Monday, 16 November 2015

दिनांक 16 नवंबर 2015
जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
                   ।।  स मा चा र  ।।

मॉक पाल में एलर्ट रहें सेक्टर अधिकारी- कलेक्टर
         देवास 16 नवंबर 2015/ मतदान के दिन सुबह 5 बजे से सभी सेक्टर अधिकारी किसी न किसी मतदान केंद्र में पहुंच जाएं। मॉक पाल के दौरान एलर्ट रहें। कुशलतापूर्वक निर्वाचन कराना आपकी योग्यता की कसौटी है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष अवस्थी ने आज सोमवार को सेक्टर अधिकारियों की बैठक में यह बात कही। बैठक में सभी सेक्टर अधिकारियों की उनके भ्रमण के पश्चात सौंपी गई रिपोर्ट की समीक्षा की गई। बैठक में सीईओ, एडीएम, एसडीएम उपस्थित थे।
मतदान पर्ची बांटने का कार्य दो दिन में पूर्ण करें
         कलेक्टर ने निर्देश दिए कि बीएलओ के माध्यम से मतदाता पर्ची बांटने का कार्य दो दिन में शत-प्रतिशत हो जाना चाहिए। सभी मतदान केंद्रों में साफ-सफाई और फर्नीचर की व्यवस्था के निर्देश दिए गए। बैठक में नगर निगम आयुक्त हिमांशु सिंह ने बताया कि फर्नीचर अगले दो दिनों में सभी केंद्रों में पहुंचा दिया जाएगा। रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम रजनीश कसेरा ने बैठक में सभी सेक्टर अधिकारियों को मॉक पोल की रिपोर्ट, पीठासीन की डायरी, चिंहित अन्य आवश्यक बिंदुओं पर मार्गदर्शन दिया।
मतदान केंद्र पर उचित व्यवस्था की जाएं
         कलेक्टर ने कहा कि मतदान कर्मी जब मतदान केंद्र पहुंचे तो उसे वहां अच्छा वातावरण मिलना चाहिए। टॉयलेट्स में सफाई सुनिश्चित रहे और पंखे, खिड़की, दरवाजें, बिजली सब सुनिश्चित रहना चाहिए। सेक्टर अधिकारी सतत भ्रमण में रहें और मतदान केंद्र में अनुशासन सुनिश्चित कराएं। परिचय पत्र साथ में रखें।
कानून व्यवस्था लिए दिए टिप्स
         अपर कलेक्टर डॉ. कैलाश बुंदेला ने सेक्टर अधिकारियों को कानून व्यवस्था की स्थिति पर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि क्रिटीकल मतदान केंद्रों में वेबकॉस्टिंग की व्यवस्था भी की जाएगी। इससे मतदान केंद्र पर सीधे नजर रखी जा सकेगी।


--------------------------------
नैतिक मतदान के लिए निर्वाचन कार्यालय द्वारा अभियान
       देवास 16 नवंबर 2015/ मतदाताओं को रिश्वतखोरी के विरूद्ध वैधानिक, कानूनी प्रावधान पर शिक्षित करने का अभियान चलाया जा रहा है। मतदान के लिए रिश्वत देने वालों तथा लेने वालों के लिए दंड प्रावधानित हैं। यह दोनों पर लागू होता हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी सारिका भूरिया ने बताया है कि इस कृत्य के लिए एक साल तक की जेल की सजा हो सकती है।
--------------------------
सेक्टर अधिकारियों के साथ तैनात रहेंगे डॉक्टर भी
    देवास 16 नवंबर 2015/ मतदान के दिन आकस्मिक चिकित्सा सहायता के डॉक्टर भी उपलब्ध रहेंगे। प्रत्येक सेक्टर अधिकारी के साथ एक डॉक्टर आवश्यक दवाईयों के साथ मौजूद रहेगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष अवस्थी ने देवास विधानसभा उप निर्वाचन 2015 के लिए सेक्टर अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ डॉक्टर की नियुक्ति की है।
