Tuesday, 7 April 2015

दिनांक -7 अप्रैल 2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥

केवल एनसीईआरटी एवं मप्र बोर्ड की पुस्तकें चला सकेंगे विद्यालय

स्कूल संचालकों की मोनोपॉली, शोषण तथा लूट रोकने के लिए कलेक्टर ने किए प्रतिबंधात्मक आदेश जारी

     देवास 07 अप्रैल 2015/ जिला प्रशासन के ध्यान में यह तथ्य आया है जिले में कुछ स्कूल संचालकों द्वारा एनसीईआरटी अथवा मप्र बोर्ड की पुस्तकें छोड़कर मनमाने तरीके से अन्य पुस्तकें चलाई जा रही है। साथ ही विद्यार्थियों को कुछ निर्धारित दुकानों से ही यूनिफॉर्म, जूते, टाई, किताबें, कॉपियों खरीदने के लिए बाध्य किया जा रहा है।
     स्कूल संचालकों की मोनोपॉली, अभिभावकों को आर्थिक शोषण तथा लूट बंद करने के उद्देश्य से एवं लोकशांति भंग होने से रोकने के लिए कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी द्वारा दंड प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा (1)(2) के अंतर्गत्‍ प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए है।
     आदेश में बताया गया है कि केंद्रीय बोर्ड से मान्यता प्राप्त विद्यालयों में एनसीईआरटी द्वारा प्रकाशित पुस्तकें तथा मप्र शासन स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा मान्यता प्राप्त विद्यालयों में मप्र पाठ्य पुस्तक निगम द्वारा प्रकाशित पुस्तकों से ही अध्यापन किया जाए। नोट्स बुक (कॉपी) पर ग्रेड, किस्म, साईज, मूल्य, पेज की संख्या आदि की जानकारी स्पष्ट रूप से उल्लेखित होना चाहिए। संबंधित स्कूल/संस्था अभिभावक को  किसी एक दुकान/विक्रेता, संस्था से पठन सामग्री खरीदने के लिए बाध्य नहीं कर सकेगा।
     विद्यालय का नाम मुद्रित नोट बुक्स (कॉपी) प्रतिबंधित की गई हैं। विद्यालय की यूनिफॉर्म पर विद्यालय का  नाम प्रिंट करवाकर विद्यालय से विक्रय करने अथवा एक विशिष्ट दुकान से एक विद्यालय की गणवेश बेचना प्रतिबंधित रहेगा। गणवेश में परिवर्तन बिना किसी पर्याप्त आधार के न किया जाए, एक बार निर्धारित गणवेश में कम से कम 3 साल के पूर्व परिवर्तन न किया जाए।
     विद्यालय की कक्षाओं में रिफरेंस बुक के लिए शिक्षाविदों की कमेटी गठित की जाए। संस्थागत पीटीए द्वारा निर्धारित पुस्तकें एवं प्रकाशक के नाम की सूचना शाला प्रबंधन द्वारा सूचना पटल पर चस्पा कर जारी की जाए। पुस्तकें एक ही स्थान से क्रय करने संबंधी कोई प्रतिबंध न रहे। कोई दुकानदार/विक्रेता कॉपी एवं किताब का सेट बनाकर विक्रय नहीं करेगा।
     विद्यार्थियों के लिए आवश्यक सामग्री तथा यूनिफॉर्म, टाई, बैच, बेल्ट, कवर, स्टिकर का रंग, प्रकार आदि के संबंध में पीटीए द्वारा तय करके पूर्व घोषणा विद्यालय द्वारा की जाए। उक्त सामग्री छात्र/पालकों द्वारा खुले बाजार से क्रय की जा सकेगी। उक्त सामग्री किसी एक स्थान से क्रय करने के लिए पालक/छात्र को बाध्य नहीं किया जाएगा।
     प्रथम बार टीसी निकालने पर कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा तथा दूसरी बार न्यूनतम शुल्क लिया जा सकेगा। टीसी देने के पूर्व पिछला शिक्षण शुल्क बकाया, यदि हो तो, संस्था वसूल कर सकती है। आवेदन के अधिक से अधिक एक सप्ताह की अवधि में संबंधित को टीसी देना होगा। जिस माह में टीसी दिया जाएगा केवल उसी माह का शुल्क विद्यार्थियों से प्राप्त किया जाएगा। यदि विद्यार्थियों को कोई पुस्तक, विक्रेताओं द्वारा उपलब्ध नहीं कराई जाती है, तो स्कूल संचालक को वह पुस्तक विद्यार्थियों को उपलब्ध कराने की पूर्ण जिम्मेदारी होगी।
     विद्यालय का मोनो जो विद्यार्थी के ड्रेस एवं टाई पर लगाया जाता है, वह विद्यालय नि:शुल्क अपनी तरफ से उपलब्ध कराएगा। जूते किसी भी दुकान से क्रय कर सकते हैं।
आदेश तत्काल लागू
     उक्त आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं तथा इसका उल्लंघन करने वाले व्यक्ति, संस्था तथा आयोजक के विरूद्ध भारतीय दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 188 के अंतर्गत कार्रवाई की जा सकेगी। विद्यालय द्वारा उक्त आदेशों की अवहेलना किए जाने पर शाला के प्राचार्य, निदेशक के साथ ही शाला प्रबंधन/बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के समस्त सदस्य भी दोषी होंगे। जिले के समस्त विद्यालय अपने नोटिस बोर्ड पर उक्त सूचना चस्पा करें। विद्यालय के प्राचार्य उक्त आदेशों की जानकारी प्रबंधन की प्रथम बैठक में सविस्तार रखना सुनिश्चित करें।
क्रमांक 20/20/07-04-2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥

