Monday, 1 June 2015

दिनांक 01 जून 2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

कम लागत में अधिक उत्पादन के उपाय अपनाएं
कृषि विज्ञान मेले के शुभारंभ अवसर पर प्रभारी मंत्री श्री पटवा ने कहा
----------
    देवास 01 जून 2015/  किसान खेती की उन्नत तकनीकों का उपयोग कर फसल उत्पादन बढ़ाने और कृषि में लगने वाली लागत कम करने के तरीके अपनाएं। इसके लिए रासायनिक उर्वरकों एवं दवाओं के स्थान पर जैविक खाद एवं जैविक दवाओं का उपयोग करें। साथ ही उन्नत कृषि यंत्रों का उपयोग करें।
    प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति राज्यमंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री सुरेंद्र पटवा ने आज सोमवार को कृषि उपज मंडी प्रागंण क्रमांक 2 में आयोजित जिला स्तरीय कृषि विज्ञान मेले के शुभारंभ अवसर पर उक्त विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा एवं उच्च शिक्षा राज्यमंत्री श्री दीपक जोशी, विधायक खातेगांव श्री आशीष शर्मा, कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी, पुलिस अधीक्षक श्री अभय सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक सिंह, विधायक प्रतिनिधि श्री दुर्गेश अग्रवाल, श्री बहादुर मुकाती के अलावा कृषि वैज्ञानिक, कृषि एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में कृषकगण उपस्थित थे।
खेती का लेखा-जोखा रखें
    कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए प्रभारी मंत्री श्री पटवा ने किसानों से कहा कि जिस तरह व्यावसाय करने वाले व्यक्त्‍िा अपने व्यवसाय का विस्तृत लेखा-जोखा रखते हैं, उसी तरह किसान भी अपनी खेती का लेखा-जोखा रखें। इससे उन्हें पता रहेगा कि खेती में कितनी लागत आई और उत्पादन से कितनी आमदनी हुई तथा कितना लाभ हुआ। उन्होंने कहा कि प्रदेश शासन द्वारा किसानों की उन्नति के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश के किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण मुहैया कराया जा रहा है। साथ ही सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। किसानों की उपज का सही मूल्य मिले, इसके लिए सरकार समर्थन मूल्य पर किसानों की उपज खरीद रही है।
नवीन तकनीकों का ज्ञान लें
    स्कूल शिक्षा एवं उच्च शिक्षा राज्यमंत्री श्री दीपक जोशी ने किसानों से कहा कि वैज्ञानिकों द्वारा बताई जाने वाली नवीन कृषि तकनीकों को ध्यानपूर्वक सुने, उनका ज्ञान लें तथा उन्हें अपनाकर अधिकाधिक उत्पादन प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि खेती को लाभ का धंधा बनाना एवं किसान को उपज का सही मूल्य दिलाना, प्रदेश के मुख्यमंत्री का ध्येय है। श्री जोशी ने कहा कि नर्मदा-शिप्रा लिंक योजना से आगामी सिंहस्थ के पश्चात नदी को दोनों तटों के 5 से 7 किमी की सीमा में आने वाले गांवों में पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार शीघ्र ही नर्मदा-कालीसिंध नदी को जोड़ने की योजना पर कार्य शुरू करेगी।
अधिक से अधिक लाभ प्राप्त करें
    विधायक श्री आशीष शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि किसान खेती के आधुनिक तरीकों को अपनाकर खेती को लाभ का धंधा बनाएं। उद्यानिकी फसलों की खेती करे अधिक से अधिक लाभ प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा कृषकों के लिए कई योजनाएं संचालित की गई है। किसान उनका लाभ उठाएं। खेत की मिट्टी का परीक्षण जरूर कराएं तथा जिले के उन्नत कृषकों के खेतों में फसलों का अवलोकन करें। मेले में कृषि वैज्ञानिकों के व्याख्यानों को ध्यान से सुने तथा उन्हें अपनाएं।
कम लागत में अधिक उत्पादन की तकनीक हर खेत में पहुंचे
    कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने कहा कि कम लागत में अधिक उत्पादन लेने की तकनीक हर खेत में पहुंचे तथा किसानों को कृषि संबंधी नवीनतम तकनीकों की जानकारी देने के उद्देश्य से प्रदेश में कृषि महोत्सव मनाया जा रहा है। इसी के तहत जिला स्तर पर कृषि विज्ञान मेलों का आयोजन किया जा रहा है। कृषि वैज्ञानिक निरंतर कम पानी में पकने वाली एवं कम बीमारी लगने वाली किस्मों की खोज में लगे हैं। उन्होंने कहा कि किसान जैविक खाद एवं जैविक दवाओं का प्रयोग कर अधिक से अधिक उत्पादन प्राप्त करें। किसान मेले में दी गई जानकारी एवं कृषि तकनीकों को अपनाए और खेती में निरंतर प्रगति करें।
किसानों को लाइसेंस वितरित किए
    सम्मेलन में अतिथियों द्वारा नवीन बीज उत्पादकों समितियों को लाइसेंस के वितरण किया गया। साथ ही जिला स्तरीय सर्वोत्तम कृषक पुरस्कार के तहत किसानों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्री मनोज दुबे ने किया तथा आभार परियोजना संचालक आत्मा श्री यूएस जादौन ने माना।
    स्टॉलों का किया अवलोकन
    इसके पूर्व प्रभारी मंत्री श्री पटवा एवं उच्च शिक्षा राज्यमंत्री श्री जोशी तथा अन्य अतिथियों द्वारा शासकीय विभागों एवं खाद, बीज, दवाई एवं कृषि यंत्र निर्माताओं एवं विक्रेताओं द्वारा कृषि विज्ञान मेले में लगाये गये स्टॉलों का अवलोकन भी किया गया।
क्रमांक 01/342/01-06-2015              (फोटो-संलग्न)
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

