Friday, 6 February 2015

दिनांक-05 फरवरी 2015
जिला जनसम्पर्क कार्यालय देवास


जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥
टेकरी पर लगाई जाएं एलईडी लाइट्स एवं चिल्लर की मशीन
कमिश्नर श्री पस्तौर ने किया टेकरी पर कार्यों का निरीक्षण
     देवास 05 फरवरी 2015/ मां चामुंडा टेकरी सहित पूरे देवास शहर में एलईडी लाइट्स लगाई जाएं। मप्र ऊर्जा विकास निगम की नगरों में नि:शुल्क एलईडी लाइट्स लगाए जाने की योजना है। विभागीय अधिकारियों से सम्पर्क कर यह कार्रवाई की जाए।           
    कमिश्नर श्री रविंद्र पस्तौर ने आज गुरूवार को मां चामुंडा टेकरी पर विकास कार्यों के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी को ये सलाह दी। श्री पस्तौर ने सपत्नीक मां चामुंडा एवं मां तुलजा भवानी के दर्शन किए तथा पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त श्री हिमांशु सिंह आदि उपस्थित थे।
पाथ-वे कार्य की सराहना की
     कमिश्‍नर श्री पस्तौर को कलेक्टर श्री अवस्थी ने टेकरी से उसके चारों ओर बनाए जा रहे पाथ-वे के कार्य को दिखाया। कमिश्नर ने कार्य की सराहना की। कलेक्टर ने बताया कि प्रथम चरण में 700 मीटर पाथ-वे का कार्य कराया जा रहा है। दूसरे चरण में शेष 1400 मीटर का कार्य कराया जाएगा।
चिल्लर की मशीन लगावाएं
      कमिश्नर श्री पस्तौर ने कलेक्टर को सलाह दी कि टेकरी पर चिल्लर की मशीन लगाई जाए। इसमें नोट डालने पर चिल्लर निकलती है। इसके माध्यम से दान भी किया जा सकता है। व्यक्ति चाहे तो नोट से कम मूल्य की चिल्लर प्राप्त कर सकता है। कमिश्नर ने बताया‍ कि पंजाब नेशनल बैंक द्वारा इस प्रकार की मशीन तैयार की गई है।
ऑन लाइन पूजा एवं दान की व्यवस्था
      कमिश्नर ने सलाह दी कि महाकाल मंदिर उज्जैन की तर्ज पर मां चामुडा टेकरी पर पूजा एवं दान की ऑन लाइन व्यवस्था की जाए। उन्होंने टेकरी पर 5.25 लाख रूपए लागत से लगाए जाने वाले पीए सिस्टम कार्य के संबंध में भी निर्देश दिए।
क्रमांक 343/2114/05-02-2015                         (फोटो- सलंग्न)



                    जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥
जिले में द्वितीय चरण का पंचायत निर्वाचन निर्विघ्न एवं शांतिपूर्वक सम्पन्न
मतदाताओं ने उत्साह से किया मतदान
देवास 05 फरवरी 2015/ प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायती राज निर्वाचन के द्वितीय चरण के अंतर्गत आज गुरूवार को जिले के विकासखंड देवास, सोनकच्छ एवं टोंकखुर्द में जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्य, सरपंच एवं पंचों का निर्वाचन शांतिपूर्ण एवं निर्विघ्न सम्पन्न हुआ। मतदाताओं में मतदान को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया।
निर्वाचन आयोग के प्रेक्षक श्री रामेश्वर गुप्ता द्वारा मतदान केंद्रों का भ्रमण कर मतदान कार्य का जायजा लिया। कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी, पुलिस अधीक्षक श्री अभयसिंह सहित निर्वाचन में लगे सभी अधिकारियों ने मतदान केंद्रों का भ्रमण एवं निरीक्षण कर मतदान प्रक्रिया को त्रुटिहीन तथा मतदान को शांतिपूर्वक एवं निर्विघ्न सम्पन्न कराया।
मतदाताओं में मतदान के प्रति उत्साह
मतदाताओं में मतदान के प्रति विशेष उत्साह दिखाई दिया। प्रात: 9 बजे तक देवास विकासखंड में 21.95 प्रतिशत, टोंकखुर्द विकासखंड में 28.40 प्रतिशत तथा सोनकच्छ विकासखंड में 18.85 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया था। दोपहर 11 बजे तक देवास विकासखंड में 37.62 प्रतिशत, टोंखकुर्द विकासखंड में 46.01 प्रतिशत तथा सोनकच्छ विकासखंड में 42.79 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। दोपहर 1 बजे तक देवास विकासखंड में 51.01 प्रतिशत, टोंकखुर्द विकासखंड में 66.25 प्रतिशत तथा सोनकच्छ विकासखंड में 67.68 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
कुछ स्थानों पर बदली गई ईवीएम
      मतदान के अंतर्गत कुछ स्थानों पर बैलेट यूनिट खराब होने से तुरंत उन्हें बदला गया तथा मतदान चालू कराया गया। नागोरा, खरेली, अमरपुरा आदि मतदान केंद्रों पर बैलेट यूनिट बदली गई। नापाखेड़ी मतदान केंद्र पर कुछ मतपत्र लेकर भागने पर बरोठा थाने में दो व्यक्तियों के ‍विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
108 वर्ष की महिला ने किया मतदान
       ग्राम चौबापीपल्या में 108 वर्ष की महिला देवुबाई ने अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए मतदान किया। इसी प्रकार मतदान केंद्र क्रमांक 111 खटांबा में नि:शक्त शांताबाई को उसके बेटे गोदी में उठाकर मतदान के लिए ले गए।
जामली में 100 प्रतिशत मतदान
     कुछ मतदान केंद्रों पर मतदान का प्रतिशत अत्यधिक रहा वहीं कुछ पर न्यूनतम। मतदान केंद्र जामली सोनकच्छ में 100 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं गुनाई में 24.05 प्रतिशत मतदान हुआ।     