आधार नंबर की जानकारी के लिए 12 अप्रैल को विशेष शिविर

     देवास 07 अप्रैल 2015/ भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश अनुसार जिले में राष्ट्रीय निर्वाचन नामावली शुद्धिकरण एवं प्रमाणीकरण के लिए मतदाताओं के वोटर आईडी से आधार नंबर को लिंक करने के लिए आधार नंबर की जानकारी प्राप्त करने के लिए 12 अप्रैल को विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा।
     संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री एस एस बंसल ने सभी कलेक्टर्स एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अपने जिले में वे इस कार्य के प्रचार-प्रसार के लिए होर्डिंग, बैनर्स, पोस्टर आदि सामग्री तैयार कर, मतदाताओं को विशेष शिविर के आयोजन की जानकारी देकर अधिक से अधिक मतदाताओं के वोटर आईडी एवं आधार नंबर की जानकारी प्राप्त कर वोटर आईडी से आधार नंबर लिंक कराने की कार्रवाई करें।
इस तरह जोड़े आधार नंबर को मतदाता सूची से
     मतदाता अपने निकट वाले मतदान केंद्र के बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) को वोटर आईडी का नंबर, आधार नंबर व मोबाइल नंबर की जानकारी दें। जैसे- मतदाता का नाम, जिला एवं विधानसभा मतदाता का वोटर आईडी नंबर, मतदाता का आधार नंबर, मतदाता का मोबाइल नंबर हस्ताक्षर देकर अपना आधार नंबर मतदाता सूची से जुड़वाएं।
वेबसाइट से भी कर सकते हैं लिंक
     मतदाता स्वयं अपने आधार नंबर को मतदाता सूची से जोड़ सकते हैं। इसके लिए निर्वाचन की वेबसाइट ceomadhyapradesh.nic.in/E_roll.aspx पर क्लिक करें। एक विंडो खुलने के बाद उसमें दी गई प्रविष्टियों को भरें। प्रविष्टियां करने के बाद मतदाता की वोटर आईडी आधार नंबर से लिंक हो जाएगी।
टोल फ्री नंबर पर कॉल कर
     निर्वाचन द्वारा दिए गए टोल फ्री नंबर 1950 पर वोटर आईडी नंबर, आधार नंबर एवं मोबाइल नंबर नोट करवाएं।
    
                    एसएमएस से भी कर सकते हैं  
     नि:शुल्क एसएमएस 51969 पर भेजकर लिंक कराएं। ECLINK<space>EPICNO.(capital)<space>ADHAR NO पर भेजकर वोटर आईडी को आधार नंबर से लिंक कराए।
मतदाता सहायता केंद्र पर लिंक कराएं
     मतदाता अपने वोटर आईडी नंबर, आधार नंबर एवं मोबाइल नंबर की जानकारी अपने जिले एवं विधानसभा के मतदाता सहायता केंद्र पर देकर लिंक करा सकते हैं।
क्रमांक 21/21/07-04-2015

