Saturday, 25 April 2015

दिनांक 25 अप्रैल 2015
जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  समाचार  ।।

बागली/खातेगांव में मई के प्रथम सप्ताह में अंत्योदय मेले के आयोजन प्रस्तावित

      देवास 25 अप्रैल 2015/ समग्र सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत सभी हितग्राहियों को हितग्राहीमूलक योजनाओं का समुचित लाभ दिये जाने के उद्देश्य से जनपद पंचायत बागली एवं जनपद पंचायत खातेगांव में माह मई के प्रथम सप्ताह में अंत्योदय मेले का आयोजन किया जाना प्रस्तावित है।
     कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने मेले के प्रबंधन, सुचारू संचालन एवं समन्वय के लिए संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को नोडल अधिकारी एवं संबंधित मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। मेले सफल आयोजन के लिए नोडल अधिकारी एवं सहायक नोडल अधिकारी पूर्ण रूप से उत्तरदायी रहेंगे।
     कलेक्‍टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए है कि मेला स्थल के संबंध में सम्पूर्ण जानकारी, लाभाविंत होने वाले हितग्राहियों की संख्या एवं कर्मचारियों को सौंपे गए दायित्व आदि की जानकारी जिला कार्यालय को प्रेषित की जाये। मेले के पूर्व घर-घर सर्वेक्षण किया जाये। समग्र सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत्‍ समग्र पोर्टल, जो कि हितग्राहियों को सूचना प्रौद्योगिकी के माध्यम से सहायता पहुंचाता है, का प्रचार-प्रसार किया जाये। समग्र पोर्टल के माध्यम से ही हितग्राहियों को सहायता पहुंचाना सुनिश्चित करें। अंत्योदय समग्र मेले में माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम 2007 के प्रावधानों का व्यापक प्रचार-प्रचार कर जनजागृति पैदा करना सुनिश्चित करें।
     कलेक्टर ने निर्देश दिये कि अन्त्योदय मेले में नि:शक्तजनों का स्वास्थ्य परीक्षण के उपरांत उनको नि:शक्तता प्रमाण पत्र जारी करें एवं उपकरणों का वितरण किया जाए। इसका व्यापक प्रचार-प्रचार करें एवं चिहांकन सुनिश्चित करें। मेले में मुख्यमंत्री कन्यादान/निकाह योजना के अंतर्गत पूर्व में लाभाविंत कन्याओं के सावधि प्रमाण पत्र का वितरण किया जाये। स्कूल चले हम अभियान, कुपोषण की रोकथाम के उपाय, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अध्यादेश आदि का प्रचार-प्रसार किया जाये एवं इससे संबंधित प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाए। आम आदमी/ जनश्री बीमा योजना, राष्ट्रीय परिवार सहायता आदि के प्रकरणों का निराकरण किया जाए। श्रमिक संवर्ग के हितग्राहियों के पंजीयन की व्यवस्था की जाए। सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण विभाग के अन्तर्गत संचालित विभिन्न पेंशन योजनाओं के पात्र हितग्राही, जिनकी समग्र पोर्टल पर पात्रता प्रमाणित हुई है, के पेंशन प्रकरण स्वीकृत किये जायें।
क्रमांक 118/118/25-04-2015
19 मई से देवास में होगी 8 जिलों के लिए सेना भर्ती रैली
      देवास 25 अप्रैल 2015/ सेना भर्ती कार्यालय महू द्वारा प्रदेश के आठ जिलों देवास, बड़वानी, बुरहानपुर, अलिजराजपुर धार, मंदसौर, नीमच एवं खंडवा के नौजवानों के लिए सेना की भर्ती रैली इस बार देवास में आयोजित की जाएगी। यह 5 दिन की लंबी भर्ती रैली देवास में 19 मई से 23 मई तक कुशाभाऊ ठाकरे स्टेडियम देवास में आयोजित होगी। भर्ती रैली का समय प्रात: 5 बजे से सायं 4 रखा गया है।
कलेक्टर ने दिए व्यवस्थाओं संबंधी निर्देश
       कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने रैली के संबंध में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश सभी संबंधित अधिकारिेयों को दिए है। कलेक्टर द्वारा भर्ती रैली के लिए तंबू एवं फर्नीचर, पीए सिस्टम, स्वच्छ पीने का पानी, चिकित्सा जांच, परिवहन, सुरक्षा व्यवस्था, बिजली एवं जनरेटर व्यवस्था, उम्मीदवारों के लिए भोजन व्यवस्था, उम्मीदवारों को ठहरने की व्यवस्था आदि के निर्देश अधिकारियों को दिए गए है।

