Saturday, 6 June 2015

दिनांक 06 जून 2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र ॥

बीमा योजनाओं संबंधी बैठक सम्पन्न
    देवास 06 जून 2015/ विभागीय कार्यों के साथ-साथ भारत सरकार द्वारा प्रारंभ की गई प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, जीवन ज्योति बीमा येाजना तथा अटल पेंशन योजनाओं का लाभ दिलाने का कार्य भी प्राथमिकता से करें। विभागीय अमले के माध्यम से अधिक से अधिक व्यक्यितों को योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास करें।
    सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक सिंह ने शनिवार को जिला पंचायत कार्यालय सभाकक्ष में सम्पन्न योजनाओं के क्रियान्वयन संबंधी बैठक में उक्त निर्देश अधिकारियों को दिये। बैठक में अपर कलेक्टर श्री प्रबल सिपाहा, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक सहित  अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार, बैंकर्स एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
    बैठक में निर्देश दिये गये कि उक्त योजनाओं के फॉर्म में दिए गए कॉलमों में जैसे, नाम, पता, मोबाइल नंबर, बैंक खाता नंबर, नामिनी आदि संबंध में साफ-साफ जानकारी भरें।

अटल पेंशन योजना

    बैठक में बताया गया कि अटल पेंशन योजना के अंतर्गत 18 वर्ष से 40 वर्ष तक की उम्र के व्यक्ति पेंशन का लाभ ले सकते हैं। यह पेंशन उन्हें 60 वर्ष की उम्र के बाद मिलना प्रारंभ होगी। प्रीमियम राशि 42 रूपये से 210 रूपये तक मासिक होगी तथा पेंशन 1 हजार रूपये से 5 हजार रूपये तक मासिक मिलेगी।

 

प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना

     बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत 18 वर्ष से 70 वर्ष की उम्र के सभी व्यक्ति लाभ ले सकते हैं। इसका लाभ लेने के लिए 12 रूपये वार्षिक प्रीमियम जमा करना होगा जो कि हितग्राही के बैंक खाते से काटा जाएगा। प्रीमियम 70 वर्ष की उम्र तक देना होगा। योजना के अंतर्गत दुर्घटना में मृत्यु पर 2 लाख रूपये की राशि तथा स्थाई नि:शक्तता होने पर 1 लाख रूपये की राशि देय होगी।

प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना

     बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना के अंतर्गत 18 वर्ष से 50 वर्ष की उम्र के सभी व्यक्ति लाभ ले सकते हैं। इसका लाभ लेने के लिए 330 रूपये वार्षिक प्रीमियम जमा करना होगा जो कि हितग्राही के बैंक खाते से काटा जाएगा। योजना के अंतर्गत सामान्य अथवा दुर्घटना में मृत्यु पर 2 लाख रूपये की राशि तथा स्थाई नि:शक्तता होने पर 1 लाख रूपये की राशि देय होगी।

क्रमांक 26/367/06-06-2015             (फोटो-संलग्न)
अशासकीय शिक्षण संस्थाओं की मान्यता के लिए अंतिम तिथि 30 जून तक
    देवास 06 जून 2015/शैक्षणिक सत्र 2015-16 से अशासकीय हाई स्कूल एवं हायर सेकेण्डरी स्कूलों को नवीन मान्यता एवं मान्यता का नवीनीकरण कराने के लिए आवेदन प्रक्रिया राज्य शासन द्वारा ऑन लाईन के पोर्टल पर कर दी गई है। अतः अशासकीय हाई स्कूल एवं हायर सेकेण्डरी शालाओं की मान्यता संबंधी कार्य के लिए ऑनलाईन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाईन आवेदन करने की अंतिम तिथी 30 जून 2015 निर्धारित की गई है।
क्रमांक 27/368/06-06-2015


जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र ॥

उत्कृष्ट विद्यालय के विद्यार्थी प्रदेश स्तर पर मेरिट

में नाम रोशन करें-कलेक्टर आशुतोष अवस्थी

उत्कृष्ट विद्यालय प्रबंधन की बैठक संपन्न

      देवास 06 जून 2015/ उत्कृष्ट विद्यालय देवास की प्रबंधन समिति की बैठक शनिवार को आयोजित की गई। बैठक में मौजूद कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने विद्यालय के इस वर्ष के परिणाम पर प्रसन्नता व्यक्त की। निर्देश दिए कि उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रबंधन किए जाए, जिससे यहां के विद्यार्थी प्रदेश स्तर पर मेरिट में अपना नाम रोशन करें। बैठक में विद्यालय प्राचार्य चंद्रावती जाधव, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण दीपेश गुप्ता तथा विद्यालय के स्टाफ उपस्थित था।
    कलेक्टर ने उत्कृष्ट विद्यालय का निरीक्षण भी किया। संचालित गतिविधियों की जानकारी प्राचार्य ने दी। बैठक में विद्यलाय में किए जाने वाले निर्माण कार्यों की जानकारी दी गई। वर्ष 2015-16 में प्रस्तावित निर्माण कार्यों के बारे में बताया गया कि विद्यालय के ए-ब्लॉक के पीछे प्रथम तल पर चार नवीन कक्षों का निर्माण प्रस्तावित है। इनमें से 2 कक्षों का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जा रहा है। बी-ब्लॉक में स्ट्रांग रूम में खाली जगह में परीक्षा कार्य के लिए एक अतिरिक्त कक्ष का निर्माण माध्यमिक शिक्षा मंडल के सहयोग से किए जाने का प्रयास जारी है। विद्यालय के सामने मैदान का भराव करवाकर समतली करण भी कराया जाएगा। विद्यालय के कक्ष क्रमांक 15-16 तथा स्टाफ रूम को डिस्मेंटल किया जाएगा। कक्ष क्रमांक 4 का भराव एवं फर्श तैयार करवाएंगे। आगामी सत्र के लिए अध्यापन में रिक्त पदों पर पूर्ति के लिए स्टाफ की आवश्यकता पदवार बताई गई।
    बैठक में 2015-16 सत्र के लिए क्रय किए जाने वाली सामग्री की जानकारी में बताया गया कि आगामी सत्र के लिए इनवेटर, बैटरियां, 10 कम्प्यूटर सेट, सभाग्रह के लिए 100 कुर्सियां एवं वर्चुअल क्लास के लिए सामग्री क्रय की जाएंगी। नवीन कक्षों के निर्माण पश्चात आवश्यकता अनुसार फर्नीचर क्रय किया जाएगा तथा वाटर कूलर भी क्रय करेंगे। बैठक में कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने  निर्देश दिए कि बेहतर से बेहतर शैक्षणिक परिणाम अर्जित करने के लिए प्राचार्य सहित सभी स्टाफ कड़ी मेहनत कर बच्चों को सफलता दिलाएं। इसके लिए अतिरिक्त कक्षाओं की आवश्यकता हो तो वह भी संचालित की जाएं। गुणवत्ता युक्त शिक्षा के हर संभव प्रयास किए जाएं।
क्रमांक 28/369/06-06-2015              (फोटो-संलग्न)                                                                                                                                                                                                                                                                                                                            

ग्राम बैरागढ़ में विधिक साक्षरता शिविर संपन्न

    देवास 06 जून 2015/ जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती सरिता सिंह के मार्गदर्शन में विवाद/शिकायत या विधिक समस्याओं के निराकरण के लिए गत दिवस ग्राम राजोदा में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर तथा लोक अदालत आयोजित की गई।                                                                                                                                                                                                                        
     लोक अदालत में श्री ओपी रघुवंशी रजिस्ट्रार/ सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने उपस्थित ग्रामीणजनों को मौलिक अधिकारों, कर्त्तव्‍यों, महिलाओं के अधिकारों, मध्यस्थता, लोक अदालत एवं स्वच्छता के संबंध में जानकारी दी। इस अवसर पर सरपंच श्री सांईदास, सचिव श्री फारूख एवं अन्य ग्रामीणजन उपस्थित थे।                                                                                                                                                                                                                                                                      
क्रमांक 28/369/06-06-2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र ॥

