Monday, 27 April 2015

दिनांक 27अप्रैल 2015
जिला जनसम्पर्क कार्यालय देवास
जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  समाचार  ।।
जिला प्रमुख मैदानी अधिकारियों/ कर्मचारियों पर पूर्ण प्रशासनिक नियंत्रण रखें
                टीएल बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश               
      देवास 27 अप्रैल 2015/ सभी विभागीय प्रमुख अपने अधीनस्थ मैदानी अधिकारियों/ कर्मचारियों पर पूर्ण प्रशासनिक नियंत्रण रखें। सौपें गये दायित्वों की नियमित रूप से प्रभावी मॉनीटरिंग की जाये। विभागीय योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन कर अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभान्वित करने का प्रयास करें। अपने कार्यालयों में आने वाले हितग्राहियों के साथ सहानुभूति पूर्वक व्यवहार कर आम जनता के बीच प्रशासन की अच्छी छवि बनायें।
      कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने आज सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में सम्पन्न लंबित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में उक्त निर्देश जिला अधिकारियों को दिए। बैठक में सभी एसडीएम, जिला अधिकारी एवं सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
व्यक्तिगत प्रकरणों का निराकरण प्राथमिकता से करें
     बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिये कि सीएम हेल्प लाईन, पीजीआर, जनसुनवाई आदि में प्राप्त शिकायतों का निराकरण सकारात्मक दृष्टिकोण रखते हुए करें। व्यक्तिगत प्रकरणों का निराकरण प्राथमिकता से करें। प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखें। यदि कोई प्रकरण निरस्ती योग्य है तो उसे शीघ्र निरस्त किया जाये तथा संबंधित हितग्राही को भी अवगत करायें।
खाद के अग्रिम उठाव का व्यापक प्रचार प्रसार करें
     बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिये कि खाद का अग्रिम उठाव का व्यापक प्रचार प्रसार करें। पेम्पलेट छपवाकर पटवारियों एवं अन्य मैदानी अमले के माध्यम से किसानों को वितरित कराया जाये। किसानों को खाद का अग्रिम उठाव के लिए प्रेरित करें। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को निर्देश दिये कि खाद के अग्रिम उठाव की मॉनीटरिंग करें। 
मिठाई के साथ खाली डिब्बा नहीं तौला जाये
     बैठक में कलेक्टर ने नापतौल विभाग को निर्देश दिये कि जिले की सभी मिठाई की दुकानों पर प्रत्येक साईज के मिठाई के खाली डिब्बों के वजन का फ्लेक्स अनिवार्य रूप से लगा होना चाहिए। मिठाई के साथ डिब्बा भी तौलकर दिया जाना उपभोक्ताओं के साथ ठगी है। उन्होंने उपभोक्ताओं से आग्रह किया कि यदि दुकानदार मिठाई तौलते समय डिब्बे सहित मिठाई तौलता है तो उसका विरोध करें और उसे खाली डिब्बे का पृथक से वजन कर पूरी मात्रा में मिठाई देने के लिए कहें।
मंडी में सभी व्यवस्थाएं दुरूस्त करें
     बैठक में कलेक्टर ने नवागत मंडी सचिव को निर्देश दिये कि देवास मंडी में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरूस्त करें। मंडी में किसानों को और अधिक बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करायें।
मुख्यालय पर निवास नहीं करने वाले पशु चिकित्सकों के खिलाफ कार्यवाही करें
     बैठक में कलेक्टर ने उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं को निर्देश दिये कि वे नियमित रूप से जिले का भ्रमण कर पशु चिकित्सालयों का निरीक्षण करें। विभागीय क्रियाकलापों एवं योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन करें। मुख्यालय पर निवास नहीं करने वाले पशु चिकित्सकों के विरूद्ध कार्यवाही करें। जिले में रिक्त पदों की पूर्ति के लिए शासन को प्रस्ताव भिजवाया जाये।
स्कूलों में शौचालय निर्माण निर्धारित समयावधि में करें
     बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिये कि जिले के शासकीय स्कूलों में शौचालय निर्माण का कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण किया जाये। कार्य गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए तथा‍ शौचालय निर्धारित डिजाइन में ही बनवाया जाये। डीपीसी ने बताया ने सभी स्थानों पर ले आउट डाल दिये गये हैं। इस पर कलेक्टर ने कहा कि केवल ले आउट डालना ही पर्याप्त नहीं है, कार्य भी शुरू करें।
आंगनवाडी कार्यकर्ता/सहायिका के रिक्त पदों की पूर्ति करें
     बैठक में कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास‍ विभाग को निर्देश दिये कि जिले में आंगनवाडी कार्यकर्ता/ सहायिका के रिक्त्‍ पदों की पूर्ति करने के लिए विज्ञप्ति जारी की जाये। नियुक्त्‍ में पूर्ण पारदर्शिता होना चाहिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिये कि स्वास्थ्य केन्द्रों पर स्टॉफ नर्स, एएनएम सहित अन्य रिक्त पदों की पूर्ति किये जाकर आमजन को बेहतर चिकित्सा सेवाएं प्रदान करें। 
अजनास में प्राचार्य एवं उत्कृष्ट शिक्षकों की नियुक्ति की जाये
     बैठक में कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिये कि सांसद आदर्श ग्राम योजना में चयनित ग्राम अजनास में प्राचार्य एवं उत्कृष्ट शिक्षकों की नियुक्ति की जाये। कलेक्टर ने निर्देश दिये कि अजनास में किसानों को बलराम तालाब बनाने के लिए प्रेरित किया जाये। कम से कम 5 किसानों के खेतों में बलराम तालाब बनाने के निर्देश भी संबंधित विभाग को दिये। सभी किसानों के खेतों की मिट्टी का परीक्षण किये जाकर मृदा कार्ड जारी किये जायें।