शारीरिक परीक्षण एवं चिकित्सा परीक्षण
        कर्नल सुनितसिंह, डायरेक्टर रिकरूटिंग, एआरओ (मो.9179617666) महू ने बताया कि भर्ती रैली में उम्मीदवार का शारीरिक एवं चिकित्सा परीक्षण प्रतिदिन सूर्योदय से पहले  प्रारंभ किया जाएगा। शारीरिक परीक्षण में 1.6 किलोमीटर दौड़, चिनअप, जिग-जैग बैलेंस तथा 9 फीट खड्डा कूद आयोजित किए जाएंगे।
मप्र में प्रतिवर्ष 3 हजार रिक्तियां
        सचिव मप्र गृह विभाग द्वारा कलेक्टर को लिखे पत्र में कहा गया है कि सेना भर्ती रैली को व्यवस्थित एवं कारगार बनाएं, जिससे प्रदेश के अधिक से अधिक नवयुवकों को सेना में नियुक्ति मिल सके। मप्र राज्य के लिए प्रतिवर्ष 3 हजार रिक्तियां सेना के विभिन्न पदों में भर्ती के लिए सेना मुख्यालय द्वारा निर्धारित की जाती हैं। मप्र राज्य असैनिक क्षेत्र होने के कारण तथा दूर-दराज के क्षेत्रों  के निवासियों को सैन्य सेवा का पूर्ण ज्ञान न होने के कारण पदों की रिक्तियां पूरी तरह से नहीं की जाती हैं। इस वर्ष रिक्तियां बढ़ने की भी संभावना है।
क्रमांक 119/119/25-04-2015

श्रमिकों का महंगाई भत्ता बढ़ा

   देवास 25 अप्रैल 2015/ राज्य शासन ने न्यूनतम वेतन अधिनियम में श्रमिकों को दिये जाने वाले परिवर्तनशील महँगाई भत्ते की दर में वृद्धि की है। श्रमिकों को अब एक अप्रैल, 2015 से महँगाई भत्ता कुल 300 रुपये प्रतिमाह या 11 रुपये 53 पैसे प्रतिदिन देय है। यह वृद्धि अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के आधार पर की गई है। कलेक्टर्स से कहा गया है कि वे मजदूरी निर्धारण में पैसे तथा रुपये के गुणांकों को राउण्ड अप करके ही दैनिक एवं मासिक मजदूरी निर्धारित करें।
   घोषित महँगाई भत्ते का लाभ 63 अनुसूचित नियोजन के श्रमिकों को मिलेगा। अब अकुशल श्रमिकों को प्रतिमाह 6,239 या प्रतिदिन 240 रुपये, अर्द्ध-कुशल श्रमिकों को प्रतिमाह 7,357 या प्रतिदिन 283 रुपये, कुशल श्रमिकों को प्रतिमाह 8,735 या प्रतिदिन 336 रुपये तथा उच्च कुशल श्रमिक को प्रतिमाह 10 हजार 35 या 386 रुपये प्रतिदिन देय होगा।
   कृषि नियोजन में भी श्रमायुक्त द्वारा 246 रुपये की वृद्धि की गई है। तदनुसार अकुशल श्रमिकों को प्रतिमाह 5,596 या प्रतिदिन 187 रुपये की मजदूरी महँगाई भत्ता मिलाकर देय होगी। बीड़ी रोलर को प्रति हजार बीड़ी बनाने पर 77 रुपये 36 पैसे का न्यूनतम वेतन देय होगा। बीड़ी श्रमिकों को न्यूनम वेतन के अलावा अवकाश के रूप में 3.76 रुपये तथा बोनस के रूप में 6.45 रुपये प्रति हजार बीड़ी बनाने पर भुगतान देय होगा। भविष्य-निधि कटौती 16.36 रुपये की होगी। भविष्य-निधि की कटौती के बाद 1000 बीड़ी बनाने पर शुद्ध राशि 79.50 रुपये देय होगी। अगरबत्ती नियोजन में अब महँगाई भत्ता मिलाकर साधारण अगरबत्ती के लिये रुपये 24.40 तथा सुगंधित अगरबत्ती के लिये 25 रुपये प्रति हजार अगरबत्ती की मजदूरी देय होगी।
क्रमांक 120/120/25-04-2015
                 
जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  समाचार  ।।

शासकीय अस्पताल में टोकन पद्धति लागू

      देवास 25 अप्रैल 2015/ सभी जिला अस्पतालों की ओपीडी में रोगियों की सुविधा के लिए टोकन पद्धति शुरू की गई है। इससे रोगी को लाइन में खड़ा नहीं होना होगा और उन्हें चिकित्सकीय परामर्श के लिए संभावित समय का अंदाज लग जाएगा। अस्पताल में भरती और ओपीडी रोगियों में से 10 प्रतिशत रोगियों से फीडबेक प्राप्‍त करने के लिए एक प्रपत्र भरवाया जाएगा। रोगी कल्याण समिति की बैठक में ऐसे प्रपत्र के आधार पर अस्पतालों की ग्रेडिंग भी की जाएगी।
क्रमांक 121/121/25-04-2015


No comments:

Post a Comment