Thursday, 19 February 2015

दिनांक -19-02-2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
आईटीआई पास के लिए रोजगार शिविर
22 फरवरी को रतलाम में होगा आयोजित
   देवास 19 फरवरी 2015/ आईटीआई पास बेरोजगारों को रोजगार के अवसर देने के लिए  मारूती सुजूकी मानेसर गुड़गांव द्वारा 22 फरवरी को सुबह 10 बजे से आईटीआई परिसर सैलाना रोड सज्जन मिल के सामने रतलाम मप्र में भर्ती शिविर का आयोजन किया जाएगा।
   जिला रोजगार कार्यालय प्रभारी श्री एके उपाध्याय ने बताया कि भर्ती शिविर में देवास जिले के आईटीआई पास बेरोजगार आवेदन दे सकते हैं। इसमें शामिल होने के लिए किसी भी प्रकार का मार्गव्यय देय नहीं दिया जाएगा। योग्यता धारी इच्‍छुक आवेदक नियत तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं।
ये आवदेक हो सकते हैं शामिल
   श्री उपाध्याय ने बताया कि शिविर में  आने वाले आवेदकों के लिए भर्ती की पात्रता आय.टी.आय. पास (स्नातकोत्तर/स्नातक/डिप्लोमा होल्डर/बी.ई. पात्र नहीं है) होगी। ट्रेड- फीटर, वेल्डर, टर्नर, मोटर मेकेनिक, डीजल मेकेनिक, सीओई, ऑटो मोबाइल, प्लास्टिक प्रोसेसिंग आपरेटर, पेन्टर, मशीनमैन होंगे। आवेदक की उम्र- 18 से 26 वर्ष तक होना आवश्यक है।  आवेदक को कम से कम 0 से 3 वर्ष तक का अनुभव होना चाहिए, योग्यता के आधार पर वेतन- 15200/- रूपए प्रतिमाह की राशि दी जाएगी। साक्षात्कार के समय अपने सभी प्रमाण-पत्रों के साथ दो फोटोग्राफ साथ लेकर आएं अन्यथा साक्षात्कार में भाग नहीं लेने दिया जाएगा। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिये कम्पनी के अधिकारी श्री अनिल मोबाईल नम्बर- 08126224848 एवं हेल्पलाईन नंम्बर- 9410575709 से सम्पर्क कर सकते हैं। 
क्रमांक 414/2185/19-02-2015

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
स्वाइन फ्लू से घबराए नहीं, उपचार से ठीक हो जाता है स्वाइन फ्लू
एनजीओ, चिकित्सकीय संस्थाओं की कार्यशाला संपन्न
      देवास 19 फरवरी 2015/  स्वाइन फ्लू से घबराए नहीं, यह बीमारी उपचार से ठीक हो जाती है। इन्फ्लुएंजा स्वाइन फ्लू से सावधानी जरूरी है। स्वाइन फ्लू के लक्षण जैसे सर्दी, जुकाम, खांसी, गले में खराश, सिरदर्द, तेज बुखार के साथ सांस लेने में तकलीफ होते है। जब इस प्रकार के कोई लक्षण दिखाई दें तो तुरंत उपचार करवाएं।
      यह जानकारी मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ. एके दीक्षित ने जिले के एनजीओ, आईएमए, प्राइवेट प्रेक्टिशनर्स एसोसिएशन व जन प्रतिनिधियों की कार्यशाला में दी।
भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में न जाएं
      स्वाइन फ्लू के बचाव के लिए विशेष सावधानियां रखें जैसे- खांसते-छींकते समय मुंह पर रूमाल रखें। संक्रमण होने पर एवं संक्रमण से बचाव के लिए भीड़-भाड़ से दूर रहें। किसी वस्तु, व्यक्ति एवं स्वयं के चेहरे को छूने से पहले एवं बाद में साबुन से हाथ धोएं। संक्रमित व्यक्ति से कम-से-कम एक मीटर की दूरी बनाए रखें। यदि बुखार, खांसी, गले में खराश हो तो बच्चों को स्कूल न भेजें। स्वाइन फ्लू के लक्षण होने पर चिकित्सक की सलाह लेने, सर्दी-जुकाम के मरीज 7-8 दिन तक घर पर आराम करें।
नोडल अधिकारी को सूचित करें
      प्रायवेट हॉस्पिटल एवं नर्सिंग होम में आने वाले फ्लू के लक्षण के मरीजों की जानकारी आय.डी.एस.पी. नोडल अधिकारी को उपलब्ध कराये जाने के लिए भी कहा गया, जिससे नियमित उपचार आदि की व्यवस्था की जा सके।
अभीतक 10 मरीज स्वाइन फ्लू के पाए गए
      सीएचएमओ ने बताया कि देवास जिले में अभी तक कुल 10 स्वाईन फ्लू के पॉजिटिव प्रकरण हुए हैं, जिनका उपचार होकर मरीज सामान्य स्थिति में है। जिले में पूर्ण रूप से स्थिति नियंत्रण में है। नागरिकों में मीडिया को माध्यम से एवं पेम्पलेट, पोस्टर, माईकिंग तथा स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आशा-उषा कार्यकर्ताओं एवं एन.जी.ओ. द्वारा घर-घर जाकर बचाव एवं रोकथाम के लिए जानकारी दी जा रही है।
हेल्पलाइन पर सम्पर्क कर सकते है
      जिला स्तर पर स्वाइन फ्लू समस्या निदान के लिए हैल्पलाईन स्थापित की गई है। इसके दूरभाष क्रमांक 07272-254828, 254737 एवं मोबाईल नं. 94254-53552 पर संपर्क कर विस्तृत जानकारी ली जा सकती है तथा उपचार के लिए मदद प्राप्त की जा सकती हैं।
लगातार हो रही है मॉनिटरिंग
      जिले में दवाइयां एवं अन्य संसाधन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं, सर्दी-खांसी के मरीजों के लिए जिला चिकित्सालय देवास के कमरा नं. 3 में निरंतर 24 घंटे चिकित्सकों की सेवाएं मिलेगी। जिले में मौसमी बीमारियों, स्वाइन फ्लू आदि की कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी एवं प्रदेश स्तर से शासन के निर्देशानुसार जिला ओ.आय.सी. डॉ. राजश्री बजाज एवं स्टेट कंसल्टेंट श्रीमती स्मिता शेण्डे द्वारा भी नियमित रूप से समीक्षा एवं मॉनिटरिंग की जा रही है।
क्रमांक 415/2186/19-02-2015


जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
जब तक अंतिम मतदान दल का कार्य पूरा न हो वहीं रहें सेक्टर अधिकारी
निर्वाचन संबंधी बैठक में कलेक्टर एवं एसपी ने दिए निर्देश
            देवास 19 फरवरी 2015/  सैक्टर अधिकारी एवं सैक्टर पुलिस अधिकारी निर्वाचन कार्य की रीढ़ की हड्डी हैं। वे आपसी समन्वय से अपने क्षेत्रों में निष्पक्ष, त्रुटिहीन एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन सुनिश्चित कराएं। वे अभी से अपने क्षेत्रों में जाएं और निर्वाचन सम्पन्न होने तक वहीं रूके। मतदान के दिन उनके क्षेत्र का जब तक अंतिम मतदान दल कार्य उपरांत क्षेत्र न छोड़े, वे क्षेत्र में ही रहें। निर्वाचन में संलग्न अधिकारियों/कर्मचारियों से सतत् कम्युनिकेशन रखें। दलों को पूरी मतदान सामग्री दिलवाएं। रिजर्व ईवीएम प्राप्ति स्थल (क्लस्टर) अच्छी तरह देख लें। कार्य पूरी मुस्तैदी के साथ करें, थोड़ी भी लापरवाही पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
      ये निर्देश आज गुरूवार को कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आशुतोष अवस्थी तथा पुलिस अधीक्षक श्री अभय सिंह द्वारा जिला पंचायत के सभाकक्ष में सम्पन्न पंचायत निर्वाचन के तीसरे चरण की तैयारियों संबंधी बैठक में दिए गए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक सिंह, एडीएम श्री प्रबल सिपाहा, एएसपी श्री राजेश रघुवंशी, सभी एसडीएम, एसडीओपी, सैक्टर अधिकारी, पुलिस अधिकारी एवं सभी संबंधित उपस्थित थे।
जहां विवाद की स्थिति हो मतगणना न करवाएं
      बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि मतदान उपरांत जिन केंद्रों पर विवाद की स्थिति बनने की आशंका हो वहां मतगणना न करवाई जाए। उन केंद्रों की मतगणना विकासखंड मुख्यालय पर निर्धारित दिनांक को करवाई जाए। यदि पुर्नमतगणना की स्थिति बनती है, तो उसे उसी मतदान केंद्र पर कराना होगा, जहां मतगणना हुई।
150 क्रिटिकल मतदान केंद्र
      बैठक में बताया गया कि जिले में निर्वाचन के दूसरे चरण में कन्नौद, बागली एवं खातेगांव में निर्वाचन होना है। इसके लिए कुल 823 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 150 मतदान केंद्र क्रिटिकल के रूप में चिंहित किए गए हैं। बागली में 342, कन्नौद में 268 तथा खातेगांव में 213 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। निर्वाचन के लिए कुल 73 सेक्टर बनाए गए है, जिनमें खातेगांव में 23, कन्नौद में 25 तथा बागली में 25 सेक्टर बनाए गए हैं।
10 जिपं सदस्य, 73 जनपद सदस्य, 266 सरपंचों एवं 1797 पंच पदों के लिए निर्वाचन
      जिले के निर्वाचन के दूसरे चरण में 10 जिला पंचायत सदस्यों, 73 जनपद सदस्यों, 266 सरपंचों एवं 1797 पंच पदों के लिए मतदान सम्पन्न्‍ होना है। इसके अंतर्गत्‍ खातेगांव में सरपंच के 70 पदों एवं पंच के 482 पदों के लिए, कन्नौद में सरपंच के 83 पदों एवं पंच के 550 पदों तथा बागली में सरपंच के 113 पदों तथा पंच 765 पदों के लिए निर्वाचन सम्पन्न होना है। तीनों विकासखंडों में सरपंच के 9 प्रत्याशी एवं पंचों के 2766 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।
