Saturday, 4 April 2015

दिनांक -04 अप्रैल 2015


जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

 

देवास के अमर शहीद जागेश्वर को दी गई अंतिम विदाई

पूरे राजकीय सम्मान के साथ हुई अंतयेष्टि

     देवास 04 अप्रैल 2015/ देवास जिले के बरोठा ग्राम के निवासी भारतीय सेना के अमर शहीद जवान जोगेश्वर धाकड़ को आज शनिवार को उसकी जन्मभूमि बरोठा में पूरे राजकीय सम्मान के साथ विदाई दी गई। शहीद श्री जागेश्वर धाकड़ पिता केदारसिंह नागर उम्र 28 साल निवासी ग्राम बरोठा तहसील देवास भारतीय थल सेना की 29वीं राष्ट्रीय रायफल्स की बटालियन में सेवारत रहते हुए 1 अप्रैल 2015 बुधवार को 29वीं राष्ट्रीय रायफल बटालियन के बारामूला (पटटन) कैम्प पर हुए आतंकवादी हमलों में मुठभेड़ के दौरान शहीद हो गए।
     अंतयेष्टि में प्रदेश के शिक्षा राज्यमंत्री श्री दीपक जोशी, सांसद श्री मनोहर ऊंटवाल, कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी, एसपी श्री अभयसिंह सहित विशाल संख्या में लोग शामिल हुए।
     इसके पूर्व प्रात: उनकी पार्थिवदेह को सेना के वाहन से महू से देवास लाया गया। देवास बायपास से ही बड़ी संख्या में वाहन, सेना के वाहन के पीछे चल रहे थे। मार्ग के बीच में पड़ने वाले ग्रामों के दोनों ओर बड़ी संख्या में ग्रामीण श्रद्धांजली देने के लिए खड़े हुए थे। इसमें स्कूली बच्चे भी शामिल थे। प्रात: लगभग 9.30 बजे उनकी पार्थिवदेह उनके बरोठा स्थित घर पर लाई गई। इसके बाद ग्राम में अंतिम यात्रा निकाली गई, जिसमें लगभग 10 हजार व्यक्ति शामिल हुए।
     'जय हिन्द, जय जागेश' के  नारों से पूरा गांव गूंजने लगा, जैसे गांव का बच्चा-बच्चा तथा समूचा परिवेश बरोठा की माटी के इस अमर शहीद को पुष्पांजली अर्पित कर रहा हो। जागेश की अंतिम यात्रा उनके खेत पर समाप्त हुई, जहां अंतयेष्टि की जानी थी। सेना के जवानों एवं पुलिस द्वारा जागेश को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके पश्चात परिवारजनों ने जागेश को पूरे वैदिक विधानों से मुखाग्नि दी।
10 लाख रूपए एवं 1 व्यक्ति को नौकरी
     शिक्षा राज्यमंत्री श्री दीपक जोशी ने मप्र शासन की ओर से जागेश्वर के परिवार को 10 लाख रूपए की राशि का चैक प्रदान किया। साथ ही यह भी बताया कि परिवार के एक व्यक्ति को शासकीय नौकरी प्रदान की जाएगी। शहीद जागेश्वर की स्मृति में गांव में शहीद स्मारक बनाया जाएगा। उन्होंने ग्राम में नवनिर्मित सामुदायिक भवन का नामकरण अमर शहीद जागेश्वर के नाम पर किए जाने की घोषणा की।
ऐसे हुए जागेश शहीद
     भारतीय सेना छावनी महू के ब्रिगेडियर श्री जोशी ने जागेश की शहादत के बारे में बताया कि भारतीय सेना की राष्ट्रीय रायफल्स इकाई के श्री जागेश्वर कश्मीर के बारमूला इलाके में आतंकवादियों से लड़ते हुए शहीद हुए। वहां पर सैना को सूचना प्राप्त हुई थी कि एक घर में कुछ आतंकवादी छुपे हैं। उनके विरूद्ध कार्रवाई के लिए भेजी गई सेना की टुकड़ी में जागेश शामिल थे। वे उस घर में घुसे। घर की पहली मंजिल में कोई नहीं था, परन्तु दूसरी मंजिल में दो आतंकवादी छिपे थे। जागेश जब सीढ़ियों से ऊपर गया तो एक आतंकवादी से उसकी मुठभेड़ हुई। दोनों ने गोलियां चलाईं। आतंकवादी की गोली जागेश के सर में लगी और उसकी मृत्यु हो गई। जागेश देश के लिए शहीद हुए हैं, हर सैनिक चाहता है जागेश जैसी गौरवशाली मौत।
स्मारक के लिए 10 लाख रूपये
     इस अवसर पर सांसद श्री मनोहर ऊंटवाल ने शहीद जागेश को श्रद्धांजली अर्पित की तथा ग्राम बरोठा में उनका शहीद स्मारक बनाने एवं अन्य राष्ट्रवादी कार्य के लिए 10 लाख रूपये की राशि दिए जाने की घोषणा की। पूर्व सांसद श्री सज्जन सिंह वर्मा ने भी जागेश को श्रद्धांजली दी। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह राजपूत एवं बहादुर मुकाती ने भी श्रद्धांजली दी।
भारत मां के वीर सपूत को नमन
     कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने शहीद जागेश को श्रद्धांजली देते हुए कहा कि जागेश देश के दुश्मनों से लोहा लेते हुए वीर गति को प्राप्त हुए है, भारत मां के इस वीर सपूत को नमन। उन्होंने दिवंगत आत्मा का शांति देने तथा परिवार को इस गहन दु:ख को सहने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। पुलिस अधीक्षक श्री अभय सिंह ने कहा कि भारत मां के इस वीर सपूत ने वीरगति को प्राप्त किया है, उसे शत् शत् नमन। 
ये हैं जागेश के परिवारजन
     शहीद जागेश्वर के परिवार में उनके माता-पिता उनकी पत्नी, एक पुत्र तथा एक पुत्री शामिल है। पिता श्री केदारसिंह नागर उम्र 52 वर्ष, माता श्रीमती सुमरनबाई उम्र 48 वर्ष, पत्नी श्रीमती ऊषा नागर उम्र 25 वर्ष, पुत्री कु. वंशिका उम्र 3 वर्ष, पुत्र तनिष्क उम्र 7 माह शामिल हैं। उनके बड़े भाई श्री सुरेश धाकड़ भी भारतीय सेना में सेवारत हैं। शासन परिवार के एक सदस्य को शासकीय नौकरी देगा।
क्रमांक 13/13/04-04-2015                     (फोटो-संलग्न)
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

पीसीएनपीएनडीटी की जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक 6 को
     देवास 04 अप्रैल 2015/पीसीएनपीएनडीटी अधिनियम के तहत जिला स्तरीय सलाहकार समिति बैठक आगामी 6 अप्रैल को दोपहर 2 बजे कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी की अध्यक्षता में आयोजित की जाएगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने सभी संबंधितों से बैठक में उपस्थित रहने का आग्रह किया है।
क्रमांक 14/14/04-04-2015 


No comments:

Post a Comment