Tuesday, 30 June 2015

दिनांक 30 जून 2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥
ई-पंजीयन सेवा आज से प्रारंभ होगी
    देवास, 30 जून 2015/ संपदा एप्लीकेशन द्वारा दस्तावेजों का ई-पंजीयन बुधवार 1 जुलाई से प्रारंभ होगा। जिला पंजीयक अधिकारी ने बताया कि सम्पदा एप्लीकेशन द्वारा दस्तावेजों का ई-पंजीयन बुधवार 1 जुलाई सुबह 11 बजे जिला पंजीयक कार्यालय में प्रारंभ किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महापौर श्री सुभाष शर्मा होंगे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी करेंगे।

क्रमांक 180/521/30-06-2015

नेमावर में नियंत्रण कक्ष की स्थापना
      देवास, 30 जून 2015/ नेमावर में नर्मदा नदी का जल स्तर 875 फीट होने पर बाढ़ की संभावना निर्मित होती है। कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने इसके मद्देनजर नेमावर में नियंत्रण कक्ष की स्थापना के निर्देश दिए हैं। जल स्तर 875 फीट होने पर बाढ़ बचाव एवं बाढ़ राहत के लिए नियंत्रण कक्ष पर प्रभारी क्षेत्रीय राजस्व अधिकारी एवं थाना प्रभारी थाना नेमावर उपस्थित रहेंगे एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं पुलिस कन्नौद एवं खातेगांव से संपर्क रखेंगे। जल स्तर 875 फीट से बढ़ने पर प्रति घंटा जल स्तर एक पंजी में दर्ज किया जाएगा। इसकी सूचना जिलाध्यक्ष एवं पुलिस अधीक्षक तथा जिला स्तरीय कंट्रोल तहसील स्तरीय कंट्रोल रूम एवं एसडीओ कन्नौद को दी जाएगी। जल स्तर 885 फीट होने एवं सतत वर्षा होने पर एसडीओ राजस्व एवं एसडीओ पुलिस तथा डिस्ट्रिक कमांडेट, होमगार्ड तहसील मुख्यालय, खातेगांव में उपस्थित रहेंगे तथा सभी स्थानीय  अधिकारी एवं कर्मचारी भी बाढ़ प्रभावित ग्राम में बचाव एवं राहत के लिए भिजवा देंगे।

क्रमांक 181/522/30-06-2015


जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥
पंचायत उप निर्वाचन के लिए रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त
      देवास 30 जून 2015/ मप्र राज्य निर्वाचन आयोग के आदेश पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आशुतोष अवस्थी द्वारा जिले के पंचायत उप निर्वाचन (पूर्वाद्ध) 2015 के लिए पंचायतों में रिक्त पदों के निर्वाचन के लिए रिटर्निंग आफिसर एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को नियुक्त किया गया है।
      जारी आदेश अनुसार देवास जनपद पंचायत के लिए तहसीलदार देवास श्री लाखनसिंह चौधरी रिटर्निंग अधिकारी तथा श्री दिनेश दशोंती पंचायत एवं समाज सेवा संगठक देवास को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। देवास जनपद निर्वाचन के लिए नाम निर्देशन पत्र तहसील कार्यालय देवास में लिए जाएंगे। टोंकखुर्द जनपद पंचायत के लिए तहसीलदार टोंकखुर्द श्री कन्हैयालाल तिलवारी को रिटर्निंग अधिकारी तथा पंचायत एवं समाज सेवा संगठक टोंकखुर्द श्री रामसिंह यादव को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। टोंकखुर्द जनपद  निर्वाचन के लिए नाम निर्देश पत्र तहसील कार्यालय टोंकखुर्द में लिए जाएंगे। सोनकच्छ जनपद पंचायत के लिए तहसीलदार श्रीमती पल्लवी पुराणिक को रिटर्निंग अधिकारी तथा प्रभारी पंचायत एवं समाज सेवा संगठक सोनकच्छ श्रीराम व्यास को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। सोनकच्छ जनपद पंचायत के निर्वाचन के लिए नाम निर्देशन पत्र तहसील कार्यालय सोनकच्छ में लिए जाएंगे।
        इसी प्रकार बागली जनपद पंचायत के लिए तहसीलदार श्री ब्रम्हस्वरूप श्रीवास्तव को रिटर्निंग अधिकारी तथा श्री अशोक चौधरी पंचायत एवं समाज सेवा संगठक बागली को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। बागली जनपद के निर्वाचन के लिए नाम निर्देशन पत्र तहसील कार्यालय बागली में लिए जाएंगे। खातेगांव जनपद पंचायत के लिए तहसीलदार श्री नरेंद्र बाबू यादव को रिटर्निंग अधिकारी तथा पंचायत एवं समाज सेवा संगठक खातेगांव श्री ओएल बुंदेला सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। खातेगांव जनपद के लिए नाम निर्देशन पत्र तहसील कार्यालय खातेगांव में लिए जाएंगे। कन्नौद जनपद पंचायत के लिए तहसीलदार कन्नौद श्री कुलदीप पाराशर को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है तथा पंचायत एवं समाज सेवा संगठक श्री एमएस ठाकुर को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। कन्नौद जनपद पंचायत के लिए नाम निर्देशन पत्र तहसील कार्यालय कन्नौद में लिए जाएंगे।

