Friday, 21 November 2014

21 नवंबर 2014                  जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास समाचार
जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
बहुत गंदगी है, कैसे रहती हैं बच्चियां
------------------
कन्या छात्रावास खातेगांव का कलेक्टर ने निरीक्षण किया
----------
नेमावर एवं खातेगांव में किया मतदान केन्द्रों का भ्रमण
          देवास 21 नवंबर 2014/ यहां तो बहुत गंदगी है, नालियां भरी हैं, सीवर लाइन का पानी फर्श पर फैल रहा है, नल लीक कर रहे हैं, पानी का फिल्टर खराब पड़ा है, कमरों में रौशनी अपर्याप्त है, सोने के कमरे में प्राकृतिक हवा और प्रकाश की कोई व्यव्‍स्था नहीं है तथा एक पंखा भी खराब है, अध्ययन कक्ष में जाली नहीं होने से मच्छर बच्चों को काट रहे हैं। ऐसी गंदगी और बुरे हाल में बच्चियां यहां कैसे रहती हैं। क्या आपको और आपके जिला अधिकारी को इनकी बिल्कुल परवाह नहीं है।
     कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आशुतोष अवस्थी ने आज शुक्रवार को जब जिला शिक्षा केन्द्र द्वारा खातेगांव में संचालित कन्या छात्रावास की यह हालत देखी, तो अत्यधिक नाराजी जाहिर करते हुए वहां की अधीक्षिका से यह प्रश्न किया।
5 दिन में व्यवस्था नहीं सुधरी तो सबके विरूद्ध कार्रवाई
     कलेक्टर ने छात्रावास की अधीक्षिका को चेतावनी दी कि अगले 5 दिन में छात्रावास के हालात सुधर जाने चाहिएं, अन्यथा आपके और आपके जिला अधिकारी जिला समन्वयन सर्व शिक्षा अभियान कुशवाह सहित संबंधित सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
10 लाख रूपये उपलब्ध फिर भी लापरवाही
     कलेक्टर ने जब छात्रावास की कैश बुक देखी तो उसमें 10 लाख रूपये की शेष राशि पाई गई। इस पर उन्होंने कहा कि जब छात्रावास में फंड उपलब्ध है उसके बाद भी कार्य क्यों नहीं कराते। उन्होंने निर्देश दिए कि वहां स्वच्छ पानी के लिए एक्वा गार्ड, हर कमरे में पर्याप्त बल्व, ट्यूब लाइट, पंखे, बाथरूम एवं हाथ धोने के स्थान पर टाइल्स, खिड़कियों में मच्छर जाली आदि लगवाई जाएं।
ये दरवाजा कहां जाता है
     होस्टल के निरीक्षण के दौरान जब कलेक्टर ने सामने की ओर दांई तरफ एक बंद दरवाजे की ओर इशारा करके पूछा कि यह दरवाजा कहां खुलता है, तो अधीक्षिका के पास कोई उत्तर नहीं था। जब कलेक्टर ने सख्त लहजे में पूछा तो बताया गया कि पास के मकान मालिक ने दरवाजा बनाकर होस्टल से आने जाने का अवैध रास्ता खोल लिया है। इस पर कलेक्टर द्वारा घोर नाराजी व्यक्त की गई। उन्होंने पूछा कि लड़कियों के होस्टल से निजी व्यक्ति के घर के लिए दरवाजा किसने बनने दिया। उन्होंने एसडीएम श्री व्यास को निर्देश दिए कि सुबह तक ये दरवाजा चिनाई कर बंद करवा दिया जाए।

मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया
     कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा इसके पूर्व नेमावर एवं खातेगांव में मतदान केन्द्रों, स्ट्रांग रूम, मतगणना स्थल आदि का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं संबंधी निर्देश दिए गए। खातेगांव में क्रिटिकल मतदान केन्द्रों पर जाकर अधिकारीद्य द्वारा प्रशासन एवं पुलिस की व्यवस्थाओं को देखा गया। पुलिस अधीक्षक ने इन केन्द्रों पर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश दिए।
क्रमांक 111/1710/21-11-14