अप्रशिक्षित शिक्षकों की अर्हता की जानकारी 10 अप्रैल तक मांगी

    देवास 07 अप्रैल 2015/ राज्य शिक्षा केन्द्र ने जिला शिक्षा अधिकारियों से अशासकीय स्कूल के अप्रशिक्षित शिक्षकों की अर्हता संबंधी जानकारी 10 अप्रैल तक माँगी है। केन्द्र ने पूर्व में भी अशासकीय स्कूलों में कार्यरत अप्रशिक्षित शिक्षकों की जानकारी निर्धारित प्रपत्र में भेजने के निर्देश दिये थे। कुछ जिलों से प्रायवेट स्कूलों द्वारा सीधे जानकारी भेजी जा रही थी। केन्द्र ने इसे उचित नहीं माना है। सभी जिला शिक्षा अधिकारियों से कहा गया है कि वे निर्धारित तिथि तक जानकारी भेजें अन्यथा माना जायेगा कि उनके जिले में कोई अप्रशिक्षित शिक्षक शेष नहीं है। इस संबंध में किसी भी स्थिति के निर्मित होने पर संबंधित डीईओ ही उत्तरदायी माने जायेंगे।
क्रमांक 22/22/07-04-2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

सिंधु दर्शन योजना के लिए पहले साल 20  लाख रुपये आवंटित

यात्रा पूर्ण होने पर चयनित यात्री को मिलेगी राशि

    देवास 07 अप्रैल 2015/ राज्य सरकार मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना में प्रदेश के 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को उनके जीवन काल में एक बार प्रदेश के बाहर के निर्धारित तीर्थ-स्थानों में से किसी एक स्थान की यात्रा के लिए सहायता देती है। मध्यप्रदेश में यह योजना 3 सितम्बर 2012 को रामेश्वरम् की यात्रा के साथ प्रारंभ हुई थी जिसमें आई.आर.सी.टी.सी. (रेलवे) के पैकेज के अनुसार यात्रियों को भेजा गया। अब अन्य आयु वर्ग के लोग भी योजना में कुछ स्थान की यात्रा के दायरे में लाए गए हैं।
    सिंधु दर्शन यात्रा में जम्मू-काश्मीर में स्थित लेह-लद्दाख यात्रा के लिए साठ  वर्ष से कम आयु के लोग भी शामिल हो सकेंगे। लद्दाख में सिंधु नदी का घाट और अन्य धार्मिक पर्यटन-स्थल हैं। इस यात्रा के लिए प्रथम वर्ष 2015  में 20  लाख रुपये का आवंटन स्वीकृत किया गया है। प्रति यात्री 10  हजार रुपये  की राशि अनुदान स्वरूप यात्रा पूर्ण होने  के बाद  पर्यटन विकास निगम की ओर से दी जाएगी। योजना में लाटरी के माध्यम से यात्री चयनित किये जायेंगे। यात्रा पर जाने के पूर्व चयनित यात्री को सूचना देनी होगी। सिंधु दर्शन यात्रा के लिए अनुदान की घोषणा मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने पिछले साल अपने निवास पर चेटी चंड समारोह में की थी। 
    तीर्थ-दर्शन योजना में राज्य शासन ने वर्तमान में श्री बद्रीनाथ, श्री केदारनाथ, श्री जगन्नाथपुरी, श्री द्वारकापुरी, हरिद्वार, अमरनाथ, वैष्णोदेवी, शिरडी, तिरूपति, अजमेर शरीफ, काशी, गया, अमृतसर, रामेश्वरम, सम्मेद शिखर, श्रवण बेलगोला और वेलांगणी चर्च, नागापट्टनम तीर्थ को शामिल किया है।
योजना में ढाई लाख बुजुर्गों ने की तीर्थ-यात्रा
    योजना में अब तक प्रदेश में ढाई लाख बुजुर्गों को तीर्थ-यात्रा करवाई जा चुकी है। योजना की लोकप्रियता को देखते हुए कुछ स्थानों पर अधिक दिन की यात्रा के अनुरूप व्यवस्थाएं की गई हैं। 

