दिनांक 30 अप्रैल 2015
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जॉन डियर कंपनी के संचालक एवं अन्य निवेशकों से मुलाकात की
जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।। समाचार ।।
सरकार बनाएगी किसान हितैषी
फसल बीमा योजना
--------------
किसानों का एक-एक दाना गेहूं
समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा
--------------
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने
कमलापुर में समर्थन मूल्य खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया
देवास 30 अप्रैल 2015/ वर्तमान फसल बीमा येाजना बीमा कपंनियों को लाभ पहुंचाने
वाली है, किसानों को नहीं। मप्र सरकार
ऐसी फसल बीमा योजना बनाएगी, जिससे किसानों को किसी भी प्रतिकूल परीस्थिति में उनके
गुजर-बसर के लिए पर्याप्त राशि मिल सके। इसके लिए सरकार बीमा कंपनियों से बात कर रही
है। यदि कोई बीमा कंपनी राजी नहीं होती है, तो भी प्रदेश सरकार एक किसान कल्याण प्रकोष्ठ
बनाएगी जो किसानों को आपदा की स्थिति में पर्याप्त राशि उपलब्ध कराएगा। किसानों को
प्राकृतिक आपदा यथा ओला-पाला से फसलों के नष्ट होने, अन्य किसी कारण से उत्पादन गिरने
एवं अप्रत्याशित रूप से भाव गिरने, इन तीनों स्थितियों में सरकार पर्याप्त सहायता उपलब्ध
कराएगी। बीमा कंपनियों द्वारा राशि नहीं दिए जाने पर मप्र सरकार द्वारा स्वयं गत दिनों
किसानों को हुए नुकसान के लिए 2187 करोड़ राशि उपलब्ध कराई गई है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने
आज गुरूवार को देवास जिले के ग्राम कमलापुर में स्थित समर्थन मूल्य खरीदी केंद्र के
निरीक्षण के दौरान किसानों से ये बात कही। उन्होंने वहां समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने
आए किसानों से बातचीत की तथा सम्पूर्ण खरीदी प्रक्रिया को देखा।
एक-एक दाना गेहूं खरीदा जाएगा
मुख्यमंत्री ने किसानों कहा कि उनका एक-एक दाना
गेहूं समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा। इसके लिए उन्होंने केंद्र सरकार से भी बातचीत कर
ली है, कि किसानों का चमकहीन तथा पतला पड़ा गेहूं भी समर्थन मूल्य पर खरीदा जाए। उन्होंने
किसानों से कहा कि वे अपना गेहूं साफ कर खरीदी केंद्र पर लाएं। उन्होंने बताया पूरे
प्रदेश में अभी तक 44 लाख 40 हजार एम.टी. एवं देवास जिले में 1 लाख 40 हजार एम.टी.
गेहूं समर्थन मूल्य पर खरीदा जा चुका है।
उसी दिन तुल रहा है किसानों
गेहूं
मुख्यमंत्री ने बताया कि पूरे प्रदेश में ऐसी व्यवस्था
की गई है कि किसानों का गेहूं, वे जिस दिन खरीदी केंद्र पर लाएं उसी दिन वह बिक जाए।
देवास में जिले में खरीदी कार्य अच्छा चल रहा है। किसी भी किसान को खरीदी केंद्र में
रात में नहीं रूकना पड़ रहा है। उन्हें 7 दिन में भुगतान कि सुविधा दी गई है।
बोनस से बेतहर व्यवस्था होगी
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष शासन द्वारा गेहूं
खरीदी पर बोनस नहीं दिया गया है, परंतु सरकार बोनस से बेहतर व्यवस्था करने जा रही है।
उन्होंने बताया कि कि किसानों को खाद, बीज के ऋण के रूप में दी गई राशि में से कुछ
राशि सरकार किसानों को देने पर विचार कर रही है। योजना को अंतिम रूप शीघ्र दिया जाएगा।
अपना-अपना खाद ले लें किसान
मुख्यमंत्री ने किसानों से कहा कि इस वर्ष सरकार
द्वारा किसानों की आवश्यकता के अनुसार खादों का भंडारण करा लिया गया है। किसान अपनी
आवश्यकता अनुसार खाद का उठाव अभी से समितियों से कर ले, जिससे उन्हें बाद में परेशानी
न पड़े। उन्होंने बताया कि इसके लिए किसानों को तीन माह का ब्याज नहीं देना पड़ेगा।
