Monday, 16 February 2015

16-02-2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
सड़क एवं अन्य दुर्घटनाओं में दें सभी योजनाओं का लाभ
----------------------
समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश
               देवास 16 फरवरी 2015/ जिले में सड़क एवं अन्य दुर्घटनाओं के प्रकरणों में पीड़ित परिवारों को शासन की सभी योजनाओं का लाभ आरबीसी 6/4 एवं अन्य प्रावधानों के अंतर्गत सभी विभाग उपलब्ध कराएं। इसके लिए दुर्घटना की जानकारी ग्राम का कोटवार संबंधित पटवारी को जानकारी दे तथा पटवारी प्रकरण बनाकर तहसीलदार के समक्ष प्रस्तुत करे। तहसीलदार एवं एसडीएम सभी संबंधित विभागों से समन्वय कर शासन की संबधित सभी योजनाओं का लाभ पीड़ित परिवार को दिलाएं। वर्तमान में वर्ष 2009 के कई प्रकरणों में अभी तक सहायता उपलब्ध नहीं कराई गई है, यह स्थित अत्यंत आपत्तिजनक तथा असंवेदनशील है। ऐसे प्रकरणों में दुर्घटना राहत, राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना, विधवा पेंशन योजना, जनश्री बीमा योजना/आम आदमी बीमा योजना, सहकारिता विभाग की कृषक कल्याण योजना, श्रम विभाग की श्रमिक कल्याण योजना आदि में लाभ दिए जाने का प्रावधान है। 
        कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने आज सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में संपन्न समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में उक्त्‍ निदे्रश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री प्रबल सिपाहा, निगम आयुक्त श्री हिमांशु सिंह, समस्त जिला अधिकारी, समस्त एसडीएम तथा सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
बहुत अच्छा, आवेदकों को सूचना भी दें
        जनसुनवाई, जन शिकायत निराकरण, सीएम हैल्प लाइन आदि योजनाओं के आवेदनों के त्वरित निराकरण पर कलेक्टर द्वारा सभी विभागों को शाबाशी दी गई। उन्होंने कहा कि आवेदनों का अच्छा निराकरण है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि आवेदनों के निराकरण के पश्चात इसकी सूचना संबधित आवेदकों को भी दी जाए। जनसुनवाई के आवेदनों में बिजली विभाग के 54 एवं अग्रणी बेंक प्रबंधक के 28 आवेदन लंबित पाए गए। इसी प्रकार मानव अधिकार आयोग के आवेदनों में सर्वाधिक आवेदन 17 जिला पंचायत के लंबित पाए गए। 
जाति प्रमाण पत्रों का निराकरण कराएं
        बैठक में जाति प्रमाण पत्रों की समीक्षा में पाया गया कि वर्तमान में जिले में कुल 28 हजार आवेदन पत्र लंबित हैं। शिक्षा विभाग द्वारा कार्य में लापरवाही बरती जा रही है। कलेक्टर ने निदेश दिए कि जाति प्रमाण पत्र के आवेदनों का त्वरित निराकरण कर लोक सेवा गारंटी केन्द्र को भिजवाए जाएं, जिससे संबंधित आवेदक को प्रमाण पत्र दिए जा सकें।
                       अजनास के आवेदनों का क्या हुआ?
