Friday, 20 November 2015

दिनांक 20 नवंबर 2015
जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
                   ।।  स मा चा र  ।।
मतदान की शुचिता के लिए याद कराया कर्त्तव्य बोध
    देवास 20 नवंबर 2015/ भारत निर्वाचन आयोग के प्रेक्षकद्वय ने मतदान दलों की रवानगी के पूर्व माइक्रो आब्जर्वर को उनके कर्त्तव्यों का स्मरण कराया। प्रेक्षक श्री राजीव रंजन ने निर्धारित प्रपत्र के विभिन्न बिंदुओं पर एक-एक कर चर्चा की। उन्होंने कहा कि मतदान की शुचिता के लिए माइक्रो आब्जर्वर की भूमिका महत्वपूर्ण है। माइक्रो आब्जर्वर सीधे भारत निर्वाचन आयोग के प्रतिनिधि है। ब्रीफिंग के दौरान व्यय प्रेक्षक जावेद मजहर, जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष अवस्थी, एसपी अभय सिंह, एडीएम डॉ. कैलाश बुंदेला, रिटर्निंग ऑफिसर रजनीश कसेरा उपस्थित थे।

---------------------------
उत्साह से रवाना हुए मतदान कर्मी
मतदान सामग्री लेकर पहुंचे मतदान केंद्र
    देवास 20 नवंबर 2015/ व्यापक प्रशासनिक व्यवस्थाओं के बीच  आज शुक्रवार को बैंक नोट प्रेस परिसर स्थित केंद्रीय विद्यालय परिसर से मतदान सामग्री का वितरण किया गया। मतदान कर्मी उत्साह से अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। मतदान सामग्री वितरण के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष अवस्थी के मार्गदर्शन में व्यापक व्यवस्थाएं की गई। सामग्री वितरण के लिए 30 काउंटर बनाए गए थे। निर्वाचन आयोग के प्रेक्षकद्वय सर्वश्री राजीव रंजन एवं जावेद मजहर, पुलिस अधीक्षक अभय सिंह भी इस दौरान उपस्थित थे।
सामग्री का किया मिलान
    सामग्री प्राप्त करने के बाद मतदानकर्मियों ने सेक्टर अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों से परिचय प्राप्त किया। फिर सामग्री का मिलान किया। फिर हंसी-खुशी प्रशासन द्वारा की गई वाहन व्यवस्था से गंतव्य की ओर रवाना हुए। बागली ब्लॉक के बेहरी गांव से आए मतदानकर्मी प्रमोद उपाध्याय ने बताया है कि वे 80 के दशक से चुनाव कराते आ रहे हैं। निर्वाचन की प्रक्रिया का हिस्सा बनने में उन्हें अच्छा लगता है। देर शाम रिटर्निंग ऑफिसर रजनीश कसेरा ने बताया कि सभी मतदान दल सकुशल अपने मतदान केंद्र में पहुंच गए हैं।
कलेक्टर एवं एसपी ने दी शुभकामनाएं
    मतदान दलों को कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष अवस्थी एवं पुलिस अधीक्षक अभयसिंह ने सुचारू कार्य निवर्हन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आयोग के नियमों के तहत निष्पक्ष निर्वाचन कराएं। पुलिस बल मौजूद रहेगा और मतदान प्रक्रिया को दूषित करने के किसी भी प्रयास को सख्ती से विफल करें।

चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की नजर
        देवास विधानसभा उप निर्वाचन 2015 के मतदान के दौरान चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर रहेगी। निर्वाचन की शुचिता में बाधा उत्पन्न करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। पुलिस अधीक्षक अभय सिंह ने यह जानकारी देते हुए यह बताया है कि मतदान के दिन केंद्रीय पुलिस बल की चार कंपनी तैनात रहेगी। इनमें 300 जवानों  का बल है। कुल 32 सेक्टर बनाकर सतत पुलिस पेट्रोलिंग की जाएगी। कुल 74 मोबाइल पार्टी सतत भ्रमण पर रहेगी। मतदान केंद्रों में 500 की संख्या में पुलिस बल लगा है। देवास आने वाले चार मार्गों में चेक पोस्ट लगाकर निगरानी व चैकिंग हो रही है। ये चेक पोस्ट रसूलपुर, मक्सी रोड, भोपाल बायपास और नागूखेड़ी में लगाए गए हैं