क्रमांक 182/523/30-06-2015

जिले में 227.33 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज
    देवास 30 जून 2015/ जारी मानसून सत्र में जिले के वर्षामापी केन्द्रों पर अभी तक औसत रूप से 227.33 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार जारी मानसून सत्र में अभी तक सर्वाधिक सोनकच्छ में 350, उदयनगर में 296,  कन्नौद में 256, बागली में 252, खातेगांव में 178, टोंकखुर्द में 166, देवास में 163 तथा सतवास में 157 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
               पिछले साल 11.50 मिमी औसत वर्षा
    अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार गत मानसून सत्र में अभी तक टोंकखुर्द में 65, देवास में 15 एवं सोनकच्छ में 12 तथा कन्नौद, खातेगांव, उदयनगर, बागली, सतवास में शून्य मिमी वर्षा दर्ज की गई।

क्रमांक 183/524/30-06-2015

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥
नगर सीमा के भीतर सूअर पालन दंडनीय
       देवास 30 जून 2015/ अनुविभागीय दंडाधिकारी देवास श्री धीरज श्रीवास्तव ने दंड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 133 के अंतर्गत जन सामान्य के हित/स्वास्थ्य एवं लोक शांति को बनाए रखने के लिए 27 सूअरों पालकों के विरूद्ध प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है।
    एसडीएम न्यायालय द्वारा गत दिवस जारी आदेश के तहत नगर ‍निगम सीमा क्षेत्र में कोई भी सूअर पालक सूअर का पालन नहीं करेगा। नगर निगम सीमा में सूअर पालक अपने सूअरों को शहर की सड़कों पर आवारा रूप से विचरण नहीं करने देंगे और न ही कचरे के ढेरों को भोजन का तलाश में खुला छोड़ेंगे। सूअर पालक अपने सूअरों को नगर निगम सीमा में नहीं रखेंगे। नगर निगम सीमा क्षेत्र में अनावेदकों में से किसी के भी सूअर शहर में विचरण नहीं करेंगे।
न्यूसेंस की पुनरावृत्ति न हो
    अनावेदकों को यह भी आदेश दिया गया हैं कि वे सार्वजनिक स्थल, गलियों, मोहल्लों एवं कालोनियों में लोक परिशांति बनी रहे तथा न्यूसेंस की पुनरावृत्ति न हो। आदेश का पालन आयुक्त नगर निगम देवास करवाना सुनिश्चित करें। आदेश का उल्लघंन पाया जाने की दशा में अनावेदकों के विरूद्ध भा.द.वि की धारा 188 के अंतर्गत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी, जिसमें 6 माह तक की सजा एवं 1000 रूपए का अर्थदंड या दोनों साथ-साथ दंडित किए जाने का प्रावधान दिए गए हैं।

क्रमांक 184/525/30-06-2015



जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥
खाद बीज की क्वालिटी के लिए कलेक्टर द्वारा उड़नदस्ता गठित
       देवास 30 जून 2015/ किसानों को अच्छी क्वालिटी का बीज, रासायनिक खाद और कीटनाशक औषधी उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन ने कड़े उपाय किए है। कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने आगामी 15 जुलाई तक गुणवत्ता निरीक्षण के लिए एक विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए जिला स्तर पर उड़नदस्ता गठित किया गया है।  यह दल जिले में भंडारित बीज उर्वरक और कीटनाशक औषधी की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिले में स्थित डबल लॉक केंद्र, निजी उर्वरक, बीज एवं कीटनाशक औषध विक्रेताओं एवं सहाकारी समितियों का आकस्मिक रूप से निरीक्षण करेगा। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करेगा।
    उड़नदस्ता में एसडीएम देवास धीरज श्रीरवास्तव, उप संचालक कृषि केसी वास्केल, परियोजना संचालक आत्मा यूएस जादौन, सहायक संचालक कृषि दिलीप जाट, सचिव कृषि उपज मंडी संजीव श्रीवास्तव को दल शामिल किया गया है।