अभियांत्रिकी सेवा परीक्षा की नवीन तिथि घोषित
   देवास 06 जून 2015/म.प्र.लोक सेवा आयोग इंदौर द्वारा राज्य अभियांत्रिकी सेवा परीक्षा 2014 जो 14 जून 2015 को होने वाली थी की तिथि में संशोधन कर दिया गया है।
   म.प्र.लोक सेवा आयोग के उप सचिव ने बताया कि 14 जून को संघ लोक सेवा अभियांत्रिकी सेवा परीक्षा आयोजित होने के कारण अभ्यर्थियों द्वारा परीक्षा तिथि आगे बढाने का निवेदन किया गया था। आयोग द्वारा अभ्यर्थियों के हित में उक्त परीक्षा की नवीन तिथि 13 सितम्बर 2015 निर्धारित की गई है।
   परीक्षा हेतु प्रवेश पत्र 21 अगस्त 2015 से 11 सितम्बर 2015 तक  www.mponline.gov.in  तथा आयोग की वेबसाईट  www.mppsc.nic.in  एवं  www.mppsc.com  पर उपलब्ध रहेंगे।
क्रमांक 29/370/06-06-2015
मनरेगा अन्तर्गत अब प्रारंभ किये जा सकेंगे नवीन कार्य
   देवास 06 जून 2015/महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजनान्तर्गत अपूर्ण कार्यो को पूर्ण करने के पश्चात् नवीन कार्यो हेतु जिला स्तर से अनुमति प्राप्त की जा सकती है। इस सबंध में मनरेगा परिषद् द्वारा आदेश जारी कर दिए गए। जिन ग्राम पंचायतो में कोई अपूर्ण कार्य शेष नही है उनमें लेबर-बजट अनुसार शेल्फ ऑफ प्रोजेक्ट अंतर्गत चिन्हित नवीन कार्य प्रारंभ किए जा सकते है। इन कार्यो के चिन्हांकन में पंचायत भवन के कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाना है।
    उक्त कार्यवाही कार्यक्रम अधिकारी, जनपद पचायत द्वारा ग्राम पंचायतो में सुनिश्चित कराई जावेगी। ग्राम पंचायत में 60:40 मजदूरी एवं सामग्री अनुपात संधारण की स्थिति नही होने के कारण कृषि एवं कृषि आधारित श्रम बाहुल्य कार्य लिये जा सकेगे। ग्राम पंचायतो में श्रमिको की मांग अधिक होने पर पहले अपूर्ण कार्यो में मस्टर जारी किये जाये। शेष मांग हेतु नवीन कार्यो में सहायक यंत्री की अनुशंसा कर जिला कार्यक्रम समन्वयक या अतिरिक्त जिला कार्यक्रम समन्वयक से अनुमोदन प्राप्त किया जा सकेगा।
क्रमांक 30/371/06-06-2015
विकासखंड स्तरीय कृषि संगोष्ठी आज हाटपीपल्या में
    देवास 06 जून 2015/ विकासखंड स्तरीय कृषि संगोष्ठी का आयोजन रविवार 7 जून को कृषि उपज मंडी हाटपीपल्या विकासखंड बागली में किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री दीपक जोशी, जिला पंचायत कृषि समिति अध्यक्ष श्रीमती कैलादिया, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री दौलत तंवर रहेंगे। परियोजना अधिकारी आत्मा श्री उत्तमसिंह जादौन ने बताया कि इस अवसर पर कृषि वैज्ञानिक एवं सभी संबंधित भी उपस्थित रहेंगे।
क्रमांक 31/372/06-06-2015



No comments:

Post a Comment