Thursday, 3 March 2016

03-03-2016
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

लोहार पीपल्या में सूचना शिविर का आयोजन
       देवास, 03 मार्च 2016/ जनपद पंचायत देवास के अंतर्गत ग्राम लोहार पीपल्या में आज गुरुवार को सूचना शिविर का आयोजन किया गया। कृषि विभाग द्वारा शिविर में उन्न्त कृषि यंत्रों का प्रदर्शन किया गया। किसान गफ्फार दरवेश ने बताया कि कृषि विभाग द्वारा 63 हजार रुपए के अनुदान के साथ उसे रेज्ड बेड प्लांटर प्रदान किया गया है। इसमें किसान का अंशदान केवल 21 हजार रुपए लगा। लाभार्थी द्वारा अन्य किसानों से भी उन्नत कृषि यंत्रों को अपनाने की सलाह दी गई। साथ ही शिविर में "आगे आए लाभ उठाएं" पुस्तक का भी वितरण किया गया। इस अवसर पर ब्लॉक स्तर के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
    शिविर में सरपंच रेखा महेश चौधरी, पूर्व जनपद सदस्य प्रेमनारायण पटेल, उप सरपंच मुरारीलाल पटेल, ईश्वर लाल चौधरी, अंबाराम चौधरी एवं अन्य किसान उपस्थित थे। बीआरसी अरूण मिश्रा ने शासकीय विद्यालयों में दी जाने वाली सुविधाओं और गरीब बच्चों के सरकारी खर्च पर प्रायवेट स्कूल में एडमिशन की प्रक्रिया की जानकारी दी। कृषि विभाग के योगेंद्र पटेल ने जैविक खेती और कृषि यंत्रों पर अनुदान की जानकारी किसानों को दी। जनपद पंचायत की पीसीओ रेखा चौहान ने ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं की जानकारी  दी। शिविर में आरईएस के उपयंत्री डीके गंगराड़े  व अन्य विभागों के प्रतिनिधियों ने अपनी विभागीय जानकारी दी। किसान प्रेमनारायण पटेल ने नेहरू युवा केंद्र से गांव की संगीत मंडली को वाद्य सामग्री अभी तक प्राप्त नहीं होने की जानकारी देते हुए सामग्री दिए जाने का अनुरोध किया।


---------------------------
कक्ष निर्माण के लिए द्वितीय किश्त जारी
      देवास, 03 मार्च 2016/ जिला शिक्षा केंद्र देवास द्वारा 4 विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष के निर्माण के लिए द्वितीय किश्त की राशि जारी कर दी गई है। जिला परियोजना समन्वयक जिला शिक्षा केंद्र ने बताया कि विकासखंड कन्नौद के प्राथमिक विद्यालय खराड़ी के लिए 2 लाख 73 हजार रुपए, प्राथमिक विद्यालय बोरकुंडिया के लिए 2 लाख 84 हजार रुपए, बागली विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय रिक्षातलाई के लिए 95 हजार रुपए तथा प्राथमिक विद्यालय अमोदिया के लिए 92 हजार रुपए की राशि निर्माण एजेंसी ग्राम पंचायतों के बैंक खातों में जमा कर दी गई है।
----------------------
नि:शक्त जनों को मिलेगी प्रतिमाह सहायता राशि
        देवास, 03 मार्च 2016/ जिले के नि:शक्तजन व्यक्तियों के पुनर्वास को सुनिश्चित करने की दृष्टि से छह वर्ष से अधिक आयु के बहु‍विकलांग और मानसिक रूप से अविकसित नि:शक्तजन के लिए प्रभारी कलेक्टर प्रबल सिपाहा ने 500 रुपए प्रतिमाह सहायता राशि की स्वीकृति जारी की है।
    जारी आदेश अनुसार विकास पिता कमल भिमोदिया निवासी रेवाबाग देवास, तुषार पिता नरेश राजानी निवासी जेल रोड देवास, पप्पू पिता विष्णुलाल निवासी ग्राम बरखेड़ा कोतापाई, कमलाबाई पति विकास निवासी ग्राम बाडोली, कान्हा पिता सोहनलाल निवासी ग्राम टिगरिया गोगा, टोनी पिता श्याम मालवीय निवासी ग्राम विसलखेड़ी तहसील टोंकखुर्द, अस्मिता पिता आशीष निवासी टोंकखुर्द, रितेश पिता राधेश्याम निवासी भौंरासा, कृति पिता सूरज यादव निवासी खातेगांव, प्रीत पिता सुनील निवासी खातेगांव के लिए प्रशासकीय राशि स्वीकृत की गई है।
        सहायता अनुदान प्राप्त कर रहे प्रत्येक नि:शक्तजन से प्रत्येक वित्तीय वर्ष की समाप्ति पर अप्रैल माह में उनसे जीवित होने संबंधी प्रमाण पत्र, सरपंच या नगर पालिका, नगर ‍निगम के पार्षद से प्रमाणित कराकर प्रारूप "ख" में प्रमाण पत्र के साथ जिला कार्यालय सामजिक न्याय देवास में प्रस्तुत करना होगा। जिससे उन्हें आगामी सहायता अनुदान निरंतर प्राप्त हो सकें।
-------------------------
जियागांव में नवीन आंगनवाडी भवन का निर्माण
    देवास, 03 मार्च 2016/ ग्राम पंचायत जियागांव में मनरेगा  योजनान्तर्गत अभिसरण से आंगनवाड़ी भवन का निर्माण हो जाने से भवन की समस्या का समाधान हो गया है। पूर्व में यहां आंगनवाड़ी भवन नहीं था। जब नवीन आंगनवाड़ी भवन नहीं था, आंगनवाड़ी का संचालन पुराने आंगनवाड़ी भवन में होता था जो कि सुविधाजनक नहीं था।
   बच्चों की जरूरतों को देखते हुए यहां वर्ष 2013-14 में नवीन आंगनवाडी भवन स्वीकृत किया गया। आंगनवाडी भवन हेतु 5.38 लाख की राशि स्वीकृत की गई है। जिसमें से महिला एवं बाल विकास अभिसरण 3.58 लाख एवं मनरेगा 1.80 लाख की राशि शामिल है। पिंक कलर का ये आंगनवाडी भवन अब बच्चों के विकास का केन्द्र है।

-----------------------------
तीन निर्माण कार्यों के लिए 5 लाख रुपए की
प्रशासकीय स्वीकृत जारी
      देवास, 03 मार्च 2016/ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र विकास योजना अन्तर्गत देवास विधायक श्रीमती गायत्रीराजे पवार की अनुशंसा पर कलेक्टर द्वारा देवास विकासखंड ग्राम रालामंडल में सीसी रोड निर्माण के लिए 2 लाख रुपए, ग्राम निकलन में सीसी रोड निर्माण के लिए एक लाख रुपए तथा ग्राम लिंबोदा में सीसी रोड निर्माण के लिए 2 लाख रुपए की  प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है।

-----------------------

No comments:

Post a Comment