दिनांक 27 नवंबर 2015
सचिव के विरूद्ध प्रकरण दर्ज किया जाएं
जिला जनसम्पर्क
कार्यालय, देवास
।। स मा चा र ।।
सचिव के विरूद्ध प्रकरण दर्ज किया जाएं
उदयनगर भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने दिए निर्देश
देवास 27 नवंबर 2015/ कलेक्टर
आशुतोष अवस्थी ने क्षेत्रीय विधायक चंपालाल देवड़ा के साथ शुक्रवार को जिले के सुदूरतम
अंचल उदयनगर का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने उदयनगर में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से
चर्चा की। उन्होंने निकट के सीवनपानी गांव में सचिव द्वारा राशि आहरण कर आंगनवाड़ी भवन
नहीं बनाए जाने पर एसडीएम बागली को सचिव के विरूद्ध धारा 92 के तहत प्रकरण दर्ज करने
के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों से शासकीय योजनाओं की जमीनी हकीकत की जानकारी ली।
भ्रमण के दौरान एसडीएम बागली पुरूषोत्तम कुमार, सीईओ जनपद पंचायत बागली जितेंद्र सिंह
ठाकुर, जिला एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारी उपस्थित थे।
बालिका
छात्रावास का निरीक्षण
कलेक्टर
एवं विधायक ने उदयनगर में शिक्षा विभाग द्वारा संचालित बालिका छात्रावास का निरीक्षण
किया। छात्रावास की स्थिति को संतोष जनक नहीं पाते हुए उन्होंने मौके पर जिला शिक्षा
अधिकारी को तलब किया और अपनी नाराजगी जाहिर की। छात्रावास में आसपास के गांवों की सौ
छात्राएं रह रही हैं। इनके लिए पर्याप्त शौचालय, स्नानगृह और कक्षों में रोशनी की तत्काल
व्यवस्था के निर्देश उन्होंने दिए। छात्राओं से कलेक्टर ने बात की ओर उनकी पढ़ाई-लिखाई
और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। छात्राओं द्वारा बताए जाने पर उन्होंने टेलीविजन
और दो कम्प्यूटर की व्यवस्था के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए। कलेक्टर ने पुराने
भवन में संचालित छात्रावास को शीघ्र नए भवन में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। बताया
गया कि नया भवन अभी पूर्ण नहीं है। उन्होंने मौके पर ही लोक निर्माण विभाग के परियोजना
क्रियांवयन इकाई के कार्यपालन यंत्री को मोबाइल से फोन लगाकर भवन निर्माण में लेट लतीफी
पर फटकार लगाई। उन्होंने भवन का निर्माण युद्ध स्तर पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उच्चतर
माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण
कलेक्टर एवं विधायक ने उदयनगर में
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। छोटे कक्षों में अधिक संख्या में
बैठे विद्यार्थियों को देखकर कलेक्टर ने आश्चर्य व्यक्त किया और शिक्षा विभाग को व्यवस्था
दूरूस्त करने के निर्देश दिए। बताया गया कि परिसर में नया भवन निर्माणाधीन हैं। भवन
बन जाने से यह समस्या दूर हो जाएगी।
अब बड़े
हो गए हैं चूजे
कलेक्टर अपने भ्रमण के अगले चरण
में ग्राम सीवनपानी पहुंचे, यहां पर आत्मा प्रोजेक्ट के तहत आदिवासी महिलाओं को ककड़नाथ
के चूजे दिए गए थे। कलेक्टर एवं विधायक ने यह देखकर प्रसन्नता जाहिर की कि इन महिलाओं
ने चूजों को भलीभांति पौषा है और वे अब बड़े हो गए हैं। हितग्राही रमकूबाई ने बताया
है कि अब ककड़नाथ की बिक्री भी होने लगी है और इससे परिवार को अतिरिक्त आमदनी हो रही
है।
-------------------------