        कलेक्टर ने सांसद आदर्श ग्राम में लगाए गए शिविर के दौरान प्राप्त आवेदनों के निराकरण के स्थिति की जानकारी जिला पंचायत से प्राप्त किए जाने पर आवेदनों का संतोषजनक निराकरण नहीं पाया गया। त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए। वहां गुणवत्तापूर्व नाली निर्माण के भी निर्देश दिए गए। उप संचालक पशु चिकित्सा विभाग को डेयरी के प्रकरण बनाए जाने के निर्देश दिए गए। ग्राम में शत प्रतिशत किसान क्रेडिट कार्ड एवं मछुआरा क्रेडिट कार्ड बनाए जाने के भी ‍निर्देश दिए गए। ग्रामीण योत्रिकी सेवा विभाग वहां खेल मैदान, दुकान, हाटबाजार आदि के कार्यों के लिए प्राक्कलन बनाकर प्रस्तुत करे।
बैंकों द्वारा वितरण की स्थिति बताएं
        कलेक्टर ने जिला पंचायत के अतिरिक्त कार्यापालन अधिकारी को निर्देश दिए कि जिला पंचायत की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत बैंकों द्वारा वितरित किए गए ऋण की जानकारी अविलंब उपलब्ध कराएं। योजनाओं में राशि के ओव्हर विद्ड्राल एवं रिकवरी की स्थिति की जानकारी भी दें। योजनाओं की प्रगति की जानकारी पोर्टल पर भी दर्ज की जाए, जिससे हितग्राहीवार योजनाओं की प्रगति की ऑनलाइन समीक्षा की जा सके।
मनरेगा के कार्यों की प्रगति असंतोषजनक
        कलेक्टर ने जिले में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना की समीक्षा के दौरान प्रगति असंतोषजनक पाई जाने पर जिला पंचायत को निर्देश दिए कि ई मस्टर उपयंत्रियों को जारी कर योजना के अंतर्गत कार्य कराए जाएं। कपिलधारा के अधूरे कुएं एवं तालाब पूरे कराए जाएं। इसी के साथ मेड़ बंधान एवं स्वच्छ भारत अभियान से संबधित विभिन्न कार्य कराए जाएं। जन-धन योजना के अंतर्गत भी कार्य में प्रगति लाई जाए।
अटल आश्रय योजना के लिए जमीन का आबंटन करें
        कलेक्टर ने सभी एसडीएम एवं तहसीलदारों को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्रों में अटल आश्रय योजना के अंतर्गत जमीन आबंटित करें। पहले चरण में बागली, हाटपीपल्या, खातेगांव एवं सोनकच्छ में जमीन आबंटित की जाए। मप्र हाउसिंग बोर्ड के सहायक यंत्री आर के स्वास्तिक (9425321825) को समन्वय कर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। 
वन क्षेत्रों में लगाएं सोलर हैंड पंप
        कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को निर्देश दिए कि जिले के बागली आदि वन क्षेत्रों में कुल 60 सौर ऊर्जा चलित हैंड पंप लगवाए जाएं। इसके लिए प्रस्ताव ऊर्जा विकास निगम के मुख्य अभियंता को भिजवाया जाए।
दिसम्बर तक पूर्ण रूप से बंद हो जाएगा क्षिप्रा में नालों का पानी जाना
        क्षिप्रा नदी में देवास नगर के पांच नालों का पानी गिरना रोकने के कार्य की समीक्षा के दौरान नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिए गए कि कार्य की प्रगति की जानकारी दें। निगम आयुक्त ने बताया कि कार्य के लिए टेंडर जारी हो चुका है, आगामी दिसम्बर माह तक क्षिप्रा नदी में नालों का पानी जाना पूर्णत: बंद हो जाएगा, उसमें नालों का पानी बिलकुल नहीं जाएगा, जो भी पानी उसमें जाएगा वह ट्रीटेड होगा।


क्यों नहीं प्रस्तुत की बलराम तालाबों की जांच रिपोर्ट?
        बैठक में टोंकखुर्द क्षेत्र के 218 बलराम तालाबों की जांच उपरांत रिपोर्ट जिला पंचायत द्वारा कलेक्टर को प्रस्तुत नहीं किए जाने पर, कलेक्टर द्वारा नाराजी व्यक्त करते हुए जिला पंचायत के अतिरिक्त कार्यपालन अधिकारी को निर्देश दिए गए कि रिपोर्ट 18 फरवरी तक प्रस्तुत करें। कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग द्वारा जांच किए जाने के उपरांत भी जिला पंचायत द्वारा कलेक्टर को रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं किए जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे गलत कार्य करने वालों के हौसले बुलंद होते हैं। ऐसी पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए।
क्यों नहीं बने बायो गैस संयंत्र?
