Monday, 22 June 2015

दिनांक 22 जून 2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
ग्रामीण विकास विभाग आमजन के भले के लिए तेजी से कार्य करें
आवश्यक राशियां तुरंत जारी करें
कलेक्टर ने लंबित पत्रों की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
------------
    देवास 22 जून 2015/ सुस्ती से काम नहीं चलने वाला है, आम लोगों के भले के लिए ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारी तेजी से कार्य करें। आंगनवाड़ियों, कुओं के लिए लंबित राशियां तुरंत जारी करें। यह निर्देश सोमवार को लंबित पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने दिए। उन्होंने जिला पंचायत के अधिकारियों को आगामी गुरूवार तक लंबित हितग्राही प्रकरणों के निराकरण उनके समक्ष प्रस्तुत करने को कहा।
    कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने एकीकृत आदिवासी विकास परियोजना के तहत करवाए गए कार्यों का भौतिक सत्यापन करवाने और छाया चित्र मंगवाने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण में गुणवत्ता की कमी पाई जाने पर एफआईआर पाई जाएगी। बैठक में सभी एसडीएम, जिला स्तरीय अधिकारी, तहसीलदार एवं सभी संबंधित उपस्थित थे।
जाति प्रमाण पत्रों के लिए 25 जून तक आवेदन जमा हो जाएंगे
    स्कूली विद्यार्थियों के लिए जाति प्रमाण पत्रों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा बढ़ती जा रही लेटलाली पर सख्त नाराजगी जाहिर व्यक्त करते हुए फटकार लगाई। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा कहा गया कि सभी विद्यार्थियों के आवेदन-पत्र आगामी 25 जून तक राजस्व अधिकारियों के पास जमा करवा दिए जाएंगे। बताया गया कि 1 लाख 97 हजार जाति प्रमाण पत्र बनाए जाना है। इनमें से 56 हजार 988 प्रमाण पत्रों का बनना शेष है। समीक्षा में कलेक्टर द्वारा जिला शिक्षा कार्यालय के पास उपलब्ध डाटा भी सही नहीं पाया गया।
स्कूली टायलेट निर्माण तेजी से पूर्ण करें
    बैठक में कलेक्टर ने स्कूलों में टायलेटस निर्माण की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि इन्हें समय सीमा में पूर्ण करते हुए परिसरों में पौधे अनिवार्य लगाए। बताया कि कन्नौद विकासखंड में टायलेट निर्माण में देरी आ रही है, क्योंकि पानी की समस्या थी जो अब दूर की गई है।
बीमा योजना में लेतलाली, पटवारी काम नहीं कर रहें
    समीक्षा में कलेक्टर ने प्रधानमंत्री बीमा सुरक्षा योजना, जीवन ज्योति योजना में पाया कि निर्धारित समय सीमा में आमजनता के अपेक्षित संख्या में आवेदन फार्म जमा नहीं हो पा रहे हैं। इस पर कलेक्टर ने कहा कि मैदानी क्षेत्र में पटवारियों द्वारा काम नहीं किया जा रहा है। एसडीएम और तहसीलदार पटवारियों की बैठक पुन: लेंवे उन्हें सख्ती के साथ बीमा योजना के आवेदन आमजन से प्राप्त करने की ताकित करें। इस संबंध में तहसीलदार देवास द्वारा ढिलाई बरतने पर नाराजगी व्यक्त की।
श्रेष्ठ पांच पंचायत पुरस्कृत होंगी
    बीमा योजना की समीक्षा में कलेक्टर ने कहा कि उक्त दोनों योजनाओं में श्रेष्ठ कार्य करने वाली प्रथम पांच ग्राम पंचायतें पुरस्कृत की जाएंगी। उन्हें प्रमाण पत्र के साथ नगद राशि दी जाएंगी। कलेक्टर ने प्रत्येक विकासखंड में जनसंख्या के अनुपात में एक निश्चित लक्ष्य फॉर्म भरवाने के लिए जनपद सीईओ को दिए।


