Monday, 14 March 2016

14-03-2016
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
प्रधानमंत्री सिंचाई योजना से हर गांव के लिए सिंचाई का प्रबंध- कलेक्टर
      देवास 14 मार्च 2016/ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने आज सोमवार को जिला कार्यालय प्रमुखों की बैठक लेकर कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने जिले के प्रत्येक गांव के लिए प्रधानमंत्री सिंचाई योजना के तहत सिंचाई का प्रबंध करने के निर्देश कृषि विभाग एवं सीईओ जिला पंचायत को दिए। आर.ई.एस. विभाग को जिले में 20 बड़े तालाब निर्माण की योजना बनाकर कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत प्रबल सिपाहा, एडीएम कैलाश बुंदेला, सभी एसडीएम व जिला कार्यालय प्रमुख उपस्थित थे।
लग रहा है परिवार में वापस लौट आया हूं
      भारत सरकार के कार्मिक विभाग द्वारा आयोजित चालीस दिनों के विशेष प्रशिक्षण के पश्चात देवास लौटने पर कलेक्टर श्री अवस्थी का सभी जिला अधिकारियों ने स्वागत किया। कलेक्टर ने कहा कि देवास आकर लग रहा है कि अपने परिवार में वापस लौट आया हूं। देवास से दूर रहने का अहसास उन्हें बहुत खल रहा था।
लंबित प्रकरणों की समीक्षा की
      कलेक्टर ने एक-एक कर सभी विभाग प्रमुखों से अब तक किए कार्यों की जानकारी ली। सभी को निर्देश दिए कि कार्य समाप्ति तक निर्धारित विभागीय लक्ष्यों को अवश्य प्राप्त करें। हितग्राहीमूलक योजनाओं में कोई भी क्लेम लंबित नहीं रहना चाहिए। लाभाविंतों की सूची एनआईसी की वेबसाइट में डालें, ताकि आम जनता भी हमें देख सके।
गोडाउन को बनाएं खरीदी स्थल
      कलेक्टर ने सरकारी खरीदी में गेहूं के परिवहन पर शासकीय धन की बचत के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन गोडाउन में गेहूं रखा जाना है वहीं पर गेहूं खरीदा जाए। इसमें परिवहन की राशि, समय व श्रम बचेगा। सभी खरीदी केंद्रों में दो दिनों के भीतर बारदान पहुंचाने के निर्देश भी उन्होंने दिए।
जल सम्मेलन की करें तैयारी
      कलेक्टर ने सीईओ श्री सिपाहा को निर्देश दिए कि गांवों में जल सम्मेलन की तैयारी करें। जल महत्व को बताते हुए ग्रामीणों को जल संरक्षण के कार्यों में सहभागी बनाएं।
गरीबों को दिलाएं आर.टी.ई. का लाभ
      कलेक्टर ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि वास्तविक गरीबों एवं जरूरतमंदों को शिक्षा के अधिकार का लाभ दिलाएं। फीस के अभाव में बच्चे शिक्षा से वंचित नहीं रहें।
हड़तालियों पर होगी सख्त वैधानिक कार्यवाही
       कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने सीईओ जिला पंचायत और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि हड़तालियों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई करें। नोटिस देकर सेवा से बर्खास्त करें। साथ ही नयी भर्ती के लिए भी तैयारी करें। सीएमएचओ डॉ. एके दीक्षित ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग में 290 संविदा कर्मियों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
नगर निगम की जमीन से हटाएं अतिक्रमण
      कलेक्टर ने एसडीएम को निर्देश दिए कि न्यायालय में शासन के पक्ष में हुए निर्णय के पश्चात नगर निगम की जमीन से निजी अतिक्रमण को हटा दें। बायपास स्थित इस जमीन के संबंध में आयुक्त नगर निगम को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सीएम हेल्पलाइन पोर्टल प्रक्रिया में हुए बदलाव
      बैठक में कलेक्टर ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन पोर्टल की निराकरण प्रक्रिया में कुछ बदलाव हुए। बदलाव के तहत अब इस प्रकार से कार्रवाई की जाएगी। - 1. शिकायत जिस लेवल पर होगी उसी लेवल के अधिकारी के लॉग इन आई डी से निराकृत हो पायेगी  तथा 2. लेवल 1 पर लंबित शिकायतों के निराकरण हेतु अधिकारी के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर OTP कोड आयेगा जिसे पोर्टल पर दर्ज करने के बाद ही शिकायत का निराकरण दर्ज हो पायेगा।