पंच-सरपंच के मतों की गणना हुई, जिला/जनपद पंचायत सदस्य की मतगणना 8 फरवरी को
     पंच एवं सरपंच के लिए मतगणना मतदान समाप्ति के तुरंत बाद मतदान केंद्र पर की गई। जनपद पंचायत सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्य की विकासखंड मुख्यालय पर ईवीएम से की जाने वाली मतों की गणना 8 फरवरी रविवार को प्रात: 7.30 बजे से होगी। जनपद पंचायत सदस्य के पद के लिए मतों का सारणीकरण और निर्वाचन परिणाम की घोषणा तथा जिला पंचायत सदस्य के पद के लिए मतों का विकासखंड स्तरीय सारणीकरण 27 फरवरी शुक्रवार को प्रात: 10.30 बजे से होगी। जिला पंचायत सदस्य के लिए मतों का जिला मुख्यालय पर सारणीकरण और निर्वाचन परिणाम की घोषणा  का कार्य 28 फरवरी शनिवार को प्रात: 10.30 बजे से किया जाएगा।

मतदान दलों का किया स्वागत
      मतदान एवं मतगणना के उपरांत सामग्री वितरण एवं प्राप्ति स्थल पर वापस आए मतदान दलों का अधिकारियों द्वारा फूल माला पहनाकर स्वागत किया गया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आशुतोष अवस्थी ने निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं त्रुटिहीन निर्वाचन के लिए मतदाताओं का आभार व्यक्त किया है तथा निर्वाचन कार्य में लगे सभी व्यक्तियों को साधुवाद दिया है।
                           मतदान का अनंतिम प्रतिशत
द्वतीय चरण में मतदान का अनंतिम प्रतिशत इस प्रकार रहा। देवास विकासखंड में 83.39 प्रतिशत मतदान हुआ इसमें 85.57 प्रतिशत पुरूष एवं 81.21 प्रतिशत महिलाओं ने मतदान किया। इसी तरह टोंखकुर्द विकासखंड में 71.45 प्रतिशत मतदान हुआ इसमें 72.50 प्रतिशत पुरूष एवं 70.40 प्रतिशत महिलाओं ने मतदान किया। सोनकच्छ विकासखंड में 89.93 प्रतिशत मतदान हुआ इसमें 91.71 प्रतिशत पुरूष एवं 87.81 प्रतिशत महिलाओं ने मतदान किया।
क्रमांक 344/2115/05-02-2015                         (फोटो- सलंग्न)

