दिनांक--09-02-2015
जिला जनसम्पर्क कार्यालय समाचार
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥
देवास
महोत्सव में बिखरेंगे लोक संस्कृति के रंग
-------------
11 से 18 फरवरी तक होगा आयोजन
देवास 09 फरवरी 2015/ देवास जिला मुख्यालय पर भोपाल चौराहा स्थित इंडोर स्टेडियम
में 11 फरवरी से लोक संस्कृति के रंग बिखरेंगे। 18 फरवरी तक चलने वाले इस कार्यक्रम
में देवास जिले की लोक संस्कृति का आनंद शहर के लोग भी ले सकेंगे। देवास टूरिज्म प्रमोशन
कॉउंसिल द्वारा आयोजित मेले में हस्तशिल्प मेला, लोक नृत्य एवं संगीत, व्यंजन मेला,
फोटो प्रदर्शनी, आदि आकर्षण का केंद्र होंगे।
कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने सोमवार दोपहर मेला
स्थल पर पहुंचकर मेले की तैयारियों को देखा। उन्होंने मेले में ग्रामीण संस्कृति के
विभिन्न आयामों को खूबसूरती के साथ प्रदर्शित किए जाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर
अपर कलेक्टर श्री प्रबल सिपाहा, उपायुक्त नगर निगम श्री पीके सुमन तथा संबंधित अधिकारी
उपस्थित थे।
11 को शिक्षा मंत्री करेंगे
शुभारंभ
हस्तश्ल्पि मेले का विधिवत शुभारंभ 11 फरवरी को
सांय 5 बजे प्रदेश के शिक्षा राज्य मंत्री श्री दीपक जोशी करेंगे। मेला 18 फरवरी तक
आयोजित होगा। इस दौरान ओलंपिक ग्राउंड पर लोक संस्कृति पर आधारित विभिन्न कार्यक्रम
आयोजित होंगे।
हस्तशिल्प प्रदर्शनी
मेले में हस्तशिल्प प्रदर्शनी में हस्तशिल्प की
विभिन्न विधाओं के कलाकार अपनी कलाकृतियों को लेकर उपस्थित होंगे, जिनको न केवल देखा
जा सकेगा अपितु वाजिब दामों में उन्हें खरीदा भी जा सकेगा। इसके अंतर्गत वस्त्र, काष्ठ
कला, टेराकोटा तथा अन्य प्रकार की हस्तनिर्मित वस्तुएं प्रदर्शित होंगी।
फोटो प्रदर्शनी
मेले के अंतर्गत इंडोर स्टेडियम में फोटो प्रदर्शनी
का भी आयोजन किया जाएगा। इसके अंतर्गत देवास जिले की लोक संस्कृति, इतिहास, पुरातत्व,
पर्यटन आदि को दर्शाते छायाचित्रों को प्रदर्शित किया जाएगा।
लोक संगीत एवं लोक नृत्य
मेले में लोक संगीत की प्रस्तुति के साथ ही लोक
नृत्य के विभिन्न प्रकारों घूमर, राई, कालबेलिया, मालवी, भवाई, भांगड़ा, चरी, काठी आदि
का प्रदर्शन किया जाएगा। लोक संगीत के साथ शास्त्रीय संगीत का भी समावेश होगा। कलेक्टर
ने प्रवेश द्वार के समीप एक मंच बनाकर उसपर शहनाई वादन के निर्देश भी दिए। इसके साथ
ही सितार एवं सारंगी वादन भी होगा। शास्त्रीय नृत्य के अंतर्गत कत्थक की प्रस्तुति
भी मेले में दी जाएगी। मेले में बेटी बचाओ आदि विषयों पर लघु नाटिकाओं का प्रदर्शन
भी किया जाएगा।
लोक कला प्रदर्शनी
इसके अंतर्गत संझा, मांडना, रंगोली आदि कलाओं
का मनोहारी प्रदर्शन मेले में होगा। कलेक्टर ने कलाकारों को मेले में आमंत्रित किए
जाने तथा उन्हें सम्मान जनक मानदेय दिए जाने के निर्देश दिए। मेले में अभी तक विभिन्न
प्रकार के 125 स्टॉल्स की बुकिंग हो चुकी है।
व्यंजन मेला
इसके अंतर्गत विभिन्न प्रकार के व्यंजनों के स्टॉल्स
लगाए जाएंगे। स्टॉल्स पर मेले में आने वाले लोग स्वादिष्ट लोक-व्यंजनों का लुत्फ उठा
सकेंगे। अभी तक मेले में 25 व्यंजन स्टॉल्स के लिए बुकिंग की जा चुकी है।
ग्रामीण परिवेष का पूरा आनंद
