Tuesday, 15 March 2016

15-03-2016
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥

अस्पताल में गंदगी देख भड़के कलेक्टर

      देवास, 15 मार्च 2016/ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने आज मंगलवार को सुबह जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। लोक निर्माण विभाग द्वारा अस्पताल में सीवर के अधूरे निर्माण के कारण जमा गंदे पानी को देखकर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर ही कार्यपालन यंत्री दीपेश गुप्ता को तलब किया और जमकर फटकार लगाई। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्तपाल के हर हिस्से को जाकर देखा। सीएमएचओ डॉ. एके दीक्षित, सिविल सर्जन डॉ. एस.के. सरल, आरएमओ डॉ. एस.एस. मालवीय इस दौरान उपस्थित थे।
डायलिसिस यूनिट को देखकर काम सराहा
       कलेक्टर श्री अवस्थी ने जिला अस्पताल में 26 जनवरी से आरंभ हुई डायलिसिस यूनिट को देखा। वहां भर्ती मरीजों की खैरीयत जानी। यूनिट के प्रभारी डॉ. अतुल पवनीकर ने विस्तार से जानकारी दी। कलेक्टर ने डॉक्टर एवं स्टॉफ को उनकी सेवाओं के लिए सराहा। पीपलरावां के मरीज राहुल खत्री ने कलेक्टर को बताया कि  देवास में डायलिसिस की सुविधा आरंभ होने में उन जैसे मरीजों को नया जीवन मिला है। इंदौर में भारी खर्च कर किसी तरह इलाज करा रहे थे। कलेक्टर ने अन्य मरीजों भेरूलाल और हुकुमसिंह से भी डायलिसिस की जानकारी ली।
अधूरी सीवर लाइन पर भड़के कलेक्टर
      कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने जिला अस्पताल के अंदरूनी भाग में दो महीने से खुली सीवर लाइन और जमा गंदे पानी को देखकर जमकर नाराजगी जताई। कार्यपालन यंत्री गुप्ता को तलब कर कलेक्टर ने कहा कि ऐसा अधूरा काम तो जनता के प्रति अपराध है। उन्होंने जल्द से जल्द यह काम पूरा कर स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बेहतर प्रबंधन रखें सिविल सर्जन
      कलेक्टर ने शिशु वार्ड, महिला वार्ड, प्रसूति वार्ड, ऑर्थोपेडिक वार्ड, ऑपरेशन थियेटर, विकलांग पुनर्वास केंद्र, किचन एवं ओ.पी.डी. सहित चिकित्सकों के कक्षों का भी निरीक्षण किया। शौचालयों की सफाई व्यवस्था भी देखी। कलेक्टर ने सिविल सर्जन एवं  आरएमओ को अस्पताल में बेहतर व्यवस्था और अच्छा प्रबंधन सुनिश्चित रखने की ताकीद दी।