बद्रीलाल, जगन्नाथ तथा सवाई
सिंह से की बातचीत
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निरीक्षण के दौरान खरीदी
केंद्र पर गेहूं बेचने आए किसानों बद्रीलाल दोलाई ग्राम कांजर, जगन्नाथ सिंह ग्राम
कवड़िया तथा सवाई सिंह ग्राम ग्यारसपुरा आदि से बातचीत की तथा पूछा कि उन्हें कोई दिक्कत
तो नहीं आ रही है। किसानों ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनका गेहूं आसानी से खरीदी केंद्र
पर खरीदा जा रहा है तथा उन्हें कोई परेशानी नहीं आ रही है।
25 हजार क्विंटल गेहूं खरीदा
मुख्यमंत्री को बताया गया कि समर्थन मूल्य खरीदी
केंद्र कमलापुर द्वारा 18 मार्च से आज दिनांक तक 25 हजार 752 क्विंटल गेहूं की समर्थन
मूल्य पर खरीदी की गई है। अभी तक कुल 464 किसानों द्वारा इस केंद्र पर समर्थन मूल्य
पर गेहूं विक्रय किया गया है। इसकी 3 करोड़ 73 लाख रूपए की राशि किसानों के खातें में
अंतरित की जा चुकी है। खरीदी केंद्र पर जो चमकहीन एवं पतला गेहूं खरीदी जा रहा है,
उसके बोरे पर लाल रंग से 'Z' का निशान बनाया जा रहा है।
बैंक मैनेजर को हटाया
कुछ किसानों द्वारा शिकायत की गई थी कि बैंक ऑफ
इंडिया का शाखा कमलापुर का प्रबंधक किसानों के खाते में समर्थन मूल्य पर गेहूं बिक्री
राशि नहीं डाल रहा है। उसका व्यवहार भी किसानों के साथ बहुत खराब है। इस पर बैंक मैनेजर
हिमांशु जैन को तुरंत हटाए जाने के निर्देश दिए गए।
जनता का अभिवादन स्वीकारा
मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा हैलीकॉप्टर से उतरने
के बाद वहां उपस्थित प्रत्येक व्यक्ति का हाथ मिलाकर अभिवादन स्वीकार किया। उन्होंने
ग्रामीणजनों से बातचीत की, उनकी समस्याओं को सुना एवं समस्याओं के निराकरण के निर्देश
अधिकारियों को दिए दिए।
ये थे उपस्थित
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान शिक्षा राज्यमंत्री
श्री दीपक जोशी, बागली विधायक श्री चंपालाल देवड़ा, जनपद पंचायत बागली अध्यक्ष श्रीमती
निर्मला कंठाली, श्री बहादुर मुकाती, कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी, जिला पंचायत सीईओ
श्री अभिषेक सिंह, एसडीएम बागली श्रीमती वर्षा भूरिया, संयुक्त कलेक्टर श्री एएन अरोरा,
अतिरिकत् पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी
आदि उपस्थित थे ।
क्रमांक
146/146/30-04-2015 (फोटो-संलग्न)
जिला जनसम्पर्क
कार्यालय, देवास
।। समाचार ।।
19 मई से देवास में होगी 8
जिलों के लिए सेना भर्ती रैली
देवास 30 अप्रैल 2015/ सेना भर्ती कार्यालय महू द्वारा
प्रदेश के आठ जिलों देवास, बड़वानी, बुरहानपुर, अलीजराजपुर धार, मंदसौर, नीमच एवं खंडवा
के नौजवानों के लिए सेना की भर्ती रैली इस बार देवास में आयोजित की जाएगी। यह 4 दिन
की लंबी भर्ती रैली देवास में 19 मई से 22 मई तक कुशाभाऊ ठाकरे स्टेडियम देवास में
आयोजित होगी। भर्ती रैली का समय प्रात: 4 बजे से 6 रखा गया है।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि 19 मई को देवास जिले
के बेरोजगार आवेदकों की भर्ती का आयोजन रखा गया है। मंदसौर एवं अलीराजपुर जिले के आवेदक
20 मई को, नीमच तथा बुरहानपुर के आवेदक 21 मई को तथा खंडवा, धार, बड़वानी जिलों के आवेदक
22 मई को सेना भर्ती रैली में शामिल होंगे। सेना भर्ती रैली के संबंध में अधिक जानकारी
के लिए भर्ती कार्यालय महू के दूरभाष नंबर 07324-271032 तथा जिला रोजगार कार्यालय के
दूरभाष क्रमांक 07272-222296 पर सम्पर्क कर सकते हैं।
क्रमांक
147/147/30-04-2015
जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।। समाचार ।।
6 से 14 वर्ष के हर बच्चे का हो स्कूल में दाखिला
