Monday, 9 March 2015

दिनांक--09 मार्च 2015
जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
सेना की भर्ती रैली मई में देवास में
       देवास 9 मार्च 2015/ भारतीय सेना में भर्ती के लिए इस बार भर्ती रैली का आयोजन देवास में किया जा रहा है। रैली में लगभग 25 हजार युवक-युवतियों के शामिल होने की संभावना है। रैली के प्रभारी तथा छावनी महू के कर्नल श्री सुमित सिंह ने आज सोमवार को कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी से मुलाकात कर रैली के व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा की। कलेक्टर द्वारा आश्स्वत कराया गया कि रैली के लिए सभी व्यवस्थाएं समुचित रूप से संपादित की जाएंगी।
     कर्नल श्री सिंह ने बताया कि रैली का आयोजन मई के प्रथम अथवा  द्वितीय सप्ताह में किया जाएगा। रैली में प्रतिदिन 5 से 6 हजार व्यक्ति भाग लेंगे तथा रैली 5 से 6 दिन चलेगी। रैली में देवास जिले सहित प्रदेश के 15 जिले से व्यक्ति शामिल होंगे। रैली का आयोजन कुशाभाऊ ठाकरे स्टेडियम देवास में किया जा रहा है।
क्रमांक 33/2255/09-03-2015    
कृषि विज्ञान मेला दिल्ली के लिए किसानों का दल रवाना
कलेक्टर ने दिखाई हरी झंडी
       देवास 9 मार्च 2015/ जिले में कृषि विस्तार कार्यक्रम आत्मा के अंतर्गत्‍ किसानों का दल आज सोमवार को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले 'पूषा' कृषि विज्ञान मेले के लिए देवास से रवाना हुआ। जिले के किसानों के इस 42 सदस्यीय दल को कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी द्वारा हरी झंडी दिखाकर कलेक्टर कार्यालय से रवाना किया गया। इस अवसर पर परियोजना संचालक आत्मा श्री उत्तमसिंह जादौन भी मौजूद थे।
     जिले से रवाना हुए इस दल में देवास, टोंकखुर्द तथा सोनकच्छ विकासखंड के 14-14 किसान शामिल हैं। ये नई दिल्ली में 10 मार्च से 13 मार्च तक आयोजित होने वाले 'पूषा' कृषि विज्ञान मेले में शामिल होंगे तथा वहां विभिन्न कृषि एवं अन्य विषयों से संबंधित जानकारी प्राप्त करेंगे।
क्रमांक 34/2256/09-03-2015    



जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥                                                                                                                                                                                                                                                                                                                                                                                                                                                                             
परख वीसी 12 मार्च को
       देवास 9 मार्च 2015/ ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के अनुश्रवण कार्यक्रम 'परख' के अंतर्गत इस माह वीडियों कॉन्फ्रेसिंग का आयोजन 12 मार्च को किया जाएगा। वीसी देवास मुख्यालय पर एनआईसी वीसी कक्ष में प्रात: 10.15 बजे से होगी। कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने बताया कि वीसी में इस बार स्वरोजगार योजनाओं में ऋण वितरण, जाति प्रमाण-प्रत्र वितरण, छात्रवृत्ति वितरण आदि विषयों पर विशेष रूप से चर्चा की जाएगी।
क्रमांक 35/2257/09-03-2015    



जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥

रंगपंचमी पर्व पर नागरिक सुरक्षित रंग का करें प्रयोग

स्वास्थ्य विभाग ने दी सलाह

     देवास 9 मार्च 2015/ लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण  विभाग ने रंगपंचमी के अवसर पर नागरिकों  से  अनुरोध किया है कि होली की तरह रंगपंचमी पर भी स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव डालने वाले रंगों का प्रयोग न  करें। स्वास्थ्य  विभाग ने अपेक्षा की है कि लोग  परिवार और अन्य लोगों  के स्वास्थ्य  की रक्षा के लिए  भी जागरूक रहेंगे।  प्रयोग में लाए  जाने वाले अनेक रंग  न सिर्फ स्वयं की सेहत पर  बल्कि अन्य लोगों  पर विपरीत प्रभाव डाल सकते हैं। असुरक्षित और प्रतिबंधित रंगों के प्रयोग से त्वचा संबंधी एवं अन्य रोग हो सकते हैं। जहां तक हो सके अबीर-गुलाल का ही प्रयोग किया जाए।
क्रमांक 36/2258/09-03-2015    




जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥

समय सीमा निर्धारित कर मुस्तैदी से हों कार्य
-------------
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश
-----

