Tuesday, 2 June 2015

दिनांक 02 जून 2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

जनसुनवाई में समस्याओं का हुआ त्वरित निराकरण

----------------------------

कलेक्टर स्तर पर जनसुनवाई में आए 116 आवेदन

    देवास 02 जून 2015/कलेक्टर स्तर पर जनसुनवाई में आज मंगलवार को मल्हार स्मृति मंदिर में 116 आवेदकों ने कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी के समक्ष अपने आवेदन पत्र प्रस्तुत किए। कलेक्टर द्वारा सभी पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर श्री प्रबल सिपाहा सहित सभी संबंधित जिला अधिकारी उपस्थित थे।
नियमित रूप से नहीं आतीं सुपरवाइजर 
    आवेदक जयराम, तकेसिंह, अरूण कुमार आदि निवासी ग्राम चौबाराधीरा तहसील टोंकखुर्द ने आवेदन देकर बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र चौबाराधीरा में पदस्थ महिला सुपरवाइजर अपने मुख्यालय पर निवास नहीं करती बल्कि देवास से अप-डाउन करती हैं। एक सप्ताह में केवल एक या दो दिन कार्य पर उपस्थित होती हैं और उपस्थिति पंजी पर पूरे सप्ताह के हस्ताक्षर करती हैं। प्रकरण में कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को जांच कर उचित कार्यवाही के निर्देश दिये।
बैंक से नो ड्यूज दिलवायें
    आवेदक श्यामलाल पिता जगन्नाथ निवासी ग्राम भमोरी तहसील बागली ने आवेदन दिया कि उसके भाई ने (जो उससे अलग रहता है) बैंक ऑफ इंडिया शाखा करनावद से लगभग 10 वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री स्वरोजगार योजना अन्तर्गत्‍ ऋण लिया था। आवश्यकता पड़ने पर जब वह बैंक ऑफ इंडिया शाखा करनावद से नो ड्यूज प्रमाण पत्र लेने गया तो उसे यह कहकर इंकार कर दिया गया कि उसके भाई पर ऋण बकाया है। उसे नो ड्यूज प्रमाण पत्र दिलवाया जाये। प्रकरण में कलेक्टर ने जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक को कार्यवाही के निर्देश दिये।
आने जाने का रास्ता खुलवाया जाये
    आवेदक अशोक, राजू, संजु, जयशंकर कैलाश आदि निवासी ग्राम विजयागंजमंडी तहसील देवास ने आवेदन दिया कि उनके घर आने-जाने के रास्ते को अन्य ग्रामीण द्वारा अवैध रूप से गुमटी रखकर बंद कर दिया गया है। इस संबंध में ग्राम पंचायत को आवेदन भी दिया, किन्तु कार्रवाई नहीं हुई। प्रकरण में कलेक्टर ने तहसीलदार देवास को कार्रवाई के निर्देश दिये।
खपत अनुसार विद्युत बिल दिया जाये
    आवेदिका जानूबाई पति तेजूलाल निवासी रेवाबाग देवास ने आवेदन देकर बताया कि वह गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करती है। उसके घर केवल एक बल्ब्‍ एवं एक पंखा चलता है, जिसका विद्युत विभाग द्वारा 5 हजार रूपये का बिल दिया गया है। बिल की राशि कम कराई जाये। प्रकरण में कलेक्टर ने विद्युत विभाग को नियमानुसार कार्यवाही के निर्देश ‍दिये।
कनेक्शन कटवाने के बाद भी दिया जा रहा है बिल
    आवेदक ओमप्रकाश पिता भागीरथ मौर्य निवासी संत रविदास नगर देवास ने आवेदन देकर बताया कि उसने  23 जनवरी 2013 को सहायक यंत्री विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड सीनियर झोन देवास के कार्यालय में लिखित में विद्युत कनेक्शन काटने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था। इसके उपरांत भी उसे अप्रैल 2015 में 19 हजार 512 रूपये का बिल दिया गया है। अत: विद्युत बिल माफ कराया जाये। प्रकरण में कलेक्टर ने विद्युत विभाग को नियमानुसार कार्यवाही के निर्देश ‍दिये।
उपस्थिति बढ़ाने के लिए 5 हजार रूपये की रिश्वत मांगी
    आवेदिका अंजली पिता परसराम निवासी 20-बी, गणेशपुरी बालगढ़ रोड देवास ने आवेदन देकर बताया कि मैं वर्ष 2013-14 से में राधे पेरामेडीकल कॉलेज में ओटी तकनीशियन की नियमित छात्रा हूँ। उसने कॉलेज के समस्त प्रकार के शुल्क जमा कर दिये हैं, किन्तु कॉलेज संचालक द्वारा उपस्थिती कम होने के कारण एडमिशन निरस्त करने की बात कही जा रही है। कॉलेज संचालक द्वारा उपस्थिति बढ़ाने के लिए 5 हजार रूपये की मांग की जा रही है। प्रकरण में कलेक्टर ने उच्च शिक्षा विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिये।
मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाया जाये
    आवेदिका सावत्रीबाई पति दुलेसिंह निवासी ग्राम बोडानी तहसील देवास ने आवेदन दिया कि उसका नाम बीपीएल सूची में दर्ज है तथा रहने के लिए कच्चा मकान है। उसे मुख्यमंत्री आवास योजना अन्तर्गत आवास स्वीकृत किया जाये। प्रकरण में कलेक्टर ने सीईओ जनपद पंचायत देवास को कार्रवाई के निर्देश दिये।
क्रमांक 04/345/02-06-2015             (फोटो-संलग्न)
  
