके पूर्ण निर्माण के लिए ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग उन सड़कों की उन्नयन की श्रेणी में रखे, ताकि उनका संपूर्ण निर्माण हो सके। वन विभाग को भी आवश्यक सहयोग के निर्देश दिए गए। बैठक में वाटर शेड, ग्रामीण आजीविका मिशन, इंद्रा आवास, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क की भी समीक्षा की गई।
नीम पौधा रोपण पर आधारित फिल्म देखी
     बैठक में श्रीमती सुषमा स्वराज में नीम पौधारोपण की योजना पर तैयार की गई फिल्म को देखकर उसकी सराहना की। कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने इस वर्ष जिले में शुरू किए गए नीम वृक्षारोपण योजना की जानकारी दी। श्रीमती स्वराज ने इसे सराहनीय बताया। श्रीमती स्वराज ने देवास माता टेकरी पर बनाए गए वर्मी कम्पोस्ट इकाईयों की जानकारी लेते हुए इसकी भी सराहना की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की बेहतरी के लिए संचालित की जा रही, योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण ढंग से क्रियांवयन किया जाए। योजनाएं एवं इसके तहत होने वाले कार्य कसौटी पर खरे उतरें। मैदानी क्षेत्रों में व्यवहारिक स्थिति के आधार पर संरचनाओं का निर्माण हों, जैसे- बड़े नदी-नालों पर बड़ी जल संचनाएं निर्मित की सकती है।
17 हजार से अधिक शौचालय बने
     बैठक में स्वच्छ भारत मिशन के तहत जानकारी दी गई कि गत मार्च माह तक जिले में 17198 शौचालयों का निर्माण किया गया है। इनमें 9350 एपीएल एवं 7848 बीपीएल घरों में शौचालय निर्मित हुए हैं। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 166 सड़कों में से 158 सड़कें पूर्ण कर ली गई हैं।
लोक सेवा केंद्र भवन का लोकार्पण किया
     अपने कन्नौद प्रवास पर केंद्रीय विदेश मंत्री श्रीमती सुषमा स्वराज ने लोक सेवा गारंटी केंद्र के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण भी किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, कलेक्टर एवं एसपी उपस्थित थे।
क्रमांक 66/407/12-06-2015                        (फोटो-संलग्न)









     

No comments:

Post a Comment