    जारी आदेश अनुसार सेक्टर मुख्यालय सुनवानी महाकाल के सेक्टर अधिकारी रामेश्वर खेड़े जिला शिक्षा अधिकारी के साथ शिप्रा के एचए इकबाल मोदी को नियुक्त किया गया है। सेक्टर मुख्यालय विजयागंज मंडी के सेक्टर अधिकारी सुनील जैन अधीक्षण यंत्री परियोजना क्रियान्वयन लोनिवि देवास के साथ सेक्टर चिकित्सक डबलचौकी एचए अकील शेख को तैनात किया गया है। सेक्टर रालामंडल के सेक्टर अधिकारी महाप्रबंधक मप्र ग्रा.स.वि.प्रा.पी.आईयू. केके चौरे के साथ सेक्टर चिकित्सक सिया के एचए अनिल परमार को तैनात किया गया है। सेक्टर आगरोद के सेक्टर अधिकारी जिला पंजीयक अधिकारी के साथ एचए बरोठा बहादुरसिंह राठौर को तैनात किया गया है। सेक्टर जलालखेड़ी के लिए ‍सेक्टर अधिकारी सुनीता यादव जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास विभाग के साथ एचए विजयागंज मंडी गौरीशंकर सिरोठिया को तैनात किया गया है। सेक्टर अजीजखेड़ी के सेक्टर अधिकारी  रविशंकर वर्मा परियोजना अधिकारी आईटीडीपी के साथ पुरूष स्वास्थ्य कार्यकर्ता उपड़ी के सुरेशचंद्र वाजपेयी को तैनात किया गया है। सेक्टर आवास नगर के  सेक्टर अधिकारी नरेशसिंह तोमर प्र.सह. संचालक उद्यान कृषि विभाग के साथ आनंद मीरचंदानी जामगोद को तैनात किया गया है। सेक्टर शासकीय प्राथमिक शाला भवन महाकाल कालोनी देवास के सेक्टर अधिकारी आयए खान सहायक प्रबंधक मप्र ग्रा.स.वि.प्रा.पी.आईयू देवास के साथ जितेंद्र चावड़ा कानकुंड बरोठा को नियुक्त्‍ किया गया है। सेक्टर ब्राइट स्टार हायर सेकेंडरी स्कूल देवास के सेक्टर अधिकारी एसके जैन मैनेजर एमपी एग्रो देवास के साथ वरूण पंडित जवासिया को तैनात किया गया है। सेक्टर कृष्णा आईटी भवन पुराना सलूजा स्कूल स्टेशन रोड देवास के सेक्टर अधिकारी  निषिथ गुप्ता वैज्ञानिक कृषि विज्ञान केंद्र के साथ  देशराज बड़जात्या नागदा को तैनात किया गया है। सेक्टर उर्मिलाराजे बाल मंदिर राधागंज के सेक्टर अधिकारी नीलम सूद महिला सशक्तिकरण अधिकारी के साथ इमरान शेख सिया को तैनात किया गया है। सेक्टर अलोट पायगा के सेक्टर अधिकारी बीएम गुप्ता कार्यपालन यंत्री देवास विकास प्राधिकरण के साथ सुरेश पटेल टिगरिया छोटा को तैनात किया गया है। सेक्टर नगर पालिका ‍निगम के सेक्टर अधिकारी एसके मंसारे सहायक प्रबंधक मप्र ग्राम स.वि. प्रा.पीआईयू के साथ मोहनकुमार टकरावदिया सिरोल्या को तैनात किया गया है। सेक्टर स्वर्णकार धर्मशाला के सेक्टर अधिकारी डॉ.जीडी वर्मा उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं देवास के साथ अजय पांडे, बांगर को तैनात किया गया है। सेक्टर विक्रमसभा भवन जवाहर चौक के सेक्टर अधिकारी एससी झांझी सहायक यंत्री जल संसाधन के साथ जगदीश अस्थाया राघोगढ़ को तैनात किया गया है। सेक्टर माली समाज धर्मशाला के सेक्टर अधिकारी एके अवस्थी अनुविभागीय अधिकारी वनमंडल के साथ योगेंद्रसिंह चंदेल नेवरी को तैनात किया गया है। सेक्टर शासकीय जिला पंचायत भवन (पुराना) के सेक्टर अधिकारी  बीएस सोलंकी कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी विभाग सेवा के साथ सुरेश पाटीदार दत्तोतर को तैनात किया गया है। सेक्टर बालगढ़ के सेक्टर अधिकारी डॉ. तारा परमार प्राचार्या जिला शिक्षा प्रशिक्षण संस्थान के साथ मिश्रीलाल वर्मा भानगढ़ को तैनात किया गया है। सेक्टर नागदा के सेक्टर अधिकारी एसके श्रृंगी उप क्षेत्रीय अधिकारी मप्र प्रदूषण बोर्ड के साथ  राजेश शर्मा भड़ापिपलिया को तैनात किया गया है। सेक्टर जवाहर नगर के सेक्टर अधिकारी रेखा रघुवंशी शर्मा परियोजना अधिकारी एकीकृत महिला बाल विकास के साथ  चिंतामणी जोशी पटाड़ा