किशनगढ़ में जल्द लगेगा ट्रासंफॉर्मर
देवास 27 नवंबर 2015/ उदयनगर में कलेक्टर द्वारा लगाई गई चौपाल में निकटवर्ती ग्राम किशनगढ़ के हीरालाल भायल एवं अन्य किसानों ने गांव में खराब ट्रांसफॉर्मर की जानकारी कलेक्टर को दी। उन्होंने बताया कि पिछले 18 दिनों से ट्रांसफॉर्मर खराब है, जिससे किसानों को सिंचाई के लिए बिजली नहीं मिल पा रही है। कलेक्टर ने मौके पर ही विद्युत मंडल के कार्यपालन यंत्री को बुलाया और तत्काल ट्रांसफॉर्मर लगाने के निर्देश दिए। त्वरित कार्रवाई से किशनगढ़ के किसानों ने कलेक्टर को धन्यवाद ज्ञापित किया। कलेक्टर ने विद्युत मंडल को किशनगढ़ में बन रहे विद्युत सब स्टेशन के कार्य को शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
---------------------------
आनंदपुर पहुंचे कलेक्टर ने पटवारी को किया निलंबित
देवास 27 नवंबर 2015/ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी एवं क्षेत्रीय विधायक चंपालाल देवड़ा आज शुक्रवार को जिला मुख्यालय से लगभग 150 किलोमीटर दूर आनंदपुर गांव पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनी। किसानों द्वारा राजस्व् संबंधी अनेक शिकायतें बताए जाने, नामांतरण के मामले लंबित रहने और राजस्व संबंधी अन्य प्रकरण में लापरवाही बरतने पर वहां के पटवारी धर्मेंद्र चौबे को निलंबित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने साफ कहा कि किसानों को सताने वाले शासकीय सेवकों को बक्शा नहीं जाएगा।
अस्थाई ट्रांसफॉर्मर लगाया जाएं
कलेक्टर ने गांव की ताराबाई की समस्या सुनी और उसे नियमानुसार विधवा पेंशन तथा गरीबी रेखा का कार्ड बनाए जाने के निर्देश दिए। गांव में किसानों ने कम वॉल्टेज के कारण सिंचाई की मोटरें नहीं चल पाने की जानकारी दी। कलेक्टर श्री अवस्थी ने मौके पर उपस्थित विद्युत मंडल के संभागीय यंत्री को गांव में एक अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर अस्थाई रूप से लगाने के निर्देश दिए।
पांच अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति की जाएं
चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने विद्यालय में कम शिक्षकों की जानकारी दी। बताया गया कि सरपंच पति द्वारा गांव के विद्यालय में अतिथि शिक्षक रखे जाने पर अड़ंगा डाला जा रहा है। कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताते हुए एक सप्ताह के भीतर पालक शिक्षक संघ के माध्यम से निर्धारित पांच अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि शिक्षकों के अभाव में शिक्षा की गुणवत्ता प्रभावित नहीं होना चाहिए। उन्होंने गांव में ककड़नाथ मुर्गे के पालन के लिए पशुपालन विभाग को योजना बनाकर शीघ्र कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
-----------------------
पांडूतालाब में छात्रवृत्ति वितरण में अनियमितता पर जांच के निर्देश
देवास 27 नवंबर 2015/ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी एवं क्षेत्रीय विधायक चंपालाल देवड़ा ने बागली ब्लॉक के ग्राम पांडू तालाब का भ्रमण किया। गांव में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों ने उन्हें बताया कक्षा 10 एवं 11 की छात्रवृत्ति अभी तक नहीं मिली है। कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित शिक्षा विभाग के अधिकारियों से वस्तु स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बीआरसी को जांच कर एक सप्ताह में वास्तविक स्थिति से अवगत कराने के निर्देश दिए।