लंबित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक 24 नवंबर को
     देवास, 21 नवंबर 2014/ लंबित समयावधि पत्रों की बैठक का आयोजन 24 नवंबर सोमवार को प्रातः 10.30 बजे से कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी की अध्यक्षता में किया जाएगा। कलेक्टर ने सर्वसंबंधितों को आवश्यक जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
क्रमांक 112/1711/21-11-14

 





जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
नगरीय निकाय आम निर्वाचन 2014

जिले में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान के लिए अधिकारी व पुलिस अधिकारी नियुक्त
     देवास, 21 नवंबर 2014/ जिले में नगरीय निकाय आम निर्वाचन 2014 के अंतर्गत आगामी 28 नवंबर एवं 2 दिसंबर मतदान होगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आशुतोष अवस्थी ने मतदान शांतिपूर्ण एवं सूचारू रूप से सम्पन्न कराने तथा कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए कार्यपालिक दंडाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
     जारी आदेश अनुसार 28 नवंबर 2014 को प्रथम चरण के अन्तर्गत देवास नगर पालिक निगम सम्पूर्ण क्षेत्र के लिए एसडीएम देवास श्री धीरज श्रीवास्तव तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री टीएस बघेल को नियुक्त किया गया है। इसी तरह नगर पालिक निगम देवास के वार्ड क्रमांक 1 से 15 तक के लिए तहसीलदार श्री एलके खरे तथा‍ बैंक नोट प्रेस थाना प्रभारी श्री आरडी मिश्रा, वार्ड क्रमांक 16 से 30 के लिए तहसीलदार श्री नरेंद्र बाबू यादव एवं थाना प्रभारी कोतवाली श्री गौतम, वार्ड क्रमांक 31 से 45 के लिए नायब तहसीलदार श्री लवनीत कोरी एवं थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र श्री राजीवसिंह भदौरिया को नियुक्त किया गया है। नायब तहसीलदार श्रीमती रेखा सचदेव तथा रक्षित निरीक्षक देवास श्री मुकेश दीक्षित रिजर्व में रहेंगे।
नगर पंचायत के लिए अधिकारी
     खातेगांव नगर पंचायत के अन्तर्गत एसडीएम खातेगांव श्री अशोक व्यास तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कन्नौद श्री हरीश शर्मा को सम्पूर्ण खातेगांव क्षेत्र के लिए नियुक्त किया गया है। खातेगांव के वार्ड क्रमांक 1 से 7 के लिए कन्नौद तहसीलदार श्री राजेंद्र गुहा तथा थाना प्रभारी सतवास श्री टीएस तोमर, वार्ड क्रमांक 8 से 15 के लिए सतवास तहसीलदार श्री राजाराम करजरे तथा थाना प्रभारी श्री तहजीब काजी को नियुक्त किया गया है। इसी तरह बागली नगर पंचायत के अन्तर्गत एसडीएम श्रीमती वर्षा भूरिया तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री हरीश मोटवानी को सम्पूर्ण नगर के लिए नियुक्त किया है।
     वार्ड क्रमांक 1 से 7 तक के लिए उदयनगर तहसीलदार श्री ब्रहृमस्वरूप श्रीवास्तव तथा थाना प्रभारी बागली श्री बीएस गोरे, वार्ड क्रमांक 8 से 15 के लिए हाटपीपल्या तहसीलदार श्रीमती राधा महंत एवं थाना प्रभारी हाटपीपल्या श्री संजय मंडलोई को नियुक्त किया गया है। सोनकच्छ नगर पंचायत के सम्पर्ण क्षेत्र के लिए सोनकच्छ एसडीएम श्रीमती अंजली जोसेफ एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सोनकच्छ श्री बीएस कदम को नियुक्त किया गया है। वार्ड क्रमांक 1 से 7 तक के लिए टोंकखुर्द तहसीलदार श्री केएल तिलवारी एवं थाना प्रभारी पीपलरावां श्री राकेश शंखवार, वार्ड क्रमांक 8 से 15 के लिए नायब तहसीलदार सोनकच्छ श्री जितेंद्र वर्मा तथा थाना प्रभारी टोंकखुर्द श्री एलएन मालवीय को नियुक्त किया गया है।

