Thursday, 16 April 2015

दिनांक -16 अप्रैल 2015

जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  समाचार  ।।
सामाजिक क्रांति का अग्रदूत बने अजनास
विदेश मंत्री श्रीमती स्वराज ने अजनास में कहा
    देवास 16 अप्रैल 2015/ किसी गांव का विकास करना कोई मुश्किल कार्य नहीं है, विकास से अधिक महत्वपूर्ण है ग्राम सामाजिक रूप से पूर्ण जागृत हो, वहां कोई कुप्रथा अथवा बुराई न हो, शिक्षा स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के क्षेत्र में ग्राम अग्रणी हो तथा सभी में पूर्ण सद्भाव एवं भाईचारा हो। हमारे पूरे प्रयास रहेंगे कि अजनास इस प्रकार की सामाजिक क्रांति का अग्रदूत बने।
    देश की विदेश मंत्री एवं जिले के खातेगांव क्षेत्र की सांसद श्रीमती सुषमा स्वराज ने आज गुरूवार को खातेगांव क्षेत्र के सांसद आदर्श ग्राम योजना अन्तर्गत चयनित ग्राम अजनास में आमसभा को सम्बोधित करते हुए ये विचार प्रकट किये। इस अवसर पर विधायक श्री आशीष शर्मा, महापौर श्री सुभाष शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नरेन्द्रसिंह राजपूत, जनपद पंचायत खातेगांव अध्यक्ष श्रीमती गुलाबबाई टाड़ा, पूर्व विधायक श्री बृजमोहन धूत, कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी, एडीएम श्री प्रबल सिपाहा, जिला पंचायत सदस्य, मंडी अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष आदि उपस्थित थे।
विकास कार्यों का भूमिपूजन किया
    कार्यक्रम स्थल पर ही विदेश मंत्री श्रीमती स्वराज ने ग्राम अजनास के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। उनके द्वारा आंगनवाडी भवनों, पंचायत भवन, स्व सहायता समूहों के वर्क शेड का भूमिपूजन किया गया। उन्होंने माध्यमिक विद्यालय अतिरिक्त कक्ष लागत 18.18 लाख, प्राथमिक विद्यालय अतिरिक्त कक्ष लागत 3.17 लाख का भूमिपूजन भी किया।
                गोद लेने के बाद आई हूं ग्राम में  
     श्रीमती स्वराज ने कहा कि वे 6 वर्ष पूर्व अजनास आई थीं। उसके बाद लगातार इस ग्राम में आने की इच्छा बनी रही। जिस दिन प्रधानमंत्री ने लाल किले से सांसद आदर्श ग्राम योजना की घोषणा की थी, उसी दिन उन्होंने अजनास को अपने संसदीय क्षेत्र का आदर्श ग्राम बनाने का निर्णय कर लिया था। उन्होंने कहा कि ''आज मैं इस ग्राम को गोद लेने के बाद यहां आई हूं। यह मेरे लिए अत्यंत प्रसन्नता का विषय है।''
ग्रामीण विकास की सभी योजनाएं लागू होंगी
     श्रीमती स्वराज ने कहा कि ग्राम अजनास के विकास में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जायेगी। उन्होंने बताया कि ग्राम में ग्रामीण विकास विभाग की सभी 67 योजनाएं लागू की जाएंगी।
ऐसा होगा सपनों का अजनास