क्रमांक 185/526/30-06-2015

कृषि स्थायी समिति की बैठक 2 जुलाई को
    देवास 30 जून 2015/ जिला पंचायत कृषि स्थायी समिति की बैठक आगामी 2 जुलाई को दोपहर 1 बजे जिला पंचायत भवन में श्रीमती शांताबाई सिद्धनाथ केलोदिया की अध्यक्षता में आयोजित की गई है। कृषि स्थायी समिति जिला पंचायत एवं उप संचालक कृषि किसान कल्याण तथा कृषि विकास सचिव ने सभी संबंधितों को बैठक में उपस्थित रहने का आग्रह किया है।

क्रमांक 186/527/30-06-2015

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

जनसुनवाई में आए 106 आवेदन:-कलेक्टर एवं एसपी ने की जनसुनवाई

    देवास 30 जून 2015/ कलेक्टर स्तर पर जनसुनवाई में आज मंगलवार को मल्हार स्मृति मंदिर में 106 आवेदकों ने कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी एवं एसपी अभयसिंह के समक्ष अपने आवेदन पत्र प्रस्तुत किए। कलेक्टर द्वारा सभी पर कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
स्कूल से टीसी दिलाई जाये
    जनसुनवाई में आवेदक राधेश्याम पिता बुखारीलाल एवं सागरमल पिता कन्हैयालाल निवासी भटुनी तहसील तराना उज्जैन ने आवेदन देकर बताया कि उनके बच्चे ग्रीरेट एन्जल स्कूल देवास में विगत  तीन वर्ष से अध्ययनरत थे। अब उन्हें अन्य स्कूल में प्रवेश दिलाने के लिए स्कूल से टीसी की मांग की गई। स्कूल के प्राचार्य द्वारा टीसी के लिए 700 रूपये की मांग की जा रही है, जबकि बच्चों को किसी प्रकार का शुल्क शेष नहीं है। प्रकरण में कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को जांच कर कार्यवाही के निर्देश दिये।
पट्टे की जमीन पर फसल बोने से रोका
    आवेदक दिलीप पिता भानुदास निवासी टप्पा सुकल्या तहसील हाटपीपल्या ने आवेदन दिया कि उसे ग्राम जमोनिया में शासन द्वारा दी गई पट्टे की भूमि पर वन विभाग के कर्मचारी द्वारा बोवनी नहीं करने दी जा रही है। प्रकरण में कलेक्टर ने तहसीलदार हाटपीपल्या को कार्यवाही के निर्देश दिये।
खेत में जाने का रास्ता खुलवाया जाये
    आवेदक मनोहर पिता रामनारायण एवं अन्य ग्रामीणजन निवासी ग्राम सिरोल्या तहसील देवास ने आवेदन देकर बताया कि उनके खेत में जाने जाने का शासकीय रास्ता अन्य ग्रामीण द्वारा बंद कर दिया गया है। रास्ता बंद होने से खेत में आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रकरण में कलेक्टर ने तहसीलदार देवास को कार्यवाही के निर्देश दिये।
पुलिया निर्माण में हो रहा है घटिया सामग्री का उपयोग
    अनारसिंह, जसपालसिंह, जितेन्द्रसिंह, मेहरबानसिंह, हिम्मतसिंह, मानसिंह आदि निवासी ग्राम पितावली तहसील हाटपीपल्या ने आवेदन दिया कि खेत सड़क योजना अन्तर्गत ग्राम पितावली से रमलखेड़ी तक ग्रेवल रोड का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें पुलिया निर्माण भी शामिल है। पुलिया निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। साथ ही निर्धारित मापदण्डों से नहीं बनाया जा रहा है। प्रकरण में कलेक्टर ने सीईओ जनपद पंचायत बागली को जांच कर नियमानुसार कार्यवाही के निर्देश दिये।
असामाजिक तत्व करते हैं स्कूल में गंदगी
    शासकीय माध्यमिक विद्यालय लोहारी की प्रधान अध्यापिका एवं सरपंच ने आवेदन दिया कि विगत कई दिनों से विद्यालय के ताले पर गांव के कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा गंदगी लगाई जाती है तथा विद्यालय भवन की दीवारों पर अश्लील बातें लिखी जाती हैं। इस कारण बच्चों पर गलत असर होता है साथ ही पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। प्रकरण में कलेक्टर ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को कार्यवाही के निर्देश दिये।  
किराये का भुगतान कराया जाये
    आवेदक आनंद यादव निवासी एलआईजी सिविल लाइन देवास ने आवेदन देकर बताया कि उसका वाहन मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड देवास में किराये पर लगाया गया था। कंपनी द्वारा माह फरवरी एवं मार्च 2015 का किराया लगभग 52 हजार रूपये भुगतान नहीं किया जा रहा है। किराये का भुगतान कराया जाये। प्रकरण में कलेक्टर ने विद्युत विभाग को कार्यवाही के निर्देश दिये।