        कलेक्टर ने उप संचालक कृषि से पूछा कि जिले में बायो गैस संयंत्र क्यों नहीं बन रहे, जबकि बड़ी संख्या में किसान बायो गैस संयंत्र बनवाना चाहते हैं। पूरे जिले में 500 प्रकरण बनवाकर बायोगैस संयंत्र लगवाएं। बलराम तालाबों के प्रकरण भी बनाए जाएं।
परियोजना अधिकारी को नोटिस दें
        मनरेगा योजना अंतर्गत योजना के परियोजना अधिकारी जिला पंचायत द्वारा, निर्देश दिए जाने के बावजूद भी योजना की कार्यवार एवं जनपद पंचायत वार जानकारी न दिए जाने पर, कलेक्टर ने उसको कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए जाने के निर्देश दिए।
क्रमांक 393/2164/16-02-2015
                        न रहे निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं में कोई कमी
----------------------
निर्वाचन संबंधी बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश
               देवास 16 फरवरी 2015/ जिले में पंचायतों की तीसरे चरण के निर्वाचन में विकासखंड बागली, कन्नौद एवं खातेगांव के अंतर्गत जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्य, सरपंच एवं पंचों के निर्वाचन संपन्न होने हैं। निर्वाचन की तैयारियों में किसी प्रकार की कमी न रहे, यह समस्त अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अपने क्षेत्रों में सुनिश्चित करलें। गत चरण में सोनकच्छ अनुभाग में वाहनों की अव्यवस्था रही थी, यह स्थित इस बार नहीं होनी चाहिए।
        कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने आज सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में संपन्न निर्वाचन संबंधी तैयारियों की बैठक में उक्त्‍ निदे्रश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री प्रबल सिपाहा, निगम आयुक्त श्री हिमांशु सिंह, समस्त जिला अधिकारी, समस्त एसडीएम, तहसीलदार तथा सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
जहां तनाव हो मतगणना न कराएं
        कलेक्टर ने निर्देश दिए कि 22 फरवरी को मतदान के पश्चात पंच एवं सरपंच की मतदान केन्द्रों पर गणना का कार्य उन मतदान केन्द्रों पर नहीं कराया जाए, जहां किसी भी प्रकार के तनाव की स्थित हो। उन केन्द्रों की मतगणना का कार्य नियत दिनांक को विकासखंड मुख्यालय पर कराया जाएगा। यदि कहीं पुर्नमतगणना की स्थिति बनती है, तो पुलिस फोर्स पहुंचने के बाद ही पुर्नमतगणना कराई जाए।
कप्युनिकेशन प्लान सही हो, त्वरित हो सूचनाओं का संप्रेषण
        कलेक्टर ने निर्देश दिए कि निर्वाचन के दौरान सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए कम्युनिकेशन प्लान सही हो, तथा उस पर पूरा अमल किया जाए। हर विकासखंड मुख्यालय पर एक कम्युनिकेशन कक्ष हो, जिससे जिला स्तरीय निर्वाचन कंट्रोल रूम पर सूचनाएं सतत् रूप से भिजवाई जाएं। गत निर्वाचन में सूचनाओं के संप्रेषण में बहुत कमी रही थी, टोंकखुर्द एवं देवास से सूचनाएं प्राप्त होने में अत्यधिक विलंब हुआ, इस बार ऐसा नहीं होना चाहिए।

मशीनों की कमीशनिंग पर दें विशेष ध्यान
        कलेक्टर ने निर्देश दिए कि निर्वाचन के लिए ईवीएम तैयार किए जाने के कार्य पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे मशीनों में किसी प्रकार की त्रुटि नहीं रहे। इस संबंध में संबंधित एसडीएम स्वयं मॉनीटरिंग करें। कार्य समय से पूरा करा लिया जाए। एसडीएम निर्वाचन कार्य की वीडियोग्राफी भी करवाएं।
