दिनांक -06 अप्रैल 2015
सभी सोनोग्राफी मशीनों में लगाएं ट्रेकर्स
-------------
पीसीएनपीएनडीटी एक्ट की जिला सलाहकार समिति की बैठक सम्पन्न
उद्योग मंत्री श्रीमती सिंधिया 7-8 अप्रैल को
देवास एवं उज्जैन औद्योगिक क्षेत्र का भ्रमण करेंगी
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥
देवस्थान एवं उद्योगों की समस्त
भूमियों का कराया जाए भौतिक सत्यापन
टीएल बैठक में कलेक्टर ने दिए
निर्देश
-------------
देवास 06 अप्रैल 2015/ जिले में कई स्थानों से देवस्थान
एवं उद्योगों की भूमियों के दुरूपयोग एवं अतिक्रमण की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं।
जिले में समस्त देव स्थानों की भूमियों का भौतिक सत्यापन संबधित क्षेत्र के अनुविभागीय
अधिकारी (राजस्व) करवाएं, जिससे उनका दुरूपयोग रोका जा सके तथा यदि भूमि शासकीय हो,
तो उसे शासन द्वारा वापस लिया जा सके। लक्ष्मीनारायण मंदिर देवास की बावड़िया स्थित
भूमि के कब्जे प्राप्ति की कार्रवाई के बाद अतिक्रामकों के विरूद्ध कार्रवाई की जाए।
ऐसे मामलों में लोक परिसर बेदखली अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई करें।
जिन मंदिरों की संपत्ति शासकीय होने से कब्जे में ली जाए, वहां पर शासन की ओर से पुजारी
की नियुक्ति की जाए।
कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने आज सोमवार को
कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में संपन्न समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में उक्त निर्देश
दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री प्रबल सिपाहा, सभी जिला अधिकारी एवं सभी संबंधित उपस्थित
थे।
उद्योगों की भूमि के उपयोग
की करें जांच
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले में जिन उद्योगों
को शासन द्वारा भूमि का आबंटन किया गया है, उन सभी उद्योंगों की जमीनों की जांच की
जाए कि उनका उपयोग औद्योगिक प्रयोजनों के अलावा और किसी प्रयोजन के लिए तो नहीं हो
रहा। यदि कहीं ऐसा पाया जाता है, तो उनके विरूद्ध कार्रवाई की जाए, जिसमें लीज निरस्ती
की कार्रवाई भी संबंधित अधिनियम के अंतर्गत की जाए। यह कार्य महाप्रबंधक जिला व्यापार
एवं उद्योग केन्द्र के नेतृत्व में जांच दल द्वारा किया जाए।
समस्या निवारण के आवेदनों का निराकरण करें
बैठक में कलेक्टर ने जन समस्या निवारण के लंबित
आवेदनों की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि लंबित सभी आवेदनों का संबंधित जिला अधिकारी
शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें। कार्यपालय यंत्री लोक निर्माण विभाग द्वारा कन्नौद
क्षेत्र में कराए जा रहे कार्यों में गड़बड़ी की शिकायत (आवेदक सोनू कहार कन्नौद द्वारा)
में भी जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जल संसाधन विभाग के अधिकारी
अनुपस्थित
बैठक में ग्राम राजोदा से जलोदिया मार्ग पर भेरूखाल
नाले पर पुलिया/रपट निर्माण संबंधी आवेदन के निराकरण की स्थित की समीक्षा के लिए कलेक्टर
द्वारा जब जल संसाधन विभाग के अधिकारी से जानकारी चाही गई तो बताया गया कि अधिकारी
अनुपस्थित हैं। इस पर कलेक्टर द्वारा अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए अधिकारी को बुलाने
के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने अधीक्षण यंत्री बिजली विभाग की अनुपिस्थित पर भी अप्रसन्नता
व्यक्त करते हुए, नियमित रूप से बैठक में आने के निर्देश दिए गए।
जानकारी देने में असमर्थ
शिक्षा विभाग की एक शिकायत (तबस्सुम शेख आनंद
नगर देवास) में जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जानकारी प्रस्तुत करने में असमर्थता प्रकट
करने पर कलेक्टर द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी एवं सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए
कि वे पूरी तैयारी के साथ बैठक में आएं।
पंचायत एवं ऊर्जा विभाग की
सर्वाधिक शिकायतें लंबित