द्वितीय चरण के लिए अधिकारी किए नियुक्त्‍

     जिले में 2 दिसंबर को दूसरे चरण अन्तर्गत एसडीएम सोनकच्छ श्रीमती अंजली जोसेफ एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सोनकच्छ श्री बीएस कदम को सम्पूर्ण नगर परिषद भौंरासा क्षेत्र के लिए नियुक्त्‍ किया है। वार्ड क्रमांक 1 से 7 तक के लिए सोनकच्छ नायब तहसीलदार श्री जितेंद्र वर्मा तथा भौंरासा थाना प्रभारी श्रीमती राममूर्त, वार्ड क्रमांक 8 से 15 के लिए टोंकखुर्द तहसीलदार श्री केएल तिलवारी एवं सोनकच्छ थाना प्रभारी श्री यशवंतसिंह को नियुक्त किया गया है। हाटपीपल्या व करनावद नगर परिषद के सम्पूर्ण क्षेत्र के लिए बागली एसडीएम श्रीमती वर्षा भूरिया एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस बागली श्री हरीश मोटवानी को नियुक्त किया है। नगर परिषद हाटपीपल्या के वार्ड क्रमांक 1 से 15 तक तहसीलदार हाटपीपल्या श्रीमती राधा महंत एवं हाटपीपल्या थाना प्रभारी श्री संजय मंडलोई को नियुक्त किया है। नगर परिषद करनावद के वार्ड क्रमांक 1 से 15 तक के लिए उदयनगर तहसीलदार श्री ब्रह्मस्वरूप श्रीवास्वत तथा थाना प्रभारी बागली बीएस गोरे को नियुक्त किया है। नगर परिषद कन्नौद, सतवास, कांटाफोड़, लोहारदा सम्पूर्ण क्षेत्र के लिए कन्नौद एसडीएम श्री एएन अरोरा एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कन्नौद श्री हरीश शर्मा को नियुक्त किया है। नगर परिषद कन्नौद के वार्ड क्रमांक 1 से 15 तक के लिए कन्नौद तहसीलदार श्री राजेंद्र गुहा एवं थाना प्रभारी कन्नौद को नियुक्त किया है।

      कन्नौद कंट्रोल रूम के लिए देवास तहसीलदार श्री एलके खरे तथा थाना प्रभारी उदयनगर श्री दिलीप जोशी को नियुक्त किया है। नगर परिषद कांटाफोड़ के वार्ड क्रमांक 1 से 15 के लिए चिड़ावद नायब तहसीलदार श्रीमती दर्शनीसिंह एवं कांटाफोड़ थाना प्रभारी सीएल कटारे को नियुक्त किया है। सतवास नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 1 से 15 के लिए सतवास तहसीलदार श्री राजाराम करजरे तथा थाना प्रभारी सतवास श्री टीएस तोमर को नियुक्त किया है। नगर परिषद लोहारदा के वार्ड क्रमांक 1 से 15 तक के लिए बागली तहसीलदार श्री एसआर कनासे एवं खातेगांव थाना प्रभारी तहजीब काजी को नियुक्त किया है। नेमावर नगर परिषद के सम्पूर्ण क्षेत्र के लिए एसडीएम खातेगांव श्री अशोक व्यास तथा थाना प्रभारी नेमावर श्री ईश्वरसिंह चौहान को नियुक्त किया है । वार्ड क्रमांक 1 से 15 तक के लिए खातेगांव तहसीलदार श्री सीएस  सोलंकी एवं थाना प्रभारी श्री राकेश शंखवार को नियुक्त किया है।