को तैनात किया गया है। सेक्टर वनमंडल डॉ. मोहम्मद अब्बास विषय वस्तु विशेषज्ञ उपसंचालक कृषि के साथ विष्णुप्रसाद चौधरी मेरखेड़ी को तैनात किया गया है। सेक्टर महालक्ष्मी नगर के सेक्टर अधिकारी  आरएम मिश्रा जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विभाग के साथ विजयकुमार सिसोदिया, सोंडा को तैनात किया गया है। सेक्टर मुखर्जी नगर के सेक्टर अधिकारी अशोक कुमार हनुवते अनुविभागीय अधिकारी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के साथ देवकरण राठौर सन्नौड़ को तैनात किया गया है। सेक्टर राजाराम नगर के सेक्टर अधिकारी पीके सक्सेना अनुविभागीय अधिकारी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के साथ शैलेंद्र बाथम पटलावदा को तैनात किया गया है। सेक्टर इटावा के सेक्टर अधिकारी राजेश कामदार उपसंचालक पंचायत एवं समाज सेवा के साथ राधेश्याम रामाजी गोयल, आगरोद को तैनात किया गया है। सेक्टर नौसराबाद आरपी शर्मा वैज्ञानिक कृषि विज्ञान केंद्र बालगढ़ के साथ जसवंत बोड़ाने विजयागंज मंडी को तैनात किया गया है। सेक्टर मौलाना आजाद कॉलेज देवास के सेक्टर अधिकारी एएस चौहान महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र के साथ कैलाश चौधरी  राजोदा को तैनात किया गया है। सेक्टर अमोना के सेक्टर अधिकारी उत्तमसिंह जादौन परियोजना संचालक आत्मा के साथ राधेश्याम अगिरवाल बांगरदा को तैनात किया गया है। सेक्टर रसूलपुर के सेक्टर अधिकारी नीरज आंनद लिखार उपसंचालक नगर एवं ग्राम निवेश के साथ अंतरसिंह गुजराती कैलोद को तैनात किया गया है। सेक्टर विकास नगर के सेक्टर अधिकारी शंकरलाल यादव उप प्रबंधक लघुवनोपज संघ वनमंडल के साथ दयानंद पनिका सारोल का तैनात किया गया है। सेक्टर बावड़िया के सेक्टर अधिकारी एसएन राजू कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी देवास के साथ दिनेशकुमार कारपेंटर लसुड़िया सोंडा को तैनात किया गया है। रिजर्व स्वास्थ्य चिकित्सक के लिए अनुराग मेहता बैरागढ़ एवं वीरेंद्र कुमार पंवार लोहारी का तैनात किया गया है।
-------------------------
निर्बाध निर्वाचन के लिए जिला दंडाधिकारी द्वारा धारा 144 लागू
    देवास 16 नवंबर 2015/ विधानसभा क्षेत्र देवास उप निर्वाचन के परिप्रेक्ष्य में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने तथा जिले में कानून व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चुनाव आचार संहिता लागू है। इस दौरान जिले में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी आशुतोष अवस्थी ने धारा -144 के तहत आदेश जारी किए हैं।
        विधानसभा क्षेत्र देवास की सीमा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले स्थानों पर कोई भी व्यक्ति किसी भी प्रकार के आग्नेय, घातक शस्त्र, धारदार हथियार विस्फोटक पदार्थ अथवा ज्वलनशील पदार्थ को लेकर अपने घर से बाहर नहीं निकलेगा और न ही इनका प्रदर्शन कर उपयोग करेगा। साथ ही कोई भी व्यक्ति शासकीय, अशासकीय, भवनों, संपत्ति पर बिना मालिक स्वीकृति के किसी भी  प्रत्याशी के लिए नारे, चिन्ह, पोस्टर, फ्लेक्स, बैनर आदि न तो स्वयं लिखेगा, चिपकाएगा और न ही किसी ओर को लिखने, चिपकाने के लिए निर्देश देगा।  
-------------------------
मतदाता केंद्र की दौ सौ मीटर की परिधि में नहीं बनेगा बूथ