                       
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥
                    कलेक्टर ने किया जिला अस्पताल का निरीक्षण
स्वाइन फ्लू रोग उपचार की व्यवस्था को देखा
     देवास 05 फरवरी 2015/ कलेक्टर श्री आशतुोष अवस्थी ने आज गुरूवार को जिला अस्पताल पहुंचकर निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल में विशेष रूप से स्वाइन फ्लू रोग के उपचार के लिए की गई व्यस्थाओं को देखा। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एके दीक्षित, सिविल सर्जन डॉ. विद्या वेल्हरणकर आदि उपस्थित थे।
दो आइसोलेशन वार्ड
    अस्पताल में निरीक्षन के दौरान कलेक्टर ने वहां स्वाइन फ्लू के उपचार के लिए बनाए गए आइसोलेशन वार्ड देखे। बताया गया कि इनमें से एक वार्ड पुरूषों के लिए तथा दूसरा वार्ड महिलाओं के लिए बनाया गया है। स्वास्थ्य अधिकारी ने कलेक्टर को बताया कि जिला अस्पताल में स्वाइन फ्लू की दवा पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिला अस्पताल में स्वाइन फ्लू के संबंध में विस्तृत जानकारी देने वाला फैलक्स बोर्ड लगाया जाए।
दल भिजवाकर करवाई जांच
     सिविल सर्जन ने कलेक्टर को बताया कि देवास में स्वाइन फलू के संदिग्ध प्रकरणों में स्वास्थ्य विभाग का दल नयापुरा एवं तोड़ी क्षेत्र में गया तथा वहां जांच की गई। सर्दी-खांसी की दवाओं का वितरण भी किया गया।
एक माह में पूरा करें बाउंड्रीवॉल का कार्य
     कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान निर्देश दिए कि जिला अस्पताल में बाउंड्रीवॉल का का कार्य आगामी एक माह में पूरा कर लिया जाए। पैवर ब्लॉक लगाए जाने तथा चौक में ड्रेनेज आदि का कार्य लोक निर्माण विभाग परियोजना क्रियांवयन इकाई के माध्यम से कराया जाए।
कार्य नहीं करने पर नोटिस दें
     कलेक्टर द्वारा खाद्य एवं सुरक्षा निरीक्षकों के कार्यों की रिपोर्ट लेने पर बताया गया कि उनके द्वारा निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा है तथा उनका कार्य संतोषजनक नहीं है। इस पर कलेक्टर द्वारा उन्हें कारण बताओ नोटिस दिए जाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रत्येक खाद्य एवं सुरक्षा निरीक्षक माह में कम से कम 25 खाद्य सामग्रियों के नमूने जांच के लिए ले। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए ‍कि प्रत्येक निरीक्षक अपनी उपस्थिति सीएचएमओ कार्यालय में प्रतिदिन प्रात: बॉयोमैट्रिक के माध्यम से दे।
क्रमांक 345/2116/05-02-2015                              (फोटो- सलंग्न)


जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥
निर्वाचन कार्य में बस न लगाने पर छ: के विरूद्ध कार्रवाई
        देवास 05 फरवरी 2015/ जिले में पंचायत निर्वाचन के द्वितीय चरण में टोंकखुर्द विकासखंड में चुनाव कार्य के आदेश के बावजूद छ: वाहन स्वामियों द्वारा बस न लगाए जाने पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा उनके विरूद्ध कार्रवाई की जा रही है। सभी के खिलाफ पुलिस में प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश कलेक्टर ने दिए हैं।
     इस संबंध में कलेक्टर द्वारा जिला परिवहन अधिकारी के माध्यम से जांच करवाई गई थी, जांच में परिवहन अधिकारी द्वारा बताया गया कि छ: वाहन स्वामियों द्वारा अधिग्रहण आदेश उन्हें तामील किए जाने के बावजूद भी वाहन उपलब्ध नहीं कराए गए। वाहन स्वामी मनीष जोशी वाहन क्रमांक एमपी 42 ई 1008, डिवाइन कान्वेंट स्कूल वाहन क्रमांक एमपी 09 एफए 1089, गायत्री जोशी टोंकखुर्द वाहन क्रमांक एमपी 41 एफ 0108, मंदरूप सिंह वर्मा एमपी 41 पी 235, विद्यासागर हा. स्कूल  वाहन क्रमांक एमपी 41 पी 631 तथा महाकाल इंग्लिश स्कूल एमपी20 जी 791 द्वारा वाहन उपलब्ध नहीं कराए जाने पर उनके विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए ।
क्रमांक 346/2117/05-02-2015
नगरीय निकायों में संविदा शाला शिक्षकों के वेतनमान का नियमन
 देवास 05 फरवरी 2015/ नगरीय निकायों के अंतर्गत संचालित शालाओं में कार्यरत अध्यापक संवर्ग को वर्तमान में दिये जा रहे वेतनमान में वेतन नियमन किया गया है। इस संबंध में नगरीय विकास और पर्यावरण विभाग ने आदेश जारी कर दिया है। आदेश की प्रति सभी कलेक्टर, आयुक्त नगर निगम और नगर पालिका और नगर परिषद के सीएमओ को भी भेजी गई है।
   एक अप्रैल 2013 के बाद अध्यापक संवर्ग में नियुक्त होने वाले संविदा शाला शिक्षकों का वेतन सर्वप्रथम काल्पनिक रूप से पूर्व प्रचलित वेतनमान में (न्यूनतम पर) किया जायेगा। इसके बाद 1.62 गुणा कर नवीन वेतन बेण्ड में वेतन निर्धारित होगा। साथ ही एक अप्रैल 2013 के बाद अध्यापक संवर्ग में नवीन नियुक्ति होने पर वरिष्ठ अध्यापक को बेण्ड वेतन 8100 रुपये और संवर्ग वेतन 1900 रुपये, अध्यापक को बेण्ड वेतन 6480 रुपये और संवर्ग वेतन 1650 रुपये तथा सहायक अध्यापक को बेण्ड वेतन 4860 रुपये और संवर्ग वेतन 1250 रुपये दिया जायेगा।
   अंतरिम राहत की गणना किसी भी अध्यापक के लिए एक बार किये जाने की स्थिति में (जब वह सर्वप्रथम इस अंतरिम राहत का पात्र था) एक सितम्बर 2017 तक के लिए रहेगी। अर्थात अध्यापक की श्रेणी परिवर्तन या अनुभव वर्षों के आधार पर निर्धारित अंतरिम राहत में कोई वृद्धि या कमी नहीं होगी।
क्रमांक 347/2118/05-02-2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र॥
दो शासकीय सेवकों को कारण बताओ नोटिस जारी
‍      देवास 05 फरवरी 2015/ त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2014-15 के अन्तर्गत विकासखंड स्तर पर ईवीएम कमीशनिंग कार्य के लिए विकासखंड टोंकखुर्द में नियुक्त प्रयोगशाला शिक्षक शासकीय कन्या महाविद्यालय देवास श्री अरूण रघुवंशी एवं श्री नईम खान को कार्य पर अनुपस्थित रहने के कारण रिटर्निंग अधिकारी एवं तहसीलदार के प्रतिवेदन के आधार पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आशुतोष अवस्थी द्वारा मप्र सिविल सेवा आचरण (नियम 1965 के नियम 3 एवं 4) के प्रावधानों के अंतर्गत कारण बताओ सूचना पत्र जारी किये गये है।
      उक्त कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि कारण बताओ सूचना पत्र प्राप्त होते ही तत्काल संबंधित अधिकारियों को समक्ष उपस्थित होकर स्पष्‍टीकरण दें, अन्यथा उनके विरूद्ध एक पक्षीय कार्रवाई की जाएगी।
क्रमांक 348/2119/05-02-2015                         
स्वाइन फ्लू के संबंध में जन जागरूकता के लिए मशाल रैली निकाली गई
‍      देवास 05 फरवरी 2015/ स्वाइन फ्लू के संबंध में जन-जागरूकता के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा गुरूवार रात्रि 7.00 बजे जिला मुख्यालय पर एक मशाल महात्मा गांधी जिला चिकित्सालय से मशाल रैली निकाली गई। मशाल रैली में विभागीय अधिकारियों/ कर्मचारियों ने उत्साह से हिस्सा लिया। रैली जिला चिकित्सालय से प्रारंभ होकर सयाजी द्वार, तहसील चौराहा, नावेल्टी चौराहा से शहर के मार्गों से होते हुए पुन: जिला चिकित्सालय में पहुँची। रैली के माध्यम से लोगो को स्वाईन फ्लू (एच 1 एन 1) के बचाव एवं उपचार के बारे में जानकारी दी गई।
     रैली में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ दीक्षित, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. शिवेन्द्र मिश्रा सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी भी शामिल हुए। इस दौरान स्वाइन फ्लू के लक्षण एवं बचाव के उपायों की जानकारी से संबंधित पेम्पलेट का‍ वितरण भी किया गया।
क्रमांक 349/2120/05-02-2015         (फोटो- सलंग्न)






No comments:

Post a Comment