क्रमांक 113/1712/21-11-14

 

सीएसडी केंटीन अब 28 नवंबर को आयेगी
     देवास 21 नवंबर 2014/ जिले के भूतपूर्व सैनिकों, सैनिक विधवाओं एवं उनके आश्रितों के लिए स्टेशन हेड क्वाटर्स महू से 22 नवंबर को आने वाली सीएसडी केंटीन अब आगामी 28 नवंबर को आयेगी।
     जिला सैनिक कल्याण संयोजक श्री एसएस व्यास ने बताया कि सीएसडी केंटीन 28 नवम्बर को प्रातः 9.30 बजे स्थानीय विश्राम गृह भोपाल चैराहा पर आयेगी। केंटीन से सेंटर स्मार्ट कार्ड धारकों को ही सामान दिया जायेगा। उन्होंने जिले के भूतपूर्व सैनिकों, सैनिक विधवाओं एवं उनके आश्रितों से आग्रह किया है कि वे सेंटर स्मार्ट कार्ड अपने साथ अवश्य लायें।
क्रमांक 114/1713/21-11-14






जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥

त्रुटिहीन हों निर्वाचन संबंधी सभी कार्य
------------------
कलेक्टर एवं एसपी ने किया हाटपीपल्या, करनावद, बागली आदि क्षेत्रों का भ्रमण
    
     देवास 21 नवंबर 2014/ जिले में नगरीय निकाय निवार्चन के अंतर्गत्‍ मतदान, मतगणना आदि संबंधी सभी निर्वाचन कार्य पूर्ण रूप से त्रुटिहीन एवं राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप हों। सभी मतदान केन्द्रों पर अच्छी सुरक्षा व्यवस्था हो तथा क्रिटिकल मतदान केन्द्रों पर विशेष ध्यान दिया जाए।
     कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आशुतोष अवस्थी एवं पुलिस अधीक्षक श्री अभय सिह ने आज शुक्रवार को जिले के हाटपीपल्या, करनावद, कांटाफोड़, लोहारदा, बागली, सतवास आदि नगरीय निकायों में मतदान केन्द्रों एवं मतगणना स्थल के निरीक्षण के दौरान ये निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम बागली श्रीमती वर्षा भूरिया/ एसडीएम कन्नौद श्री एएन अरोरा, संबंधित रिटर्निंग अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
अच्छी हों व्यवस्थाएं
     कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा शासकीय स्नातक महाविद्यालय हाटपीपल्या में, जहां कि मतगणना स्थल बनाया जा रहा है, निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने निर्देश दिए कि मतगणना संबंधी सभी व्यवस्थाएं श्रेष्ठ हों। हाटपीपल्या नगरीय निकाय के लिए मतों की गणना का कार्य 6 दिसंबर को होगा।
बिजली का कार्य पूर्ण कराएं
     कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा हाटपीपल्या में तहसीलदार कार्यालय के नव निर्मित भवन में बिजली का कार्य अधूरा होने से निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए कि वहां बिजली का कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा कार्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया।

छात्रावास अधीक्षकों को दें राशि
     हाटपीपल्या में शासकीय अनुसूचित जाति प्रीमैट्रिक छात्रावास के भवन में रंगाई पुताई नहीं होने तथा भवन का सही रखरखाव एवं संधारण नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण को निर्देश दिए कि छात्रावास में मरम्मत एवं रंगाई पुताई का कार्य कराया जाए। इसके साथ ही जिले के समस्त छात्रावास अधीक्षकों को 15-15 हजार रूपये की राशि दी जाए, जिससे छात्रावासों में आवश्यकता अनुसार मरम्मत एवं अन्य कार्य कराए जा सकें।