कलेक्टर ने दिए शिक्षा विभाग को निर्देश
देवास 30 अप्रैल
2015/ जिले
के प्रत्येक 6 से 14 वर्ष तक की आयु के बच्चे का स्कूलों में प्रवेश सुनिश्चित कराया
जाए। इसके साथ ही कक्षा 6, 9 एवं 11वीं में
प्रवेश योग्य बच्चों की सूची तैयार कराए जाकर उनका इन कक्षाओं में प्रवेश कराया जाए।
कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने ये निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी एवं डीपीसी को दिए हैं।
कलेक्टर ने कहा है कि प्रदेश में नि:शुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकार
अधिनियम 2009 प्रदेश में लागू है, अत: इस अधिनियम के प्रावधानों के तहत 6 से 14 वर्ष
तक के समस्त बच्चों का नामांकन उनकी उपस्थिति तथा उनकी प्रारंभिक शिक्षा की पूर्णता
को सुनिश्चित करने का दायित्व शासन का है। इस वर्ष स्कूल चलें अभियान चार चरणों में
संचालित किया जाना है। इसके प्रथम चरण में 1 जून तक ग्राम/वार्ड शिक्षा पंजी को अद्यतन
किया जाना है। यह कार्य 5 मई 2015 तक पूर्ण कर लिया जाए।
कक्षा 6 में प्रवेश योग्य बच्चों की सूची तैयार करने के लिए प्रत्येक
मिडिल स्कूल के शिक्षकों को उस मिडिल स्कूल की पोषक शालाओं के लिए शाला प्रभारी बनाया
गया है। ये शाला प्रभारी 5वीं कक्षा की पढ़ाई पूरी करने वाले बच्चों की सूची 5 मई
2015 तक तैयार करें। वे पालकों से सम्पर्क कर प्रवेश की जानकारी दें।
कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि कक्षा 8वीं पास करने वाले समस्त बच्चों
को कक्षा 9वीं में दर्ज कराया जाए। प्रत्येक माध्यमिक शाला के प्रधान अध्यापक का यह
दायित्व होगा कि वह कक्षा 8वीं पास करने वाले विद्यार्थियों की सूची निकटस्थ हाई अथवा
हायर सेकेंडरी स्कूल को उपलब्ध करा दे। पालकों से सम्पर्क के समय उन्हें बच्चों को निकटस्थ हाई स्कूल में
दर्ज कराने के लिए प्रेरित करें।
प्रत्येक हाई स्कूल के प्राचार्य का यह दायित्व होगा कि वह कक्षा 10वीं
पास करने वाले विद्यार्थियों की सूची निकटस्थ हायर सेकेंडरी स्कूल को उपलब्ध करा दे।
वह 5 मई 2015 तक पालकों से सम्पर्क के समय उन्हें बच्चों को निकटस्थ हायर सेकेंडरी
स्कूल में दर्ज कराने के लिए प्रेरित करे।
क्रमांक 148/148/30-04-2015
जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।। समाचार ।।
शीलनाथ धूनी संस्थान ट्रस्ट भंग
एसडीएम द्वारा कब्जा प्राप्त करने व रिकॉर्ड जप्त
करने के निर्देश
देवास 30 अप्रैल
2015/ अनुविभागीय
अधिकारी तथा रजिस्ट्रार पब्लिक ट्रस्ट देवास द्वारा श्री सदगुरू योगेंद्र शीलनाथ धूनी
संस्थान पब्लिक ट्रस्ट देवास को पब्लिक ट्रस्ट विधान के विपरीत पंजीबद्ध होने, वैध
न्यासियों के न होने तथा संपत्ति का संधारण विधि अनुकूल न होने के कारण भंग कर दिया
गया है। साथ ही ट्रस्ट की संपत्तियों की व्यवस्था शासकीय देवस्थान प्रबंधन समिति के
द्वारा कलेक्टर देवास की अध्यक्षता में किए जाने के आदेश दिए गए हैं।
अनुविभागीय अधिकारी द्वारा यह आदेश मप्र पब्लिक ट्रस्ट एक्ट 1951 की
धारा 36 (1) के अंतर्गत् जारी किए गए हैं। साथ ही तहसीलदार देवास को निर्देश दिए गए
हैं कि वे इस ट्रस्ट की चल-अचल संपत्ति का कब्जा शासन पक्ष में प्राप्त कर लें तथा
रिकॉर्ड को जप्त कर आय-व्यय पत्रों की जांच कर शासन को हुए हर्जाने का प्रतिवेदन तैयार
करें। जांच के दौरान ट्रस्टियों द्वारा सम्पित्त का किसी भी प्रकार दुरूपयोग करने पर
उनसे बकाया लगान के रूप में राशि वसूल की जाए। वहां आवश्यक कर्मचारी एवं पुजारी नियुक्त
कर संपत्ति की देखरेख की जाए, जिससे धूनी संस्थान के भक्तों को किसी भी प्रकार की परेशानी