डॉक्टरों एवं अन्य स्टॉफ की नियुक्ति करें

टीएल बैठक में कलेक्टर ने सीएमएचओ को दिये निर्देश

     देवास 01 जून 2015/  जिले में जिन स्वास्थ्य केन्द्रों पर डॉक्टरों एवं आवश्यक स्टॉफ के पद रिक्त हैं, वहां पर डॉक्टरों एवं आवश्यक स्टॉफ की नियुक्ति की जाये। साथ ही सभी डॉक्टर्स अपने मुख्यालय पर रहना सुनिश्चित करें, जिससे कि जिले में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा सकें।
     कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने आज सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में सम्पन्न लंबित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में उक्त निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिये। बैठक में अपर कलेक्टर श्री प्रबल सिपाहा, सभी एसडीएम तथा सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
आरबीसी 6/4 के प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करें
     कलेक्टर श्री अवस्थी ने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिये कि आरबीसी 6/4 के प्रकरणों का शीघ्र एवं प्राथमिकता से निराकरण करें। साथ ही सड़क दुर्घटना में घायलों एवं मृतकों के वैध वारिसों को शासन के नियमानुसार नियत समयसीमा में सहायता राशि प्रदान की जाना सुनिश्चित करें। ऐसे मामलों में संवेदनशीलता से कार्य करें।
जाति प्रमाण पत्र बनाने के कार्य में वांछित प्रगति लायें
     कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी एवं डीपीसी को निर्देश दिये कि जाति प्रमाण पत्र बनाने के कार्य में वांछित प्रगति लायें। आगामी 9 जून तक स्कूलों से शतप्रतिशत आवेदन प्राप्त कर लोक सेवा केन्द्रों में जमा करायें। उन्होंने अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि आवेदन प्राप्त होने के उपरांत उनका शीघ्रता से निराकरण करें।
10 जून तक सीमांकन प्रकरणों का निराकरण करें
     कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिये कि आगामी 10 जून तक सीमांकन के शतप्रतिशत प्रकरणों का निराकरण किया जाये। पटवारियों का दल बनाकर इस कार्य को प्राथमिकता से निपटायें। कलेक्टर ने महिला सशक्तिकरण अधिकारी को निर्देश दिये कि भिक्षावृत्ति करते हुए पाये जाने वाले बच्चों को आवासीय विद्यालय में प्रवेश दिलाया जाये।
सचिव, सरपंच को शौचालय निर्माण के लिए निर्देशित करें
     कलेक्टर ने निर्देश दिये कि स्कूलों में शौचालय निर्माण कार्य में प्रगति लायें। जिन स्कूलों में शौचालय निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हुए हैं उनसे संबंधित ग्राम पंचायतों के सचिव, सरपंच एवं अन्य शासकीय सेवकों की बैठक लेकर उन्हें कार्य प्रारंभ करवाने के लिए निर्देशित किया जाये। शौचालय निर्माण कार्य की मॉनीटरिंग के लिए तैनात अधिकारी नियमित रूप से भ्रमण कर निर्माण कार्य की स्थिति से अवगत करायें।
समय सीमा में कार्य पूर्ण कर हस्तांतरित करें
     कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग एवं पीआईयू विभाग को निर्देश‍ दिये कि विभिन्न विभागों के भवन निर्माण, बाउण्ड्रीवॉल निर्माण तथा अन्य निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करें तथा यथाशीघ्र संबंधित विभाग को हस्तांतरित करें। जो कार्य प्रारंभ नहीं हुए हैं उनको प्राथमिकता से प्रारंभ करायें।
क्रमांक 02/343/01-06-2015                       (फोटो-संलग्न)

प्रयोगशाला तकनीशियन को नहीं मिलेगा लेखापाल का प्रभार

उच्च शिक्षा राज्य मंत्री श्री जोशी ने दिये निर्देश

   देवास 01 जून 2015/  प्रयोगशाला तकनीशियन को लेखापाल अथवा मुख्य लिपिक का प्रभार नहीं दिया जायेगा। सभी महाविद्यालय में लेखापाल के रिक्त पदों को पदोन्नति से समय-सीमा में भरा जाये। उच्च एवं स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री श्री दीपक जोशी ने यह निर्देश आयुक्त उच्च शिक्षा को दिये हैं।
   श्री जोशी ने कहा है कि लेखापाल उपलब्ध नहीं होने पर लेखा परीक्षा उत्तीर्ण सहायक ग्रेड-2 एवं सहायक ग्रेड-3 को प्रभार दिया जाये। उन्होंने कहा है कि एक ही महाविद्यालय में 3 वर्ष से अधिक समय से पदस्थ मुख्य लिपिक, लेखापाल ओर सहायक वर्ग-2 को अन्य महाविद्यालय में स्थानांतरित किया जायेगा। श्री जोशी ने कहा है कि किसी प्राचार्य द्वारा प्रयोगशाला तकनीशियन को लेखापाल का कार्य देने पर उनके विरुद्ध भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जायेगी।
क्रमांक 03/344/01-06-2015   



No comments:

Post a Comment