19 को मैराथन बैठक
        कलेक्टर ने बताया कि 19 फरवरी को जिला पंचायत के सभाकक्ष में दोपहर 12.30 बजे से निर्वाचन संबधी बैठक का आयोजन किया जाएगा। बैठक में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के अलावा सभी एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार, थानेदार, सैक्टर अधिकारी आदि उपस्थित रहेंगे।
क्रमांक 394/2165/16-02-2015



जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥

बैस्ट रिपोर्टिंग, फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी के लिए दिए जाएंगे तीन-तीन पुरस्कार
----------------------
प्रतिभाशाली लेखकों, रिपोर्टर्स, वीडियोग्राफर्स एवं फोटोग्राफर्स से प्रविष्टि आमंत्रित

               देवास 16 फरवरी 2015/ देवास नगर में औलंपिक ग्राउण्ड पर आगामी 18 फरवरी तक चलने वाले देवास महोत्सव के अंतर्गत आयोजित हो रहे विभिन्न कार्यक्रमों एवं प्रदर्शनी आदि की बैस्ट रिपोर्टिंग, आलेखन, फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी के लिए जिला प्रशासन द्वारा तीन-तीन पुरस्कार दिए जाएंगे। इसके लिए जिले के प्रतिभाशाली लेखकों, रिपोर्टर्स, वीडियोग्राफर्स एवं फोटोग्राफर्स से प्रविष्टियां आमंत्रित की गई हैं।
       अपर कलेक्टर श्री प्रबल सिपाहा ने बताया कि तीनों विधाओं लेखन, फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी में सर्वश्रेष्ठ प्रविष्टियों को पृथक-पृथक प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदाय किए जाएंगे। प्रथम पुरस्कार 5 हजार रूपये का, दूसरा पुरस्कार 3 हजार रूपये का तथा तीसरा पुरस्कार 2 हजार रूपये का होगा।
ये होंगी शर्तें
       पुरस्कार के लिए दी जाने वाली  प्रविष्टियां मेले को सृजनात्मक एवं विभिन्न आयामों से प्रस्तुत करने वाली होनी चाहिएं। फोटोग्राफ एवं वीडियोग्राफ सीडी में प्रस्तुत किए जाएं। संख्या का बंधन नहीं होगा। फोटोग्राफ्स का रिजोल्यूशन 5 एमबी से कम नहीं होना चाहिए।
25 फरवरी एवं 2 मार्च तक प्रविष्टियां दें
       आलेख एवं फोटोग्राफ्स 2 मार्च तक कार्यालय, उप संचालक, जनसंपर्क, चामुण्डा कॉम्प्लैक्स, प्रथम तल में  जमा करवाए जा सकते हैं। वीडियोग्राफ्स 25 फरवरी तक जमा करवाए जा सकते हैं।    विजेताओं के आलेख एवं फोटोग्राफर्स को देवास महोत्सव की प्रकाशित होने वाली स्मारिका में स्थान दिया जाएगा। चयनित प्रविष्टियों पर जिला प्रशासन का पूरा अधिकार होगा।
क्रमांक 395/2166/16-02-2015




जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
सेक्टर अधिकारियों की ड्यूटी में संशोधन
     देवास 16 फरवरी 2015/ त्रि-स्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन 2014-15 के अंतर्गत जिले में होने वाले तृतीय चरण के निर्वाचन के लिए कलेक्‍टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आशुतोष अवस्थी द्वारा सेक्टर अधिकारियों की ड्यूटी में आंशिक संशोधन किया गया है।
     संशोधित आदेश अनुसार जनपद पंचायत खातेगांव के निर्वाचन सेक्टर क्रमांक 23 में पूर्व नियुक्त अधिकारी श्री एसके श्रृंगी उप क्षेत्रीय प्रदुषण नियंत्रण बोर्ड देवास के स्थान पर श्री जगदीश पटेल, वन क्षेत्रपाल वन मंडल बागली को नियुक्त किया गया है। सेक्टर क्रमांक 8 पर पूर्व में नियुक्त श्री यशोजीतसिंह परमार, वन क्षेत्रपाल बागली के स्थान पर श्री रमेशसिंह भदौरिया, वरिष्ठ उपपंजीयक देवास को नियुक्त किया गया है।