न हो।
यह है मामला
श्री सदगुरू योगेंद्र शीलनाथ धूनी संस्थान पब्लिक ट्रस्ट देवास का पंजीयन
रजिस्ट्रार पब्लिक ट्रस्ट द्वारा ट्रस्ट विधान 1951 धारा 4 के अंतर्गत क्रमांक
87/1975-76 दिनांक 26 अप्रैल 1976 को धार्मिक एवं पारमार्थिक प्रयोजन के लिए किया गया
था। इस संबंध में संस्थान द्वारा, तत्कालीन देवास जूनियर शासक श्रीमंत यशवंतराव भाऊ
साहेब पवार द्वारा 2 सितंबर 1974 को निर्मित डीड, प्रस्तुत की गई, जिसमें संपत्ति का
विवरण, ट्रस्ट के उद्देश्य एवं ट्रस्टियों के नाम दिए गए।
ट्रस्ट में कोई मूल ट्रस्टी नहीं
ट्रस्ट का जब गठन किया गया था तब उसमें महाराज यशवंतराव पवार को अध्यक्ष
बनाया गया था तथा मुकुट राव आनंदराव पवार, श्री कंचनसिंह पटेल, श्री शरदचंद रामचंद्र
राव जाधव एडवोकेट तथा श्री आरएम काशीकर एडवोकेट को ट्रस्टी बनाया गया था। ट्रस्ट की
जांच करने पर पाया गया कि वर्तमान में ट्रस्ट में डीड में उल्लेखित ट्रस्टियों में
से कोई भी ट्रस्टी उपलब्ध नहीं है। ट्रस्ट का संचालन मनमाने ढंग से धोखाधड़ी पूर्वक
ऐसे व्यक्तियों द्वारा किया जा रहा है जो ट्रस्टी मान्य नहीं हैं। यह संपत्ति निजी
न होकर रियासत देवास की है, जो शासन के अधीन है।
ट्रस्ट का ग्ठन नियम विपरीत
प्रकरण में अनुविभागीय अधिकारी देवास द्वारा पाया गया कि श्री सदगुरू
योगेंद्र शीलनाथ धूनी संस्थान पब्लिक ट्रस्ट देवास का गठन तत्कालीन समय में मप्र लोक
न्यास विधान की धारा 36 (1) के विपरीत हुआ। इस संस्थान की सम्पूर्ण सम्पत्ति शासन की
संपत्ति है, जिसे शासनाध्यक्ष तत्कालीन देवास जूनियर के महाराज मलहार राव ने संस्थान
को संचालन के लिए दिया गया था। अत: यह सम्पूर्ण संपत्ति शासन की ही मानी जाएगी।
क्रमांक 149/149/30-04-2015
जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।। समाचार ।।
उद्योगों में अधिक से अधिक स्थानीय
लोगों को रोजगार दिलायें
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जॉन डियर कंपनी के संचालक एवं अन्य निवेशकों से मुलाकात की
देवास 30 अप्रैल 2015/ मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि
प्रदेश में नये उद्योगों में अधिक से अधिक स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध करवाया
जाये। नये उद्योग स्थानीय लोगों से बेहतर संवाद बनायें। मुख्यमंत्री श्री चौहान गत
दिवस भोपाल में निवेशकों से मुलाकात के नियमित क्रम में चर्चा कर रहे थे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान से जॉन डियर कम्पनी के प्रबंध संचालक श्री सतीश नादिगर और
रियो टिंटो डायमंड एण्ड मिनरल के चीफ एक्जीक्यूटिव श्री एलेन डेविस ने मुलाकात
की। इस दौरान वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया, मुख्य सचिव
श्री अन्टोनी डिसा तथा मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री एस.के. मिश्रा भी उपस्थित
थे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में
निवेशक मित्र नीति लागू की गयी है। प्रदेश में उद्योगों के लिये सिंगल डोर पालिसी
लागू है। उद्योगों में स्थानीय लोगों को रोजगार मिलने से उनकी आय बढ़ेगी तथा
क्षेत्र का विकास होगा। उद्योग अपनी सामाजिक जिम्मेदारी को निभायें। स्थानीय लोगों
को प्रशिक्षण देकर रोजगार दिलाया जाये। बताया गया कि जॉन डियर कंपनी ने हाल ही में
प्रदेश से निर्यात शुरू किया है। कंपनी द्वारा देवास में बनाये गये ट्रेक्टर
मेक्सिको निर्यात किये गये हैं। रियो टिंटो कंपनी द्वारा भी अत्याधुनिक तकनीक के
उपयोग को बढा़या जा रहा है।
क्रमांक 150/150/30-04-2015
No comments:
Post a Comment