मेले में आगंतुकों को ऐसा
अनुभव होगा जैसे वे किसी ग्राम में आ गए हैं। टोकरियों एवं सूपों से बने प्रवेश द्वार
से वे प्रवेश करेंगे। बैठने के लिए यहां-वहां उन्हें झोपडियों में चारपाईयां मिलेंगी।
दीवारों पर लोक-कला अंकित होगी, वातावरण में लोक संस्कृति के तराने होंगे तथा वहां
बनाए गए लघु मंचों पर लोक नृत्य दिखाई देगा।
क्रमांक 364/2135/09-02-2015 (फोटो-संल्गन)
मदिरा दुकानों का
निष्पादन 26 फरवरी को
देवास 09 फरवरी 2015/ वर्ष 2015-16 अर्थात
1 अप्रैल 2015 से 31 मार्च 2016 तक की अवधि के लिए जिले की पुर्नगठित 28 मदिरा एकल
समूहों की 69 देशी मदिरा की फुटकर बिक्री की दुकानों तथा 29 विदेशी मदिरा की फुटकर
बिक्री की दुकानों का निष्पादन आगामी 26 फरवरी गुरूवार को दोपहर 2.00 बजे से स्थानीय
मल्हार स्मृति मंदिर सभाकक्ष में गठित जिला समिति द्वारा प्राप्त सीलबंद निविदाओं
को खोलकर किया जायेगा।
जिला
आबकारी अधिकारी श्री कोरी ने बताया कि पुर्नगठित मदिरा दुकानों के समूहों स्वरूप परिवर्तित
मदिरा दुकानों की जानकारी, मादक द्रव्यों की खपत, आरक्षित मूल्य, धरोहर राशि, बेसिक
लायसेंस फीस, वार्षिक लायसेंस फीस, ड्यूटी दरों तथा संबंधित नियमों आदि की जानकारी
जिला कलेक्टर, सहायक आयुक्त आबकारी, समस्त अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के कार्यालयों
के नोटिस बोर्ड पर चस्पा की गई है। इसके अतिरिक्त उक्त जानकारी अवकाश के दिनों सहित
कार्यालयीन समय में कार्यालय सहायक आयुक्त आबकारी जिला देवास से विक्रय प्रपत्र प्राप्त
कर ली जा सकती है।
क्रमांक 365/2136/09-02-2015
छायाचित्र प्रदर्शनी आयोजित होगी
देवास
09 फरवरी 2015/ देवास टूरिज्म प्रमोशन द्वारा पर्यटन पखवाड़ा 11 से 18 फरवरी तक
मनाया जाएगा। इसके अंतर्गत जिले के ऐतिहासिक एवं धार्मिक पर्यटन स्थल, वाइल्ड लाइफ
तथा प्रख्यात कलाकारों की विभिन्न विधाओं एवं खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन वाले
चित्रों एवं प्रदर्शनी लगाई जाएगी। अपर कलेक्टर श्री प्रबल सिपाहा ने आमजन से आग्रह
किया है कि प्रदर्शनी में आएं तथा छायाचित्रों का अवलोकन करें।
क्रमांक 366/2137/09-02-2015
430 बच्चों का स्वास्यथ् परीक्षण
किया
देवास
09 फरवरी 2015/ अमोना स्थित शासकीय प्राथमिक माध्यमिक विद्यालय के 430 बच्चों का
स्वास्थ्य परीक्षण टाटा इंटरनेशनल के सहयोग से कर्मचारी राज्य बीमा सेवाएं के चिकित्सकों
द्वारा गत दिवस किया गया। देवास केंद्र प्रभारी डॉ. संजीव श्रीवास्वत एवं टाटा इंटरनेशलन
बिजनेस हेड श्री राकेश अग्रवाल ने बताया कि स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान 105 बच्चों
में सामान्य सदी-खांसी पाई गई, जिन्हें उचित दवाइयां दी गई। साथ ही 115 बालिकाओं को
रूबैला टीकाकरण किया गया। डॉ.वंदना दीक्षित एवं डॉ. सैफी द्वारा बच्चों की जांच की
गई, जिसमें 47 बच्चों में निकट दृष्टि दोष पाया गया। बच्चों के लिए टाटा इंटरनेशनल
द्वारा चश्मा बनवाया जाएगा। ।
चित्रकला प्रतियोगिता आयोजन
स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में स्कूल के विद्यार्थियों
के लिए चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, गौरव घनश्याम, पूनम रामलाल, सतीश नरवाले,