कई राज्यों ने भी लागू की योजना
    मध्यप्रदेश की तर्ज पर यह योजना राजस्थान, छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड में लागू की जा चुकी है। हाल ही में उत्तर प्रदेश इस योजना को श्रवण योजना के नाम से लागू करने जा रहा है। महाराष्ट्र में भी  जल्द ही योजना लागू की जा रही है।
    वर्तमान  वर्ष में योजना में करीब सवा लाख बुजुर्ग को तीर्थ-यात्रा करवाई जायेगी। योजना के तीर्थ-स्थलों में अब अयोध्या, मथुरा, प्रयाग, गंगासागर, सेंट थामस चर्च केरल और संत कबीर के जन्म-स्थान लहरतारा को भी शामिल किया जायेगा। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने इस सम्बन्ध में जरुरी निर्देश दे दिए हैं।
    यात्रियों को तीर्थ-यात्रा के दौरान दिये जाने वाले भोजन तथा अन्य सुविधाओं की गुणवत्ता की जांच समय-समय पर करने के निर्देश दिए गए हैं। उलेखनीय है कि  कैलाश मानसरोवर की यात्रा का प्रति यात्री अनुदान 30 हजार से बढ़ाकर 50 हजार रूपये करने का निर्णय लिया गया है। हर यात्रा के बाद यात्रियों से यात्रा संबंधी फीड बेक लिया जाता है। इसके आधार पर जरूरी संशोधन किये जाते हैं।
क्रमांक 23/23/07-04-2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

कलेक्टर स्तर पर जनसुनवाई में आए 77 आवेदन
कलेक्टर ने आवेदनों के त्वरित निराकरण के संबंधित अधिकारियों को दिये निर्देश
     देवास 07 अप्रैल 2015/ कलेक्टर स्तर पर स्थानीय मल्हार स्मृति मंदिर में आयोजित जनसुनवाई में आज मंगलवार को 77 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी एवं अन्य अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए। सभी आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कलेक्टर ने उनके निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को  दिए। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर श्री प्रबल सिपाहा, डीएसपी ट्रेफिक श्री बीएल बुनकर, सहित सभी जिला अधिकारी मौजूद थे।

झूठे चैक एवं नकली हस्ताक्षर कर सेवा सहकारी संस्था से लिया कर्ज

     आवेदक रामचन्द्र, राजेन्द्र कुमार जोशी, मनोहर, करणसिंह आदि निवासी ग्राम कुलाला तहसील सोनकच्छ ने आवेदन देकर बताया कि वे सेवा सहकारी संस्था भौंरासा के सदस्य हैं। संस्था से उनके नाम पर अवैध तरीके से कर्ज लिया गया है, जबकि उन्होंने संस्था से किसी प्रकार का कोई कर्ज नहीं लिया। झूठे चैक व नकली हस्ताक्षर कर बैंक की मिली भगत से राशि निकाली गई है। संस्था द्वारा 10 फरवरी 15 को भेजे गये सूचना पत्र के माध्यम से उन्हें यह बात पता चली है। संस्था की जांच कराई जाये तथा उनके नाम पर लिया गया कर्ज समाप्त कराया जाये। प्रकरण में कलेक्टर ने संबंधित विभाग को कार्यवाही के निर्देश दिये।

कार्य किये बिना ही निकाली राशि

    आवेदक लक्ष्मणसिंह सोलंकी, रूगनाथ एवं शोभाराम निवासी ग्राम पंचायत रातातलाई तहसील बागली ने आवेदन दिया कि ग्राम पंचायत रातातलाई में मोहन के घर से श्मशान तक वृक्षारोपण कार्य, फुलसिंह के खेत से प्रेमसिंह के खेत तक ग्रेवल मार्ग निर्माण, तालाब का गहरीकरण कार्य आदि कार्य करवाये बिना ही पंचायत सचिव द्वारा राशि निकाल ली गई। कार्यों की जांच करवाये जाकर सचिव के विरूद्ध उचित कार्यवाही की जाये। प्रकरण में कलेक्टर ने सीईओ जनपद पंचायत बागली को नियमानुसार कार्यवाही के निर्देश दिये।
कपिलधारा कूप स्वीकृत किया जाये
    आवेदक मोजीराम पिता कालू निवासी ग्राम विक्रमपुर तहसील खातेगांव ने आवेदन दिया कि उसके पास कुल 0.28 आरे कृषि भूमि है, जो असिंचित है। वह कपिलधारा योजना अन्तर्गत कुंआ खुदवाना चाहता है। प्रकरण में कलेक्टर ने सीईओ जनपद पंचायत खातेगांव को आवेदन पत्र तैयार करवाये जाकर नियमानुसार कार्यवाही के निर्देश दिये।