-----------------------------
मुख्यमंत्री कार्यक्रम के स्‍थल का निरीक्षण
      देवास 14 मार्च 2016/ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी एवं पुलिस अधीक्षक शशिकांत शुक्ला ने आगामी दिनों में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित देवास भ्रमण एवं अंत्योदय मेले के लिए स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत प्रबल सिपाहा, एडीएम कैलाश बुंदेला, अति. एसपी राजेश रघुवंशी, आयुक्त नगर ‍निगम हिमांशु सिंह, एसडीएम सारिका भूरिया, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक एके चौहान तथा अन्य संबंधित उपस्थित थे।
---------------------------
मंत्री श्री जोशी ने निर्माण कार्यों के लिए राशि स्वीकृत की
      देवास, 14 मार्च 2016/ विधानसभा क्षेत्र विकास योजना अन्तर्गत उच्च शिक्षा एवं स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री एवं हाटपीपल्या विधायक श्री दीपक जोशी की अनुशंसा पर कलेक्टर द्वारा 7 निर्माण कार्यों के लिए 7 लाख 82 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है।
       जारी आदेश अनुसार देवास विकासखंड ग्राम खटांबा में शमशान शेड निर्माण के लिए  एक लाख 10 हजार रुपए, ग्राम रूपाखेड़ी में पैवर्स ब्लाकिंग कार्य के लिए एक लाख रुपए, बागली विकासखंड के ग्राम खजुरिया के शासकीय प्राथमिक विद्यालय में फर्नीचर व्यवस्था के लिए 22 हजार रुपए, ग्राम सिया में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की बाउंड्रीवॉल निर्माण के लिए 2 लाख रुपए ग्राम शिप्रा सुकल्या में पेयजल टंकी निर्माण एवं महिला स्नानघर निर्माण के लिए एक लाख रुपए, ग्राम पार्वतीपुरा में शेड निर्माण के लिए एक लाख रुपए तथा ग्राम बालोदा में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए एक लाख 50 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है।
-----------------------------

सड़क दुर्घटना के प्रकरण में कलेक्टर
द्वारा आर्थिक सहायता स्वीकृत
    देवास 14 मार्च 2016/ कलेक्टर ने सड़क दुर्घटना के प्रकरण में पीड़ित परिवार को सड़क दुर्घटना योजना अंतर्गत 15 हजार रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है।
        अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) खातेगांव एवं संबंधित तहसीलदार के प्रतिवेदन के आधार पर यह सहायता दी गई है। गत 25 जनवरी 2016 को अनोखीलाल पिता रामकिशन निवासी ग्राम खिरनीखेड़ा तहसील खातेगांव जिला देवास की सड़क दुर्घटना में मृत्यु होने पर "सड़क दुर्घटना योजना" अंतर्गत मृतक के वैध वारिस पत्नी लीलाबाई को आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।
-----------------------------
शांति समिति की बैठक 17 मार्च को
      देवास 14 मार्च 2016/ होली, धुलेंडी एवं रंगपंचमी त्योहारों के अवसरों पर आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में शांति समिति की बैठक 17 मार्च को आयोजित होगी। बैठक अपरांह्न 4 बजे से कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की जाएगी। बैठक में कलेक्टर आशुतोष अवस्थी एवं एसपी शशिकांत शुक्ला सहित समिति के सदस्य उपस्थिति रहेंगे। अपर कलेक्टर कैलाश बुंदेला ने सर्व संबंधितों से बैठक में उपस्थित रहने का आग्रह किया है।
---------------------------------------
खरीदी केंद्रों में किसानों को मिले पूरी सुविधा- कलेक्टर
समर्थन मूल्य के अंतर्गत गेहूं खरीदी 16 मार्च से
      देवास 14 मार्च 2016/ जिले के 68 खरीदी केंद्रों पर 16 मार्च से समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी का कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने सोमवार को नागरिक आपूर्ति निगम, जिला सहकारी बैंक, मंडी, सहकारिता एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों को खरीदी केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक तोल कांटा, मायश्चर मीटर, छाया के शेड, पानी लेपटॉप, प्रिंटर की समुचित व्यवस्था रखने के निर्देश दिए।
       बैठक में  उपायुक्त सहकारिता डॉ. के एन त्रिपाठी ने बताया कि इस वर्ष 4 नए खरीदी केंद्र आमला, बिजलगांव, उमरिया एवं सन्नौड़ चारों केंद्रों पर उपार्जन के लिए ऑपरेटर, कम्प्यूटर की व्यवस्था की गई है। कलेक्टर द्वारा खरीदी दिनांक के पूर्व सभी केंद्रों पर बारदान भेजने, कांटा के सत्यापन कराने के निर्देश नागरिक आपूर्ति निगम एवं नापतौल विभाग को दिए। जिला प्रबंधक नान ने बताया कि जिले में 9 हजार गठान बारदान उपलब्ध है जो 8 हजार गठान की कुल आवश्यकता से अधिक है।
       विवणन संस्था व सेवा संस्था देवास, बरोठा, सिरोल्या, नारियाखेड़ा, भौंरासा, बैरागढ़, आगरोद, रतनखेड़ी एवं आलरी साइलों केंद्र सिया पर खरीदी करेंगे। शिप्रा, दत्तोर विपणन व सेवा टोंकखुर्द भी साइलो केंद्र  सिया पर खरीदी करेंगे।
       जिला सहकारी बैंक के महाप्रबंधक ने बताया कि 68 केंद्रों को 49 करोड़ की स्लोमेट स्वीकृत की गई है। किसानों के ऋणों की प्रविष्टि साफ्टवेयर में कराई गई है।
       परिवहन के लिए तीन सेक्टर में निविदाएं स्वीकृत हुई है। कलेक्टर द्वारा सभी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को किसानों की सुविधा, एसएमएस, शेड्यूलिंग तीन दिवस में भुगतान के निर्देश दिए गए है।

-------------------------------

No comments:

Post a Comment