Wednesday, 4 February 2015

04 फरवरी 2015
                          ‍ जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥
त्रि-स्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन 2014-15
देवास, टोंकखुर्द एवं सोनकच्छ में मतदान आज
मतदान की सभी तैयारियां पूर्ण
‍     देवास 04 फरवरी 2015/ त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2014-15 के अंतर्गत जिले की कुल 496 ग्राम पंचायतों के लिए निर्वाचन दूसरे एवं तीसरे चरण में सम्पन्न होना है। दूसरे चरण में देवास, टोंकखुर्द एवं सोनकच्छ विकासखंडों के लिए 05 फरवरी तथा तीसरे चरण में बागली, कन्नौद एवं खातेगांव विकासखंडों के लिए 22 फरवरी 2015 को मतदान होगा। जिले के देवास विकासखंड में ग्राम पंचायतें 96 तथा मतदान केंद्र 296, टोंकखुर्द में ग्राम पंचायतें 59 तथा मतदान केंद्र 185, सोनकच्छ में ग्राम पंचायतें 66 तथा मतदान केंद्र 171 हैं। इस प्रकार दूसरे चरण में जिले की 221 ग्राम पंचायतों के लिए मतदान 5 फरवरी को सम्पन्न होगा।
     मतदान के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। सभी मतदान दल अपने अपने मतदान केन्द्रों पर पहुंच चुके हैं। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आशुतोष अवस्थी ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे बिना किसी भय, दबाव अथवा प्रलोभन के निष्पक्ष रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
मतदान का समय प्रात: 7 से दोपहर 3 बजे तक
      ‍त्रि-स्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन 2014-15 के समय मतदाताओं की सुविधा एवं शीत ऋतु को देखते हुए मतदान का समय 7.00 बजे से अपरांह 3.00 बजे तक निर्धारित किया गया है।

निर्वाचन के लिये मिलेगा अवकाश

    हर कर्मचारी/श्रमिक आदि त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव में अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें, इसके लिये मतदान-दिवस के दिन अवकाश घोषित किया गया है। ऐसे कारखाने, जो सप्ताह में सातों दिन कार्य करते हैं, वे प्रथम एवं द्वितीय पाली के श्रमिकों को मतदान के लिये 2-2 घंटे की सुविधा देंगे। अर्थात प्रथम पाली नियमित समय से 2 घंटे पूर्व बंद हो और दूसरी पाली निर्धारित समय से 2 घंटे बाद शुरू की जायेगी। इसी तरह निरंतरित प्रक्रिया वाले कारखाने श्रमिकों को उनके देय वेतन में किसी प्रकार की कटौती न करते हुए बारी-बारी से मतदान के लिये पर्याप्त समय प्रदान करेंगे। दुकान एवं वाणिज्यिक स्थापनाओं के प्रबंधक निर्धारित दिन अवकाश न रखते हुए उसके स्थान पर मतदान-दिवस पर अवकाश रखेंगे। ऐसी दुकान और संस्थान, जिनका अवकाश दिवस निर्धारित नहीं है, वे कामगारों को बारी-बारी से मतदान करने की अनुमति प्रदान करेंगे। 
पंच के लिए सफेद तथा सरपंच के लिए नीला मतपत्र
      पंचायत निर्वाचन में पंच और सरपंच के पदों के लिए पूर्व की भांति मतपत्र और मतपेटी का उपयोग किया जाएगा। पंच पद के लिए सफेद रंग के तथा सरपंच पद के लिए नीले रंग के मतपत्र होंगे।
मतदाता के हस्ताक्षर
      मतदान अधिकारी क्रमांक-3 मतदाता को पंच के साथ-साथ सरपंच के मतपत्र भी जारी करेगा और मतपत्र के प्रतिपर्ण पर मतदाता का अनुक्रमांक दर्ज कर मतदाता के हस्ताक्षर अथवा अंगूठा निशानी प्राप्त कर मतदाता को मतपत्र सौंपेगा।
पहले पंच व सरपंच के लिए मत
    मतदान अधिकारी क्रमांक-4 सर्वप्रथम पंच और सरपंच के मतपत्रों को मतपेटी में डलवाना सुनिश्चित करेगा। इसके बाद जिला पंचायत सदस्य और जनपद पंचायत सदस्य पद के लिए ईवीएम से मतदान होगा।