        देवास 16 नवंबर 2015/ मतदाताओं को अशासकीय मतदाता पहचान पर्ची जारी करने के लिए मतदान केंद्रों की परिधि के 200 मीटर के अंदर कोई बूथ स्थापित नहीं किया जाएगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष अवस्थी ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। एक ही परिसर में एक से अधिक मतदान केंद्र होने पर भी ऐसे परिसरों से 200 मीटर  की दूरी पर ऐसे मतदान केंद्रों के लिए एक उम्मीदवार का एक ही बूथ बनाया जाएगा। इस बूथ का उपयोग मतदाताओं को अशासकीय पहचान पर्ची देने के लिए किया जा सकेगा। ऐसे बूथ पर केवल एक मेज व दो कुर्सियां रखी जाएगी। इस बूथ को कनात द्वारा बंद कर घेरा नहीं जा सकेगा।
---------------------------
बगैर सक्षम स्वीकृति के चुनाव प्रचार में वाहन प्रयोग न करें- कलेक्टर
        देवास 16 नवंबर 2015/ कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष अवस्थी ने राजनैतिक दलों एवं अभ्यर्थियों को चुनाव प्रचार में उपयोग में आने वाले वाहनों के लिये सक्षम अधिकारी से अनिवार्य रूप से स्वीकृति लेने के निर्देश दिये है। इस संबंध में सभी दलों एवं निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों को निर्देशित किया गया हैं कि चुनाव प्रचार-प्रसार के लिये उपयोग में लाये जाने वाले वाहनों की सक्षम अनुमति अनिवार्य रूप से प्राप्त की जाए। बगैर अनुमति के चुनाव प्रचार में लिप्त पाये जाने वाले वाहनों को आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए संबंधितों के विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही की जायेगी। 
क्रमांक 67/1401/16-11-2015
कामगारों के लिए 21 नवंबर को सवैतनिक अवकाश घोषित
        देवास 16 नवंबर 2015/ भारत निर्वाचन आयोग द्वारा देवास विधानसभा उप चुनाव के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 21 नवम्बर शनिवार को मतदान होगा। श्रमायुक्त, मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार कार्यरत कामगारों को निर्वाचन में मताधिकार का उपयोग करने की सुविधा देने की दृष्टि से 21 नवम्बर को सवैतनिक अवकाश घोषित किया गया है।
        जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर आशुतोष अवस्थी द्वारा निर्देश दिये गये है कि निर्वाचन के दौरान मतदान दिवस को किसी भी कारोबार, व्यवसाय, औद्योगिक स्थापना अथवा अन्य किसी स्थापना में नियोजित प्रत्येक व्यक्ति को मतदान करने हेतु सवैतनिक अवकाश प्रदान किया जायेगा। किन्तु यह निर्देश ऐसे निर्वाचकों पर लागू नहीं होगे जिससे कि उस संस्थान में कोई खतरा या सारवान हानि हो सकती है। उक्त प्रावधान का उल्लंघन करने वाले नियोजकों के विरूद्ध दण्ड के प्रावधान है। निर्वाचन क्षेत्र देवास में आने वाले समस्त कारोबार, व्यवसाय, औद्योगिक स्थापना अथवा अन्य किसी स्थापना में नियोजित प्रत्येक व्यक्ति को मतदान के लिए सुविधा देने की दृष्टि से इनके नियोजकों, अधिभोगणों, प्रबंधकों को निर्देशित किया गया है कि वे उपर्युक्त प्रावधान का परिपालन अनिवार्यतः सुनिश्चित करे।
----------------------
श्रमिकों को मतदान की सुविधा दी जायेगी
