Friday, 4 March 2016

04-03-2016
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
                 ॥ स मा चा र ॥    
निर्माण कार्यों के लिए 8 लाख 30 हजार रुपए की राशि स्वीकृत
        देवास, 04 मार्च 2016/विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र विकास योजना अन्तर्गत खातेगांव विधायक आशीष शर्मा की अनुशंसा पर कलेक्टर द्वारा विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए 8 लाख 30 हजार  रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है।    जारी आदेश अनुसार खातेगांव विकासखंड के अंतर्गत खातेगांव के वार्ड क्रमांक 13 में चबुतरा निर्माण के लिए 25 हजार रुपए, ग्राम मौला में चबुतरा निर्माण के लिए 25 हजार रुपए, ग्राम मौला में सीसी रोड निर्माण के लिए एक लाख रुपए, ग्राम सिराल्या रेवातीर में चबुतरा निर्माण के लिए 25 हजार रुपए, ग्राम दुदवास में नाली निर्माण के लिए एक लाख रुपए, ग्राम चिचली में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए एक लाख रुपए, ग्राम छोटी बरछाखुर्द में चबुतरा निर्माण के लिए 30 हजार रुपए, ग्राम पिपलनेरिया में चबुतरा निर्माण के लिए 25 हजार रुपए, ग्राम करोंदखुर्द में सीसी रोड निर्माण के लिए 2 लाख रुपए तथा ग्राम सुकरास में सीसी रोड निर्माण के लिए 2 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की है।
-------------------------
नवीन पदस्थापना के लिए काउंसलिंग 13 मार्च को
    देवास, 04 मार्च 2016/ राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल के आदेशानुसार जिला शिक्षा केंद्र देवास अधीनस्थ जनपद शिक्षा केंद्रों, जन शिक्षा केंद्रों में कार्यरत बीएसी/सीएसी पदों पर प्रति नियुक्ति अवधि 4 वर्ष पूर्ण करने के उपरांत बीएसी/सीएसी की प्रतिनियुक्ति सेवाएं समाप्त की जाकर 62 अध्यापकों को नवीन पदस्थापना दिए जाने के लिए काउंसलिंग शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय देवास में 13 मार्च रविवार को प्रात: 10 बजे आयोजित की जाएगी।
---------------------------
खेल पुरस्कार के आवेदन फॉर्म 15 मई तक लिए जाएंगे
        देवास, 04 मार्च 2016/प्रदेश के सर्वोच्च खेल अलंकरण विक्रम, एकलव्य, विश्वामित्र एवं लाइफ टाइम एचीवमेंट पुरस्कार के लिए ऑनलाइन आवेदन प्राप्त किए जाएंगे।
    जिला खेल और युवा कल्याण श्री राजेश रघुवंशी ने बताया कि वर्ष 2016 के खेल पुरस्कार के लिए आवेदन पत्र केवल ऑनलाइन माध्यम से ही प्राप्त किए जाएंगे। ऑनलाइन आवेदन प्राप्त होने की अंतिम तिथि 15 मई 2016 है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन विभाग की वेबसाइट  mis.dsywmp.gov.in/anudan  पर जमा किए जाएंगे।
--------------------------
कक्ष निर्माण के लिए तृतीय किश्त जारी
      देवास, 04 मार्च 2016/ जिला शिक्षा केंद्र देवास द्वारा 3 विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष के निर्माण के लिए तृतीय किश्त की राशि जारी कर दी गई है। जिला परियोजना समन्वयक जिला शिक्षा केंद्र ने बताया कि विकासखंड कन्नौद के प्राथमिक विद्यालय आदिवासी बस्ती बोरखेड़ी के लिए 75 हजार रुपए, प्राथमिक विद्यालय बड़कन के लिए 75 हजार रुपए तथा टोंकखुर्द विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय देवली के लिए 41  हजार रुपए की राशि निर्माण एजेंसी ग्राम पंचायतों के बैंक खातों में जमा कर दी गई है।
--------------------------