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

कलेक्टर के निर्देश पर टेकरी पर शौच एवं गंदगी करने वालों पर कार्रवाई
होमगार्ड के जवानों द्वारा सतत की जा रही निगरानी
     देवास 02 जून 2015/ कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी के निर्देश पर होडगार्ड्स के जवानों द्वारा मां चामुंडा टेकरी पर निर्माणाधीन पाथ-वे के आसपास तथा खुले में शौच एवं गंदगी करने वाले व्यक्तियों के विरूद्ध जुर्माने एवं चालानी कार्रवाई की जा रही है। टेकरी पर शौच एवं गंदगी करते हुए पाये जाने पर 500 रूपए का जुर्माना किया जाकर चालानी कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई सतत जारी रहेगी।
    कमांडेंट होमगार्ड श्री जीपी प्रजापति ने बताया कि टेकरी क्षेत्र का स्वच्छ बनाने एवं खुले में शौच करने वालों की रोकथाम के लिए कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी के निर्देश अनुसार टेकरी पर शौच करने वालों की निगरानी के लिए होमगार्ड के 24 जवानों को तैनात किया गया है, इनमें 4 महिला जवान शामिल हैं। तैनात जवान प्रतिदिन सुबह 5.00 बजे से 9.00 बजे त‍क तथा शाम को 5.00 बजे से रात्रि 9.00 बजे तक निरंतर भ्रमण कर निगरानी कर रहे हैं।
इन पर की गई कार्रवाई
    कमांडेंट होमगार्ड ने बताया कि टेकरी पर शौच करते हुए पाये जाने पर अशोक पिता गोपाल सोलंकी एवं कमल मदनलाल यादव निवासी एरिना राधागंज को तथा मधु पति बनेसिंह एवं सौरमबाई को महिला होमगार्ड राधाबाई ने टेकरी क्षेत्र में शौच के लिए जाते हुए पकड़ा। इनके विरूद्ध 500-500 रूपए की चालानी कार्रवाई की गई।
कचरा फैंकने पर बनाया 500 रूपये चालान
    सीढी मार्ग पर सिंह द्वार के समीप गन्ने के रस की दुकान के संचालक द्वारा टेकरी पर कचरा फैंकते पाये जाने पर 500 रूपये का चालान बनाया गया तथा भविष्य में कचरा फैंकते पाये जाने पर कठोर कार्रवाई किये जाने की चेतावनी दी गई। इसके अलावा प्रसाद विक्रेताओं को भी चेतावनी दी गई कि वे भी दुकान से निकलने वाला कचरा खुले में न फैंकते हुए डस्टबीन में डालें।
इन्हें किया गया है तैनात
    कमांडेंट होमगार्ड ने बताया कि टेकरी पर शौच एवं गंदगी करने वालों पर निगरानी के लिए श्री महेश पाठक (पीसी), श्री शंकरसिंह चौहान (मेजर) के अलावा महिला सैनिक राधा नागदिया, जयन्द्रा तोमर, गुलाब ठाकुर, अन्नु मीणा, ममता मालवीय तथा सैनिक श्री अंतरसिंह, श्री राजगुरू, श्री संतोष कटारे, श्री आत्माराम, श्री भंवरसिंह, श्री चम्पालाल परते, श्री हरनाथ एवं श्री कैलाश देवड़ा को तैनात किया गया है।
क्रमांक 05/346/02-06-2015             (फोटो-संलग्न)
  