दुर्घटना में मृतक परिजनों को सभी हितकारी योजनाओं का लाभ्‍ दिलाएं
    बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियेां को निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली विभिन्न मृत्यु के प्रकरणों में मृतक के आश्रितों या परिजनों को शासन द्वारा जिस अधिकतम सीमा में आर्थिक सहायता दी जा सकती है, वे सभी दिलवाई जाएं। परिजन को राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना का लाभ्‍ दिलाया जाए। जनश्री बीमा योजना का लाभ भी मिले, सोलेसियम की राशि भी मिले। कलेक्टर ने सड़क दुर्घटनाओं के लंबित सहायता प्रकरणों की जानकारी अभियान के रूप में संकलित करके जिला स्तर पर भिजवाने के निर्देश भी दिए। इसी तरह कलेक्टर आरबीसी 6-4 के तहत दावा प्रकरणों में शत-प्रतिशत वितरण आगामी 7 दिनों में पूर्ण करने के निर्देश सभी तहसीलदारों को दिए।
जून माह की पेंशन राशि तत्काल खातों में डाली जाएं
    कलेक्टर ने सामाजिक सहायता योजनाओं में हितग्राहियों को पेंशन राशि समय सीमा में नियमित रूप से मुहैया कराने के निर्देश देते हुए जून पेड इन जुलाई राशि तत्काल खातों में जमा करवाने की कार्रवाई शुरू करने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि पेंशन हितग्राहियों का नियमित रूप से सत्यापन ग्राम पंचायत के सचिवों द्वारा किया जाना चाहिए। सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि जनपद पंचायतों को निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करें कि पेंशन आवेदन लंबित तो  नहीं है।
सावधानी सूचक बोर्ड लगवाएं
    वर्षा ऋतु के मद्देनजर कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि पुल-पुलियाओं पर समय से सावधानी सूचक बोर्ड लगवाना अत्यंत आवश्यक है। विभाग को यह कार्य एक निश्चित समय तय करके पूर्ण कर लेना चाहिए। इसके साथ ही जहां जरूरी है वहां ड्राप गेट भी लगवाएं।
पशु टीकाकरण नहीं दिख रहा है
    पशु चिकित्सा की ढीली कार्य प्रणाली पर नाराजी व्यक्त करते हुए  कलेक्टर ने उन्हें मैदानी क्षेत्र में वर्षा ऋतु के दृष्टिगत पशुओं में मौसमी बीमारियों की रोकथाम के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जिले में कहीं भी पशु टीकाकरण नहीं दिख रहा है। यदि काम होता है तो नजर नहीं आता है।
बीज निगम से शत-प्रतिशत बीज मात्रा का उठाव करें
    खरीफ मौसम में किसानों के लिए कलेक्टर द्वारा खाद, बीज उपलब्धता की समीक्षा में निर्देश दिए कि प्रदेश के बीज निगम द्वारा जिले के लिए रखे गए बीज स्टॉक का शत-प्रतिशत मात्रा में उठाव किया जाए। किसानों को खाद, बीज व कृषि आदानों की कमी नहीं आए। किसानों को प्रमाणित बीज उपलब्ध करवाया जाए।
बीज चेकिंग में राजस्व अधिकारी भी साथ रहे
    कलेक्टर ने किसानों को गुणवत्ता युक्त बीज उपलब्ध कराने के संबंध में निर्देश दिए कि विक्रेताओं की दुकानों की सघन जांच पड़ताल की जाए। कृषि अधिकारी के साथ-साथ निरीक्षण के दौरान तहसीलदार  भी रहेगा। कलेक्टर ने कहा कि जिले के बागली क्षेत्र में आदिवासी किसानों को मोटर साइकिलों पर लाकर गुजरात का रिजेक्टेड बीज बेचने की सूचनाएं मिल रही है। यह गंभीर अपराध है, इस पर अंकुश लगाकर इसकी पड़ताल की जाकर एफआईआर करवाई जाएं।


सांसद आदर्श ग्राम में कार्य करवाएं, उद्यानिकी विभाग द्वारा अच्छा कार्य