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हैल्प लाइन 181 की लंबित
शिकायतों की समीक्षा में पाया कि सर्वाधिक 80 शिकायतें पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग
की तथा 72 ऊर्जा विभाग की लंबित हैं। राजस्व विभाग की 35, नगर निगम देवास की 46, पुलिस
की 30 तथा सामाजिक न्याय विभाग की 25 शिकायतें लंबित हैं। कलेक्टर ने शिकायतों के त्वरित
निराकरण के निर्देश दिए।
साइलो केन्द्र पर हो अच्छी
सुरक्षा
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि समर्थन मूल्य पर गेहूं
खरीदी के लिए दुर्गापुरा में बनाए गए साइलो केन्द्र पर अच्छी सुरक्षा व्यवस्था रहे,
जिससे वहां किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो तथा किसान आसानी से वहां समर्थन मूल्य पर
अपना गेहूं बेच सकें।
किराया निर्धारण करें
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि ऐसे सभी निजी भवन जो
शासकीय प्रयोजन के लिए किराए पर लिए गए हैं और जिनका किराया निर्धारण नहीं हुआ है,
उनका शीघ्र किराया निर्धारण कराया जाए, जिससे भवन स्वामियों को किराए का भुगतान किया
जा सके। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग तथा संबंधित क्षेत्र के अनुविभागीय अधिकार
(राजस्व) कार्रवाई करें।
सभी विकासखंडों में केन्द्रीय
विद्यालय
कलेक्टर ने बताया कि जिले के समस्त 6 विकासखण्ड
मुख्यालयों पर केन्द्रीय विद्यालय भवन बनाए जाने हैं। इनके लिए 1-1 एकड़ कुल 6 एकड़ भूमि
आबंटित की जानी है। इस संबंध में संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एक सप्ताह में
भूमि का आबंटन किए जाना सुनिश्चित करें। जहां खेल परिसरों का निर्माण होना है, वहां
उनके लिए भूमि भी आबंटित की जाए। पीपल्या सड़क में छात्रावास निर्माण के लिए दी गई भूमि
से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाए।
अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरण
न रहें लंबित
कलेक्टर द्वारा सभी जिला अधिकारियों को निर्देश
दिए गए कि जिन कार्यालयों में अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरण लंबित है वहां एक माह में
कार्रवाई होकर परिवार के योग्य सदस्य को नियुक्ति मिल जाए। साथ ही ऐसे प्रकरणों की
भी जानकारी उपलब्ध कराई जाए, जिनमें आवेदन मरहूम शासकीय सेवक के परिवार से प्राप्त
नहीं हुए हैं। अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों में विलंब अक्षम्य है।
अवैध होर्डिंग्स हटाने के लिए
कार्रवाई करें
कलेक्टर ने नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिए कि
देवास नगर में लगे हुए अवैध होर्डिंग्स को हटाने के लिए अभियान चलाकर कार्रवाई की
जाए। संपत्ति विरूपण अधिनियम के अंतर्गत अवैध होर्डिंग्स लगाने वालों के विरूद्ध प्रकरण
दर्ज कर कार्रवाई करें, जिसके अंतर्गत 2 वर्ष तक कारावास का प्रावधान है। कलेक्टर ने
निगम आयुक्त से कहा कि उन्होंने 31 मार्च तक अवैध होर्डिंग्स हटवाने के लिए कहा था
परन्तु अभी तक कार्रवाई नहीं हुई है।
5 वर्ष में बनें उचित मूल्य
दूकानों के भवन
कलेक्टर ने जिला आपूर्ति अधिकारी एवं महाप्रबंधक
केन्द्रीय सहकारी बैंक को निर्देश दिए कि जिले की उचित मूल्य दूकानों के आगामी 5 वर्षों
में भवन बनाने की शासन की योजना के अंतर्गत कार्रवाई की जाए।
केपी कॉलेल की भूमि का नामांतरण
कलेक्टर ने तहसीलदार को निर्देश दिए कि केपी कॉलेज
देवास की भूमि के नामांतरण के प्रकरण में शीघ्र नामांतरण की कार्रवाई करें।
जिले में शत-प्रतिशत लक्ष्य
पूर्ति
बैठक में एम.डी. एकेवीएन उज्जैन श्री चतुर्वेदी
ने बताया कि शासन की मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना एवं मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजनाओं
में देवास जिले ने स्वीकृत प्रकरणों में शत-प्रतिशत ऋण वितरित कर उपलब्धि हासिल की
है। कलेक्टर ने इसके लिए सभी संबंधितों का शाबासी दी।
क्रमांक 16/16/06-04-2015
सीबीएसई विद्यालयों में चलें