दो अलग-अलग मशीनों पर मतदान
      पंचायत निर्वाचन के अंतर्गत जिला पंचायत सदस्य एवं जनपद पंचायत सदस्य के लिए दो अलग-अलग मशीनों पर बटन दबाकर मतदान करना होगा। मतदान केंद्र पर ये मशीनें 'एस' आकार के मतदान प्रकोष्ठ में रखी होंगी। पहले जिला पंचायत सदस्य की मशीन रखी होगी, जिस पर लगे मतपत्र का रंग गुलाबी होगा। मतदाता को इस मशीन पर मतदान के बाद दूसरी मशीन पर जाना होगा। इस पर पीले रंग मतपत्र चिपका होगा। यह मशीन जनपद सदस्य के निर्वाचन के लिए होगी। पंच एवं सरपंच के निर्वाचन के लिए मतपत्र पर मोहर लगाकर वोट देना होगा।
कुल 652 मतदान केन्द्र एवं 65 सैक्टर
     देवास, टोंकखुर्द एवं सोनकच्छ में पंचायत निर्वाचन के लिए कुल 652 मतदान केन्द्र बनाए गये हैं, जिनमें देवास में 296, टोंकखुर्द में 185, सोनकच्छ में 171 मतदान केन्द्र बनाए गये हैं। निर्वाचन के लिए कुल 65 सैक्टर बनाए गए हैं जिनमें देवास में 25, टोंकखुर्द में 20, सोनकच्छ में 20 सैक्टर बनाए गए हैं। कुल 718 पीठासीन अधिकारी नियुक्त किये गये हैं, जिनमें देवास में 326, टोंकखुर्द में 204 एवं सोनकच्छ में 188 पीठासीन अधिकारी नियुक्त किये गये हैं। मतदान के लिए कुल 2868 मतदान अधिकारी नियुक्त हैं, जिनमें देवास में 1302, टोंकखुर्द में 814 तथा सोनकच्छ में 752 मतदान अधिकारी नियुक्त किये गये हैं। मतदान के लिए कुल 3586 कर्मचारियों को नियुक्त किया गया है, जिनमें देवास में 1628, टोंकखुर्द में 1018 तथा सोनकच्छ में 940 कर्मचारियों को नियुक्त किया गया है।
3 लाख 14 हजार से अधिक मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग
     देवास, टोंकखुर्द एवं सोनकच्छ विकासखण्डों में निर्वाचन के दौरान कुल 3 लाख 14 हजार 605 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे, इनमें 1 लाख 63 हजार 728 पुरूष, 1 लाख 50 हजार 874 महिला एवं 3 अन्य मतदाता हैं। देवास में कुल 1 लाख 43 हजार 471 मतदाता हैं, इनमें 74 हजार 780 पुरूष, 68 हजार 690 महिला एवं 1 अन्य मतदाता है। इसी तरह टोंकखुर्द में कुल 83 हजार 923 मतदाता हैं, इनमें 43 हजार 696 पुरूष, 40 हजार 226 महिला एवं 1 अन्य मतदाता है। सोनकच्छ में कुल 87 हजार 211 मतदाता हैं, इनमें 45 हजार 252 पुरूष, 41 हजार 958 महिला एवं 1 अन्य मतदाता है।
द्वितीय चरण में 3910 पदों के लिए निर्वाचन
      द्वितीय चरण के अन्तर्गत 3910 पदों के लिए निर्वाचन होगा, इनमें जिला पंचायत सदस्य के 8, जनपद पंचायत सदस्य के 65, सरपंच के 221 एवं पंच के 3616 पदों के लिए निर्वाचन होगा। देवास जनपद पंचायत क्षेत्र में जनपद सदस्य के 25, सरपंच के 96 एवं पंच के 1599 पदों के लिए, टोंकखुर्द जनपद पंचायत क्षेत्र में जनपद सदस्य के 20, सरपंच के 59 एवं पंच के 969 पदों के लिए तथा सोनकच्छ जनपद पंचायत क्षेत्र में जनपद सदस्य के 20, सरपंच के 66 एवं पंच के 1048 पदों के लिए निर्वाचन होगा।     
सभी केंद्रों पर होगी पंच एवं सरपंच के मतों की गणना
      पंच एवं सरपंच के लिए मतगणना मतदान समाप्ति के तुरंत बाद मतदान केंद्र पर ही होगी। जिले में कोई भी ऐसा मतदान केंद्र नहीं है, जहां पर पंच एवं सरपंच की मतगणना नहीं होनी है। जनपद पंचायत सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्य की विकासखंड मुख्यालय पर ईवीएम से की जाने वाली मतों की गणना 8 फरवरी रविवार को प्रात: 7.30 बजे से होगी। जनपद पंचायत सदस्य के पद के लिए मतों का सारणीकरण और निर्वाचन परिणाम की घोषणा तथा जिला पंचायत सदस्य के पद के लिए मतों का विकासखंड स्तरीय सारणीकरण 27 फरवरी शुक्रवार को प्रात: 10.30 बजे से होगी। जिला पंचायत सदस्य के लिए मतों का जिला मुख्यालय पर सारणीकरण और निर्वाचन परिणाम की घोषणा  का कार्य 28 फरवरी शनिवार को प्रात: 10.30 बजे से किया जाएगा।
