Tuesday, 14 April 2015

दिनांक 14- अप्रैल 2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र ॥

जागेश्वर का स्मारक देता रहेगा देशप्रेम की प्रेरणा
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बरोठा पहुंचकर श्रद्धांजली दी
      देवास 14 अप्रैल 2015/ देवास जिले के वीर सपूत शहीद जागेश्वर धाकड़ का बरोठा में बनने वाला शहीद स्मारक यहां आने वाले हर व्यक्ति को देशप्रेम की प्रेरणा देगा। जागेश्वर का बलिदान अमूल्य एवं अविस्मरणीय है। प्रदेश सरकार जागेश्वर के परिवार की पूरी चिंता एवं सहायता करेगी।
    प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने आज मंगलवार को शहीद जागेश्वर धाकड़ के गृहनगर बरोठा पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजली अर्पित्‍ की। इस अवसर पर शिक्षा राज्य मंत्री श्री दीपक जोशी, श्री नंदकुमार चौहान, बागली विधायक श्री चम्पालाल देवड़ा, खातेगांव विधायक श्री आशीष शर्मा, महापौर श्री सुभाष शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नरेंद्रसिंह राजपूत, संभागायुक्त श्री रवींद्र पस्तौर, कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी, श्री बहादुर मुकाती आदि उपस्थित थे।
शहीद जागेश्वर ने बरोठा का नाम पूरे देश में रौशन किया
    मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि बरोठा ने ऐसे सपूत को खोया है, जिसने भारत माता की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया। शहीद जागेश्वर ने अपनी अंतिम सांस तक भारत माता की रक्षा की। वे बहुत कम उम्र में शहीद हुए हैं। उन्होंने अपने गांव का नाम पूरे देश में रौशन किया है। शहीद जागेश्वर अपने कर्मों के कारण अमर हो गए है। वे कहीं गये नहीं हैं, हमारी अंर्तआत्मा में बसे हैं। भारत में जब तक ऐसे लाल पैदा होते रहेंगे, कोई भी इसकी ओर आंख उठाकर नहीं देख सकेगा। ऐसे सपूतों के बलिदान से ही भारत सर्व शक्तिमान बनेगा। 'मैं ऐसे वीर शहीद जागेश्वर धाकड़ के चरणों में प्रणाम करता हूं।'
शहीद स्मारक होगा भव्य
    मुख्यमंत्री श्री चैहान ने कहा कि शहीद जागेश्वर का शहीद स्मारक युवाओं के लिए प्रेरणापुंज साबित होगा, इससे युवाओं में देशभक्ति का जज्बा और बढ़ेगा। शहीद स्मारक को भव्य स्वरूप प्रदान करने में कोई कसर नहीं छोड़ी जायेगी। उन्होंने कहा कि शहीद जागेश्वर के परिवार की सहायता करना प्रदेश सरकार का दायित्व है।