विद्यार्थियों को मानसिक तनाव से मुक्त रखने के लिये काउंसलर्स की सेवाएँ

सुबह 8 से रात 8 बजे तक शुरू हुई हेल्पलाइन सेवा

      देवास, 04 मार्च 2016/राज्य शासन ने माध्यमिक शिक्षा मण्डल और अन्य संस्थाओं द्वारा संचालित परीक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों को मानसिक तनाव से मुक्त रखने के लिए काउंसलर्स की सेवाएँ उपलब्ध करवाने के निर्देश सभी संभागीय संयुक्त संचालक, डीईओ एवं शासकीय और निजी हाई स्कूल तथा हायर सेकेण्डरी स्कूल के प्राचार्यों को दिये हैं। प्राचार्यों और शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को परीक्षाओं के लिये समुचित मानसिक तैयारी करवाने के लिये प्रयास करने को कहा गया है। परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों के लिये काउंसलिंग अथवा गाइडेंस की व्यवस्था भी करवाने के निर्देश दिये गये हैं।
      माध्यमिक शिक्षा मण्डल ने हाई स्कूल एवं हायर सेकेण्डरी परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को परीक्षा के समय होने वाले मानसिक तनाव, अकादमिक और मनोवैज्ञानिक समस्याओं के निदान के लिये हेल्पलाइन सेवा प्रारंभ की गयी है। हेल्पलाइन सुबह 8 से रात 8 बजे तक रहेगी। हेल्पलाइन के दूरभाष नम्बर 0755-2570248, 2570258 तथा मोबाइल नम्बर 9424495482 एवं 9424495483 हैं।
      शासन ने प्रत्येक शासकीय एवं अशासकीय शाला के प्राचार्य को उनकी शाला के एक-एक पुरुष एवं महिला शिक्षक को काउंसलर के रूप में चिन्हित कर उनके दूरभाष नम्बर की जानकारी परीक्षार्थियों को देने को कहा हैं। इससे विद्यार्थी आवश्यकतानुसार काउंसलर्स से सम्पर्क कर सकेंगे।
--------------------------- 
दुकानों का निष्पादन 11 मार्च को
        देवास, 04 मार्च 2016/ जिले में वर्ष 2016-17 अर्थात एक अप्रैल 2016 से 31 मार्च 2017 तक की अवधि के लिए प्रथम चरण से शेष बचे 27 समूह की 67 देशी मदिरा एवं 27 विदेशी मदिरा दुकानों का निष्पादन जिला समिति द्वारा 11 मार्च शुक्रवार को मल्हार स्मृति मंदिर देवास में किया जाएगा। इसके लिए सील बंद टेंडर आमंत्रित किए गए है।
टेंडर प्रपत्र यहां जमा करें
    प्रभारी कलेक्टर ने बताया है कि टेंडर प्रपत्र 9 मार्च को दोपहर एक बजे तक आबकारी आयुक्त मप्र ग्वालियर स्थित कार्यालय में, 10 मार्च को उपायुक्त आबकारी संभागीय उड़नदस्ता उज्जैन के कार्यालय में दोपहर एक बजे तक तथा 11 मार्च को जिला आबकारी अधिकारी कार्यालय देवास में दोपहर एक बजे तक जमा किए जा सकेंगे।
------------------------

महिलाओं के प्रति सकारात्मक सोच का प्रतीक गुलाबी वस्त्र अवश्य पहने

मुख्य सचिव ने अधिकारियों से की अपेक्षा

       देवास, 04 मार्च 2016/ अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिये प्रतीक-स्वरूप गुलाबी वस्त्र पहनने की अपेक्षा मुख्य सचिव श्री अंटोनी डिसा ने की है। उन्होंने इस संबंध में अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिव को पत्र लिखा है।
       मुख्य सचिव श्री डिसा ने पत्र में कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिये चल रहे शासकीय कार्यक्रम तथा योजना की सफलता के लिये पुरुषों की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को भेदभाव-रहित, भयमुक्त वातावरण और उन्हें बराबरी के अधिकार और अवसर दिलवाने में एक पिता, पुत्र, पति, भाई, मित्र और सहकर्मी के रूप में पुरुषों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
       मुख्य सचिव ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च को महिलाओं की गरिमा और उनके सम्मान के प्रति पुरुषों की प्रतिबद्धता के साथ-साथ संवेदनशील समाज के निर्माण में एकजुटता और सहभागिता को व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने अपेक्षा व्यक्त की है कि आप स्वयं और अपने अधीनस्थ सभी पुरुषों को महिलाओं के प्रति सकारात्मक सोच के प्रदर्शन के प्रतीक गुलाबी वस्त्र (कुर्ता, शर्ट, गमछा) आवश्यक रूप से पहनने के लिये प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि आम लोग भी प्रतीक-स्वरूप गुलाबी वस्त्र पहने। मुख्य सचिव ने कहा है कि इसके लिये एक व्यापक अभियान महिला सशक्तिकरण संचालनालय द्वारा चलाया जा रहा है।
---------------------------


No comments:

Post a Comment