 

शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटवाया जाये

    ग्राम सिन्धनी तहसील टोंकखुर्द निवासी सतीश पिता कालूराम एवं अन्य ग्रामीणजनों ने आवेदन देकर बताया कि उनके ग्राम में बच्चों के मरघट की शासकीय भूमि पर अन्य ग्रामीण द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर मकान बनाया जा रहा है। इस संबंध में तहसीलदार टोंकखुर्द को शिकायत करने पर क्षेत्र के पटवारी द्वारा मौका मुआयना कर पंचनामा बनाया गया, किन्तु मकान बनाने का कार्य जारी है। प्रकरण में कलेक्टर ने तहसीलदार टोंकखुर्द को जांच कर कार्यवाही के निर्देश दिये।

समर्थन मूल्य पर गेहूं विक्रय के लिए उपार्जन केन्द्र बदला जाये

    ग्राम पंचायत राबड़िया के अन्तर्गत आने वाले ग्राम राबड़िया, सिन्धनी एवं जनोली बुजुर्ग के कृषकों ने आवेदन दिया कि समर्थन मूल्य पर गेहूं विक्रय के लिए उनका रजिस्ट्रेशन उपार्जन केन्द्र टोंकखुर्द में किया गया है, जो ग्राम राबड़िया से लगभग 25 किलोमीटर की दूरी पर है। उनका रजिस्ट्रेशन ग्राम राबड़िया से लगभग 2 किलोमीटर की दूरी पर स्थित दुर्गापुरा में प्रारंभ किये गये साइलो केन्द्र पर स्थानांतरित किया जाये, जिससे उन्हें गेहूं विक्रय के लिए सुविधा हो सके। प्रकरण में कलेक्टर ने संबंधित विभाग को नियमानुसार कार्यवाही के निर्देश दिये।

मुख्यमंत्री आवास का लाभ दिलाया जाये

    आवेदक भैरूसिंह पिता भगवानसिंह निवासी ग्राम नांदोन तहसील कन्नौद ने आवेदन दिया कि वह मजदूरी करके अपना जीवन यापन करता है तथा उसके पास रहने के लिए पूर्णत: कच्चा मकान है। उसे मुख्यमंत्री आवास योजना अन्तर्गत आवास स्वीकृत किया जाये। प्रकरण में कलेक्टर ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कन्नौद को नियमानुसार कार्यवाही के निर्देश दिये।

बस एजेंटों के दुर्व्यहार पर रोक लगाई जाये

    मध्यप्रदेश राज्य सामाजिक संस्था के कार्यकर्ता केसी रावत, एलके श्रीवास्तव, आरबी भाई पटेल ने आवेदन दिया कि देवास के महात्मा गांधी बस स्टेण्ड पर प्रायवेट बसों के एजेंटों की गुंडागर्दी बढ़ती जा रही है। साथ ही विगत दिनों देवास उज्जैन के बीच शासकीय बस चलाये जाने पर प्रायवेट बस एजेंटों द्वारा मारपीट की घटनाएं हुई हैं। आये दिन यात्रियों के साथ बस एजेंटों द्वारा दुर्व्यवहार किया जाता है। प्रायवेट बस एजेंटों के दुर्व्यवहार पर अंकुश लगाया जाये। प्रकरण कलेक्टर ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिये।  
क्रमांक 24/24/07-04-2015                    (फोटो-संलग्न)
                  