--------------------
कलेक्टर-एसपी द्वारा निर्भय-कर्त्तव्य प्रेरित मतदान की अपील
          देवास 20 नवंबर 2015/ कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष अवस्थी एवं पुलिस अधीक्षक अभय सिंह ने सभी मतदाताओं से मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि चुनाव लोकतंत्र का महापर्व है और इस महापर्व में सभी मतदाताओं की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा है कि मतदाता निर्भयता से तथा बिना किसी दबाव के निष्पक्षता से मतदान करें। मतदान के लिए फोटोयुक्त मतदाता परिचय पत्र ईपिक अवश्य साथ लेकर जाएं। ईपिक नहीं होने पर पहचान के लिए आयोग द्वारा ‍निर्धारित अन्य ग्यारह दस्तावेजों में से कोई एक अवश्य ले जाएं।
         जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अवस्थी ने कहा कि चुनाव में मतदाताओं की जितनी ज्यादा भागीदारी होगी उतना ही लोकतंत्र मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि मतदाता अपने सारे काम को छोड़कर सबसे पहले मतदान केन्द्र जाकर अपने मताधिकार का उपयोग करें। उन्होंने अपनी अपील में कहा कि मतदान के समय मत की पवित्रता नितांत आवश्यक है, इसलिए मतदाता बिना किसी दबाव या लालच के स्वविवेक से मतदान करें। श्री अवस्थी ने कहा कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं बल्कि लोकतंत्र के लिए कर्तव्य भी है और इस कर्तव्य का प्रत्येक मतदाता को निर्वहन करना चाहिए।
         जिला निर्वाचन अधिकारी ने उन युवा मतदाताओें से वोट जरूर डालने के लिए कहा जिनका नाम मतदाता सूची में शामिल हो गया है। उन्होंने बच्चों से भी कहा कि वे अपने परिजन जिनका नाम मतदाता सूची में शामिल है, उन्हें वोट डालने के लिए अवश्य कहें। उन्होंने महिला मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र में सभी की भागीदारी समान है, इसलिए उन्हें भी आगे आकर अपने मताधिकार का उपयोग करते हुए लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपना योगदान देना चाहिए।

मतदाता वैकल्पिक दस्तावेज के आधार पर भी कर सकेंगे मतदान
        विधानसभा उपचुनाव के दौरान ऐसे मतदाता जिनका नाम  फोटो वोटर लिस्ट में शामिल है किन्तु उनके पास ऐपिक कार्ड नहीं है तो वे वैकल्पिक दस्तावेजों के जरिये मतदान कर सकेंगे। भारत निर्वाचन आयोग ने ऐसे मतदाताओं को मतदान की सुविधा देने के लिये वैकल्पिक दस्तावेज प्रस्तुत किये जाने की सुविधा दी है।
         रिटर्निंग ऑफीसर रजनीश कसेरा ने बताया है कि वैकल्पिक दस्तावेज प्रस्तुत करने की सुविधा उन्हीं मतदाताओं को होगी, जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज है। ऐसे निर्वाचक जो अपना निर्वाचक फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत नहीं कर पाते हैं उन्हें अपनी पहचान स्थापित करने के लिए वैकल्पिक दस्तावेजों में से कोई एक प्रस्तुत कर सकेगा। वैकल्पिक दस्तावेज में मतदाता अपने स्वयं का पासपोर्ट, ड्रायविंग लायसेंस, केन्द्रीय राज्य सरकार के कार्यालयों सार्वजनिक सेक्टर इकाइयाँ, सार्वजनिक लिमिटेड कम्पनी का कार्मिक परिचय पत्र, बैंक अथवा डाकघर द्वारा फोटो सहित जारी पासबुक, पेन कार्ड, एमपीआर के अधीन आरजीआई द्वारा जारी स्मार्ट कार्ड, मनरेगा जाब कार्ड, श्रम मंत्रालय की योजना के अधीन जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड और फोटो सहित पेंशन दस्तावेज एवं अधिकृत वोटर स्लिप जो आयोग के निर्देशानुसार जारी की गई, सांसदों, विधायकों को जारी किए गए सरकारी पहचान पत्र, शामिल है। इनमें से कोई एक प्रस्तुत कर मतदाता मतदान कर सकता है। इसके अलावा अप्रवासी भारतीय जो पासपोर्ट के आधार पर निर्वाचक नामावली में पंजीकृत हुए हैं को मतदान केन्द्र में केवल उनके मूल पासपोर्ट के आधार पर ही पहचाना जायेगा और किसी अन्य पहचान दस्तावेज से नहीं।
मतदान के दिन आज कारखानों में सवैतिनक अवकाश
         शनिवार 21 नवंबर को मतदान के लिए सार्वजनिक अवकाश का दिन घोषित किया है। कलेक्टर जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष अवस्थी ने बताया है कि मतदान के दिन सभी कारखानों में सवैतनिक अवकाश रहेगा।

----------------------------

No comments:

Post a Comment