बाउण्ड्री वॉल पर कांटेदार तार लगाकर कवर्ड करें
     कलेक्टर ने महाप्रबंधक जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक को निर्देश दिये कि बैंक की बाउण्ड्रीवॉल की आवश्यक मरम्मत कराये जाकर ऊपर कांटेदार तार लगाकर कवर्ड करें। इसके अलावा बाउण्ड्रीवॉल पर विभागीय योजनाओं की जानकारी अंकित कराई जाये। कलेक्टर ने निर्देश दिये कि वसूली में प्रगति लाने के लिए कार्ययोजना तैयार करें। आगामी 1 मई को सभी शाखाओं के मैनेजरों की बैठक लेकर विस्तार से समीक्षा करें। उन्होंने निर्देश दिये कि जिले के शतप्रतिशत किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड जारी किये जायें।
क्रमांक 122/122/27-04-2015                   (फोटो-संलग्न)
जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  समाचार  ।।
सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की नियुक्ति में संशोधन
     देवास 27 अप्रैल 2015/ मप्र राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार देवास जिले के त्रिस्तरीय पंचायतों के उप निर्वाचन (पूर्वाद्ध)2015 के लिए मतदाता सूची 1 जनवरी 2015 की संदर्भ तारीख के आधार पर निर्धारित कार्यक्रम तैयार किया जाना है। कलेक्‍टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) श्री आशुतोष अवस्थी ने जनपद पंचायत देवास, सोनकच्छ, टोंकखुर्द एवं कन्नौद के लिए नियुक्त सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की नियुक्ति में संशोधन किया है।
     जारी संशोधित आदेश अनुसार जनपद पंचायत देवास के लिए पूर्व में नियुक्त नायब तहसीलदार श्रीमती मधु नायक के स्थान पर तहसीलदार श्री एलके खरे, सोनकच्छ जनपद पंचायत के लिए प्रभारी तहसीलदार श्री जितेंद्र वर्मा के स्थान पर तहसीलदार श्रीमती पल्लवी पुराणिक, टोंकखुर्द जनपद पंचायत के लिए नायब तहसीलदार श्रीमती दर्शनीसिंह के स्थान पर तहसीलदार टोंकखुर्द श्री कन्हैयालाल तिलवारी तथा कन्नौद जनपद पंचायत के लिए नायब तहसीलदार श्री राजेंद्र गुहा के स्थान पर तहसीलदार कन्नौद श्री कुलदीप पाराशर को सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियुक्त किया गया है।
क्रमांक 123/123/27-04-2015
सेना भर्ती रैली में व्यवस्थाओं संबंधी बैठक 28 को
     देवास 27 अप्रैल 2015/ आगामी 19 मई से 23 मई तक देवास में सेना भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा। रैली में आवश्यक व्यवस्थाओं संबंधी बैठक 28 अप्रैल को दोपहर 2 बजे कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की जायेगी।
क्रमांक 124/124/27-04-2015