एक मिनिट का मौन रखा गया
    श्रद्धांजली सभा में एक मिनिट का मौन रखा गया तथा शहीद जागेश्वर धाकड़ की आत्मा की शांति एवं उनके परिजनों को यह दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की गई। 
पूरी सरकार आपके साथ
    मुख्यमंत्री श्री चौहान शहीद जागेश्वर के समाधि स्थल पर श्रद्धांजली देने के उपरांत बरोठा में उनके घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने शहीद जागेश्वर के पिता श्री केदार सिंह नागर से कहा कि वे एवं उनकी पूरी प्रदेश सरकार परिवार के साथ है। परिवार को हर आवश्यक सहायता एवं मदद दी जाएगी। उन्होंने जागेश्वर के पिता की पीठ पर हाथ रखकर उन्हें ढांढस बंधाया। जागेश्वर के बड़े भाई श्री सुरेश धाकड़ (नागर) को भी सांत्वना दी।
पूरे प्रदेश की बेटी है
    मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जागेश्वर की पत्नी श्रीमती ऊषा नागर, जिसने बीकॉम तक शिक्षा प्राप्त की है, को गांव के ही विद्यालय में शिक्षिका की नौकरी देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वह पूरे प्रदेश की बेटी है। उसकी पूरी चिंता हम करेंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जागेश्वर के बच्चों को गोद में उठाकर प्यार किया। जागेश्वर की 3 वर्ष की बालिका वंशिका एवं 6 माह का बाल तनिष्क है।
ये मदद देगी सरकार
    मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि शहीद जागेश्वर के समाधि स्थल पर एक भव्य स्मारक बनवाया जाएगा। उसकी पत्नी को शासकीय नौकरी दी जाएगी। परिवार को एक फ्लेट देवास, इंदौर अथवा भोपाल में दिलाया जाएगा। बच्चों की शिक्षा की पूरी व्यवस्था सरकार करेगी। देवास में बन रहे पॉलीटेक्निकल कॉलेज भवन का नामकरण जागेश्वर के नाम पर होगी। इसके पूर्व परिवार को 10 लाख रूपए की सहायता राशि दी जा चुकी है। बरोठा में बनने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का नाम भी जागेश्वर के नाम पर किए जाने की घोषणा की जा चुकी है। महापौर श्री सुभाष शर्मा ने बताया कि जागेश्वर के ससुराल बिलावली में भी एक चौराहे का नामकरण शहीद जागेश्वर के नाम पर किया जाएगा।

क्रमांक 67/67/14-04-2015                      (फोटो-संलग्न)


जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र ॥

जिले में 1 से 31 मई तक आयोजित होंगे ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर
कलेक्टर की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न
      देवास 14 अप्रैल 2015/ जिले में आगामी 1 मई से 31 मई तक ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके अंतर्गत जिले के विभिन्न स्थानों पर प्रशिक्षित खेल शिक्षकों द्वारा विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण शिविरों में बच्चों के लिए प्रशिक्षण नि:शुल्क रहेगा। प्रशिक्षण शिविर शिक्षा विभाग एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वाधान में आयेाजित किए जा रहे हैं।
      कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजन संबंधी बैठक आयोजित की गई। बैठक में अति. पुलिस अधीक्षक एवं जिला खेल अधिकारी श्री राजेश रघवुंशी, अपर कलेक्टर श्री प्रबल सिपाहा तथा सभी संबंधित उपस्थित थे।
प्रत्येक विकासखंड के 4-4 गांवों में प्रशिक्षण शिविर
      कलेक्टर ने निर्देश दिए कि खेल प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन जिले के प्रत्येक विकासखंड के 4-4 ग्रामों में किया जाए। इसके अलावा प्रत्येक नगरीय निकाय में भी खेल प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएं।
रोज 6 घंटे प्रशिक्षण
      एएसपी श्री रघुवंशी ने बताया कि खेल प्रशिक्षण शिविरों के अंतर्गत प्रतिदिन सुबह-शाम 3-3 घंटे प्रशिक्षण दिया जाएगा। इन शिविरों में स्थानीय विद्यार्थी, युवक/युवतियां आदि हिस्सा लेंगे। ये शिविर ग्राम एवं शहर के सभी मैदानों पर आयोजित किए जाएंगे।
ये खेल होंगे शामिल
      प्रशिक्षण शिविर में बॉलीवाल, बास्केटबॉल, कराटे, बैडमिंटन, हॉकी, फुटबॉल आदि खेलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। अन्य खेल भी स्थानीय रूचि अनुसार शामिल किए जा सकेंगे।
पेयजल की अच्छी व्यवस्था हो
      कलेक्टर ने निर्देश दिए कि खेल मैदानों पर स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था आवश्यक रूप से की जाए। बताया गया कि खिलाड़ियों के लिए जलपान आदि की व्यवस्था भी कुछ संस्थाओं द्वारा की जा रही है। प्रशिक्षण शिविर प्रारंभ होने के पूर्व मैदानों की साफ-सफाई एवं दुरूस्ती करने के निर्देश दिए गए।
विशेष प्रतिभा वाले खिलाड़ी होंगे चयनित
      श्री रघुवंशी ने बताया कि प्रशिक्षण शिविरों में विशेष खेल प्रतिभा वाले बच्चों को भी चयनित किया जाएगा। बाद में उनके लिए विशेष प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाएगी, जिससे उनकी प्रतिभा को निखारा जा सके।
क्रमांक 68/68/14-04-2015
अत्यंत उपजाऊ एवं उपयोगी है फूलों की खाद
तीन माह में 100 क्विंटल का उत्पादन
     देवास 14 अप्रैल 2015/ मां चामुंडा टेकरी पर धूनी मार्ग पर बनाए गए चार चक्रीय वर्मी कम्पोस्ट यूनिट से तैयार की जा रही फूलों की खाद अत्यंत उपजाऊ एवं उपयोगी है। इस यूनिट के चालू किए जाने के पश्चात प्रथम तीन माह में लगभग 100 क्विंटल फूलों की खाद बनकर तैयार है। खाद का मूल्य 15 रूपए प्रति किलो है, अभी तक लगभग 1.50 लाख रूपए की खाद तैयार की जा चुकी है।
    मप्र जन अभियान परिषद की ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति हतनोई द्वारा इस चार चक्रीय वर्मी कम्पोस्ट यूनिट को चलाया जा रहा है। समिति के श्री शैलेंद्र पाटीदार बताते हैं कि प्रतिदिन इस यूनिट में लगभग 50 किलो फूल, जो कि माताओं के मंदिर से निकलते हैं, इस्तेमाल किए जाते हैं। इन्हीं के साथ इसमें गोबर की खाद मिलाई जाती है।
कैंचुए बनाते हैं खाद एवं वॉश
    वर्मी कम्पोस्ट यूनिट में कैचुए डाले गए हैं। ये कैंचुए उपलब्ध पदार्थ को खाकर उसका खाद तैयार करते है। यह खाद अत्यंत भुरभुरा तथा उपजाऊ होता है। इसी के साथ कैंचुए जो मूत्र विसर्जित करते है, उससे वर्मी वॉश तैयार होता है, जो कि पेड़-पौधों के लिए अत्यंत उपयोगी होता है। वर्मी कम्पोस्ट यूनिट में अब तक लगभग 200 लीटर वर्मी वॉश तैयार किया जा चुका है।
क्रमांक 69/69/14-04-2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र ॥