        देवास 16 नवंबर 2015/ देवास विधानसभा उप निर्वाचन-2015 के अंतर्गत 21 नवम्बर 2015 शनिवार को होने वाले मतदान में श्रमिकों को मतदान सुविधा प्रदान करने के लिये कलेक्टर आशुतोष अवस्थी द्वारा निर्देश जारी किये गये है। इस संबंध में समस्त कारखाना संचालकों एवं संस्थान मालिकों को निर्देशित किया गया हैं कि निर्वाचन क्षेत्र में आने वाले कारखानों में कार्यरत कामगारों को मताधिकार की सुविधा देने की दृष्टि से कारखाना अधिनियम 1948 की धारा 52 को प्रयोग में लाते हुए साप्ताहिक अवकाश प्रतिस्थापित कर मतदान के दिन साप्ताहिक अवकाश घोशित करेगें जिससे कामगार अपने मताधिकार का उपयोग सुविधाजनक एवं निर्बाध रूप से कर सके। ऐसे कारखाने जो साप्ताह में सातों दिन संचालित होते है। वे प्रथम एवं द्वितीय पाली के श्रमिकों को मतदान के लिए दो घण्टे की सुविधा देंगे। ऐसे कारखाने जो निरंतर प्रक्रिया की श्रेणी में आते है। उनमें भी पूर्व परिपाठी के अनुसार श्रमिकों को उनके देय वेतन में किसी भी प्रकार की क्षति न पहुचाते हुए बारी-बारी से पर्याप्त समय प्रदान करते हुए मतदान की अनुमति दी जायेगी। दुकान एवं वाणिज्यिक संस्थानों के कामगारों को मतदान के लिये सुविधा देने की दृष्टि से उनके नियोजक तथा प्रबंधक म.प्र. दुकान एवं स्थापना अधिनियम 1958 के अंतर्गत दुकान, संस्थान को निर्धारित दिन बंद न रखते हुए उसके स्थान पर निर्वाचन के दिन बंद या अवकाश रखेगें तथा अन्य दुकान, संस्थान जिनका बंद दिन निर्धारित नहीं हैं वे कामगारों को बारी-बारी से मतदान करने हेतु पर्याप्त समय प्रदान करते हुए अनुमति देंगे।
----------------------------
दो थानों क्षेत्रों में फ्लाईंग स्कॉट का गठन
    देवास 16 नवंबर 2015/ देवास विधानसभा उप निर्वाचन 2015 के लिए कलेक्टर एवं निर्वाचन अधिकारी आशुतोष अवस्थी ने दो थाना क्षेत्र सिविल लाइन एवं नाहर दरवाजा के लिए फ्लाईंग स्कॉट का गठन किया है।
    जारी आदेश अनुसार कलेक्टर श्री अवस्थी ने सिविल लाइन थाना क्षेत्र के लिए ग्रामीण विस्तार अधिकारी उद्यानिकी के राकेश कुमार चतुर्वेदी तथा सहायक उप निरीक्षक सिविल लाइन थाना के आरसी पोरवाल को तथा नाहर दरवाजा पुलिस थाना क्षेत्र के लिए सहायक विस्तार अधिकारी स्वयंप्रकाशसिंह कुशवाह तथा सीबीसिंह सहायक उपनिरीक्षक नाहर दरवाजा थाना को नियुक्त किया गया है।
        कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अवस्थी के निर्देश पर उक्त टीम अपर कलेक्टर एवं अपर जिला दंडाधिकारी (नोडल अधिकारी व्यय मॉनीटरिंग) डॉ. कैलाश बुंदेला के मार्गदर्शन में आयोग के निर्देशों के अनुपालन में कार्य संपादित करेगी। उपरोक्त फ्लाईंग स्कॉट विधानसभा उप निर्वाचन 2015 की घोषणा के साथ आदर्श आचरण संहिता के प्रभावशील होते ही 24x7 आधार पर अपने आवंटित थाना क्षेत्र में निरंतर कार्य करेगी। नियुक्त प्रत्येक फ्लाईंग स्कॉट के साथ पुलिस अधिकारियों की उपलब्धता पुलिस अधीक्षक देवास तथा वाहन की व्यवस्था अनुविभागीय अधिकारी एवं परिवहन अधिकारी देवास द्वारा की जाएगी। प्रत्येक टीम के साथ एक-एक वीडियाग्राफर भी उपस्थित रहेगा। प्रत्येक दल प्रतिदिन अपनी रिपोर्ट निर्धारित प्रपत्र पर नोडल अधिकारी को प्रस्तुत करेंगे।

--------------------------------
स्ट्रांग रूम की ऑनलाइन ‍निगरानी
    देवास 16 नवंबर 2015/ कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष अवस्थी द्वारा ईवीएम के स्ट्रांग रूम की ऑनलाइन निगरानी की जा रही है। स्ट्रांग रूम परिसर में 6 सीसी टीवी कैमरे लगाए गए हैं। कलेक्टर ने अपने मोबाइल पर यहां का दृश्य कभी भी देखकर सुरक्षा व्यवस्था पर निगरानी रख रहे हैं।
----------------------------------


No comments:

Post a Comment