सुपरवाइजर को कारण बताओ नोटिस
गांव चौपाल लगाकर कलेक्टर एवं विधायक ने लोगों की समस्याएं सुनी। निकट के ग्राम रेलापुरा में मध्यांहन भोजन नहीं बंटने, शिक्षक द्वारा पढ़ाई में लापरवाही और आंगनवाड़ी के संबंध में अनियमितता की जानकारी ग्रामीणों द्वारा दी गई। कलेक्टर द्वारा जानकारी लेने पर पाया गया कि महिला बाल विकास की सुपरवाइजर यहां पर जुलाई से पदस्थ है। लेकिन उसने अभी तक रैलापुरा सहित अन्य गांव का भ्रमण भी नहीं किया है। कलेक्टर ने कर्त्तय में लापरवाही पाते हुए सुपरवाइजर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने गांव में टीकाकरण, शौचालय निर्माण की भी जानकारी ली और गांव में शौचालय निर्माण के लिए ग्रामीणों को समझाइश दी।
-----------------------
साधारण सभा की बैठक 30 नवंबर को
देवास
27 नवंबर 2015/ जिला पंचायत देवास की साधारण सभा की बैठक 30 नवंबर दोपहर 2 बजे से जिला
पंचायत अध्यक्ष श्री नरेंद्रसिंह राजपूत की अध्यक्षता में जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित होगी। जिला पंचायत सीईओ प्रबल सिपाहा ने बैठक में सभी संबंधितों
से उपस्थित रहने का आग्रह किया है।
बैठक के ये रहेंगे
एजेंडे
जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि बैठक में गत बैठक
के कार्यवाही विवरण का पालन प्रतिवेदन, परफॉरमेंस ग्रांट की राशि के संबंध में, शिक्षा
विभाग की समीक्षा, स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा, जिला पंचायत/ग्राम वि.अ. प्रकोष्ठ एवं
अन्य योजनाओं का माह सितंबर 2015 के आय-व्यय का अनुमोदन तथा अन्य विषयों चर्चा की जाएगी।
---------------------------
स्थाई समिति की बैठक 30 नवंबर को
देवास 27 नवंबर
2015/ जिला
पंचायत देवास की सा.प्रा. स्थायी समिति की बैठक 30 नवंबर 2015 दोपहर 1.30 बजे
से जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नरेंद्रसिंह राजपूत की अध्यक्षता में जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित होगी। जिला पंचायत सीईओ प्रबल सिपाहा ने बैठक में सभी संबंधितों
से उपस्थित रहने का आग्रह किया है।
--------------------------
दो व्यक्तियों
को 7 हजार रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत
देवास 27 नवंबर 2015/ विधायक स्वेच्छानुदान निधि
से सोनकच्छ विधायक श्री राजेंद्र वर्मा की अनुशंसा पर कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी द्वारा
2 व्यक्तियों को निर्धनता सहायता एवं चिकित्सा सहायता के रूप में 7 हजार रूपए आर्थिक
सहायता की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है।
जारी आदेश अनुसार टोंकखुर्द निवासी जहीर
पिता जाकीर को 5 हजार रूपए तथा सोनकच्छ के वार्ड क्रमांक-4 निवासी धर्मेंद्र पिता चंद्रप्रकाश को 2 हजार रूपए
की चिकित्सा राशि स्वीकृत की है।
-----------------------
शौचालय निर्माण
के लिए 31 लाख रूपए की राशि स्वीकृत
देवास 27 नवंबर 2015/ स्वच्छ भारत, स्वच्छ
विद्यालय अभियान के अंतर्गत जिले 30 विद्यालयों एवं छात्रावासों के लिए 31 लाख