क्रमांक 187/528/30-06-2015            (फोटो-संलग्न)

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

पौधे लगाना पुण्य का कार्य हैं

हराभरा मिशन के संबंध में आयोजित कार्यशाला में कलेक्टर ने कही

    देवास 30 जून 2015/ पेड़ लगाना पुण्य का कार्य है। हमें भी इस पुण्य कार्य को करना चाहिए। जिससे आने वाले समय में पूरा क्षेत्र हराभरा हो जाएं। हरियाली से सुंदरता तो आती है साथ ही पूरा वातावरण स्वच्छ एवं सुंदर हो जाता है।
    उक्त बातें कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने मंगलवार को जीडीसी कॉलेज में आयोजित साक्षर भारत अंतर्गत कार्यशाला में कही। इस अवसर पर परियोजना अधिकारी अनिल कुशवाह एवं अन्य संबंधित उपस्थित थे।
चार बातों को अमल में लाए
    कलेक्टर ने कार्यशाला में उपस्थित सभी लोगों से कहा कि वे अपने जीवन में चार बातों को में अमल लाएं। उन्होने पहली बात को बताते हुए कार्यशाला में उपस्थित लोगों से कहा कि वे अपनी गली को साफ एवं स्वच्छ रखें। दूसरी बात सभी लोग अपने घरों के सामने फल एवं फूलदार पौधे लगाए। तीसरी बात अपने गांवों में सभी को शौचालय बनाने के लिए प्रेरित करें तथा उन्हें संकल्प दिलाएं की वे खुले में शौच नहीं करेंगे तथा चौथी बात जो बच्चें स्कूल नहीं जाते हैं, उन्हें स्कूल जाने के लिए प्रेरित करे। साथ ही उनके माता-पिता से कहें कि वे अपने बच्चों को स्कूल अवश्य भेजे।
चौपाल लगाकर ग्रामीणों को समझाए
    कार्यशाला में कलेक्टर ने कहा कि नीम बीज रोपण के बारे में आमजन को गांवों में चौपाल लगाकर समझाए। किसानों को नीम के पेड़ के महत्व के बारे में विस्तार से बताएं।
पक्षी की बीट से भी होता है बीजारोपण
    कार्यशाला में कलेक्टर ने बताया कि पक्षी की बीट से भी बीजा रोपण होता है, जब पक्षी भी इस कार्य को बखूबी करते हैं तो हम क्यों  नहीं कर सकते हैं। हमें भी नीम के बीज का रोपण करना चाहिए। उन्होंने बताया कि जिस प्रकार पक्षी नीम से निकलने वाली निंबोली को खाता है तथा उसके बाद झाड़ियों में एवं अन्य जगह पर बीट करता है तो वह बीट बारिश के समय पौधे के रूप में विकसित हो जाता है।
               झाड़िया भी कोख का काम करती है  
    कार्यशाला में कलेक्टर ने बताया कि जिस प्रकार बच्चा मां की कोख में सुरक्षित रहता है। उसी प्रकार झाड़ियों एवं ट्री गार्ड में किया गया बीज रोपण या पौधा रोपण भी पौधों की रक्षा करता है।
वृक्ष भी करते हैं अपने धर्म का पालन
    कलेक्टर ने कहा कि जब से पृथ्वी पर वृक्षों का अस्तित्व है, तब से आज तक वृक्षों ने अपने धर्म का ईमानदारी से पालन किया है। ईश्वर ने उन्हें जो काम सौंपा था, उसे वे बखूबी निभाते रहे हैं। वृक्ष सभी प्राणियों का जीवन संभालते हुए प्रदूषण को रोकने एवं जलवायु तथा वातावरण संतुलन का कार्य करते हुए भी सदा ईश्वर की प्रार्थना में लीन रहते हैं। एक जुलाई से 10 जुलाई 2015 के मध्य शाला परिसर एवं आंगनवाड़ी परिसर में 8 छायादार प्रजाति के पौधों का रोपण अवश्य करें। छात्रावासों में फलदार पौधे एवं शोभादार पौधे रोपित करें। प्रत्येक शौचालय के पास चांदनी, गुडलक (चाइना रोज) के पौधे रोपित करें।
पौधारोपण के लिए सावधानियां रखें
    पौधा लगाने के लिए एक मीटर व्यास का एक मीटर गहरा गड्ढा करें। गड्ढा भरने के लिए खेत की मिट्टी, बालूरेत, गोबरखाद की बराबर मात्रा मिलाकर इस्तेमाल करें अन्यथा पौधा नहीं बढ़ेगा। नीम, गुलमोहर, करंज आदि के पौधे पूरे वर्ष छायादार एवं हरे रहने वाली प्रजाति के पौधे हैं, उनको रोपें। यदि परिसर बड़ा है तो पीपल, बरगद, कदम के वृक्ष भी रोपित किए जा सकते हैं। अशोक, यूकेलिप्टस प्रजाति के पौधे रोपित नहीं करें, ये पौधे छायादार नहीं होते हैं। पौधे की लंबाई 5 फीट हो, छोटी ऊंचाई के पौधे रोपित नहीं करें। पौधे नर्सरी से लें, शाला में उपलब्ध कांटीजेंसी मद या ग्राम पंचायत से सहयोग लेकर पौधों की व्यवस्था करें। ट्री-गार्ड स्थानीय बांस-बल्ली या लोहे की जाली के हो। चार बल्ली गाड़कर हरी नेट लगाकर भी ट्री-गार्ड कम लागत से तैयार किए जा सकते हैं। बल्ली की व्यवस्था स्थानीय स्तर पर ग्रामवासियों  के सहयोग से की जा सकती है। ग्राम पंचायत से भी सहयोग लेकर ट्री-गार्ड की व्यवस्था की जा सकती हैं। बिना ट्री-गार्ड के पौधे रोपित न करें, अन्यथा जानवर द्वारा पौधे नष्ट किए जा सकते हैं। प्रत्येक शाला के एक बच्चे को एक पौधे की देखरेख की जिम्मेदारी दें, जिसके नाम की सूचना पट्टिका पौधे के ट्री-गार्ड पर लगाएं। पौधा रोपण के साथ ही पुराने मटके में छेदकर जूट की रस्सी डालकर उसे पौधे के पास गाड़ सकते हैं। ऐसा करने से एक बाल्टी पानी घड़े में भरने से 5 दिन तक पौधे में पानी देने की आवश्यकता नहीं होगी। अन्य पौधों की तुलना में मटके से सिंचाई की व्यवस्था वाला पौधा जल्दी बढ़ता है।
नीम बीज रोपण के साहित्य का वितरण किया
    कार्यशाला में उपस्थित सभी को नीम बीज रोपण के साहित्य का वितरण भी किया गया। "कार्यशाला में नीम बीज रोपण एवं शौचालय निर्माण क्यों जरूरी" पर आधारित फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।

