Wednesday, 18 November 2015

दिनांक 18 नवंबर 2015

मतदान कर्मियों को देवास पहुंचाने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त
    देवास 18 नवंबर 2015/ कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष अवस्थी ने देवास विधानसभा उप ‍निर्वाचन 2015 के लिए 20 नवंबर को समस्त खंड मुख्यालयों से मतदान दलों में नियुक्त कर्मचारी सामग्री वितरण स्थल पहुंचाने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए है।
        जारी आदेश अनुसार सोनकच्छ एवं टोंकखुर्द खंड के लिए अनुविभागीय अधिकारी सोनकच्छ अंजलि जोसफ को नोडल अधिकारी बनाया गया है तथा तहसीलदार पल्लवी पुराणिक एवं केएल तिलवारी को सहायक अधिकारी नियुक्त किया गया है। बागली खंड के लिए अनुविभागीय अधिकारी पुरूषोत्तम कुमार को नोडल अधिकारी बनाया गया है तथा तहसीलदार ब्रह्मस्परूप श्रीवास्तव को सहायक अधिकारी नियुक्त किया गया है। कन्नौद खंड के लिए अनुविभागीय अधिकारी कन्नौद रंजना पाटने को नोडल अधिकारी बनाया गया है तथा तहसीलदार कुलदीप पाराशर को सहायक अधिकारी नियुक्त किया गया है। खातेगांव खंड के लिए अनुविभागीय अधिकारी राजकुमार नागराज को नोडल अधिकारी तथा तहसीलदार लाखनसिंह चौधरी को सहायक अधिकारी नियुक्त किया गया है। सभी नोडल अधिकारी वाहन एवं अन्य व्यवस्थाओं के लिए अनुविभागीय अधिकारी रजनीश कसेरा एवं जिला परिवहन अधिकारी शैलेंद्र निगम देवास से सतत संपर्क में रहेंगे।
------------------------
मतदान के दिन रहेगा देवास विधानसभा क्षेत्र में सामान्य अवकाश
    देवास 18 नवंबर 2015/ मप्र शासन सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष अवस्थी ने आगामी 21 नवंबर को देवास विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में सामान्य अवकाश घोषित किया है।
--------------------------

पोर्टल पर दर्ज करायें आधार नम्बर

        देवास 18 नवंबर 2015/सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत शासकीय उचित मूल्य दुकानों में खाद्यान्न, शक्कर, नमक एवं केरोसिन के वितरण हेतु आधार नंबर की आवश्यकता को दृष्टिगत रखते हुए जिनके द्वारा अभी तक आधार नंबर हेतु पंजीयन नहीं कराया गया ऐसे हितग्राहियों को नगरीय एवं ग्रामीण स्तर पर आयोजित शिविरों में उपस्थित होकर अपना पंजीयन कराने के निर्देश दिये गये हैं। जिनके पास पूर्व से आधार नंबर उपलब्ध है एवं सामाजिक सुरक्षा मिशन के पोर्टल पर अभी प्रविष्टि नहीं करायी गई वह अपने आधार नंबर स्थानीय निकाय को उपलब्ध कराकर पोर्टल पर प्रविष्ट करावें ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।
--------------------------

अवैध शराब जब्त कर प्रकरण किया दर्ज

    देवास 18 नवंबर 2015/ देवास विधानसभा उप निर्वाचन 2015 के दौरान कलेक्टर आशुतोष अवस्थी के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी मनीष खरे द्वारा गठित 3 आबकारी उड़नदस्तों ने अवैध शराब के विरूद्ध अभियान चलाकर अवैध शराब जप्त की है।
    जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत 28 अक्टूबर 2015 से 17 नवंबर 2015 तक 153 स्थानों पर की गई कार्रवाई में 100 प्रकरण कायम, 303.4 बल्क लीटर अवैध देशी शराब, 26.64 बल्क लीटर विदेशी मदिरा एवं 35.75 बल्क लीटर बीयर जप्त, कर अपराधियों के खिलाफ आबकारी की धारा 34(1) के चार प्रकरण दर्ज किए। उक्त कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी राघवेंद्र सिंह कुशवाह, आबकारी उपनिरीक्षक शंभूदयाल सिंह जाटव, उपनिरीक्षक महेशचंद्र पटेल, आरक्षक राजाराम रैकवार, विष्णु प्रसाद कलौसिया, गजेंद्रसिंह चौहान, बालकृष्ण जायसवाल, सुदेश आचार्य, गुरूदत्त वर्मा एवं नितिन सोनी सम्मिलित थे।
--------------------------
आज से बाहरी व्यक्ति छोड़ें विधानसभा क्षेत्र
कलेक्टर ने दिए निर्देश
        देवास 18 नवंबर 2015/ विधानसभा क्षेत्र देवास उप निर्वाचन 2015 का निर्वाचन स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए अन्य जिलों से आने वाले राजनीतिक दलों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता जो उस विधानसभा क्षेत्र के मतदाता नहीं है, उन्हें मतदान दिनांक से 48 घंटे पूर्व विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र देवास की सीमा से बाहर जाने के आदेश कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अधिकारी आशुतोष अवस्थी ने दिए हैं।
        जिला दंडाधिकारी द्वारा विधानसभा क्षेत्र की सीमा क्षेत्र अंतर्गत स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से निर्वाचन संपन्न कराने के लिए अभ्यर्थियों, राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों, चुनाव प्रचार के संलग्न कार्यकर्ता जो उस विधानसभा क्षेत्र के मतदाता नहीं है, उन्हें निर्वाचन समाप्ति के 48 घंटे पूर्व अर्थात 19 नवंबर 2015 को सायंकाल 5 बजे से मतदान समाप्ति तक संबंधित विधानसभा क्षेत्र की सीमा छोड़ने को आदेश दिया गया है। कम्यूनिटी हॉल, विवाह मंडप, धर्मशाला, लॉज, होटल की सघन चैकिंग पुलिस द्वारा की जाएगी।
-------------------------------
मतगणना का प्रथम प्रशिक्षण संपन्न
       देवास 18 नवंबर 2015/ देवास विधानसभा उप निर्वाचन 2015 के मद्देनजर मतगणना का प्रथम प्रशिक्षण आज बुधवार को प्रेस्टिज कॉलेज देवास में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में अपर कलेक्टर डॉ. कैलाश बुंदेला एवं मास्टर ट्रेनर द्वारा मतगणना प्रक्रिया की जानकारी दी गई।





No comments:

Post a Comment