Thursday, 4 June 2015

दिनांक 04 जून 2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र ॥

बीमा योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जिले में अभियान सतत जारी
एसडीएम ने बैठक में संबंधितों को दिए निर्देश
    देवास 04 जून 2015/ भारत शासन द्वारा शुरू की गई प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, जीवन ज्योति बीमा येाजना तथा अटल पेंशन योजनाओं के लाभ आम आदमी को दिलवाने के लिए जिले में कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी के निर्देश पर अभियान सतत जारी है। सभी एसडीएम अपने स्तर पर बैठकें लेकर मैदान अमले को दिशा निर्देशित कर रहे हैं। एसडीएम देवास श्री धीरज श्रीवास्तव ने गुरूवार को जनपद पंचायत के सभाकक्ष में ग्रामीण कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे ग्रामीणों में इन योजनाओं का प्रचार-प्रसार करके अधिकाधिक फॉर्म भरवाएं। बैठक में तहसीलदार एवं अन्य संबंधित उपस्थित थे।
    बैठक में पंचायतों के सचिव, पटवारी, महिला-बाल विकास के कर्मचारी, कृषि विभाग, शिक्षा विभाग तथा अन्य विभागों का मैदानी अमला उपस्थित था। बैठक में बताया कि आगामी 15 जून अंतिम तिथि तक अनिवार्य रूप से ग्रामीणों के फॉर्म जमा करवाए जाएं। योजनाएं आम आदमी के लिए अति महत्वपूर्ण हैं, ज्यादा से ज्यादा व्यक्तियों को इनका लाभ दिलवाया जाए। प्रत्येक कर्मचारी अपने लिए लक्ष्य निर्धारित करके समय सीमा में फॉर्म भरवाए।
    बैठक में बताया गया कि फॉर्म की फोटोकॉपी भी मान्य है। कर्मचारी फॉर्म भरवा कर बैंकवार जानकारी प्रस्तुत करें। उक्त बीमा योजनाओं की विस्तृत जानकारी अमले को दी गई। फॉर्म में दिए गए कॉलमों में जैसे, नाम, पता, मोबाइल नंबर, बैंक खाता  नंबर, नामिनी आदि संबंध में साफ-साफ जानकारी भरने के निर्देश दिए गए।
क्रमांक 13/354/04-06-2015            (फोटो-संलग्न)
श्रीमती मधु नायक को पीएचडी की उपाधि
    देवास 04 जून 2015/ देवास नायब तहसीलदार श्रीमती मधु नायक को देवी अहिल्‍या विश्वविद्यालय द्वारा राजनीति विज्ञान में शोध प्रबंधन पर पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई है। डॉ. कमलेश व्यास के निर्देशन में श्रीमती नायक द्वारा राजनीति विज्ञान के तहत मानव अधिकार तथा पुलिस प्रशासन, महिला एवं बच्चों के अधिकारों के विशेष संदर्भ में एक समीक्षात्मक अध्ययन (इंदौर जिले के विशेष संदर्भ में) पर डॉक्टर ऑफ फिलासफी की उपाधि विश्वविद्यालय द्वारा प्रदान की गई।
क्रमांक 14/355/04-06-2015            (फोटो-संलग्न)
मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की नई वेबसाइट लॉच
   देवास 04 जून 2015/ मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा नई वेबसाइट Beta Version www.mppscdemo. की लॉचिग आयोग के अध्यक्ष श्री अशोक कुमार पाण्डेय द्वारा की गई। इस अवसर पर आयोग के सदस्य डॉ. विपिन ब्यौहार, प्रो. एस.पी. गौतम एवं सचिव श्री मनोहर दुबे ने वेबसाइट की महत्ता एवं नई वेबसाइट में उपलब्ध सामग्री की जानकारी दी।
   नई वेबसाइट में परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा की जानकारी, विज्ञापन, पाठ्यक्रम, पिछली परीक्षाओं के उपलब्ध प्रश्न-पत्र, परीक्षा परिणाम, आदर्श उत्तर कुंजी, आर.टी.आई. संबंधी जानकारी, प्रेस रिलीज एवं रिक्रूटमेंट इन प्रोग्रेस, रिक्रूटमेंट डन आदि की जानकारी के माध्यम से आयोग द्वारा जारी प्रत्येक विज्ञापन की अद्यतन स्थिति उपलब्ध करवाई गई है। आयोग की बिल्डिंग, चेयरमेन मेसेज, मिशन स्टेटमेंट, वर्तमान आयोग के पदाधिकारी, आयोग के पूर्व अध्यक्ष, सचिव की जानकारी भी वेबसाइट पर उपलब्ध है। इसके अलावा परीक्षाओं के लिए उपयोगी जानकारी भी वेबसाइट पर उपलब्ध करवाई गई है।
   नई वेबसाइट की लिंक आयोग की वर्तमान वेबसाइट www.mppsc.nic.in एवं www.mppsc.com पर उपलब्ध रहेगी। ट्रायल अवधि समाप्ति के बाद नई वेबसाइट को www.mppsc.nic.in और www.mppsc.com पर हस्तांतरित किया जायेगा।
क्रमांक 15/356/04-06-2015
महिलाओं को उद्योग लगाने पर ब्याज में सात वर्ष तक छूट

महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में क्रांतिकारी कदम

महिला-बाल विकास मंत्री ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया

    देवास 04 जून 2015/महिला-बाल विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने महिलाओं द्वारा उद्योग लगाने पर सात वर्ष तक ब्याज में छूट देने की घोषणा पर मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का अभिनंदन और आभार व्यक्त करते हुए इसे महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में क्रांतिकारी कदम बताया है।
   महिला-बाल विकास मंत्री श्रीमती सिंह ने मुख्यमंत्री श्री चौहान को लिखे पत्र में कहा कि उद्योग लगाने पर सात वर्ष तक ब्याज में छूट मिलने से पूरे प्रदेश में महिलाओं के आत्म-विश्वास में और वृद्धि हुई है। महिलाओं के प्रति आपकी यह संवेदनशीलता पूरे देश के लिये प्रेरक है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा आधी आबादी को सशक्त बनाने की मंशा इस घोषणा से न केवल पूरी होगी बल्कि पूरे देश के लिये प्रेरक भी बनेगी।
   श्रीमती सिंह ने पत्र में कहा कि महिला पंचायत के बाद निरंतर आपके द्वारा किये जा रहे इन प्रयासों से महिलाओं में आगे बढ़ने की प्रेरणा का संचार हुआ है। आपने उन्हें समाज में मुख्य भूमिका में आने के भरपूर अवसर उपलब्घ करवाये हैं। आजादी के बाद मध्यप्रदेश में पहली बार महिलाओं को अपनी ताकत का अहसास हुआ है और उनका आत्मबल बढ़ा है। श्रीमती सिंह ने इस घोषणा के लिये पूरे प्रदेश की महिलाओं की ओर से मुख्यमंत्री का आभार और अभिनंदन किया है।
क्रमांक 16/357/04-06-2015






No comments:

Post a Comment