     श्रीमती स्वराज ने उनके सपनों के अजनास की परिकल्पना बताई। उनके सपनों का अजनास नशामुक्त होगा। वहां कन्या भ्रूण हत्या नहीं होगी। वहां निरक्षरता नहीं होगी, गांव का एक भी बच्चा निरक्षर नहीं रहेगा, गांव का एक भी पेड़ काटा नहीं जायेगा, सभी ग्राम को स्वच्छ बनाने के लिए मेहनत करेंगे, कोई झगड़ा नहीं करेगा, एक भी मुकदमा दर्ज नहीं होगा, आपसी झगड़ों का गांव में बैठकर ही निपटारा कर लिया जायेगा। ग्राम सद्भाव एवं भाईचारे के लिए देश में पहचाना जायेगा।
सभी वर्गों के साथ करूंगी बातचीत
     श्रीमती स्वराज ने कहा कि वे ग्राम के सभी वर्गों के साथ बातचीत करेंगी तथा उनसे पूछेंगी कि वे कैसे आगे बढ़ना चाहते हैं। महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए स्वरोजगार के अवसर दिये जायेंगे, वृद्धजनों की पूरी देखभाल की जायेगी तथा उनके अनुभवों का लाभ लिया जायेगा, युवाओं को आगे बढ़ने के हर अवसर प्रदान किये जायेंगे। जो विदेश में पढ़ना चाहेगा उसे मौका दिया जायेगा। वे इसके लिए हर बार अलग वर्ग की बैठक लेंगी। श्रीमती स्वराज ने ग्रामवासियों से अपील की कि वे सामाजिक मुद्दों में सहभागिता करें तथा अजनास को सही मायने में आदर्श ग्राम बनायें।
दीदी के सपनों का ग्राम बनेगा अजनास
     विधायक श्री आशीष शर्मा ने कहा कि दीदी (श्रीमती सुषमा स्वराज) की कल्पना के अनुरूप ग्राम में कार्य कराये जाएंगे तथा इसे उनके सपनों का ग्राम बनाया जायेगा। उन्होंने बताया कि ग्राम में युद्ध गति से विकास कार्य प्रारंभ कर दिये गये हैं। यहां 4 आंगनवाडी केन्द्रों का निर्माण पंचायत भवन का निर्माण, वेयर हाउस का निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के अन्तर्गत 81 मकान स्वीकृत किये गये हैं। मंडी में शेड निर्माण कराया जा रहा है। गांव तक आने वाले मार्ग का कार्य कराया जा रहा है। यह मार्ग टू लेन बनेगा। ग्राम में स्ट्रीट लाइट चालू करवा दी गई है। वर्मी कम्पोस्ट यूनिट स्वीकृत हो गई है। शत-प्रतिशत किसानों को मिनी किट वितरित कर दिये गये हैं।
नर्मदा लाइन के लिए डीपीआर तैयार
     विधायक श्री शर्मा ने बताया कि अजनास सहित खातेगांव क्षेत्र के सभी 342 गांवों में नर्मदा का पानी पहुंचाने के लिए डीपीआर (कार्य योजना) तैयार की गई है। इसे स्वीकृति मिलना बाकी है। उन्होंने ग्राम में आईटीआई तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खोले जाने की मांग की।
इन्होंने भी दिया सम्बोधन दिया
     कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्री बृजमोहन धूत एवं श्री बहादुर मुकाती ने भी अपना सम्बोधन दिया। कार्यक्रम के प्रारंभ में माँ नर्मदा एवं भारत माता के चित्रों का पूजन किया गया। श्रीमती स्वराज द्वारा एक भागीरथ कृषक को तालाब निर्माण के लिए कलश भी प्रदान किया गया। महिला बाल विकास विभाग की पुस्तिका पहल का भी विमोचन मुख्य अतिथि द्वारा किया गया।
क्रमांक 81/81/16-04-2015                 (फोटो-संलग्न)
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