क्रमांक 188/529/30-06-2015            (फोटो-संलग्न)

भिक्षावृत्ति करते पाये जाने वाले बच्चों के बारे में सीधे मुझे बतायें

स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री श्री जोशी ने किशोर पुलिस इकाई में निरीक्षक श्री बोराना को किया सम्मानित

   देवास 30 जून 2015/ भिक्षावृत्ति करते पाये जाने वाले बच्चों की जानकारी मिलने पर सीधे मुझे बतायें। ऐसे बच्चों को छात्रावास में प्रवेश दिलाकर उनकी पढ़ाई की पूरी व्यवस्था की जायेगी। उच्च एवं शिक्षा स्कूल राज्य मंत्री श्री दीपक जोशी ने यह बात मंगलवार विशेष किशोर पुलिस इकाई भोपाल में भिक्षावृत्ति करते पाये गए बच्चों के बारे में जानकारी लेने के दौरान कही। श्री जोशी ने इकाई के पुलिस निरीक्षक श्री आर.एस. बोराना और चाइल्ड लाइन की टीम को सम्मानित किया। श्री जोशी ने जिला शिक्षा अधिकारी से कहा कि इन बच्चों को बालिका अथवा बालक छात्रावास में शिफ्ट किया जाए।
जून माह में मिले 105 बच्चे
   एक से 29 जून तक 105 बच्चे भिक्षावृत्ति करते पाये गए। इनमें 79 बालक और 26 बालिका हैं। इनमें से 81 बच्चों को बाल कल्याण समिति द्वारा माता-पिता को सौंपा गया। शेष बच्चों को शासकीय एवं अशासकीय गृह में भेजा गया।
क्रमांक 189/530/30-06-2015