    बैठक में कलेक्टर ने खातेगांव विकासखंड के चयनित सांसद आदर्श ग्राम अजनास में माइक्रो वाटर शेड स्वीकृत करने, एग्रो फारेस्टी कार्य शुरू करने, वर्मी कम्पोस्ट यूनिट स्थापित करने, पशुओं के लिए शेड निर्मित करवाने, डेयरी प्रकरण तैयार करने और मनरेगा कन्वरजेंस से फलोद्यान लगाने सहित ग्रामीण विकास विभाग के तहत करीब डेढ़ करोड़ रूपए के कार्य शुरू करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। अजनास में उद्यानिकी विभाग द्वारा कि जा रही फलोद्यान गतिविधियों की कलेक्टर ने प्रशंसा की। मुख्यमंत्री आवास मिशन के हितग्राहियों के आवास निर्माण शीघ्र शुरू करवाने के लिए आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति करवाने के साथ ही अन्य कार्यों के निर्देश भी दिए।
शुद्ध पेयजल के लिए क्लोरीनेशन अभियान चलाया जाए
    कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल उपलब्धता के लिए क्लोरीनयुक्त पानी का अभियान संचालित करने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए। साथ ही पीएचई विभाग को बिगड़े हैंड पंपों के सुधार के भी निर्देश दिए।
नीम बीज रोपण सतत जारी रहे
    जिले में शुरू किए गए नीम बीज रोपण अभियान की चर्चा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी नीम बीज रोपण में व्यक्तिगत रूची लेकर इस अभियान को सतत जारी रखें। अधिकारियों द्वारा इस कार्य में ढिलाई नहीं बरती जाएं। कलेक्टर ने कहा कि खातेगांव विकासखंड में भी बीज रोपण में तेजी लाई जाएं। एसडीएम खातेगांव ने इस संबंध में जैसी जानकारी दी थी, वैसा वहां नहीं पाया गया है। इस संबंध में सहायक संचालक उद्यानिकी ने बताया कि बरोठा में उनके द्वारा स्थानीय युवकों की टीम तैयार की गई है जो नीम बीज रोपण कार्य की देखभाल कर रही है।
बोवन बेलियां के पौधे लगाए
    देवास माता टेकरी पर किए जा रहे बीज रोपण एवं वृक्षारोपण अभियान का जिक्र करते हुए कलेक्टर ने जिला उद्यानिकी विभाग एवं वन विभाग की भूमिका की  सराहना की। कृषि विभाग के अधिकारी ने बताया कि टेकरी पर उनके द्वारा 1 हजार बांस के पौधे लगाए गए हैं। कलेक्टर ने टेकरी पर विभिन्न पौधा रोपण के मध्य खाली स्थानों में बोवन बेलियां का रोपण करने को कहा। इसके साथ ही जिले में सहकारी समितियों के परिसर में पांच-पांच पौधे लगाने के निर्देश भी दिए।
        सड़कों पर वृक्षारोपण, चौराहों पर गमले रखेगा नगर निगम
    देवास शहर को खूबसूरत बनाने के लिए कलेक्टर आशुतोष अवस्थी की मुहिम के अंतर्गत नगर निगम शीघ्र ही नगर की सड़कों पर वृक्षारोपण करेगा। महत्वपूर्ण चौराहों पर शो प्लांट युक्त गमले रखेगा। इस आश्य के निर्देश बैठक में निगम आयुक्त को दिए। अभी प्रथम चरण में दो या तीन सड़कों जैसे, बालगढ़ रोड, इटावा से निर्मित नवीन सड़क एवं एक अन्य सर्विस रोड पर वृक्षारोपण किया जाएगा, जो पौधे लगाए जाएंगे वे 5 फीट ऊंचाई से कम नहीं होंगे। इसके अलावा चौराहों पर चंपा, फायकस, पॉम, हाइब्रिड कनेर जैसे, सुंदर पौधों से युक्त गमले रखे जाएंगे। कलेक्टर ने कहा कि नगर के पेट्रोल पंप परिसरों में भी पंप संचालकों को वृक्षारोपण के निर्देश दिए गए हैं।
क्रमांक 119/460/22-06-2015               (फोटो-संलग्न)



जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
गोशालाओं को मिलेगी 24 लाख 70 हजार रूपए आर्थिक सहायता
गोपालन पशुधन संवर्धन समिति की बैठक‍ में हुआ राशि का अनुमोदन