मतदाता की पहचान के लिए 18 दस्तावेज निर्धारित
      मतदान के लिए प्रत्येक मतदाता को फोटोयुक्त मतदान पर्चियां जारी की गई हैं। यदि उनके पास यह पर्ची नहीं हो तो वे आयोग द्वारा निर्धारित दस्तावेजों के आधार पर मतदान कर सकेंगे। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचन में मतदाता की पहचान स्थापित करने के लिए 18 दस्तावेज निर्धारित किये गये हैं। इसमें से कोई भी एक दस्तावेज मतदाता दिखा सकता है। पहचान के लिए निर्धारित दस्तावेज हैं - भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रदाय किया गया मतदाता पहचान-पत्र, राशन कार्ड/नीला राशन कार्ड/पीला राशन कार्ड, बेंक/किसान/डाकघर पासबुक, शस्त्र लाइसेंस, फोटो युक्त सम्पत्ति दस्तावेज जैसे पट्टा, रजिस्ट्रीकृत विलेख आदि, विकलांगता प्रमाण-पत्र, निराश्रित प्रमाण-पत्र, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, आयकर पहचान-पत्र (पी.ए.एन. कार्ड), राज्य/केन्द्र सरकार/ सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम/ स्थानीय निकाय या अन्य निजी औद्योगिक संस्थानों द्वारा उनके कर्मचारियों को जारी किए जाने वाले सेवा पहचान-पत्र, छात्र पहचान-पत्र, सक्षम प्राधिकारियों द्वारा जारी अ.जा./अजजा/ अन्य पिछड़ा वर्ग/अधिवासी प्रमाण-पत्र, पेंशन दस्तावेज जैसे भूतपूर्व सैनिक पेंशन अदायगी आदेश/भूतपूर्व सैनिक विधवा/आश्रित प्रमाण-पत्र, रेलवे पहचान-पत्र, स्वतंत्रता सेनानी पहचान-पत्र, फोटोयुक्त आधार कार्ड और राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी फोटोयुक्त मतदाता पर्ची। इनमें से कोई भी दस्तावेज जो परिवार के मुखिया के पास ही उपलब्ध होता है, परिवार के दूसरे सदस्यों की पहचान के लिए भी उपयोग किया जा सकेगा। इसी प्रकार से परिवार के किसी दूसरे सदस्य के नाम से कोई दस्तावेज अन्य सदस्यों की पहचान के लिए भी प्रयोग किया जा सकता है। पूर्व में प्रावधान था कि यदि कोई मतदाता कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत करने में असफल रहता है, तो पीठासीन अधिकारी स्थानीय शासकीय विद्यालय के शिक्षक या किसी शासकीय कर्मचारी अथवा किसी प्रतिष्ठित स्थानीय निवासी से उसकी पहचान सत्यापित कराने के बाद, उसे मत देने के लिए अधिकृत कर सकेगा। अब इस प्रावधान को निरस्त कर दिया गया है।
मशीन खराब होने पर क्लस्टर से मिलेगी
      यदि किसी मतदान केंद्र पर ईवीएम खराब होती है तो दूसरी ईवीएम उस क्षेत्र के क्लस्टर से प्राप्त होगी। क्लस्टर में प्रत्येक मतदान केंद्र के लिए ईवीएम उपलब्ध होगी तथा वहां इंजीनियर एवं मास्टर ट्रेनर होंगे, जो सूचना मिलने पर तुरंत संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मशीन दुरूस्त करेंगे तथा आवश्यकता होने पर नई मशीन देंगे। सेक्टर अधिकारी ये सुनिचिश्त करेंगे कि मशीन खराब होने पर मतदान केंद्र पर वैकल्पिक व्यवस्था जल्द से जल्द हो जाए।

जिला स्तरीय कंट्रोल रूम