--------------------
आंखों में आंसू भरकर बोली मां अनाथ बिटिया मुझे दे दो
     देवास, 15 मार्च 2016/ जनसुनवाई में नि:संतान दंपत्ति ने कलेक्टर आशुतोष अवस्थी से गुहार लगाई कि कल देवास में मिली अनाथ बिटिया को उनहें गोद दे दिया जाए। अपी आंखों में आंसू भरकर शैलजा (बदला हुआ नाम) ने कलेक्टर से कहा कि नवजात बालिका मिलने की खबर अखबार में है। शादी के कई बरस हो गए, संतान नहीं है। यह बिटिया गोद में देकर मेरी कोख हरी कर दो। कलेक्टर ने दंपत्ति की भावना को सराहा और विधिवत गोद देने की प्रक्रिया की जानकारी दी। उल्लेखनीय है कि आज कलेक्टर आशुतोष अवस्थी इस बालिका को देखने जिला अस्पताल भी गए थे।
      जनसुनवाई में मंगलवार को मल्हार स्मृति मंदिर में आवेदकों ने कलेक्टर आशुतोष अवस्थी एवं पुलिस अधीक्षक शशिकांत शुक्ला के समक्ष आवेदन पत्र प्रस्तुत किए। कलेक्टर एवं एसपी ने सभी पर सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर कैलाश बुंदेला, एसडीएम सारिका भूरिया अन्य विभागों के जिला अधिकारी भी उपस्थित थे।
 सरपंच, सचिव व रोजगार सहायक कर रहे अनियमितता
      आवेदक जीवन पिता रामचंद्र निवासी ग्राम पीपल्याखुर्द तहसील सोनकच्छ ने आवेदन में बताया कि ग्राम पंचायत बोलासा के सरपंच, सचिव एवं रोजगार सहायक कार्य में काफी अनियमितता कर रहे हैं। आवेदक द्वारा इस संबंध में सूचना के अधिकार के तहत जानकारी प्राप्त की है। इस पर कलेक्टर ने सीईओ जनपद पंचायत सोनकच्छ को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
सहायता राशि दिलाई जाए
      आवेदक कैलाशचंद्र सिसोदिया निवासी हाटपीपल्या ने आवेदन में बताया कि गत 25 दिसंबर 2015 को  उसके पुत्र रोहित की चापड़ा-हाटपीपल्या मार्ग पर सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। उसके पुत्र की मृत्यु होने पर आज दिनांक तक उसे शासन की ओर आर्थिक सहायता नहीं मिली है। उसे आर्थिक सहायता दिलाई जाए। इस पर कलेक्टर ने तहसीलदार हाटपीपल्या को प्रतिवेदन के निर्देश दिए।
खसरा नकल दिलाई जाए
      आवेदक बद्रीप्रसाद शर्मा निवासी गुराड़िया काछी तहसील सोनकच्छ ने आवेदन में कलेक्टर को बताया कि उसने खसरे की नकल के लिए 21 जनवरी 2016 को आवेदन दिया। जिसमें सर्वे नंबर 870 से 875 तक के पृष्ठ मौजूद नहीं होना बताया था, जबकि इसी सर्वे नंबर की नकल अन्य लोगों की दी गई है। आवेदक ने बताया कि उसे खसरा नकल दिलाई जाए। इस पर कलेक्टर ने संबंधित विभाग को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
बीपीएल सूची में नाम जुड़वाए
      आवेदक राधेश्याम पिता रामचंद्र राठौर निवासी बागली ने जनसुनवाई में आवेदन देते हुए बताया कि चार वर्ष पूर्व उसका मकान आग लगने के कारण जल गया था, जिसमें आवश्यक दस्तावेज भी जल गए थे। वह मजदूरी करके अपना जीवन यापन कर रहा है। उसका नाम बीपीएल सूची में जुड़वाया जाए जिससे उसे शासन की योजनाओं का लाभ मिल सकें। इस पर कलेक्टर ने जांच के निर्देश संबंधित विभाग को दिए।

------------------------
शांति समिति की बैठक अपरिहार्य कारणों से स्थगित
    देवास, 15 मार्च 2016/ अति. जिला दंडाधिकारी ने बताया है कि आगामी 17 मार्च को आयोजित होने वाली शांति समिति की बैठक अपरिहार्य कारणों के चलते स्थगित कर दी गई है।
------------------------
विद्युत संबंधी समस्याओं के निराकरण के  लिए शिविर 18 मार्च को
      देवास, 15 मार्च 2016/ जिले के विद्युत उपभोक्ताओं (उच्चदाब एवं निम्नदाब) संबंधी समस्याओं के निवारण के लिए मप्र पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड देवास द्वारा एक शिविर का आयोजन 18 मार्च को किया जाएगा। इस शिविर में विद्युत अधिनियम की धाराओं को छोड़कर सभी प्रकार की शिकायतें सुनी जाएगी।
      अधीक्षण यंत्री एके शर्मा ने बताया है कि उपभोक्ताओं की शिकायतों के निराकरण के लिए शिविर में फोरम के अध्यक्ष, सदस्य एवं देवास वृत्त के अधिकारी एवं संभागों के कार्यपालन यंत्री भी उपस्थित रहेंगे। शिकायत के लिए निर्धारित फॉर्म उपलब्ध रहेंगे जो नि:शुल्क प्रदान किए जाएंगे, जिन्हें शिकायतकर्ता को 3 प्रतियों में आवश्यक दस्तावेजों के साथ देना होंगे। शिकायत में किसी प्रकार की कठिनाई होने पर इंदौर दूरभाष क्रमांक 0731-24223863 अथवा अधीक्षण यंत्री कार्यालय देवास के दूरभाष क्रमांक 256099 पर संपर्क कर सकते हैं।
---------------------------
अंत्योदय मेला 19 मार्च को
    देवास, 15 मार्च 2016/ आई.टी.आई ग्राउंड देवास में अंत्योदय मेला का आयोजन 19 मार्च को किया जाएगा। सोनकच्छ एवं देवास का संयुक्त रूप से आयोजित होने वाला यह मेला प्रात: 11 बजे से प्रारंभ होगा। मेले में स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री श्री दीपक जोशी एवं समस्त विधायक गण शामिल रहेंगे। कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने इस मेले के लिए आयुक्त नगर निगम हिमांशुसिंह को नोडल अधिकारी बनाया है। अंत्योदय मेले में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी लगाया जाएगा।
---------------------------