गेहूं खरीदी में गड़बड़ी पर उपार्जन केन्द्र प्रभारी निलंबित

कलेक्टर ने दिए एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश

-----------

    देवास 16 अप्रैल 2015/ समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी में व्यापक गड़बड़ियां एवं अनियमितता करने पर कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी के निर्देश पर समर्थन मूल्य खरीदी उपकेन्द्र साकट्या खातेगांव के प्रभारी नंद किशोर व्यास को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने महाप्रबंधक जिला सहकारी केन्द्र को इस संबंध में ‍निर्देश दिए। साथ ही उसके विरूद्ध पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई किए जाने के भी कलेक्टर ने ‍निर्देश दिए हैं।
ये गड़बड़ी पाई गई
    जिला आपूर्ति अधिकारी श्रीमती ज्योति जैन ने बताया कि उक्त कर्मचारी द्वारा किसानों का गेहूं समर्थन मूल्य पर खरीदने में शासन के नियमों की अवहेलना की। शासन के नियम अनुसार किसान के रकबे के मान से ही उसका गेहूं समर्थन मूल्य पर खरीदा जाना था, परन्तु केन्द्र प्रभारी द्वारा किसानों की पात्रता से कई गुना अधिक गेहूं समर्थन मूल्य पर खरीद लिया गया। साथ ही गेहूं के शासन द्वारा निर्धारित किए गए एफएक्यू अर्थात औसत अच्छी गुणवत्ता के मापदण्ड का पालन भी नहीं किया गया। केन्द्र पर अन्य गड़बड़ियां भी पाई गईं।
संस्था से की जाए वसूली
    कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि खरीदी संस्था द्वारा पात्रता से अधिक व खराब गेहूं खरीदे जाने में शासन को जो क्षति हुई है, उसकी वसूली संबंधित सहकारी समिति से की जाए। साथ ही समिति के संचालक मंडल के सदस्यों को भी कारण बताओ नोटिस दिया जाए।
तहसीलदार से करवाई जांच
    सहाकारी समिति द्वारा गेहूं खरीदी में गड़बड़ी की शिकायत मिलने के बाद कलेक्टर द्वारा तहसीलदार खातेगांव से मामले की जांच करवाई गई, जिसमें शिकायत सही पाई गई। इस पर जिला स्तरीय उपार्जन समिति द्वारा उक्त कार्रवाई का निर्णय लिया गया।
स्थाई कर्मचारी तैनात
    गेहूं उपार्जन उपकेन्द्र साकट्या पर गेहूं खरीदी में आगे किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो, यह सुनिचित करने के लिए कलेक्टर द्वारा एक पटवारी विशन सिंह उइके को उपार्जन केन्द्र पर तैनात कर दिया गया है। वह अपने सामने गेहूं की खरीदी कराएगा, कार्य की रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को देगा तथा किसी प्रकार के विवाद की स्थित में निराकरण करेगा।
क्रमांक 82/82/16-04-2015      
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

       लंबित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक 20 अप्रैल को
      देवास 16 अप्रैल 2015/ लंबित समयावधि पत्रों की बैठक का आयोजन 20 अप्रैल सोमवार को प्रातः 10.30 बजे से कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी की अध्यक्षता में किया जाएगा। कलेक्टर ने सर्वसंबंधितों को आवश्यक जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
क्रमांक 83/83/16-04-2015

किसान करें खाद का अग्रिम उठाव

शासन की योजना का लाभ दें

    देवास 16 अप्रैल 2015/ राज्य शासन की खरीफ मौसम 2015 के लिए उर्वरकों के अग्रिम उठाव की योजना का किसान भाई लाभ लें। वे अपनी आवश्यकता के अनुरूप सहकारी समितियों से अग्रिम रूप से  खाद प्राप्त कर लें, जिससे बाद में उन्हें परेशानी न आए। यह योजना आगामी 31 मई तक प्रभावशील रहेगी।
    उप संचालक कृषि किसान कल्याण तथा कृषि विकास ने बताया कि योजना में विपणन संघ, सहकारी समितियों के एवं कृषकों के लिए खाद के लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं।
    विपणन संघ को यूरिया 5942 एमटी, एमओपी 248 एमटी, डीएपी  9400 एमटी, मिश्रित कॉम्प्लेक्स 7149 एमटी दिया जाएगा। सहकारी समितियों के लिए यूरिया 4952 एमटी, एमओपी 186 एमटी, डीएपी 6720, मिश्रिम कॉम्प्लेक्स 5719 एमटी दिया जाएगा। कृषकों के लिए यूरिया 2971 एमटी, एमओपी 124 एमटी, डीएपी 4480 एमटी, मिश्रित कॉम्प्लेक्स 4289 एमटी दिया जाएगा।
क्रमांक 84/84/16-04-2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