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना
वैष्णोदेवी तीर्थ यात्रा 4 जून से
       देवास 02 जून  2015/ मप्र मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत देवास जिले से वैष्णोदेवी तीर्थ के लिए यात्रा 4 जून से 9 जून 2015 तक जाएगी। यात्रा में 143 तीर्थ यात्री एवं 3 अनुरक्षक जाएंगे। कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी द्वारा यात्रियों को मुख्यालय देवास स्थित मल्हार स्मृति मंदिर से रेलवे स्टेशन उज्जैन रवाना करने एवं वापस लौटने पर तीर्थ यात्रियों को लेने के लिए अधिकारियों को नियुक्त किया गया है।
      जारी आदेश अनुसार परियोजना अधिकारी शहरी विकास अभिकरण देवास श्री हरिओम श्रीवास्तव, जिला खाद्य अधिकारी श्रीमती ज्योति जैन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत देवास श्री विनोद कुमार चौहान, अतिरिक्त तहसीलदार श्री विनोद राठौर, खाद्य इंस्पेक्टर देवास श्री धर्मेंद्र वर्मा की ड्यूटी लगाई है।
क्रमांक 06/347/02-06-2015  
पिछड़ा वर्ग पोस्ट मेट्रिक छात्रवृत्ति पोर्टल 15 जून तक खुला
मंत्री श्री आर्य ने विद्यार्थियों से की लाभ लेने की अपील
    देवास 02 जून 2015/  राज्य शासन ने पिछड़ा वर्ग पोस्ट मेट्रिक छात्रवृत्ति 2014-15 का लाभ उठाने से वंचित रह गए छात्र-छात्राओं के लिए छात्रवृत्ति पोर्टल गत दिवस से पुन: खोल दिया है। पिछड़ा वर्ग एवं अल्प संख्यक कल्याण मंत्री श्री अंतर सिंह आर्य ने आवेदन से वंचित रह गए छात्र-छात्राओं से इस अवसर का लाभ उठाते हुए 15 जून तक ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की है। श्री आर्य ने कहा कि विद्यार्थी वेबसाइट www.bcwelfare.mp.nic.in पर जाकर उपलब्ध लिंक obc portal 2.0 के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जिन विद्यार्थियों ने ऑनलाइन आवेदन 30 दिसम्बर 2014 के पूर्व लॉक कर दिया है, उन्हें पुन: आवेदन की आवश्यकता नहीं है।
   श्री आर्य ने कहा कि पिछड़ा वर्ग के ऐसे विद्यार्थी जो किसी कारण पहले आवेदन नहीं कर पाए थे, अब ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन एवं आवेदन कर सकते हैं। जिन विद्यार्थियों के ऑनलाइन भरे आवेदन स्थाई रूप से निरस्त किए गए हैं वे भी स्थाई अस्वीकृति के कारण की पूर्ति करते हुए आवेदन-पत्रों को अपडेट कर सकते हैं। उन विद्यार्थियों के लिए भी यह एक मौका है जिन्होंने आवेदन तो ऑनलाइन भरा था पर अंतिम रूप से लॉक नहीं किया था, वे अब अपने आवेदन को अंतिम रूप से लॉक कर सकेंगे। इसी तरह ऑनलाइन शाखा द्वारा विलंब से जानकारी देने से निर्धारित अंतिम तिथि 30 दिसम्बर के बाद अपलोड हुए पाठ्यक्रम में आवेदन न भर पाने से छात्रवृत्ति से वंचित रह गए विद्यार्थी भी आवेदन कर सकेंगे।
   विद्यार्थियों के लिये पोर्टल 1 से 15 जून तक खुला रहेगा। संस्थाओं द्वारा 22 जून 2015 तक अनिवार्य रूप से प्रमाण-पत्रों एवं समस्त अभिलेखों का परीक्षण कर संबंधित जिले के सहायक संचालक को स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। आवेदन 30 जून तक स्वीकृत-अस्वीकृत किए जा सकेंगे। इसके बाद पोर्टल बंद कर दिया जाएगा।
क्रमांक 07/348/02-06-2015  
   