नि:शक्तजन के लिये बीमा योजना संचालित

        देवास, 15 मार्च 2016/ शासन द्वारा दृष्टि बाधित, श्रवण बाधित, अस्थि बाधित, कुष्ठ रोगी एवं मानसिक रूप से अविकसित नि:शक्त जन के स्वास्थ्य एवं जीवन स्तर में सुधार लाकर उन्हें स्वावलंबन प्रदान करने हेतु स्वास्थ्य बीमा योजना प्रारंभ की गयी है। बीमा योजना का लाभ पति-पत्नि सहित दो बच्चों को प्रदान किया जायेगा। बीमित व्यक्ति को बीमा प्रीमियम की 10 प्रतिशत वार्षिक शेष राशि 355 रूपये स्वयं देना होगा, जबकि शेष राषि सामाजिक न्याय विभाग द्वारा तथा सर्विस टैक्स भारत सरकार द्वारा वहन किया जायेगा।
       उप संचालक राजेश कामदार ने बताया है कि बीमा हेतु नि:शक्तजन के परिवार की वार्षिक आय 3 लाख रूपये से अधिक नहीं होनी चाहिये एवं बीमित व्यक्ति की उम्र 18 से 35 साल के मध्य होना जरूरी है। बीमा के इच्छुक व्यक्ति सामाजिक न्याय विभाग के कार्यालय से बीमा हेतु आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
--------------------------

जिला सहकारी बैंक में संचालकों एवं अध्यक्ष का निर्वाचन प्रारंभ

      देवास, 15 मार्च 2016/ मप्र राज्य सहकारी निर्वाचन प्राधिकारी भोपाल द्वारा जिला सहकारी बैंक देवास का निर्वाचन कार्यक्रम घोषित किया गया है। उपायुक्त सहकारिता डॉ. के.एन. त्रिपाठी ने बताया कि 9 मार्च को सदस्यता सूची का प्रथम प्रकाशन रजिस्टरीकरण अधिकारी मनोज जायसवाल उपायुक्त सहकारिता उज्जैन द्वारा किया जाकर 16 मार्च तक दावें एवं आपत्तियां आमंत्रित की गई है।
      प्राप्त आपत्तियों की जांच व निराकरण 17 एवं 18 मार्च को की जाकर अंतिम सदस्यता सूची का प्रकाशन 18 मार्च को किया जाएगा। रजिस्टरीकरण अधिकारी के निर्णय के विरूद्ध अपील संयुक्त आयुक्त उज्जैन के समक्ष 22 मार्च तक की जा सकेगी। अपील का निर्णय 29 मार्च तक कर 31 मार्च को अंतिम सदस्यता सूची निर्वाचन प्राधिकारी को भेजी जाकर द्वितीय चरण के निर्वाचन प्रक्रिया प्राधिकारी के निर्देश अनुसार की जाएगी।
      बैंक के  प्रशासक एवं कलेक्टर आशुतोष अवस्थी द्वारा स्वतंत्र एवं निष्पक्ष निर्वाचन की समस्त व्यवस्थाएं एवं आचार संहिता के पालन के निर्देश दिए है। बैंक के 15 संचालक चुने जाने है जिसमें 6 विकासखंडों से 12 संचालक प्रत्येक विकासखंड से दो-दो तथा 3 संचालक विपणन, औद्योगिक, बुनकर वं अन्य फर्म से चुने जाएंगे। निर्वाचित 15 संचालक एक अध्यक्ष एवं दो उपाध्यक्षों का निर्वाचन करेंगे। निर्वाचन के दौरान स्थानांतरण अशासकीय कमेटी की बैठक, विज्ञापन, समितियों में बैठक सभा पर प्रतिबंध रहेगा।
------------------------ 

No comments:

Post a Comment