      जनपद पंचायत बागली निर्वाचन के सेक्टर क्रमांक 01 में पूर्व नियुक्त सेक्टर अधिकारी श्री मेहरबानसिंह, सहायक सांख्यिकी अधिकारी आय.सी.डी.सी. बागली के स्थान पर श्री सरस्वती जाधव परियोजना अधिकारी महिला बाल विकास परियोजना बागली, सेक्टर क्रमांक 10 में श्री जयदेश जोसफ, परियोजना अधिकारी महिला बाल विकास बागली के स्थान पर डॉ. मोहम्मद अब्बास, सहायक संचालक कृषि देवास, सेक्टर क्रमांक 13 में श्री सलीम अहमद मंसूरी, वन क्षेत्रपाल वन मंडल बागली के स्थान पर डॉ. विजय शर्मा, व्ही.ई.ओ जनपद पंचायत बागली तथा सेक्टर क्रमांक 23 में श्री सरस्वती जाधव परियोजना अधिकारी महिला बाल विकास परियोजना अधिकारी बागली के स्थान पर श्री डीएल सांवले, अंकेक्षण अधिकारी सहकारिता देवास को सेक्टर अधिकारी नियुक्त किया गया है।
     जनपद पंचायत कन्नौद के निर्वाचन सेक्टर क्रमांक 06 में पूर्व में नियुक्त श्री केएस चौहान अनुविभागीय अधिकारी महिला बाल विकास परियोजना बागली के स्थान पर श्री केएस राजपूत सहायक संचालक शिक्षा विभाग, सेक्टर क्रमांक 18 में डॉ. भारती वर्मा, सहायक शल्यज्ञ पशु चिकित्सा लोहारदा के स्थान पर श्री डीए बाल्के, अंकेक्षण अधिकारी सहाकरिता देवास को तथा सेक्टर क्रमांक 19 में डॉ. मोहम्मद अब्बास, सहायक संचालक कृषि देवास के स्थान पर  श्री छोटेसिंह तोमर, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी देवास को सेक्टर अधिकारी नियुक्त किया गया है।
क्रमांक 396/2167/16-02-2015



जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
रिजर्व सेक्टर अधिकारी नियुक्त किए गए
      देवास 16 फरवरी 2015/ त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2014-15 के लिए जनपद पंचायत बागली, कन्नौद एवं खातेगांव क्षेत्र में होने वाले तृतीय चरण के मतदान के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आशुतोष अवस्थी ने रिजर्व सेक्टर अधिकारियों की नियुक्ति की है।
     जारी आदेश अनुसार जनपद पंचायत बागली के लिए श्री जयदेश जोसफ, परियोजना अधिकारी महिला बाल विकास बागली, खातेगांव जनपद पंचायत के लिए श्रीमती उमा भारती सहायक संचालक कार्यालय, उप संचालक कृषि देवास तथा कन्नौद जनपद पंचायत के लिए श्री मेहरबान सिंह, सहायक सांख्यिकी अधिकारी आई.सी.डी.सी. बागली को रिजर्व सेक्टर अधिकारी नियुक्त किया गया है।  
क्रमांक 397/2168/16-02-2015

मतदान सामग्री वितरण/वापसी के पर्यवेक्षण के लिए अधिकारी नियुक्त
       देवास 16 फरवरी 2015/ त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2014-15 के लिए आयोग द्वारा जारी आदेश अनुसार जिले में तृतीय चरण में विकासखंड बागली, कन्नौद एवं खातेगांव में 22 फरवरी को मतदान सम्पन्न होना है। मतदान के लिए 21 फरवरी को मतदान दलों को खंड मुख्यालय से सामग्री वितरण की जाकर मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा।
      कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आशुतोष अवस्थी ने सामग्री वितरण, मतदान केंद्र पर की जाने वाली मतगणना तथा सामग्री जमा करने की कार्रवाई कार्य के पर्यवेक्षण के लिए अधिकारियों को नियुक्त किया है। तहसील कन्नौद क्षेत्र में आने वाले जनपद पंचायत क्षेत्र के लिए श्री एएन अरोरा अनुविभागीय अधिकारी कन्नौद, सतवास तहसील के लिए श्रीमती अंजली जोसफ, अनुविभागीय अधिकारी सोनकच्छ को, विकासखंड खातेगांव के जनपद पंचायत वार्ड क्रमांक 01 से 10 तक के लिए श्री अशोक व्यास अनुविभागीय अधिकारी को, वार्ड क्रमांक 11 से 23 तक के लिए श्री चंदरसिंह सोलंकी डिप्टी कलेक्टर देवास को, तहसील उदयनगर के लिए श्रीमती वर्षा भूरिया, अनुविभागीय अधिकारी बागली को तथा तहसील बागली एवं हाटपीपल्या के लिए श्री धीरज श्रीवास्तव अनुविभागीय अधिकारी देवास को नियुक्त किया गया है।
क्रमांक 398/2169/16-02-2015
        जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
थोड़े भी लक्षण दिखें तो तुरंत उपचार चालू करें
स्वाइन फ्लू संबंधी वीसी में प्रमुख सचिव ने कहा
       देवास, 16 फरवरी 2015/ स्वाइन फ्लू के थोड़े भी लक्षण दिखने पर  उपचार चालू करें। इसके अंतर्गत टैमी फ्लू की गोली दी जाती है, जो शासकीय अस्पतालों में पर्याप्त मात्रा में  उपलब्ध है। सर्दी-खांसी को हल्के में न लें तथा तुरंत चिकित्सकों दिखाकर इलाज कराएं।
        प्रमुख सचिव स्वास्थ्य श्री प्रवीर कृष्ण ने आज सोमवार को भोपाल  से वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से यह बात कही। देवास जिला मुख्यालय पर वीसी में कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी, सीएमएचओ डॉ. एके दीक्षित, सिविल सर्जन डॉ. विद्या वेल्हरणकर आदि उपस्थित थे।
देवास में एक की मृत्यु
        वीसी में बताया गया कि पूरे प्रदेश में अभी तक 300 व्यक्तियों में स्वाइन फ्लू के पाए गए है, जिनमें 76 की मृत्यु हो चुकी है। देवास में स्वाइन फ्लू से अभी तक 1 व्यक्ति की मृत्यु हुई है। इंदौर में स्वाइन फ्लू का सर्वाधिक प्रभाव है। पूरे प्रदेश में 115 व्यक्तियों को ठीक कर अस्पतालों से वापस भेजा गया है।
                     जिनके सैम्पल लिए जाएं, उन्हें टैमी फ्लू दें
        प्रमुख सचिव ने बताया कि जिन मरीजों में स्वाइन फ्लू के थोड़े भी लक्षण दिखें तो तुरंत उसकी जांच के लिए सेम्पल लें तथा तुरंत उसे टैमी फ्लू की गोली प्रारंभ कर दें। रिपोर्ट आने का इंतजार करें। इस गोली का कोई विपरीत असर नहीं है। इस बीमारी का एक प्रमुख लक्षण सर्दी-खांसी के साथ सांस लेने में तकलीफ होना है। जब ऑक्सीजन का सैचुरेशन 95 से कम हो जाए, तो मरीज पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
निजी अस्पतालों को भी अधिकृत करें
        प्रमुख सचिव ने निर्देश दिए कि जिन निजी अस्पतालों में इलाज की सुविधा हो, उन्हें आवश्यक दवाएं आदि प्रदान कर स्वाइन फ्लू के उपचार के लिए अधिकृत किया जाए।
                          हैल्प लाइन नंबर पर कॉल करें
        स्वाइन फ्लू संबंधी जानकारी के लिए हैल्प लाइन नंबर 104 पर कॉल करें। देवास जिले के लिए हैल्प लाइन नंबर 07272-254828, 254737 तथा मोबाइन नंबर 9425353552 हैं।
ये सावधानियां एवं उपाय करें
·         48 घंटे के अंदर उपचार लें।
·         सर्दी-जुकाम होने पर घर पर ही रहें, भीड़भाड़ वाले इलाकों में न जाएं। घर पर आराम करें।
·         डायबिटीज, हार्ट तथा बीपी के मरीज विशेष सावधानियां रखें।
·         मास्क का प्रयोग करें।