पंचायतों की बैठक में संरपच पति के भाग लेने पर प्रतिबंध

    देवास 27 अप्रैल 2015/ त्रि-स्तरीय पंचायतों में निर्वाचित महिला प्रतिनिधियों के सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास में उनकी भूमिका को मजबूत बनाने के मकसद से राज्य शासन द्वारा पंचायतों की कार्यवाहियों में संरपच पति के शामिल होने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, मध्यप्रदेश द्वारा इस बारे में निर्देश जारी किये गये है।
   प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 24 अप्रैल 2015 को नई दिल्ली में राष्ट्रीय पंचायत दिवस समारोह में पंचायत व्यवस्था से संरपच पति संस्कृति को समाप्त करने की जरूरत बताई। उन्होंने यह भी कहा कि सभी निर्वाचित महिला पंचायत प्रतिनिधियों को काम करने के पूरे अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता है ताकि वे पूरे आत्म-विश्वास के साथ गाँव के विकास में भागीदारी कर सके। प्रधानमंत्री ने कहा कि पंचायत राज व्यवस्था में चुनी गई महिला प्रतिनिधियों द्वारा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा रही है अतः उनके सशक्तिकरण के प्रयासों को और बढ़ावा दिये जाने की जरूरत है।
   पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री गोपाल भार्गव की अध्यक्षता में कल मंत्रालय में संपन्न बैठक में प्रधानमंत्री श्री मोदी की इन्हीं भावनाओं के अनुरूप पंचायतों की बैठकों और कार्यवाहियों में संरपच पति के अनावश्यक दखल को खत्म करने के बारे में फैसला लिया गया। पंचायतों की कार्यवाहियों में संरपच पति तथा महिला प्रतिनिधियों के परिजनों के शामिल होने पर आवश्यक कार्यवाही की जायेगी। इस बारे में जिला प्रशासन तथा जिला, जनपद और ग्राम पंचायतों को समुचित दिशा निर्देश भेजते हुए उनका पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
   मंत्री श्री भार्गव ने बैठक में निर्देश दिये कि ग्राम सभाओं और ग्राम पंचायतों की बैठकों की वीडियोग्राफी की जाये। इन बैठकों की कार्यवाही पर राज्य शासन द्वारा निगरानी रखी जायेगी। आयुक्त पंचायत राज तथा वरिष्ठ अधिकारी द्वारा जाँच में यह पाया जाता है कि पंचायतों में आरक्षित पदों पर निर्वाचित महिला प्रतिनिधियों के एवज में ग्राम पंचायत और ग्राम सभा की बैठकों का संचालन किसी पुरूष द्वारा किया गया है, तो समुचित सुनवाई का अवसर देते हुए संबंधित महिला सरपंच को पद से हटाने की विधिवत कार्यवाही की जाये।
   बैठक में अपर मुख्य सचिव श्रीमती शर्मा ने बताया कि अब महिला पंचों को अपने पंचायत क्षेत्र के गाँव के स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने, विद्यार्थियों की उपस्थिति और उन्हें शाला आने के लिये प्रेरित करने, समय-समय पर विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की जाँच और टीकाकरण स्कूलो में स्वच्छता तथा शौचालयों की साफ-सफाई और मध्यान्ह भोजन व्यवस्था की देख-रेख जैसी अहम जिम्मेदारियॉ सौंपी गई है। महिला पंचायत प्रतिनिधियों को पंचायत राज व्यवस्था के संचालन संबधी जानकारियॉ देने और कम्प्यूटर प्रशिक्षण प्रदान करने के लिये सघन प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किये गये हैं।
   उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश में त्रि-स्तरीय पंचायत राज व्यवस्था को सशक्त बनाने और पंचायतों में महिलाओं के अधिक प्रतिनिधित्व के उद्देश्य से जिला, जनपद और ग्राम पंचायतों में महिलाओं के लिये 50 फीसदी पद आरक्षित किये गये हैं। ग्रामीण अंचलों के चौतरफा विकास में ये महिलाएँ महती भूमिका निभा रही है। हाल ही में संपन्न हुए पंचायत निर्वाचन में चुनी गई महिला प्रतिनिधियों को उनके अधिकारों और पंचायतों के कामकाज को संचालित करने के बारे में मार्गदर्शन देने के लिये सरल और आसान भाषा में तैयार प्रशिक्षण और मार्गदर्शिका पुस्तिकाएँ भी प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में भेजी जा चुकी है।
क्रमांक 125/125/27-04-2015
फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 2 हजार का इनाम घोषित
     देवास 27 अप्रैल 2015/ पुलिस अधीक्षक श्री अभय सिंह द्वारा आरोपी अर्जुन पिता दुर्गाशंकर पांचाल निवासी ग्राम टिगरिया की गिरफ्तारी के लिए 2 हजार रूपये नगद इनाम की उद्घोषणा की गई है।
     गत दिनों नरेंद्र पिता विष्णु पांचाल निवासी तुलसी नगर इंदौर, अर्जुन पिता दुर्गाशंकर पांचाल निवासी टिगरिया एवं रामप्रसाद उर्फ वीरेंद्र मेहता ने मिलकर ग्राम नागदा में स्थित रामप्रसाद पिता झाजुराम की जमीन अपनी जमीन बताकर फर्जी कागजात बनाकर फरियादी प्रभुलाल एवं महेश राठी को सौदा करके इकरारनामा एवं आम मुख्तार नामा लिखकर 35 लाख रूपए बेईमानी से ठग लिए। प्रभुलाल पिता मोतीलाल लोधी निवासी इदरीस नगर मूसाखेड़ी इंदौर द्वारा प्रस्तुत आवेदन पत्र के आधार पर थाना औद्योगिक क्षेत्र देवास में आरोपी नरेंद्र पिता विष्णु पांचाल निवासी तुलसीनगर इंदौर, अर्जुन पिता दुर्गाशंकर पांचाल निवासी टिगरिया एवं एक अन्य व्यक्ति के विरूद्ध अपराध पंजीबद्ध किया गया। विवेचना के दौरान आरोपी नरेंद्र पांचाल को गिरफ्तार किया गया, जबकि मुख्य आरोपी अर्जुन पिता दुर्गाशंकर पांचाल निवासी ग्राम टिगरिया घटना दिनांक से फरार है।
     पुलिस अधीक्षक ने बताया है कि उक्त प्रकरण में आरोपी अर्जुन के संबंध में जो कोई व्यक्ति सूचना देगा, उसे पुलिस रेग्युलेशन के अनुसार 2 हजार रूपये का नगद पुरस्कार दिया जायेगा। एक से अधिक उम्मीदवार होने की दशा में धनराशि का समान रूप से वितरण होगा। इनाम वितरण के संबंध में अंतिम निर्णय पुलिस अधीक्षक देवास का होगा।
क्रमांक 126/126/27-04-2015
मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना अंतर्गत आवेदन आमंत्रित
     देवास 27 अप्रैल 2015/ मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना अन्तर्गत पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा इच्छुक हितग्राहियों से आवेदन आमंत्रित किये गए हैं। योजना अन्तर्गत वर्ष 2015-16 के लिए पिछड़ा वर्ग के 18 हितग्राही एवं अल्पसंख्यक वर्ग के 04 हितग्राहियों को लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
     कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने बताया कि योजना अन्तर्गत आवेदन पत्र का नि:शुल्क वितरण प्रारम्भ कर दिया गया है। पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक वर्ग के इच्छुक व्यक्ति मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना अन्तर्गत लाभ लेने के लिए आवेदन पत्र कार्यालय पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसख्यंक, पंजाब नेशनल बैंक के पास से आगामी 15 मई तक प्राप्त कर सकते हैं।
क्रमांक 127/127/27-04-2015