केंद्रीय मंत्री श्रीमती स्वराज कल आएंगी
कलेक्टर ने दिए व्यवस्था संबंधी निर्देश
      देवास 14 अप्रैल 2015/ केंद्रीय विदेश मंत्री श्रीमती सुषमा स्वराज 16 अप्रैल को जिले के खातेगांव विकासखण्ड के ग्राम अजनास आएंगी। प्राप्त भ्रमण कार्यक्रम के अनुसार केन्द्रीय विदेश मंत्री श्रीमती स्वराज 16 अप्रैल को प्रात: 9.00 बजे भोपाल से (सड़क मार्ग से) प्रस्थान कर पूर्वाह्न 11.00 बजे खातेगांव के अजनास आएंगी तथा वहां स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगी। श्रीमती स्वराज दोपहर 1.00 बजे अजनास से ककनखेड़ा इच्छावर के लिए प्रस्थान करेंगी।
    कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने सभी संबंधित विभागों को तैयारी संबंधी निर्देश दिए हैं। कलेक्टर द्वारा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत खातेगांव को निर्देश दिए गए हैं कि वे श्रीमती स्वराज के कार्यक्रम के संबंध में मंच, माइक, पांडाल, निमंत्रण-पत्र, मंच-संचालन, बैनर, आवेदकों का पंजीयन, कार्यक्रम स्थल पर प्रदशर्नी का आयोजन तथा कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार की उत्कृष्ट व्यवस्था करें।
क्रमांक 70/70/14-04-2015 
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र ॥