·         चिकित्सक एवं चिकित्सा कार्य में लगे व्यक्तियों को स्वाइन फ्लू रोधी वैक्सीन लगाया जाए।
क्रमांक 399/2170/16-02-2015
देवास बायपास का टोल प्लाजा बंद
       देवास, 16 फरवरी 2015/ देवास बायपास पर जिला जेल के पास संचालित टोल प्लाजा की टोल वसूली की समयावधि पूर्ण हो जाने के कारण इसे 17 फरवरी मंगलवार रात 12 बजे से बंद कर दिया जाएगा। इस संबंध में कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग द्वारा आदेश जारी कर दिए गए हैं। यह टोल प्लाजा बीओटी योजना के अंतर्गत देवास बायपास मार्ग पर उज्जैन की ओर से 11 किमी पर बनाया गया।
क्रमांक 400/2171/16-02-2015

महाशिवरात्रि पर बिलावली मंदिर पर यातायात व्यवस्था
       देवास, 16 फरवरी 2015/ महाशिवरात्रि के पर्व पर 17 फरवरी को बिलावली मंदिर पर यातायात व्यवस्था मैं दो /चार पहिया वाहनों की पार्किंग व्यवस्था बिलावली मंदिर के सामने रोड के उस पार खाली पड़े मैदान में रखी गई है। यातायात प्रभारी श्री उमाकांत चौधरी ने बताया कि विक्रमादित्य वन रोपणी के सामने मैदान में मैजिक वाहनों का स्टैंड प्रवेश एवं निर्गम गेट बनाया गया है। जो सभी श्रद्धालु जो मैजिक से आएंगे वह पुनः दर्शन के बाद मैजिक स्टैंड से ही वापस बैठकर जाएंगे। मैजिक स्टैंड से मैजिक सवारी लेकर शहर में उनके गंतव्य स्थाना पर छोड़ेंगी। मैजिक बीच रोड पर सवारी नहीं बैठायेगी और ना ही उतारेगी। आने जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए उक्त व्यवस्था की गई है।         
क्रमांक 401/2172/16-02-2015
देवास महोत्सव में आज नाटक, नसतरंग एवं भांगड़ा नृत्य
देवास 16 फरवरी 2015/ पयर्टन पखवाड़े के अंतर्गत ओलम्पिक ग्राउंड देवास में आयोजित हो रहे देवास  महोत्सव के अंतर्गत 17 फरवरी मंगलवार को सायं सांस्कृतिक कार्यक्रम में नाटक, नसतरंग वादन एवं भांगड़ा नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी।
      कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत अभिनव रंग मंडल उज्जैन द्वारा सायं 8.00 बजे से नाटक कोर्ट मार्शल की प्रस्तुति दी जाएगी। मेले में आयोजित कार्यक्रमों का अधिक से अधिक आनंद लेने का आग्रह किया गया है।
क्रमांक 402/2173/16-02-2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
रामेश्वर जाने के लिए 5 मार्च तक आवेदन करें
जिले को 201 सीटों का कोटा आवंटित
       देवास, 16 फरवरी 2015/मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत देवास जिले के तीर्थयात्रियों को रामेश्वर तीर्थ यात्रा पर ले जाने के लिए 19 मार्च 2015 से 24 मार्च 2015 तक अवधि निर्धारित की गई हैं। इस तीर्थ यात्रा के लिए जिले को 201 सीटों का कोटा आवंटित किया गया है। यात्रा पर जाने के लिए आवेदन देने की अंतिम तिथि 5 मार्च 2015 निर्धारित की गई है। कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने जिले के नागरिकों से  इस योजना का लाभ लेने को कहा है।
आवेदन करने की प्रक्रिया
       मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का लाभ लेने के इच्छुक व्यक्ति जो मध्यप्रदेश के मूल निवासी हैं, जिनकी आयु 60 वर्ष से अधिक है एवं आयकरदाता नही हैं तथा जिन्होंने योजना के अंतर्गत पूर्व में तीर्थ यात्रा नहीं की हो, वे निर्धारित प्रारूप में आवेदन दो प्रतियों में कलेक्टर कार्यालय अथवा संबंधित तहसील कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं। आवेदन पत्र हिन्दी में ही भरा होना चाहिए। आवेदन के साथ 3.5x3.5 सेंटीमीटर आकार का नवीनतम फोटो, निवास संबंधी साक्ष्य के रूप में राशनकार्ड, ड्रायविंग लाइसेंस, विद्युत देयक, मतदाता पहचान पत्र में से किसी एक दस्तावेज तथा आयु संबंधी दस्तावेज की छायाप्रति संलग्न करना आवश्यक होगा।