यहां विशेष ध्यान दें
     कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा उत्कृष्ट विद्यालय हाटपीपल्या में बनाए गए मतदान केन्द्रों के निरीक्षण के दौरान निर्देश दिए कि उस क्षेत्र में नगर के 7 मतदान केन्द्र आसपास होने से वहां विशेष ध्यान दिया जाए। पुलिस की यहां पुख्ता व्यवस्था रहे।
डीपीसी को नोटिस दें
     कलेक्टर द्वारा करनावद में शासकीय माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए मतदान केन्द्र, स्ट्रांग रूम एवं मतगणना केन्द्र के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि वहां पुताई ढंग से नहीं कराई गई है तथा विद्यालय के अतिरिक्‍त कक्ष का निर्माण कार्य भी अधूरा पड़ा है। इस पर वहां ढंग से पुताई व रंगरोगन कराए जाने तथा भवन का कार्य पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए गए। साथ ही उन्होंने सर्व शिक्षा अभियान के जिला समन्वयक को कारण बताओ नोटिस देने के निर्देश दिए।

मंदिर में लगवाएं दानपेटी
     कलेक्टर द्वारा करनवाद के प्राचीन शिव मंदिर में दर्शन के उपरांत निर्देश दिए कि मंदिर में रखरखाव एवं मरम्मत का आवश्यक कार्य इस प्रकार कराया जाए, जिससे मंदिर का प्राचीन स्वरूप न प्रभावित हो। कलेक्टर को बताया गया कि मंदिर शासन द्वारा संधारित है, परन्तु यहां दानपेटी नहीं है। कलेक्टर ने मंदिर में दानपेटी लगाए जाने के निर्देश दिए। बताया गया कि मंदिर में शिवरात्रि को मेला लगता है, जिसमें लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं।


पूरा कराएं भवन का कार्य
     कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा बागली में उत्कृष्ट विद्यालय में बनाए गए मतगणना स्थल, स्ट्रांग रूम आदि का निरीक्षण भी किया गया। वहां किए जा रहे ईवीएम के कमीशनिंग कार्य को पूरी सावधानी के साथ किए जाने के कलेक्टर ने निर्देश दिए। वहां विद्यालय परिसर में अधूरे पड़े हॉल के बारे में पूछे जाने पर बताया गया कि इसका निर्माण लोक निर्माण विभाग द्वारा जनभागीदारी योजना से 11 लाख रूपये की लागत से करवाया गया है, कार्य 3 वर्षों से अधूरा पड़ा है। कलेक्टर ने कार्य पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए।
प्राचार्य को नहीं पता नवीं कक्षा कहां लगती है
     उत्कृष्ट विद्यालय बागली के निरीक्षण के दौरान जब कलेक्टर ने वहां के प्राचार्य से पूछा कि नवीं कक्षा कहां लगती है, तो प्राचार्य को इसकी जानकारी नहीं थी। उन्हें विद्यालय के विद्यार्थियों की सही संख्या की भी सही जानकारी नहीं थी। विद्यालय में कई कम्प्यूटर खराब होने से कलेक्टर द्वारा प्राचार्य को निर्देश दिए गए कि कम्प्यूटर तुरंत चालू कराए जाएं, जिससे विद्यार्थियों को कम्प्यूटर की शिक्षा दी जा सके।
कांटाफोड़, लोहारदा एवं सतवास में किया मतदान केन्द्रों का निरीक्षण
     कलेक्टर द्वारा कांटाफोड़ एवं लोहारदा में मतदान केन्द्र, मतदगणना स्थल एवं स्ट्रांग रूम का निरीक्षण भी किया गया। लोहारदा में माध्यमिक विद्यालय में निरीक्षण के दौरान वहां के रिटर्निंग अधिकारी ने कलेक्टर को बताया कि वहां कोई भी मतदान केन्द्र क्रिटिकल नहीं है। दो मतदान केन्द्र नगर के बाहर करीब 4-5 किमी की दूरी पर हैं। इस अवसर पर एसडीएम श्री एएन अरोरा, तहसीलदार एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
क्रमांक 110/1709/21-11-14



No comments:

Post a Comment