सोनू पर्वतसिंह विजेता रहे। सभी विजेतओं को श्री राकेश अग्रवाल द्वारा पुरस्कृत किया
गया।
क्रमांक 367/2138/09-02-2015 (फोटो-संलग्न)
देवास,
सोनकच्छ एवं टोंकखुर्द के पंच, सरपंचों के परिणाम घोषित
निर्वाचन
प्रमाण पत्र वितरित
देवास 09 फरवरी 2015/ त्रिस्तरीय पंचायतों के निर्वाचन
के द्वितीय चरण के अंतर्गत आज सोमवार को देवास, सोनकच्छ एवं टोंकखुर्द विकासखंड मुख्यालयों
पर पंच एवं सरपंचों के परिणामों की घोषणा की गई। सारणीकरण एवं परिणामों की घोषणा का
कार्य संबंधित क्षेत्र के उत्कृष्ट विद्यालयों में किया गया। इसी के साथ रिटर्निंग
अधिकारियों द्वारा विजयी उम्मीदवारों को निर्वाचन प्रमाण पत्रों का वितरण भी किया गया।
इस
अवसर पर संबंधित क्षेत्र के एसडीएम, रिटर्निंग अधिकारी तथा अन्य संबंधित उपस्थित थे।
उत्कृष्ट विद्यालय देवास में कार्य के दौरान एसडीएम श्री धीरज श्रीवास्वत, तहसीलदार
श्री एलके खरे आदि उपस्थित थे।
देवास
विकासखंड में 96 सरपंच पद
उत्कृष्ट
विद्यालय देवास में विकासखंड देवास के अंतर्गत आने वाली 96 ग्राम पंचायतों में से
94 ग्राम पंचायतों के विजयी सरपंच एवं पंच प्रत्याशियों को निर्वाचन प्रमाण पत्र वितरित
किए गए। दो ग्राम पंचायत मुंडला हेड़ा एवं सिया में कोई भी उम्मीदवार न होने से सरपंच
के पद रिक्त रहे।
तीन
पंचों के लिए डलीं पर्चियां
सारणीकरण के दौरान तीन ग्राम
पंचायतों में पंच के दो-दो प्रत्याशियों को समान मत प्राप्त होने के कारण पर्चियां
डाल कर विजेता का फैसला किया गया। भैसूनी ग्राम पंचायत वार्ड क्रमांक 19 में दो अभ्यर्थियों
जितेंद्र कुमार तथा बंशीलाल को, ग्राम पंचायत पटाड़ी के वार्ड क्रमांक 4 के अभ्यर्थी
कविता एवं लक्ष्मी बाई को तथा ग्राम पंचायत सिंगावदा के वार्ड क्रमांक 3 के अभ्यर्थी
गौराबाई एवं श्यामूबाई को बराबर-बराबर मत प्राप्त हुए। इस पर इनके नाम की पर्चियां
डाली गईं। परिणाम स्वरूप ग्राम पंचायत भैसूनी से बंशीलाल शंकरलाल, ग्राम पंचायत पटाड़ी
से लक्ष्मीबाई तथा ग्राम पंचायत सिंगावदा से श्यामूबाई निर्वाचित घोषित किए गए।
दो सरपंच निर्विरोध निर्वाचित
निर्वाचन के दौरान ग्राम पंचायत
निपानिया में भूपेंद्रसिंह भेरूसिंह एवं बांगरदा में रामकन्या बाई पति घनश्याम निर्विरोध
सरपंच घोषित किया गया।
(नोट--विस्तृत सूची संलग्न है)
क्रमांक 368/2139/09-02-2015 (फोटो-संलग्न)
पुष्प प्रतियोगिता में भाग लें
देवास 09 फरवरी 2015/ ओलंपिक
ग्राउंड में आयोजित होने वाले लोक कला उत्सव 11 से 18 फरवरी में पुष्प प्रतियोगिता
व फूलों की प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा। इसमें उत्कृष्ट नमूनों को पारितोषिक दिया जाएगा। प्रतियोगिता
में भाग लेने के इच्छुक व्यक्ति 10 फरवरी को सुबह 10 बजे तक इंडोर स्टेडियम ओलंपिक
ग्राउंड भोपाल चौराहा देवास में अपने नमूनों के साथ उपस्थित होकर भाग ले सकते हैं।
इसमें अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर प्रतियोगिता को सफल बनाएं। प्रतियोगिता गुलाब,
डेहरिया, गुलदाउदी, ग्लेडूलस एवं अन्य पुष्पों की होगी। प्रतियोगिता में भाग लेने के
लिए कोई शुल्क नहीं रखा गया है1
क्रमांक 369/2140/09-02-2015
No comments:
Post a Comment