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

लाड़ली लक्ष्मी के प्रमाण-पत्र बनाने में पिछड़ने वाले जिलों को चेतावनी

आउटसोर्सिंग से करें लेकिन समय-सीमा में हो कार्य 
महिला-बाल विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने वीडियो कांफ्रेंस के जरिए की समीक्षा

   देवास 30 जून 2015/ लाड़ली लक्ष्मी योजना के नए स्वरूप के बाद प्रमाण-पत्र जारी करने में पिछड़ने वाले जिलों के अधिकारियों को महिला-बाल विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने चेतावनी देते हुए 15 जुलाई तक निर्धारित लक्ष्य पूरा करने की हिदायत दी है। उन्होंने कहा कि प्रमाण-पत्र जनरेट और ऑनलाइन करने में अगर स्टाफ की कमी है तो आउटसोर्सिंग से यह कार्य करें, लेकिन समय-सीमा में यह कार्य किया जाए। श्रीमती सिंह लाड़ली लक्ष्मी सहित विभाग की अन्य योजनाओं की वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए समीक्षा कर रही थी। प्रमुख सचिव महिला-बाल विकास श्री जे.एन.कंसोटिया और आयुक्त महिला सशक्तिकरण श्रीमती कल्पना श्रीवास्तव भी कांफ्रेंस में उपस्थित थी।
   उल्लेखनीय है कि लाड़ली लक्ष्मी योजना के नए स्वरूप के बाद अभी तक पूरे प्रदेश में पिछले एक माह में एक लाख 27 हजार से अधिक प्रमाण-पत्र बनाये जा चुके हैं। इनका वितरण विभिन्न अवसर पर किया जा रहा है।
देवास जिले में संतोषजनक कार्य नहीं होने पर नाराजी व्यकत्‍ की
   मंत्री श्रीमती सिंह ने कहा कि लाड़ली लक्ष्मी योजना को सरल बनाने और हितग्राहियों को परेशानी से बचाने के लिए राज्य सरकार ने योजना को नया स्वरूप दिया है। ई-लाड़ली लक्ष्मी के जरिए अब हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र दिए जाएँगे। जिससे हर साल एन.एस.सी. का नवीनीकरण करवाने से हितग्राही मुक्त होंगे। मंत्री ने कहा कि यह योजना मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल है। इसमें कोई भी कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने देवास, बड़वानी, भिण्ड, दमोह, ग्वालियर, हरदा, शिवपुरी, रीवा, श्योपुर, सीधी, उज्जैन, अशोकनगर और अलीराजपुर में संतोषजनक कार्य न होने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि 15 जुलाई आखिरी तारीख है। इसके बाद परिणाम न देने वाले जिलों के अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही होगी। बैतूल, अनूपपुर, जबलपुर, सागर और सिवनी में बेहतर काम होने पर वहाँ के अधिकारियों को उन्होंने बधाई दी।
   मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि जिन हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र दिये जाये उसकी राशि भी तत्काल और प्रतिवर्ष लाड़ली-लक्ष्मी निधि में जमा हो। इस कार्य में कोई भी लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लाड़ली-लक्ष्मी योजना को लोकसेवा गारंटी में शामिल किया गया है। इसमें विलंब होने से संबंधित के खिलाफ कार्यवाही होगी।
   मंत्री श्रीमती सिंह ने लाड़ो अभियान और शौर्या दल संबंधी सभी जानकारियों की प्रविष्टि 15 जुलाई तक पूरी करने के साथ भीख माँगने वाले बच्चों के पुनर्वास की अनमोल योजना, स्वागतम् लक्ष्मी, जबालि योजना की भी समीक्षा की। मंत्री ने सी.एम. हेल्पलाइन के जरिए प्राप्त शिकायतों का निराकरण तेज गति से करने को कहा।
क्रमांक 190/531/30-06-2015





No comments:

Post a Comment