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

राजधानी से लेकर ग्राम पंचायत तक मनेगा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
   देवास 02 जून 2015/ प्रदेश में आगामी 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर राजधानी से लेकर ग्राम पंचायत तक आयोजन होंगे। शुरुआती तैयारियों के संबंध में मंत्रालय में अपर मुख्य सचिव श्रीमती अरुणा शर्मा ने अधिकारियों से चर्चा की। स्कूल शिक्षा विभाग इस आयोजन का नोडल विभाग होगा। गत दिवस प्रमुख रूप से आयुष, गृह, उच्च, तकनीकी और चिकित्सा शिक्षा, कृषि, पशुपालन, राजस्व, उद्योग, नगरीय प्रशासन, जनसंपर्क और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की भूमिका के संबंध में बातचीत हुई।
   श्रीमती शर्मा ने कहा कि संयुक्त राष्ट्रसंघ ने हरसाल 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने का प्रस्ताव पारित किया है। भारत सरकार ने योग पर एक फिल्म का निर्माण कर मार्गदर्शिका भी प्रकाशित की है। भारत सरकार से प्राप्त निर्देशों के मुताबिक कार्यक्रम किए जाने हैं। संपन्न कार्यक्रम की जानकारी भारत सरकार को भेजी जाएगी। जिला कलेक्टर्स भी भारत सरकार की वेबसाइट पर विवरण भिजवाएंगे। श्रीमती शर्मा ने आयोजन के लिए तैयारियाँ प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
35 मिनिट का होगा कार्यक्रम
   जानकारी दी गई कि 21 जून को प्रात: 7 से 7.35 बजे तक पूरे देश में योग कार्यक्रम होगा। राज्य में राजधानी, जिला, विकासखंड और पंचायत मुख्यालय पर बड़े योग कार्यक्रम होंगे। इनमें स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, योग संस्थान, एन.एस.एस., एन.सी.सी., अन्य स्वैच्छिक संगठन, पुलिसकर्मियों और आम नागरिकों की सहभागिता रहेगी।
क्रमांक 08/349/02-06-2015  
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

कॉलेज में फेकल्टी की उपस्थिति सुनिश्चित करने लगेंगी बायो-मेट्रिक मशीन
   देवास 02 जून 2015/ प्रदेश के सभी शासकीय कॉलेज में स्टाफ और फेकल्टी की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करवाने के लिए इंटरनेट बेस्ड बायो-मेट्रिक मशीन लगवायी जायेंगी। इससे स्टाफ और फेकल्टी के आने और जाने का समय रिकार्ड होगा। उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री उमाशंकर गुप्ता ने शीघ्र यह मशीन लगवाने के निर्देश प्राचार्यों को दिए हैं।
   श्री गुप्ता ने बताया है कि दूसरे चरण में क्लास-रूम में भी बायो-मेट्रिक मशीन लगवायी जायेंगी। इसमें विद्यार्थी और फेकल्टी की उपस्थिति दर्ज होगी। इस प्रक्रिया को एनआईसी के जरिये उच्च शिक्षा विभाग के पोर्टल पर भी दिखाया जायेगा। उन्होंने कहा है कि कॉलेजों में स्टाफ के समय पर उपस्थित नहीं होने की शिकायतें लगातार मिलने के कारण बायो-मेट्रिक मशीन लगवाने का निर्णय लिया गया है। इसके द्वारा पूरे प्रदेश में कॉलेज के स्टाफ और फेकल्टी की अटेंडेंस की मॉनीटरिंग की जायेगी।
क्रमांक 09/350/02-06-2015  
फोटो-जनसुनवाई में आवेदन देते आवेदक।






No comments:

Post a Comment