स्कूलों के संबंध में बिना अनुमति के जारी नहीं कर सकेंगे निर्देश

    देवास 27 अप्रैल 2015/ राज्य शासन ने सभी संभागायुक्त और कलेक्टर को शासकीय/अशासकीय शिक्षण संस्थाओं के संबंध में बिना अनुमति के नीतिगत अथवा दिशा-निर्देश जारी नहीं करने को कहा है। जिलों/संभागों को अब स्कूलों के संबंध में निर्देश जारी करने के पहले स्कूल शिक्षा विभाग की पूर्व अनुमति लेना होगी। यदि संभागायुक्त या जिला कलेक्टर किन्हीं नीतिगत निर्देशों को जारी करना उचित मानते हैं, तो वे स्कूल शिक्षा विभाग की पूर्व अनुमति के बाद ही ऐसा कर सकेंगे। शासन ने संभागायुक्त/कलेक्टर्स को इन निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा है।
    शासन के यह देखने में आया है कि शासकीय एवं अशासकीय शिक्षण संस्थाओं के संबंध में जिला-स्तर पर प्राय: महत्वपूर्ण नीतिगत/दिशा-निर्देश जारी कर दिये जाते हैं। इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग से पूर्व अनुमति प्राप्त नहीं की जाती। इसका परिणाम यह होता है कि अलग-अलग जिलों से जारी निर्देश में भिन्नता होती है। इससे स्कूल शिक्षा विभाग को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई बार जारी किये गये निर्देश तर्क-संगत भी नहीं होते।
क्रमांक 128/128/27-04-2015
जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  समाचार  ।।