    देवास 22 जून 2015/ जिले की 20 गोशालाओं को इस वर्ष कुल 24 लाख 70 हजार 104 रूपए आर्थिक सहायता मिलेगी। सहायता राशि का सोमवार को आयोजित जिला गोपालन एवं पशुधन संवर्धन समिति की बैठक में अनुमोदन किया गया। मप्र राज्य गोपालन बोर्ड से प्राप्त उक्त राशि गोशालाओं की व्यवस्थाओं एवं विकास के लिए दी जाएगी। बैठक की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने निर्देश दिए कि गोशाला संचालक वास्तविक अर्थों में शासन की मंशा अनुसार गोशालाओं का संचालन करें। बैठक में उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं तथा गोशाला संचालक गण मौजूद थे।
696 रूपए प्रति गोवंश के मान से राशि
    बैठक में बताया गया कि गोशालाओं को दी जा रही आर्थिक सहायता राशि में प्रति गोवंश 696 रूपए दिए जाएंगे। बताया कि देवास श्री सदगुरू कबीर धर्मदास टेकरी रोड गोशाला को उनके वहां उपलब्ध 284 गोवंश के मान से 197664 रूपए, श्री सदगरू नीलकंठ भोलेनाथ रोड गोशाला को 41 गोवंश के लिए 28536 रूपए, मां राधारानी दुर्गापुरा गोशाला को 45 गोवंश के लिए 31320 रूपए, श्री सिद्धविनायक गोशाला आश्रम को 370 गोवंश के लिए 257520 रूपए, श्री वृंदावन धाम ग्राम नागुखेड़ी उज्जैन रोड को 75 गोवंश के लिए 52200 रूपए, आदर्श गोशाला समिति उज्जैन-देवास को 163 गोवंश के लिए 113448 रूपए, ग्राम संवरसी टोंकखुर्द की कुंडलीश्वर गोशाला को 119 गोवंश के लिए 82824 रूपए, खरेली टोंकखुर्द की सार्वजनिक श्री कृष्ण गोशाला को 310 गोवंश के लिए 255760 रूपए, नांदेल टोंकखुर्द की श्री जय बजरंग समिति गोशाला को 225 गोवंश के लिए 156600 रूपए, कालूखेड़ी सोनकच्छ की देवकृपा गोशाला को 60 गोवंश के लिए 41760 रूपए मिलेंगे।
    इसी प्रकार हाटपीपल्या की दयोदय पशु सेवा केंद्र गोशाला को 58 गोवंश के लिए 40368 रूपए, खेडावार बागली की श्री विश्व गोशाला को 395 गोवंश के लिए 274920 रूपए, करनावद की श्री कड़नेश्वर गोशाला को 80 गोवंश के लिए 55680 रूपए, सतवास की कामधेनू गोसदन समिति गोशाला को 416 गोवंश के लिए 289536 रूपए, बावड़ीखेड़ा कन्नौद की श्रीराम गोसेवा समिति गोशाला को 149 गोवंश के लिए 103704 रूपए, लोहरदा की श्री तपस्वी मारूती गोरक्षा सेवा समिति गोशाला को 126 गोवंश के लिए 87696 रूपए, बेहरावद कन्नौद की दयोदय पशु सेवा संघ गोशाला को 176 गोवंश के लिए 122496 रूपए, इकलेरा की श्रीमद भागवत गोसेवा संघ गोशाला को 289 गोशाला को 201144 रूपए, कुमानिया की श्रीकृष्ण गोशाला सेवाधाम को 52 गोवंश के लिए 36192 रूपए तथा संदलपुर-नेमावर के विद्यासागर जीवरक्षा संस्थान को उनके वहां उपलब्ध 116 गोवंश के लिए 80736 रूपए आर्थिक सहायता अनुमोदित की गई।
नवाचार करें, वर्मी यूनिट नॉडेप के लिए मिलेगी 70 प्रतिशत राशि
    बैठक में कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने गोशाला संचालकों से कहा कि गोशालाओं में नवाचार कार्य किए जाएं। प्रशासन हर संभव मदद करेगा। अच्छे कार्य के लिए राशि दी जाएगी। कलेक्टर ने गोशालाओं में वर्मी कम्पोस्ट इकाईयों एवं नॉडेप स्थापनाओं के संबंध में चर्चा करते हुए कहा कि शासन की जनभागीदारी योजना द्वारा इसके लिए कुल लागत की 70 प्रतिशत राशि दी जाएगी। मात्र 30 प्रतिशत राशि ही गोशाला संचालक को मिलाना होगी। गोशालाओं में उपलब्ध गोबर से अच्छी जैविक खाद एवं गोबर गैस बनाई जा सकती है। इससे गोशाला को आमदनी भी होगी।
शेड के अनुपात में ही गायें रखी जाएं
    बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि गोशालाओं में पशुओं को सुविधाजनक आवास मिले, इस दृष्टि से गोशाला संचालक यह सुनिश्चित करें कि गोशाला में छाया के लिए जितने आकार में शेड है, उतनी ही संख्या में गायें रखी जाएं। शेड छोटा होने और पशु संख्या ज्यादा होने पर धूप, गर्मी व बारिश से गायों को अत्यंत परेशानी होती है। कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन शेड निर्माण के लिए भी जनभागीदारी योजना के तहत राशि उपलब्ध कराएगा। इसके लिए आधी राशि शासन की और आधी गोशाला संचालक की रहेगी। इस संबंध में प्रस्ताव जिला योजना कार्यालय को प्राक्कलन सहित दिए जा सकते हैं।
क्रमांक 120/461/22-06-2015
जिले में 175.38 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज
    देवास 22 जून 2015/ जारी मानसून सत्र में जिले के वर्षामापी केन्द्रों पर अभी तक औसत रूप से 175.38 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार जारी मानसून सत्र में अभी तक सर्वाधिक सोनकच्छ में 271, कन्नौद में 214, बागली में 213, उदयनगर में 203, देवास में 142, सतवास में 138 खातेगांव में 112 तथा टोंकखुर्द में 110 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
                 24 घंटे में 28.45 मिमी वर्षा
    पिछले 24 घंटों में 28.45 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जिसमें कन्नौद 58, सोनकच्छ में 47, सतवास में 36, उदयनगर 27.60, बागली में 23, देवास 18, खातेगांव में 12 तथा टोंकखुर्द में 6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।
पिछले साल 11.50 मिमी औसत वर्षा
    अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार गत मानसून सत्र में अभी तक टोंकखुर्द में 65, देवास में 15 एवं सोनकच्छ में 12 तथा कन्नौद, खातेगांव, उदयनगर, बागली, सतवास में शून्य मिमी वर्षा दर्ज की गई।
क्रमांक 121/462/22-06-2015

मेगा जॉबफेयर का आयोजन आज व कल
    देवास 22 जून 2015/ जिला प्रशासन देवास के निर्देशन में जिले के समस्त बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला रोजगार कार्यालय द्वारा 23 जून को प्रातः 11 से 3 बजे तक जिला रोजगार कार्यालय एबी रोड, लालगेट के सामने तथा 24 जून को सुबह 11 से 3 बजे तक आय.टी.आय. परिसर विकास नगर, ए.बी. रोड देवास में मेगा जॉब-फेयर का आयोजन किया जाएगा।
    जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि जॉब फेयर में देवास स्थित कुछ कम्पनियों/इन्श्युरेन्स गुप्र के अलावा पीथमपुर, इन्दौर, भोपाल, मेहतवाडा, सीहोर की निजी कम्पनियों भाग लेगीं। इस जॉबफेयर में आवेदक की उम्र 18 से 35 तक होना चाहिए तथा जॉबफेयर में 5वीं पास से आय.टी.आय. पास एवं उच्च योग्यताधारी एवं अनुभवी भी व्यक्ति सम्मिलित हो सकते हैं। वेतन प्रत्येक कम्पनी द्वारा अलग-अलग कार्य के आधार पर नियमानुसार दिया जाएगा। साथ ही कम्पनी की और से मिलने वाले अन्य लाभ भी दिये जाएंगे। आवेदकों से अनुरोध है कि जॉबफेयर में अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्रों एवं अनुभव प्रमाण पत्रों की फोटो कॉपी तथा दो पासपोर्ट साईज के फोटोग्राफ साथ लेकर आयें। इस प्रयोजन के लिए किसी प्रकार का मार्ग व्यय आदि देय नहीं होगा।
क्रमांक 122/463/22-06-2015



    

No comments:

Post a Comment