शहरी क्षेत्र के पात्र परिवारों के बैंक खाते समग्र पोर्टल पर दर्ज होंगे

    देवास 16 अप्रैल 2015/ खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देशानुसार लक्षित सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत शहरी क्षेत्रों में पात्र परिवारों के बैंक खातों की जानकारी समग्र पोर्टल पर अंकित की जायेगी। इस डाटा बेस की प्रविष्टि के लिए 24 अप्रैल तक विशेष अभियान चलाया जायेगा। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शासन के महत्वपूर्ण अभियान के लिए प्रभारी नियुक्त किये जाने के लिए अपने विभाग के अधिकारी/ कर्मचारियों की सूची शीघ्र उपलब्ध करायें।
क्रमांक 85/85/16-04-2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

शाला के बाहर के बच्चों के लिये ग्रीष्मकालीन गैर अवासीय प्रशिक्षण संचालित होंगे

    देवास 16 अप्रैल 2015/शाला के बाहर के बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिये प्रदेश के सभी जिलों में 1 मई से 15 जून तक विशेष शिविर आयोजित किये जायेंगे। राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा शाला के बाहर के ग्रीष्मकालीन शिविरों में भाग लेने वाले बच्चों के नाम समग्र शिक्षा पोर्टल पर भी जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर द्वारा विकासखंडवार संचालित किये जाने वाले गैर आवासीय विशेष प्रशिक्षण केन्द्रों की सूची, समग्र पोर्टल अनुसार बच्चों के नाम का अनुमोदन किया जायेग। इन शिविरों में भाग लेने वाले बच्चों को पठन-पाठन के लिए सामग्री भी उपलब्ध कराई जायेगी।

क्रमांक 86/86/16-04-2015

ग्रीष्मकाल में गहरी जुताई की तकनीक और लाभ

   देवास 16 अप्रैल 2015/ग्रीष्मकाल में जुताई 15 सेमी गहराई तक किसी भी मिट्टी पलटने वाले हल से करना चाहिये। जुताई हमेशा खेत के ढलान के विपरीत दिशा में ढलान को काटते हुए करना चाहिये, जिससे वर्षा का पानी व मिट्टी न बह सके। मिट्टी के बड़े-बड़े ढेले रहना चाहिये, मिट्टी भुरभुरी न हो पाये, इस बात का विशेष ध्यान रखना चाहिये। ज्यादा रेतीले इलाकों में गर्मी की जुताई नहीं करना चाहिये।
   फसल की अच्छी उपज के लिये रबी की फसल कटाई के तुरन्त बाद ही मिट्टी पलटने वाले हल से गहरी जुताई कर ग्रीष्म ऋतु में खेत को खाली रखना बहुत ही लाभदायक होता है, क्योंकि ऐसा करने से भूमि में रहने वाले कीड़ों या उनकी विभिन्न अवस्थाएं (जैसे- अंडे, प्यूपा और लार्वा) रोगजनक जीवाणु एवं खरपतवारों के बीच और कन्द जमीन के ऊपरी सतह पर आ जाती है जो उच्च तापमान के कारण नष्ट हो जाते हैं। आगामी खरीफ मौसम में लगाई जाने वाली फसलें जैसे- धान, सोयाबीन, दलहन और सब्जियों पर उनका असर कम होता है। इसलिये गर्मी में गहरी जुताई करने से कीड़े बीमारियों और खरपतवारों से एक सीमा तक छुटकारा पाया जा सकता है। इसके साथ ही ग्रीष्म ऋतु में गहरी जुताई करने से भूमि की संरचना में सुधार होगा और इसकी जलधारण क्षमता भी बढ़ती है।
क्रमांक 87/87/16-04-2015
    जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

मतदाताओं के नामों को आधार कार्ड से लिंक कराने के लिए शिविर 19 व 26 को

    देवास 16 अप्रैल 2015/ मतदाताओं के नाम आधार कार्ड से लिंक कराने के लिए शिविर का आयोजन 19 एवं 26 अप्रैल को प्रात: 10 बजे से किया जाएगा।

    सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं तहसीलदार ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र देवास में 19 अप्रैल को तथा विधानसभा क्षेत्र हाटपीपल्या में 26 अप्रैल को आयोजित शिविर में सभी मतदान केंद्रों में सम्मिलित मतदाता अपने वोटर आईडी आधार से लिंक करा सकेंगे। उन्होंने बताया ‍कि आगामी 14 मई तक प्रत्येक शनिवार एवं रविवार को बीएलओ डोर टू डोर भ्रमण करेंगे तथा मतदाताओें के आधार नंबर, फोन नंबर आदि की प्रविष्टियां एनेक्जर-1 एवं बीएलओ रजिस्टर में करेंगे।

क्रमांक 88/88/16-04-2015

                       

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

ओला-अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों को लाभ के लिए मुख्यमंत्री कन्यादान/निकाह योजना के लिए दिशा-निर्देश
   देवास 16 अप्रैल 2015/मध्यप्रदेश शासन ने रबी 2014-15 में ओला तथा अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों को उनकी कन्याओं के विवाह हेतु मुख्यमंत्री कन्यादान/निकाह योजना के अंतर्गत पात्रता के मापदण्ड 6.1 एवं 6.2 को शिथिल करते हुए दिशा-निर्देश जारी किये गए हैं।
   मध्यप्रदेश शासन के सामाजिक न्याय एवं निःशक्तजन कल्याण विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अंतर्गत ओला तथा अतिवृष्टि से प्रभावित परिवार जिनकी 50 प्रतिशत या उससे अधिक की हानि हुई है और उनका सर्वे राजस्व अधिकारियों द्वारा प्रमाणित किया गया है, के परिवार में कन्या के विवाह किये जाने पर सहायता राशि उपलब्ध करायी जायेगी। इसमें सामूहिक विवाह का बंधन नहीं होगा। कन्या की गृहस्थी की स्थापना हेतु 16 हजार रूपये की नगद सहायता, विवाह कार्यक्रम के आयोजन हेतु 3 हजार रूपये के अलावा कन्या के दांपत्य जीवन में खुशहाली के लिए 5 वर्ष तक के लिए रूपये 6 हजार की सावधि जमा की जावेगी। सहायता राशि में रूपये 16 हजार की एवं रूपये 3 हजार की सहायता कन्या के पिता/माता/अभिभावक को उनके बैंक खातो के माध्यम से उपलब्घ करायी जावेगी।
   सहायता प्राप्त करने के लिए आवेदन क्षेत्र के अनुविभागीय अधिकारी के कार्यालय में प्रस्तुत किया जावेगा। अनुविभागीय अधिकारी द्वारा आवेदन पत्रों का सत्यापन उपरांत 50 प्रतिशत या उससे अधिक फसल हानि की पुष्टि होने पर प्रकरण स्वीकृति हेतु संबंधित पदाविहित अधिकारी के कार्यालय में भेजा जावेगा। पदाविहित अधिकारी ऐसे आवेदनों में कन्या की पात्रता के मापदण्ड एवं कन्या के विवाह होने की पुष्टि उपरांत विवाह के अधिकतम 5 दिवस पूर्व अग्रिम रूप से राशि कन्या/उसके पिता/माता/अभिभावक द्वारा दिये गए बैंक खाते में स्वीकृत कर हस्तांतरित की जावेगी। तथा विवाह के उपरांत एक सप्ताह के भीतर कन्या के पिता एवं कन्या द्वारा उपयोग की गई राशि, विवाह की पुष्टि हेतु प्रमाण पत्र विवाह के फोटो सहित एक पंचनामा के साथ अनिवार्य प्रस्तुत करना होगा। सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शिथिल किये गए यह निर्देश 30 जून 2015 तक जिन कन्याओं का विवाह होना है उनके लिये लागू होंगे।
क्रमांक 89/89/16-04-2015

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 



No comments:

Post a Comment