सूचना का आदान-प्रदान आवयश्यक
      कलेक्टर ने निर्देश दिए कि निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं एवं कार्य के लिए सैक्टर अधिकारी, मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारी आदि निरंतर सूचनाओं का आदान-प्रदान करें। जिले में  तैयार किए गए कम्युनिकेशन प्लान के अनुसार सूचनाओं का त्वरित संप्रेषण हो।
सतत् समन्वय एवं संवाद
       पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि निर्वाचन संबंधी सभी व्यवस्थाओं के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों में सतत् समन्वय एवं संवाद होना चाहिए। वे अपने क्षेत्रों में साथ-साथ दौरा करें तथा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
खारिज मतों की गणना पहले करें
      बैठक में बताया गया कि मतगणना के दौरान खारिज मतों की गणना पहले की जाए। खारिज मतों को सभी निर्वाचन एजेंट्स को अच्छी तरह दिखाकर तसल्ली करा ली जाए।
एंटी क्लॉकवाइज लगती है मुहर
      बताया गया कि जब मतपत्र पर मतदाता द्वारा किसी प्रत्याशी के नाम के समक्ष मौहर लगाई जाती है तो वह एंटी क्लॉकवाइज लगती है, अर्थात घड़ी की सुइयों की उल्टी दिशा में लगती है। मतपत्र को खड़ा मोड़ा जाता है। कई बार मतपत्र को गलत मोड़ने से सील की स्याही दूसरी तरफ आ जाती है, व दूसरे नाम के आगे मुहर लग जाती है। ऐसी स्थिति में जिस प्रत्याशी के नाम के आगे एंटी क्लॉकवाइज सील लगी है, मत उसी को दिया हुआ माना जाएगा।
100 मीटर के दायरे में न हो कार्यकर्ता
      बताया गया कि मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रत्याशी के कार्यकर्ता नहीं होने चाहिएं। इन नियमों का मतदान के दौरान कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए।
जहां मोबाइल न चले वायरलैस दिलाएं
      ऐसे मतदान केंद्र जहां किसी भी कंपनी का मोबाइल कार्य नहीं करता हो, वहां के लिए वायरलैस सैट उपलब्ध कराए जाने के निर्देश कलेक्टर द्वारा दिए गए।
सैक्टर अधिकारी व सैक्टर पुलिस अधिकारी साथ-साथ
      बैठक में प्रत्येक सैक्टर अधिकारी एवं सैक्टर पुलिस अधिकारी को साथ-साथ अपने क्षेत्रों का भ्रमण करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक सेक्टर अधिकारी व सैक्टर पुलिस अधिकारी से बातचीत कर उनके क्षेत्रांतर्गत आने वाले मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। बताया गया कि निर्वाचन संबंधी सुरक्षा व्यवस्था के लिए जिले में कुल 106 पुलिस मोबाइल दल बनाए गए हैं।
अनुपस्थितों के विरूद्ध कार्रवाई
      बैठक में अनुपस्थित रहने वाले सैक्टर अधिकारियों श्री डीएल सांवले, श्री भूपेंद्र सिंह अम्ब, श्री एचआर कोहले, श्री बीएल बालके, श्रीमती स्वाति कौल आदि को कारण बताओ नोटिस दिए जाने तथा उनका एक-एक दिन का वेतन काटे जाने के निर्देश दिए गए।
क्रमांक 413/2184/19-02-2015                                            (फोटो-संलग्न)


No comments:

Post a Comment