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥

हर व्यक्ति के पास हुनर हो

---------

  उद्योग मंत्री श्रीमती सिंधिया ने देवास में उद्योगों का निरीक्षण किया 

     देवास 07 अप्रैल 2015/ भारत के विकास और शासन के 'मेक इन इंडिया' और 'मेक इन मप्र' के सपने को साकार करने के लिए यह आवश्यक है कि हर व्यक्ति के पास कोई न कोई हुनर हो, जिससे यह अच्छी आजीविका चला सके। उद्योगों को इसके लिए शासन के साथ मिलकर प्रयास करने चाहिए।
    प्रदेश की उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने आज मंगलवार को देवास में कुद उद्योगों के निरीक्षण के दौरान यह बात कही। उन्होंने टाटा इंटरनेशनल, रैनबैक्सी (अब सन फॉर्मा) आदि जाकर उद्योग प्रतिनिधियों से चर्चा की तथा निर्माण एवं अन्य गतिविधियों को देखा। कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी एवं एसपी श्री अभय सिंह ने श्रीमती सिंधिया से भेंटकर जिले की औद्योगिक प्रगति के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर उद्योग आयुक्त श्री व्ही.एल. कांताराव, एडीएम श्री प्रबल सिपाहा, एसडीएम श्री धीरज श्रीवास्तव आदि मौजूद थे।
उद्योग निभाएं अपनी सामाजिक जिम्मेवारी
    उद्योग मंत्री ने टाटा इंटरनेशनल में निरीक्षण के दौरान कहा कि कॉरपोरेट सोशल रिस्पेन्सिबिलिटी के तहत उद्योगों को अपनी सामाजिक जिम्मेवारी निभाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शासन की इंद्रधनुष योजना के अंतर्गत सभी बच्चों का टीकाकरण उद्योगों का अपने क्षेत्र के ग्रामों करवाने में शासन की मदद करनी चाहिए।
अपने पैरों पर खड़ा होना चाहिए
    उद्योग मंत्री ने टाटा इंटरनेशनल में वहां कार्य कर रही महिलाओं के कार्य को देखा तथा उनकी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि महिलाओं को इसी प्रकार आत्म निर्भर होना चाहिए तथा अपने पैरों पर खड़ा होना चाहिए। उन्हें किसी पर निर्भर नहीं होना चाहिए। एक महिला ने मंत्री को बताया कि वह सात साल से यहां कार्य कर रही है तथा साथ-साथ अपनी पढ़ाई भी कर रही है। इस पर मंत्री श्रीमती सिंधिया ने उसकी तारीफ की।