रूपए की प्रशासकीय राशि स्वीकृत की गई है।
जिला परियोजना सन्वयक जिला शिक्षा केंद्र
ने बताया है कि दुदलाई, संदलपुर, कामठखेड़ा, कामठखेड़ा छात्रावास, जियागांव, पीपरी, पानीगांव, डबलचौकी,
भिलाईखुर्द, मगरिया, पीरपाड़ल्या, फावड़ा, अघेरा, उदयनगर, पीपरी, रीछातलाई, अमोदिया,
इमलीपुरा, हीरापुर, करनावद फाटा, करनावद, चौबाराधीरा, सुनवानी महाकाल,
बरोड़पीपल्या, चारारास्ता खुड़गांव, मवास्या, गुडबेल टप्पर, बेड़गांव, बड़ीकराड़,
हास्याखेड़ी में शौचालय निर्माण के लिए एक-एक लाख की राशि स्वीकृत की गई है।
----------------------------
जनगणना के रजिस्टर
को अपडेट करने का कार्य हुआ शुरू
घर-घर जाकर नागरिकों
से ली जायेगी आधार नम्बर, राशन कार्ड नम्बर और समग्र आईडी की जानकारी
देवास 27 नवंबर 2015/राज्य शासन द्वारा दिये गये निर्देशानुसार देवास जिले में भी जनगणना
के रजिस्टर को अपडेट करने का कार्य 16 नवम्बर से शुरू कर दिया गया है। इसके लिये
जिले में लगभग प्रगणकों की नियुक्ति की गयी है। ये प्रगणक घर-घर जाकर गत मई और जून
2010 में किये गये जनगणना के आधार पर तैयार किये गये रजिस्टर को अद्यतन करने का कार्य
करेंगे।
कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने बताया है कि राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर के
डाटाबेस को अद्यतन करने के लिये प्रत्येक नागरिक से आधार नम्बर, राशन कार्ड नम्बर और
परिवार की समग्र आईडी की जानकारी ली जायेगी। प्रत्येक निवासी के रजिस्टर डाटाबेस
में उक्त जानकारी जोड़ी जायेगी। यह कार्य कल आगामी 15 दिसम्बर, 2015 तक चलेगा। मध्यप्रदेश
राज्य में राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर को भारत के नागरिकता अधिनियम-1955 और नागरिकता
नियमावली-2003 के प्रावधानों के तहत घर-घर जाकर प्रगणकों द्वारा राष्ट्रीय जनसंख्या
परिवार अनुसूची को भरने का फील्ड कार्य 22 मई, 2010 से 7 जून, 2010 तक किया गया था।
इसी कड़ी में भारत सरकार के निर्देशानुसार अब राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर डाटाबेस को
अद्यतन करने तथा प्रत्येक निवासी के एनपीआर डाटाबेस में आधार नम्बर/राशन कार्ड नम्बर
और परिवार की समग्र आईडी को जोड़ने/शामिल करने का कार्य किया जायेगा। यह कार्य राज्य
सरकार के नामित सरकारी कर्मचारियों द्वारा प्रगणक के रूप में घर-घर जाकर गणना के माध्यम
से किया जाएगा। गणना ब्लॉक के अंतर्गत परिवार में नये सदस्यों एवं पाये गये नये परिवारों
को भी प्रगणक द्वारा एन.पी.आर. के फॉर्म में दर्ज किया जाएगा।
डाटाबेस को अद्यतन करने के लिये जिला देवास के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के
निवासियों से जिला प्रशासन द्वारा अपेक्षा की गई है कि वे अपना आधार कार्ड/राशन कार्ड/परिवार
की समग्र आईडी (एस.एस.एस.एम.आई.डी.) प्रगणक को उपलब्ध कराकर अपनी ओर से पूर्ण सहयोग
प्रदान करें, ताकि इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य को समयावधि में पूर्ण किया जा सके।
नागरिकों द्वारा दी गयी जानकारी गोपनीय रखी जायेगी। कलेक्टर द्वारा तहसीलदारों एवं
मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को इस कार्य के लिए उपजिला रजिस्ट्रार बनाया गया है।
------------------------------
No comments:
Post a Comment