        त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2014-15 के दौरान सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए जिला निर्वाचन स्थानीय कार्यालय कलेक्ट्रोरेट देवास में कंट्रोल रूम स्थापित है। कंट्रोल रूम का दूरभाष क्रमांक-07272-254430 है। कंट्रोल रूम के प्रभारी अधिकारी श्री सौरभ जैन प्रबंधक लोक सेवा गारंटी केंद्र देवास हैं, जिनका मोबाइल नम्बर 94250-32728 है।
क्रमांक 338/2109/04-02-2015
नोट:- संशोधित स्थान
     जिन स्थानों पर निर्विरोध निर्वाचन सम्पन्न हो गया है, वहां  के लिए मतदान नहीं होगा।
     अत: उनके आंकडे़ उपरोक्त्‍ आंकड़ों में से कम किए जाए।    
---    
ऑल द बेस्ट, अच्छी तरह हो निर्वाचन
प्रेक्षक, कलेक्टर एवं एसपी ने किया मतदान सामग्री वितरण एवं मतदान केंद्रों का निरीक्षण
               देवास 04 फरवरी 2015/"ऑल द बेस्ट, निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार त्रुटिहीन, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण रूप से अच्छी तरह निर्वाचन करवाएं।" जिले में आज 5 फरवरी को जिला पंचायत सदस्यों, जनपद पंचायतों देवास, सोनकच्छ एवं टोंकखुर्द के जनपद सदस्यों, पंच एवं सरपंचों के‍ लिए आज मतदान होना है। सामग्री वितरण केंद्रों पर सामग्री वितरण के पश्चात कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आशुतोष अवस्थी ने सभी  मतदान दलों एवं सैक्टर अधिकारियों को शुभकामनाएं देकर रवाना किया।
प्रेक्षक श्रीगुप्ता ने किया निरीक्षण
       निर्वाचन के लिए नियुक्त प्रेक्षक श्री रामेश्चर गुप्ता ने सामग्री वितरण स्थल एवं मतदान क्षेत्र पर पहुंचकर सारी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मतदान प्रकोष्ठ कैसे बनाओगे ?
       उत्कृष्ट विद्यालय  सोनकच्छ में  सामग्री वितरण केंद्र पर निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पीठासीन अधिकारियों से पूछा कि मतदान प्रकोष्ठ कैसे बनाओगे। कलेक्टर ने एस (S) आकार का प्रकोष्ठ बनाकर मतदान दलों एवं सेक्टर अधिकारियों को बताया।
कम्युनिकेशन प्लान है कि नहीं ?
       उत्कृष्ट विद्यालय देवास में बनाए गए सामग्री वितरण केंद्र में कलेक्टर ने सेक्टर अधिकारियों से मिलकर तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि प्रत्येक के पास कम्यूनिकेशन प्लान है कि नहीं। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि हर सेक्टर अधिकारी अपने पास कम्यूनिकेशन प्लान, जिसमें प्रत्येक पीठासीन अधिकारी आदि के मोबाइल नंबर हों।
क्लस्टर की जानकारी रखें
       कलेक्टर ने सैक्टर अधिकारियों को बताया कि प्रत्येक क्लस्टर पर अतिरिक्त  ईवीएम, मास्टर ट्रेनर्स, इंजीनियर आदि उपलब्ध रहेंगे। अत: ईवीएम मशीन में खराबी आने अथवा अन्य कोई समस्या आने पर क्लस्टर से सम्पर्क कर समस्या का समाधान कराएं।
 बस नहीं आई, अपराध पंजीबद्ध करें
       उत्कृष्ट विद्यालय  टोंकखुर्द में सामग्री वितरण केंद्र पर निरीक्षण में कलेक्टर ने पाया कि वहां कुछ बसें नहीं आई हैं तथा 7 सैक्टर अधिकारियों को वाहन भी नहीं मिलें हैं।  इस पर कलेकटर द्वारा नाराजी व्यक्त करते हुए तुरंत वाहनों की व्यवस्था कराई गई। साथ ही उन बस संचालकों के विरूद्ध अपराध पंजीबद्ध कराए जाने के निर्देश दिए गए। जिन्होंने वाहन नहीं भेजे।
क्रमांक 339/2110/04-02-2015
सीमावर्ती ग्रामों विेशेष चौकसी
देवास एवं शाजापुर जिले के कलेक्टर एवं एसपी ने किया संयुक्त निरीक्षण
       देवास 04 फरवरी 2015/ पंचायत निर्वाचन के अंतर्गत 5 फरवरी होने वाले मतदान के लिए देवास व शाजापुर जिले की सीमा पर स्थित गांवों में विशेष चौकसी रखी जाएगी। इस क्षेत्र में ग्राम खरेली सहित  कुछ ऐसे गांव हैं जो कि देवास जिले में आते परंतु उनका पुलिस थाना शाजापुर जिले में आता है।
