Wednesday, 29 April 2015

दिनांक 29 अप्रैल 2015
                                 जिला जनसम्पर्क कार्यालय देवास


जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  समाचार  ।।
विधि-विधान से हुआ 23 जोड़ों का विवाह
   मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत इटावा में हुआ आयोजन
    देवास 29 अप्रैल 2015/ ''सभी दूल्हे मंगलसूत्र पर हल्दी, कुमकुम लगाएं और मंगलसूत्र को वधू के गले में पहना दें। अब वे हाथ में सिक्का लें, उसमें सिंदूर भरें और वधू की मांग में सिंदूर भर दें। यह प्रक्रिया तीन बार करें। अब वर-वधू स्थान बदलें। वर के बाईं और वधू आ जाए।''
    विवाह के मंत्रों के साथ पंडित विवाह पांडाल में माइक से ये घोषणा कर रहे थे और 23 जोड़ों का विवाह सम्पन्न हो रहा था। यह दृश्य था आज बुधवार को इटावा में जनपद पंचायत देवास द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह सम्मिलन का। इसका आयोजन शासन की मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत किया गया।
विवाह सामग्री, एफडी व राशि मिली
    आयोजन के अंतर्गत प्रत्येक वधू को शासन की ओर से 5 हजार रूपए की विवाह सामग्री, 10 हजार रूपए की एफडी, 7 हजार रूपए की बैंक खाते में नगद राशि प्रदान की गई। विवाह सामग्री में मंगलसूत्र, पायजेब, बिछुड़ी, 4 थाली, 6 ग्लास, 1 परात, 2 चम्मच, 1 गगरा तथा 2 तपेली प्रदान किए गए।
1 जोड़े के साथ 50 बराती
    विवाह आयोजन में प्रत्येक जोड़े के साथ 50-50 बराती शामिल हुए। सभी बरातियों के लिए आयोजकों की ओर से नि:शुल्क भोजन आदि का इंतजाम किया गया। योजना अंतर्गत प्रत्येक जोड़े के विवाह आयोजन के उद्देश्य से आयोजक को 3 हजार रूपए की राशि प्रदान की जाती है।


''मुख्यमंत्री ने किया हमारा कन्यादान''
    सामूहिक विवाह आयोजन में सम्मिलित अर्चना, पूजा आदि कन्याएं बताती हैं कि प्रदेश के मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कन्यादान योजना चालू कर हमारे विवाह की जिम्मेवारी पूरी की है। योजना के माध्यम से वस्तुत: मुख्यमंत्री ने ही हमारा कन्यादान किया है। गुर्जर बापच्या देवास निवासी अर्चना अग्रवाल का विवाह शांति नगर अमोना देवास निवासी रामगोपाल अग्रवाल के साथ तथा ग्राम पितावली निवासी पूजा चंदरसिंह का विवाह पलासिया-डकाचिया निवासी शेखर गेंदालाल के साथ हुआ है।
ये थे उपस्थित
    सामूहिक विवाह आयोजन में 23 वर-वधू, उनके परिजनों के अलावा जनपद उपाध्यक्ष श्री राजेंद्र सिंह, शेर सिंह चौहान, श्री दिनेश दसोधी, एसडीएम श्री धीरज श्रीवास्तव, सीईओ जनपद देवास श्री विनोद कुमार चौहान, तहसीलदार श्री एल के खरे आदि उपस्थित थे।
राधवगढ़ में 13 जोड़ों का विवाह
    देवास जनपद के अंतर्गत ही आज बुधवार को ग्राम राधवगढ़ में 13 जोड़ों का सामूहिक विवाह मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत सम्पन्न हुआ। इसके पूर्व 20 जोड़ों का विवाह इस वर्ष देवास जनपद पंचायत के अंतर्गत हो चुका है।
3 मई को खेताखेड़ी एवं गोग्या में आयोजन
    जनपद पंचायत सीईओ श्री चौहान ने बताया कि योजना अंतर्गत आगामी 3 मई को देवास जनपद के ग्राम खेताखेड़ी पंचायत बरखेड़ा-कोतापाई तथा ग्राम गोग्या पंचायत सुनवानी कराड़ में सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।
क्रमांक 140/140/29-04-2015                   (फोटो-संलग्न)
             

              जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  समाचार  ।।
वोटर लिस्ट शुद्धीकरण के लिए अभियान 1 मई से 31 मई तक
   देवास 29 अप्रैल 2015/ भारत निर्वाचन आयोग द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर चलाए जा रहे निर्वाचक नामावली परिशोधन एवं प्रमाणीकरण अभियान के अंतर्गत निर्वाचक नामावली त्रुटिरहित करने के लिए 1 मई से 31 मई 2015 तक डोर टू डोर सर्वे आयोजित किया गया है। कार्यालय मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मप्र ने सभी कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं।
   जारी निर्देश में कहा गया है कि कार्य के लिए बीएलओ प्रतिदिन सुबह एवं शाम सर्वे करें। बीएलओ को एसएमएस की ट्रेनिंग दी जाएं, ताकि वे मतदाताओं को प्रेरित कर सके। प्रत्येक बीएलओ 15 से 25 घरों का प्रतिदिन सर्वे कर निर्वाचक नामावली का सुधार एवं आधार लिंक के लिए जानकारी एकत्रित करें तथा बीएलओ रजिस्टर में अंकित करें। जिन मतदाताओं के आधार क्रमांक प्राप्त होते जा रहे हैं, उनकी दो प्रतियों में प्रतिदिन सूची बनाकर बीएलओ सुपरवाइजर एवं ईआर को डाटा एंट्री के लिए प्रदान करें।
   मृत मतदाताओं के नाम पूर्ण पुष्टि उपरांत नियमानुसार निरसित किए जाएं। संबंधित के परिवार से फॉर्म 7 में प्रविष्टि प्राप्त कर ली जाए। दोहरी प्रिविष्टयों को मतदाता स्वयं आकर निरसित कराएं, इसे मतदाताओं में प्रचारित किया जाए तथा विधिक प्रावधानों से भी अवगत कराया जाए। संशोधनों के प्रकरणों में निर्धारित फॉर्म 8 को प्राप्त कर प्रविष्टि संशोधन की नियमानुसार कार्रवाई की जाएं।
   निरंतर अद्यतन के दौरान प्राप्त दावे/आपत्तियों का निराकरण निराकरण अविलंब सुनिश्चित हो। ईआरएमएस में डिजिटल सिग्नेचर से ही केवल निराकरण होता है, अत: डिजिटल सिग्नेचर की महत्ता सिग्नेचर के सामान ही होती है। फोटो सुधार पर भी ध्यान दिया जाए। जो भी फोटोग्राफ सुधार के लिए प्राप्त हो रहे हैं, स्पष्ट कलर एवं फ्रंट फेसिंग वाले होने चाहिएं। नए दावे/आपत्तियों में भी आधार क्रमांक यथासंभव ले लिया जाए। सभी को प्रेरित किया जाए कि आधार क्रमांक, मोबाइल नंबर, ई-मेल आदि निर्वाचक नामावली को शुद्ध एवं प्रमाणिकृत करने के लिए उपयोग में लाए जाएंगे। इनका कहीं भी सार्वजनिक उपयोग नहीं किया जाएगा तथा ये गोपनीय रहेंगे।
क्रमांक 141/141/29-04-2015  

सोनकच्छ में 231 जोड़ों का हुआ सामूहिक विवाह

अब तक का सबसे बड़ा आयोजन

   देवास 29 अप्रैल 2015/ मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत जिले की सोनकच्छ जनपद पंचायत मुख्यालय पर आज बुधवार को आयोजित सामूहिक विवाह सम्‍मेलन में 231 जोड़ों का विवाह सम्पन्न हुआ। सोनकच्छ में इतनी संख्या में एक साथ जोड़ों का विवाह मुख्यमंत्री योजना के अंतर्गत प्रथम बार सम्पन्न हुआ है। आयोजन जनपद पंचायत सोनकच्छ द्वारा किया गया।
   इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नरेंद्रसिंह राजपूत, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दीपशिखा यादव, जनपद सदस्य, पार्षदगण, अनुविभागीय अधिकारी सोनकच्छ श्रीमती अंजली जोसेफ, सीईओ जनपद पंचायत श्रीमती रीना चौहान आदि उपस्थित थे।
8 से 10 हजार बराती
   उत्कृष्ट विद्यालय सोनकच्छ में आयोजित इस सामूहिक विवाह सम्मेलन का नजारा ही कुछ ओर था। यहां वर-वधू के रंगीले एवं चमकीले परिधानों में 231 युवक-युवतियां विवाह-मंडप में मौजूद थे। वहीं 8 से 10 हजार बराती रंग-बिरंगी वेषभूषाओं में विवाह में सम्मलित हुए। सभी के लिए भोजन, स्वच्छ पेयजल आदि की व्यवस्था की गई थी। मंत्रोच्चार के साथ विवाह की सभी रस्में विधि-विधान से सम्पन्न हो रही थीं।
नि:शक्त भी बंधे विवाह बंधन में
    इस आयेाजन की यह भी विशेषता रही कि इसमें 3 नि:शक्त जोड़ों द्वारा भी विवाह किया हुआ। शासन की कन्यादान योजना एवं सामाजिक न्याय विभाग की नि:शक्त विवाह प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत उन जोड़ों को 75 हजार रूपए तथा 50 हजार रूपए की राशि शासन की ओर से प्रदान की गई। इन जोड़ों में मंजू अंबाराम ग्राम खजूरिया कनका एवं नितिन रतनसिंह ग्राम अगेरा (दोनों नि:शक्त) को 75 हजार रूपए की राशि, ममता जगन्नाथ सोनकच्छ (नि:शक्त) एवं विजेंद्र नंदराम ग्राम खामखेड़ा जात्रा को 50 हजार रूपए की राशि तथा राधा जगदीश ग्राम बावई (नि:शक्त) एवं राजेश कैलाश ग्राम सिया को 50 हजार रूपए की राशि शासन के प्रावधानों के अनुसार प्रदान की गई। इसके अलावा प्रत्येक वधू को शासन की ओर से 5 हजार रूपए की विवाह सामग्री, 10 हजार रूपए की एफडी, 7 हजार रूपए की बैंक खाते में नगद राशि प्रदान की गई। विवाह सामग्री में मंगलसूत्र, पायजेब, बिछुड़ी, बर्तन आदि प्रदान किए गए। विवाह आयोजन के लिए प्रति जोड़े 3 हजार रूपए की राशि आयोजक को शासन की ओर से दी गई।
क्रमांक 142/142/29-04-2015                   (फोटो-संलग्न)

जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  समाचार  ।।

बरसात से पहले कराएं तालाबों का गहरीकरण

कलेक्टर ने की सरपंचों से अपील

   देवास 29 अप्रैल 2015/ बारिश से पूर्व अपनी ग्राम पंचायतों के अंतर्गत आने वाले प्रत्येक तालाब का गहरीकरण कराएं, जिससे बारिश आने पर उनमें अधिक मात्रा में जल संग्रहित हो सकें।
   कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने जिले की सभी ग्राम पंचायतों के सरपंचों से यह अपील की है। कलेक्टर ने सरपंचों से कहा है कि तालाबों से निकलने वाली मिट्टी, अत्यंत उपजाऊ होती है, अत: इसका इस्तेमाल गांव के खेतों में किया जाए। तालाबों से निकलने वाले मुरम आदि का प्रयोग मेड़ बनाने तथा गांवों के मार्ग निर्माण में किया जा सकता है।
   कलेक्टर ने कहा है कि इसके अलावा अन्य जल स्त्रोतों की साफ-सफाई तथा गहरीकरण का कार्य भी कराया जाए। हैंड पंप के आसपास तथा जहां पानी एकत्रित होता है, वहां सोख्ता गड्ढे बनाए जाएं। इससे गंदा पानी इकट्ठा नहीं होगा और छनकर जमीन में चला जाएगा।
क्रमांक 143/143/29-04-2015
अब ई-ऑक्शन द्वारा होंगी नीलामियां
अधिकारियों एवं ठेकेदारों की कार्यशाला सम्पन्न
   देवास 29 अप्रैल 2015/ शासन के निर्देश अनुसार प्रदेश में आगामी सभी नीलामियां केवल ई-ऑक्शन द्वारा ऑनलाइन बिडिंग के माध्यम से ही होनी हैं। कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले के संबंधित अधिकारी/कर्मचारियों एवं जिले के ठेकेदारों को ई-ऑक्शन द्वारा ऑनलाइन बिडिंग की प्रक्रिया के प्रति समझ बढ़ाने एवं उसके लाभों से अवगत कराने के उद्देश्य से गत दिवस क्षेत्रीय क्षमता संवर्धन केंद्र देवास में ई-ऑक्शन पर जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिले के खनिज अधिकारी/कर्मचारियों सहित जिले के सभी संबंधित अधिकारी, नीलामी प्रक्रिया में भाग लेने वाले ठेकेदार आदि उपस्थित रहे।
   जिला खनिज अधिकारी ने बताया कि प्रथम बार प्रदेश में नीलामी प्रक्रिया ऑनलाइन बिडिंग के माध्यम से की जा रही है। ई-ऑक्शन का प्रमुख उद्देश्य नीलामी की वर्तमान जटिल प्रणाली को सरल, सुलभ एवं पारदर्शी बनाना है। कार्यशाला में क्षेत्रीय क्षमता संवर्धन केंद्र के प्रशिक्षकों द्वारा ई-ऑक्शन के संबंध में पूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
क्रमांक 144/144/29-04-2015            (फोटो-संलग्न)

 

जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  समाचार  ।।

महुआ लहान व कच्ची शराब जब्त

   देवास 29 अप्रैल 2015/ जिला आबकारी दल द्वारा आज बुधवार को ग्राम बरोठा के सांसी मोहल्ले में दबिश दी गई। कार्रवाई में लगभग 4 क्विंटल महुआ लहान नष्ट किया गया तथा 35 लीटर कच्ची शराब जप्त की गई। बरोठा में तालाब किनारे बड़ी मात्रा में महुआ लहान गढ़ा पाया गया। इस संबंध में 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। गौरतलब है कि बरोठा कच्ची शराब का गढ़ है। कार्रवाई में आबकारी उप निरीक्षक हरेंद्रसिंह घुरैया, मुख्य आरक्षक विष्णु प्रसाद कलोसिया, राजाराम रायकवार तथा आरक्षक गजेंद्र‍ चौहान, नितिन सोनी आदि शामिल थे।
क्रमांक 145/145/29-04-2015                 (फोटो-संलग्न)


  
  





No comments:

Post a Comment