विवाह पत्रिकाओं में वर-वधू की उम्र का उल्लेख आवश्यक
      देवास 14 अप्रैल 2015/ बाल विवाह रोकने के लिये इस बार विशेष प्रयास किये जा रहे हैं। आम तौर पर यह देखने में आया है कि बाल विवाह अक्षय तृतीया (अख-तीज) को बड़ी संख्या में होते हैं। इस बार अक्षय तृतीया 21 अप्रैल को है। ग्रामीण अंचलों में जागरूकता की कमी के कारण अभी भी बाल विवाह की कुप्रथा को पूरी तरह समाप्त नहीं किया जा सका है।
   दो वर्ष से चल रहे लाडो अभियान के तहत अबकी बार से यह आवश्यक कर दिया गया है कि विवाह पत्रिका में वर- वधू की आयु का स्पष्ट उल्लेख किया जाये। प्रदेश में बाल विवाह रोकने में इलेक्ट्रानिक और प्रिंट मीडिया ने विशेष सराहनीय योगदान दिया है। इस बार भी उनसे सहयोग की अपेक्षा की गई है। सामूहिक विवाह आयोजनों में बाल विवाह होने की संभावना सबसे अधिक रहती है। इस बार सामूहिक विवाह कार्यक्रमों के आयोजकों से कहा गया है कि वे सुनिश्चित करें उनके द्वारा आयोजित विवाह कार्यक्रमों में बाल विवाह न हों। आम-जन से अपेक्षा की गई है कि वे ऐसे कार्यक्रमों में शामिल न हों।
   इसी प्रकार मंदिरों के पटल पर बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम और उसके उल्लंघन पर सजा का उल्लेख करने के निर्देश महिला सशक्तिकरण विभाग द्वारा दिये गये हैं। साथ ही किशोरी बालिकाओं को भी इस अभियान से जोड़ा जायेगा। साथ विवाह सम्पन्न कराने वाले व्यक्तियों की मदद भी बाल विवाह रोकने में ली जायेगी।
क्रमांक 71/71/14-04-2015

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र ॥

गैर अनुदान प्राप्त निजी स्कूलों में प्रवेश हेतु आवेदन की अंतिम तिथि
15 अप्रैल
      देवास 14 अप्रैल 2015/ निःशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम के अंतर्गत गैर अनुदान प्राप्त प्रायवेट स्कूलों में न्यूनतम 25 प्रतिशत बच्चों को निःशुल्क प्रवेश प्रारंभिक कक्षा में प्रवेश की सुविधा उपलब्ध कराने हेतु आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 15 अप्रैल 2015 है।
   आवेदन पत्र जनपद शिक्षा केन्द्रों, जिला शिक्षा केन्द्र कार्यालयों एवं अशासकीय विद्यालयों में उपलब्ध है। प्रवेश के लिए कमजोर वर्ग (गरीब रेखा के नीचे), अनुसूचित जाति, अनूसूचित जनजाति, 40 प्रतिशत से अधिक निशक्त, बच्चे, विमुक्त जाति के बच्चे आवेदन करने के पात्र है।
क्रमांक 72/72/14-04-2015
स्वरोजगार योजनाओं के तहत आवेदन प्रक्रिया प्रारम्भ
      देवास 14 अप्रैल 2015/ जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र द्वारा संचालित स्वरोजगार योजनाओं के लिये वर्ष 2015-16 के संभावित लक्ष्य के अनुसार नवीन ऋण आवेदन की प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी गई है।
   जिला एवं उद्योग केन्द्र द्वारा संचालित मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना एवं प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम 2015-16 हेतु संभावित लक्ष्यानुसार पात्र आवेदकों से अपने निजी व्यवसाय, सेवा या उद्योग प्रारम्भ करने हेतु वित्तीय सहायता प्राप्त करने के लिये आवेदन पत्र स्वीकार करना प्रारम्भ हो गया है। इच्छुक आवेदक जो इनमें से किसी भी स्वरोजगार योजना में अपना ऋण प्रकरण तैयार कराना चाहते हों, अपने समस्त आवश्यक दस्तावेजों के साथ जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र में उपस्थित होकर प्रकरण तैयार करा सकते हैं। सभी योजनाओं के आवेदन पत्र नि:शुल्क प्रदान किये जायेंगे।
क्रमांक 73/73/14-04-2015



No comments:

Post a Comment