       निर्वाचन आयोग के प्रेक्षक श्री रामेश्वर गुप्ता तथा देवास एवं शाजापुर जिलों के कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने आज बुधवार को इन क्षेत्रों में संयुक्त रूप से दौरा कर निर्वाचन की तैयारियों को देखा।
       देवास कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी, शाजापुर कलेक्टर श्री प्रमोद गुप्ता, देवास एसपी श्री अभयसिंह, शाजापुर एसपी अविनाश शर्मा ने ग्राम खरेली पहुंचकर वहां मतदाताओं से चर्चा की तथा उन्हें बिना किसी भय अथवा प्रभोलन के निष्पक्ष रूप से मतदान करने की सलाह दी।
       कलेक्टर श्री अवस्थी ने मतदाताओं से कहा कि वे निष्पक्ष वं निर्भीक होकर मतदान करें तथ्रा ऐसा प्रत्याशी चुनें जो क्षेत्र का विकास करे। कलेक्टर ने बताया कि मतदान के लिए मतदाताओ को फोटोयुक्त मतदाता पर्चियां जारी की गई हैं। यदि किसी मतदाता के पास फोटो युक्त मतदाता पर्ची न हो तो भी वह निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 18 दस्तावेजों के आधार पर मतदान कर सकेगा।
3 बजे तक लाइन में लगे मतदाता ही कर सकेंगे मतदान
       कलेक्टर ने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार मतदान की समाप्ति पर अपराह्न 3 बजे जो मतदाता मतदान केंद्र पर लाइन में लगे होंगे, वे ही मतदान कर सकेंगे। इसके लिए दोपहर 2.55 पर पीठासीन अधिकारी इसकी घोषणा करेगा तथा 3 बजे जो भी व्यक्ति लाइन में लगा होगा उन्हें लाइन के अंतिम छोर से सरल क्रमांक की पर्चियां जारी करेगा।
क्रमांक 340/2111/04-02-2015
स्वाइन फ्लू से बचाव एवं उपचार के लिए करें विशेष प्रयास
कलेक्टर ने जारी किए स्वास्थ्य विभाग को ‍निर्देश
       देवास 04 फरवरी 2015/ जिले में स्वाइन फ्लू से बचाव एवं उपचार के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। जहां भी इसकी सूचना हो अथवा आशंका हो, उन क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग का दल पहुंचकर आवश्यक जांच करे तथा उपचार करें।
       कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने यह निर्देश स्वास्थ्य विभाग को जारी किए है। कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए है कि पूरे जिले में इसके बचाव के संबंध में लोगों को जागरूक किया जाए तथा इसके लक्षण दिखने पर तुरंत उपचार किया जाए। जिला चिकित्सालय में स्वाइन फलू के बचाव की विशेष व्यवस्था हो। इसकी जांच के लिए रक्त के नमूने लिए जाएं तथा इसकी दवा प्रर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हो।
क्रमांक 341/2112/04-02-2015
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना
द्वारका तीर्थ की यात्रा 7 फरवरी  से
       देवास 04  2015/मप्र मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत देवास जिले से द्वारका तीर्थ यात्रा 7 फरवरी से 12 फरवरी 2015 तक के लिए जाएगी। कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने अनुरक्षकों की ड्यूटी लगाई है।
      कलेक्टर ने तय दिनांक को जाने वाले यात्रियों के साथ रहकर उनकी व्यवस्था एवं देखरेख तथा वापसी पर सभी यात्रियों को व्यस्थित लाने के लिए महिला बाल विकास विभाग देवास श्री संतोष वर्मा सहायक ग्रेड-3 तथा श्री लक्ष्मीकांत त्रिवेदी भृत्य नजूल कलेक्टोरेट देवास की ड्यूटी अनुरक्षकों के रूप में लगाई है।
क्रमांक 342/2113/04-02-2015


No comments:

Post a Comment