इस साल भी चार चरण में "स्कूल चलें हम अभियान"

पहले चरण की गतिविधियाँ एक जून तक चलेंगी

    देवास 27 अप्रैल 2015/ मध्यप्रदेश में शाला जाने से वंचित रह गये बच्चों के लिये इस साल भी चार चरण में 'स्कूल चलें हम अभियान' शुरू कर दिया गया है। विगत 25 अप्रैल से शुरू अभियान का पहला चरण एक जून तक चलेगा। इस दौरान ग्राम/वार्ड शिक्षा पंजी को अद्यतन किया जायेगा।
राज्य शासन ने सभी जिला कलेक्टर और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को अभियान को सफल बनाने के लिये निर्धारित समय-सीमा में कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा है। पहले चरण में 5 मई तक कक्षा एक प्रवेश योग्य बच्चों की सूची तैयार करवायी जायेगी। इसके लिये शिक्षकों को ग्राम/वार्ड प्रभारी बनाया जायेगा। बड़े गाँव में जरूरत अनुसार एक से अधिक शिक्षक तैनात होंगे। इस दौरान 6 से 14 वर्ष तक के ऐसे बच्चों की जानकारी इकट्ठा की जायेगी जो विभिन्न कारण से शाला से बाहर हो चुके हैं। प्रभारी शिक्षक घर-घर जाकर ग्राम शिक्षा पंजी के लिये सर्वे करेंगे। कक्षा एक में दर्ज होने वाले बच्चों की ग्रामवार सूची प्रभारियों द्वारा 9 मई के पहले जन-शिक्षक को दी जायेगी, जो 16 मई तक विकासखंड स्त्रोत समन्वयक को सूची सौंपेंगे।
कक्षा 6 में प्रवेश योग्य बच्चों की सूची बनाने के लिये प्रत्येक मिडिल शिक्षक को शाला प्रभारी बनाया जायेगा। शाला प्रभारी शिक्षक पाँचवीं कक्षा की पढ़ाई पूरी करने वाले बच्चों की सूची 5 मई तक तैयार करेंगे। वे बच्चों के पालकों से सम्पर्क कर प्रवेश की जानकारी देंगे। यदि कोई पालक अपने बच्चों को अशासकीय शाला में प्रवेश दिलवाना चाहता है, तो उसकी जानकारी भी रजिस्टर में अंकित की जायेगी। सभी बच्चों की संकलित सूची की एक प्रति मिडिल स्कूल के प्रधानाध्यापक द्वारा जन-शिक्षक को 9 मई तक उपलब्ध करवाई जायेगी। कक्षा 8 उत्तीर्ण करने वाले सभी बच्चों को कक्षा 9 में दर्ज करवाया जायेगा। इसके लिये प्रत्येक माध्यमिक शाला के प्रधानाध्यापक का दायित्व होगा कि वह कक्षा 8 पास करने वाले विद्यार्थियों की सूची निकटस्थ हाई अथवा हायर सेकेण्डरी स्कूल को उपलब्ध करवाये। पाँच मई तक पालकों से सम्पर्क के दौरान उन्हें बच्चों को समीप के हाई स्कूल में दर्ज करवाने के लिये प्रेरित किया जायेगा।
    कक्षा 10वीं पास करने वाले बच्चों को कक्षा 11वीं में दर्ज करवाया जायेगा। इसके लिये प्रत्येक हाई स्कूल का प्राचार्य कक्षा 10वीं पास करने वाले विद्यार्थियों की सूची निकटस्थ हायर सेकेण्डरी स्कूल को उपलब्ध करवायेगा। हायर सेकेण्डरी स्कूल में बच्चों को प्रवेश दिलवाने के लिये प्रेरित करने का कार्य भी 5 मई तक होगा। हाई/हायर सेकेण्डरी स्कूल के प्राचार्य द्वारा 10 मई तक अकादमिक समन्वयक और 9वीं कक्षा में प्रवेश की सूची उपलब्ध करवाई जायेगी। कक्षा एक, 6, 9 एवं 11वीं में प्रवेश योग्य बच्चों की सूची एक जून को एजुकेशन पोर्टल पर दर्ज की जायेगी।
क्रमांक 129/129/27-04-2015





No comments:

Post a Comment