'हमने चीन की यात्रा की है'
    टाटा इंटरनेशनल में कार्य कर रही कुछ युवतियों ने मंत्री को बताया कि उन्हें प्रशिक्षण के लिए चीन भेजा गया था। उन्होंने चीन की यात्रा की तथा वहां कार्य का प्रशिक्षण प्राप्त किया। मंत्री ने कहा 'आप लोगों के चेहरे खिले हुए हैं, इससे लगता है आपका कार्य में मन लग रहा है।' प्रबंधक ने मंत्रीजी को बताया कि फैक्ट्री में एक वर्कर की तन्ख्वाह 6 से 7 हजार रूपए प्रतिमाह है।
छोटे-छोटे सामान छोटे उद्यमियों से बनवाएं
    मंत्री श्रीमती सिंधिया ने उद्योगों के प्रबंधकों से कहा कि वे अपने यहां लगने वाले छोटे-छोटे सामान जैसे- शू-लेस, पैकिंग मटेरियल, जूते का तला, सांचा आदि उन छोटे उद्यमियों से बनवाएं जो मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अथवा मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत अपना उद्योग लगा रहे हैं। उन्होंने शिवपुरी क्षेत्र में ऐसे उद्योगों की अधिक आवश्यकता बताई।
मानव संसाधन विकास किया जाए
  उद्योग मंत्री ने उद्योग प्रबंधकों से कहा कि वे मानव संसाधन विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। टाटा इंटरनेशनल के प्रबंधक ने बताया कि उनके द्वारा युवक-युवतियों को गांव-गांव जाकर प्रशिक्षण देने तथा फिर रोजगार उपलब्ध कराए जाने का कार्य कराया जा रहा है। इसके लिए वे स्वसहायता समूह बनवाकर कार्य करते हैं।
भारतीय उद्योग भी अच्छा माल बनाते हैं
    रैनबैक्सी (अब सन फार्मा) में उद्योगों के प्रतिनिधियों से चर्चा के दौरान मंत्री श्रीमती सिंधिया ने कहा कि आमतौर पर ये धारणा है कि भारतीय दवा कंपनियां बहुत अच्छी दवाएं नहीं बनाती हैं, परंतु यह गलत है, हमारी कंपनियां भी अच्छी गुणवत्ता की दवाएं बनाती है। उन्होंने रैनबैक्सी द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
क्रमांक 25/25/07-04-2015                    (फोटो-संलग्न)
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥
पंडित कुमार गंधर्व एवं राष्ट्रीय कुमार गंधर्व सम्मान समारोह आज एवं कल
प्रवेश नि:शुल्क, सभी कला रसिक आंमत्रित
     देवास 07 अप्रैल 2015/ मप्र शासन संस्कृति विभाग के लिए उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी-भोपाल द्वारा जिला प्रशासन एवं नगर पालिका निगम देवास के सहयोग से अप्रतिम गायक पंडित कुमार गंधर्व की स्मृति में 8 एवं 9 अप्रैल को पंडित कुमार गंधर्व समारोह का आयोजन मल्हार स्मृति मंदिर देवास में प्रतिदिन 7.30 बजे से किया जा रहा है। प्रथम दिन 8 अप्रैल को राष्ट्रीय कुमार गंधर्व सम्मान से देश की प्रतिष्ठित भरतनाट्यम नृत्यांगना सुश्री रमा वैद्यनाथन नई दिल्ली को अलंकृत किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित समारोह में सभी कला रसिक सादर आंमत्रित हैं। कार्यक्रम में प्रवेश नि:शुल्क है।
     निदेशक  उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी भोपाल ने बताया कि 8 अप्रैल को कार्यक्रम की शुरूआत सम्मान से अलंकृत सुश्री रमा वैद्यनाथन के भरतनाट्यम नृत्य से होगी। आपने नृत्य की शिक्षा गणेश नाट्यालय की संस्थापक गुरू श्रीमती सरोजा वैद्यानाथ से प्राप्त की है। आपने अनेक नृत्य नाटिकाओं का आकल्पन, संयोजन एवं निर्देशन भी किया हैं। देश एवं विदेश के विभिन्न प्रतिष्ठित समारोहों में शिरकत की। दूरदर्शन की टॉप ग्रेड कलाकार हैं। कार्यक्रम की दूसरी एवं अंतिम प्रस्तुति पुणे के श्री आनंद भाटे के गायन से होगी। आपने संगीत की शिक्षा प्रख्यात गायक भारत रत्न पंडित भीमसेन जोशी से ग्रहण की है। आपने देश एवं विदेश की अनेक संगीत सभाओं में शिरकत की है। आपको पार्श्व गायन के क्षेत्र में बालगंधर्व फिल्म में पार्श्व गायक का राष्ट्रीय पुरूस्कार प्राप्त हुआ है। आपके साथ तबले पर श्री उल्हास राजहंस एवं हारमोनियम पर श्री विवेक बनसोड़ संगत करेंगे।
नोडल अधिकारी नियुक्त
      कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने कुमार गंधर्व राष्ट्रीय सम्मान अलंकरण एवं संगीत समारोह कार्यक्रम के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए एसडीएम देवास श्री धीरज श्रीवास्वत को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। साथ ही मल्हार स्मृति मंदिर संबंधी व्यवस्था, हॉल की साफ-सफाई एवं शुद्ध पीने के पानी आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम आयुक्त को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
दूसरे दिन की प्रस्तुतियां
      कार्यक्रम के दूसरे दिन 9 अप्रैल को कार्यक्रम की शुरूआत प्रसिद्ध शहनाई वादक थाणे के श्री शैलेष भागवत के शहनाई वादन से होगी। दूसरी प्रस्तुति मुंबई के सितार वादक श्री रवीन्द्र चारी की होगी। समारोह की अंतिम प्रस्तुति प्रसिद्ध गायक नासिक के श्री प्रसाद खापर्डे के गायन से होगी।

क्रमांक 26/26/07-04-2015         

No comments:

Post a Comment