आवेदकों का चयन
       जिले को आबंटित निर्धारित कोटे से ज्यादा संख्या मे आवेदन मिलते हैं, तो लाटरी द्वारा तीर्थ यात्रियों का चयन किये जाकर सूची बनाई जाएगी। कोटे से 10 प्रतिशत अतिरिक्त व्यक्तियों की प्रतीक्षा सूची भी बनाई जाएगी।
सहायक की सुविधा
       मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत 65 साल से ज्यादा उम्र वाले तीर्थयात्रियों के साथ एक सहायक भी जा सकेगा। पति-पत्नी के साथ यात्रा करने पर सहायक ले जाने की सुविधा नही रहेगी। सहायक का आवेदन भी आवेदक के साथ ही जमा किया जाएगा।
क्रमांक 403/2174/16-02-2015


जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
प्रेरणा अभियान के अंतर्गत 120 नसबंदी ऑपरेशन किए
देवास 16 फरवरी 2015/  प्रेरणा अभियान के अंतर्गत आज सोमवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा 120 नसबंदी ऑरेशन किए गए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एके दीक्षित ने बताया कि जिले में वर्ष 2014-15 के अंतर्गत 13,100 नसबंदी ऑपरेशन का लक्ष्य दिया गया था। जिले स्वास्थ्य विभाग द्वारा 7190 नसबंदी ऑपरेशन किए जा चुके है।
     डॉ. दीक्षित ने बताया कि अभी तक देवास शहरी क्षेत्र में 1519, सोनकच्छ ब्लॉक में 728, बागली ब्लॉक  में 1689, देवास ग्रामीण बरोठा ब्लॉक में 963, टोंकखुर्द ब्लॉक में 635, खातेगांव में 885 एवं सतवास में 771 नसबंदी ऑपरेशन किए गए।
35 शिविर आयोजित किए जाएंगे
     18 फरवरी से 28 फरवरी तक 35 नसबंदी शिविरों का आयोजन किया जाएगा। प्रत्येक शिविर में 50 नसबंदी ऑपरेशन का लक्ष्य रखा गया है। तय तारीख अनुसार 18 फरवरी को जिला चिकित्सालय देवास, सा.स्वास्थ्य केंद्र टोंकखुर्द एवं सोनकच्छ में डॉ. डी के तिवारी, 19 फरवरी को बागली, उदयनगर, हाटपीपल्या में डॉ. महाडिक, 20 फरवरी को सतवास, खातेगांव एंव कन्नौद में डॉ. मोहन सोनी, 21 फरवरी को जिला चिकित्सालय देवास, टोंकखुर्द एवं सोनकच्छ में डॉ. तिवारी, 26 फरवरी को बागली, उदयनगर तथा हाटपीपल्या में डॉ. महाडिक, 27 फरवरी को  सतवास, खातेगांव एवं कन्नौद में डॉ. मोहन सोनी एवं 28 फरवरी को जिला चिकित्सालय देवास, सोनकच्छ, सतवास, खातेगांव, कन्नौद, बरोठा, टोंकखुर्द में डॉ. एलएम पंत द्वारा नसबंदी ऑपरेशन किया जाएगा।
स्वाइन फ्लू की दवाइयां पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध
     सीएमएचओ ने बताया कि में अभी तक संभावित फ्लू बी. श्रेणी केस के कुल 38 सेम्पल भेजे गए है, जिसमें से 3 मरीज स्वाइन फ्लू केस के पॉजिटिव पाए गए। जिला अस्पताल में स्वाइन फ्लू के 2 भर्ती मरीज स्वास्थ्य होने के पश्चात डिस्चार्ज किए गए हैं, जिन्हें आराम करने की सलाह दी गई है, 1 मरीज का उपचार इंदौर में चल रहा है, जिसकी स्थिति सामान्य है। अस्पताल में स्वाइन फ्लू की दवाईयां पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।
क्रमांक 404/2175/16-02-2015
    


No comments:

Post a Comment