एनसीईआरटी की ही किताबें
कलेक्टर ने शिक्षा विभाग को
दिए निर्देश
देवास 06 अप्रैल 2015/ जिले के सभी सीबीएसई विद्यालयों में एनसीईआरटी द्वारा प्रकाशित गई
पुस्तकें ही चलें। अन्य किसी लेखक या प्रकाशक की पुस्तकें नहीं चलें। इस प्रकार की
शिकायतें प्राप्त हो रही हैं कि कुछ विद्यालयों में दूसरी पुस्तकें चलाई जा रही हैं।
यह सर्वथा गलत है। जिला शिक्षा अधिकारी इस संबंध में कार्रवाई करें।
कलेक्टर ने एडीएम को निर्देश दिए हैं कि धारा
144 के अंतर्गत इस संबंध में प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए जाएं, जिससे उक्त आदेश की
अवहेलना करने वाले स्कूल संचालकों के विरूद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जा सके। साथ ही
जहां से भी शिकायतें प्राप्त होती हैं, वहां तुरंत पहुंचकर कार्रवाई की जाए। यह भी
व्यवस्था की जाए कि कोई भी व्यक्ति एसएमएस के माध्यम से अपर कलेक्टर एवं जिला शिक्षा
अधिकारी को इस संबंध में शिकायत कर सके।
क्रमांक 17/17/06-04-2015 (फोटो-संलग्न)
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥
कुमार गंधर्व संगीत समारोह
कल एवं परसों
कलेक्टर ने दिए व्यवस्थाओं
संबंधी निर्देश
-------------
देवास 06 अप्रैल 2015/ कुमार गंधर्व राष्ट्रीय सम्मान
अलंकरण एवं संगीत समारोह का आयोजन 8 एवं 9 अप्रैल को देवास में किया जाएगा। इस बार
कुमार गंधर्व राष्ट्रीय सम्मान अलंकरण देश की प्रतिष्ठित भरतनाट्यम नृत्यांगना सुश्री
रमा वैद्यनाथन को प्रदान किया जाएगा। यह आयोजन प्रदेश शासन संस्कृति विभाग की उस्ताद
अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी द्वारा जिला प्रशासन देवास के सहयोग से किया जाएगा।
आयोजन का स्थान मल्हार स्मृति मंदिर एवं समय सायं 7.30 से रखा गया है। कायर्क्रम में
प्रवेश हर बार की तरह नि:शुल्क होगा।
कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं संबंधी निर्देश नगर निगम
देवास व संबंधित विभागों को दिए हैं।
ये कार्यक्रम होंगे
उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी के
निदेशक ने बताया कि समारोह के पहले दिन 8 अप्रैल को कार्यक्रम के प्रारंभ में प्रतिष्ठित
भरतनाट्यम नृत्यांगना सुश्री रमा वैद्यनाथन को कुमार गंधर्व सम्मान अलंकरण प्रदान किया
जाएगा। इसके पश्चात सुश्री वैद्यनाथन भरतनाट्यम नृत्य की प्रस्तुति देंगी। इसके पश्चात
पुणे के श्री आनंद भाटे का गायन होगा।
दूसरे दिन की प्रस्तुतियां
कार्यक्रम
के दूसरे दिन 9 अप्रैल को कार्यक्रम की शुरूआत प्रसिद्ध शहनाई वादक थाणे के श्री शैलेष
भागवत के शहनाई वादन से होगी। दूसरी प्रस्तुति मुंबई के सितार वादक श्री रवीन्द्र चारी
की होगी। समारोह की अंतिम प्रस्तुति प्रसिद्ध गायक नासिक के श्री प्रसाद खापर्डे के
गायन से होगी।
क्रमांक 18/18/06-04-2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥
सभी सोनोग्राफी मशीनों में लगाएं ट्रेकर्स
-------------
पीसीएनपीएनडीटी एक्ट की जिला सलाहकार समिति की बैठक सम्पन्न
देवास 06 अप्रैल 2015/ देवास जिले में 32 सोनोग्राफी
सेंटर हैं। वर्तमान में 8 सोनोग्राफी सेंटर्स
द्वारा सोनोग्राफी मशीनों में ट्रेकर्स लगाई जाने की कार्रवाई की जा रही है। शासन के
निेर्दशानुसार सभी सोनोग्राफी मशीनों में ट्रेकर्स लगाए जाएं, जिससे प्रत्येक सोनोग्राफी
की जानकारी प्रशासन को मिल सके। यह कार्य एक माह में आगामी 6 मई तक पूरा कर लिया जाए।
कलेक्टर एवं पीसीएनपीएनडीटी एक्ट के जिले के प्राधिकृत
अधिकारी श्री आशुतोष अवस्थी की अध्यक्षता में आज सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष
में अधिनियम क्रियावंयन संबंधी जिला सलाहकार समिति बैठक में ये निर्देश दिए गए। बैठक
में अपर कलेक्टर श्री प्रबल सिपाहा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एके
दीक्षित, उप संचालक लोक अभियोजन तथा समिति के सभी शासकीय एवं अशासकीय सदस्य उपस्थित
थे।
क्या है ट्रेकर्स ?
सोनेग्राफी मशीन में एक छोटी डिवाइस (मशीन) ट्रेकर
लगाई जाती है, जिसमें सोनोग्राफी होते ही उसका पूरा रिकॉर्ड दर्ज हो जाता है। इसके
साथ ही सर्वर के माध्यम से संदेश जाते है, जिन्हें विशेष प्रोग्राम के माध्यम से कहीं
भी नैट पर देखा जा सकता है। साथ ही एसएमएस के माध्यम से सूचना भी जाती है। इससे प्रशासन
आसानी से किसी भी सोनोग्राफी मशीन पर की जा रही सोनोग्राफी की जानकारी प्राप्त कर सकता
है।
एक पहचान पत्र भी मान्य
बैठक में निर्णय लिया गया कि सेंटर पर सोनोग्राफी
कराने आने वाली महिला का एक पहचान पत्र भी मान्य किया जाएगा। इस पर उसके हस्ताक्षर
स्व प्रमाणन के रूप में होने चाहिएं। पहचान पत्र के बिना किसी भी महिला की सोनोग्राफी
नहीं की जाएगी।
समिति का पुर्नगठन
बैठक में जिला सलाहकार समिति का पुर्नगठन करने
का भी निर्णय लिया गया। साथ ही सोनोग्राफी केंद्रों की जांच करने के लिए जांच दल भी
बनाए गए। एक सप्ताह में सभी केंद्रों का निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के जांच दल को निर्देश
दिए गए।
व्यापक प्रचार-प्रसार करें
बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले में
उक्त अधिनियम के प्रावधानों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। इसके लिए विभिन्न स्थानों
पर पोस्टर्स, होर्डिंगस आदि लगवाए जाएं तथा साहित्य का वितरण कराया जाए। जिन क्षेत्रों
में लिंग अनुपात कम है, वहां विशेष प्रचार अभियान चलाया जाए। नुक्कड़ नाटक, फिल्म प्रदर्शन
आदि गतिविधियों के माध्यम से समुदाय को जागरूक किया जाए। समस्त खंड चिकित्सा अधिकारी
ग्रामवार लिंगअनुपात की सूची बनाकर जिला कार्यालय को भिजवाएं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य
अधिकारी ने बताया कि इन गतिविधियों के लिए शासन द्वारा 3 लाख रूपए का आवंटन इस वर्ष
जिले को दिया गया है।
पंजीयन समाप्त करे
बैठक में श्रेष्ठ डायग्नौस्टिक सेंटर ताराणी कॉलोनी,
जिस पर गत दिनों प्रशासन द्वारा छापामार कार्रवाई की गई थी, के सोनोग्राफी उपकरण जप्त
करने तथा पंजीयन निरस्त करने का निर्णय लिया गया।
शैक्षणिक योग्यता प्रदर्शित
करें
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रत्येक सोनोग्राफी
सेंटर के बाहर वहां कार्य कर रहे चिकित्सक की शैक्षणिक योग्यता को मुख्य स्थल पर प्रमुखता
से प्रदर्शित किया जाए, जिससे यह पता चल सके कि चिकित्सक सोनोग्राफी करने के लिए पंजीकृत
एवं योग्य है कि नहीं।
क्रमांक 18/18/06-04-2015 (फोटो- संलग्न)
उद्योग मंत्री श्रीमती सिंधिया 7-8 अप्रैल को
देवास एवं उज्जैन औद्योगिक क्षेत्र का भ्रमण करेंगी
देवास 06 अप्रैल 2015/उद्योग मंत्री
श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया 7 एवं 8 अप्रैल को देवास तथा उज्जैन के औद्योगिक क्षेत्र
का भ्रमण करेंगी। श्रीमती सिंधिया मंगलवार 7 अप्रैल को दोपहर में देवास तथा शाम को
उज्जैन औद्योगिक क्षेत्र की इकाइयों का भ्रमण कर उद्योग संघों के पदाधिकारियों से चर्चा
करेंगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार
श्रीमती सिंधिया 7 अप्रैल को अपराह्न 2.30
बजे देवास आएंगी तथा यहां औद्योगिक क्षेत्र की इकाइयों का भ्रमण करेंगी। वे सायं
4.30 देवास से उज्जैन के लिए प्रस्थान करेंगी। वे बृहस्पति भवन उज्जैन में सायं 6 बजे
देवास एवं उज्जैन के औद्योगिक संघों के पदाधिकारियों से चर्चा करेंगी।
क्रमांक 19/19/06-04-2015
No comments:
Post a Comment