     देवास 09 मार्च 2015/ जिले एवं विशेष रूप से देवास नगर में यातायात सुधार एवं सड़क सुरक्षा के लिए कराए जाने वाले कार्य समय सीमा में पूर्ण किए जाने चाहिएं। जो भी निर्णय समिति की बैठक में हों, उन पर निर्धारित समय सीमा में अमल हो जाना चाहिए। सभी संबंधित विभाग इस संबंध में मुस्तैदी से कार्य किए जाना सुनिश्चित करें।
     कलेक्टर श्री आशुतोष अवस्थी ने ये निर्देश आज सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में संपन्न जिला यातायात एवं सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अधिकारियों को दिए। बैठक में महापौर श्री सुभाष शर्मा, पुलिस अधीक्षक श्री अभय सिंह, अपर कलेक्टर श्री प्रबल सिपाहा, नगर निगम आयुक्त श्री हिमांशु सिंह, एएसपी श्री राजेश रघुवंशी, जिला परिवहन अधिकारी श्री मनोज तिहनगुनिया, समिति के सदस्य सर्वश्री दुर्गेश अग्रवाल, श्री मनोज राजानी, श्री एम.असलम शेख, श्री गुरूचरण सलूजा, श्री खनूजा, श्री अशोक लखमानी, श्री दिलीप परमार, श्री अशोक सोलंकी, श्री रमेश व्यास तथा सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।  
सात दिन में स्थान चिन्हित होकर लग जाएं बोर्ड
     बैठक में बताया गया कि नगर में एबी रोड पर संचालित होने वाले टाटा मैजिक वाहनों के स्टॉप के लिए पांच स्थान निर्धारित कर वहां पर बस स्टॉप बनाए जाने हैं। इस संबंध में नगर निगम को कार्रवाई करनी है। निर्णय लिया गया कि सात दिन में स्थानों का चयन कर वहां स्टॉप के बोर्ड लगा दिए जाएं तथा यथाशीघ्र स्टॉप का निर्माण किया जाए। आरटीओ ने बताया कि नगर में टाटा मैजिकों की संख्या कम करके 125 कर दी गई है। टाटा मैजिक पर उनके संचालन का रूट भी अंकित करा दिया गया है।
ट्रैफिक सिग्नल, पार्किंग तथा डिवाइडर्स
     महापौर श्री सुभाष शर्मा ने बताया कि नगर में चार स्थानों सिविल लाइन चौराहा, उज्जैन रोड चौराहा, स्टेशन रोड चौराहा तथा भोपाल रोड चौराहा पर नगर‍ निगम द्वारा ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाने का कार्य करवाया जा रहा है। इनमें से प्रथम तीन कार्यों के लिए टैंडर भी हो चुके हैं। सभी सिग्नल आगामी 1 माह में लग जाएंगे। इसके अलावा नगर में दो स्थानों जवाहर चौक के पास तथा जनता बैंक के सामने पार्किंग स्थल बनाए जाने का कार्य भी कराया जा रहा है। महापौर ने बताया कि एबी रोड पर रोड डिवाइडर के लिए टैंडर हो गए हैं, कार्य शीघ्र करा लिया जाएगा। सदस्य श्री दुर्गेश अग्रवाल ने बताया कि ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाने के लिए विधायक श्री तुकोजीराव पवार की विधायक निधि से भी राशि दी जा रही है।
सुरक्षा के उपाय किए जाएं
     बैठक में सड़क सुरक्षा के लिए नगर में विभिन्न उपाय आवश्यक किए जाने का निर्णय लिया गया। इसके अंतर्गत हैलमेट पहनना, सीटबैल्ट लगाना, प्रेशर हॉर्न-म्यूजिकल हॉर्न-हूटर न लगाए जाना, मुख्य मार्गों के समीप से पान-गुटखा आदि की दूकानें हटाए जाना, अनावश्यक होर्डिंग्स हटाए जाना आदि उपाय आवश्यक रूप से किए जाएं। मार्गों के बीच खंबों पर जन्म दिन आदि की शुभकामनाओं के होर्डिंग्‌स हटाए जाएं। मल्हार स्मृति गार्डन के सामने से होर्डिंग्स हटवाए जाएं। मार्ग के अवरोधक बिजली के खंबे बिजली विभाग तुरंत हटवाए।
नियम का पालन न करने पर लाइसेंस होगा निरस्त
     बैठक में सुझाव दिया गया कि सड़क सुरक्षा के लिए ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के लाइसेंस तीन बार नियमों का उल्लंघन करने पर निरस्त किये जाएं। तेजगति से वाहन चलाने, ट्रेफिक सिग्नल का पालन न करने, शराब पीकर वाहन चलाने, बिला हैलमैट पहने दो पहिया वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग करने आदि पर लाइसेंस निरस्त किए जाएं। आरटीओ ने बताया कि यातायात नियमों का पालन न करने पर जिले में 7 व्यक्तियों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त किए गए हैं।
एकांगी मार्ग तथा चौड़ीकरण
     बैठक में निर्णय लिया गया कि एमजी रोड पर यातायात का अधिक दबाव होने से सायं 5 बजे के बाद इसपर चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया जाए, इसे एगांगी मार्ग बनाया जाए तथा इसका चौड़ीकरण किया जाए। एबी रोड पर भोपाल चौराहे से जिला न्यायालय तक सभी स्थानों पर डिवाइडर्स लगाए जाने के साथ ही साइड की सर्विस लेन पर से अतिक्रमण हटवाए जाएं तथा उसे सुचारू किया जाए।
स्कूली वाहनों की निरंतर चैकिंग
     स्कूली वाहनों में जाने वाले बच्चों की सुरक्षा के लिए स्कूली वाहनों की निरंतर चैकिंग की जाए। वाहनों की फिटनैस, ड्राइवर-कंडक्टर का सत्यापन, क्षमता के अनुरूप ही बच्चों को वाहनों में बिठाए जाना आदि के संबंध में विशेष ध्यान दिया जाए। इस कार्य में पालकों एवं शिक्षकों का सहयोग लिया जाए।
20 करोड़ के प्रस्ताव
     बैठक में कलेक्ट ने बताया कि सिंहस्थ के कार्यों के अंतर्गत देवास में 6-7 कार्य चिन्हित किए गए हैं, जिनके लिए लगभग 20 करोड़ के प्रस्ताव जिला प्रशासन द्वारा बनाए जाकर आयुक्त उज्जैन संभाग को भिजवाए जा चुके हैं। स्वीकृति मिलने के पश्चात कार्य कराए जाएंगे।
2 हजार एलईडी लगेंगी
     आयुक्त नगर निगम ने बताया कि देवास नगर में स्ट्रीट लाइट्स की सुचारू व्यवस्था के लिए 2 हजार एलईडी लगाए जाने का प्रस्ताव भिजवाया गया है। महापौर श्री शर्मा ने बताया कि नगर में 5 स्थानों पर एसी स्ट्रीट लाइट्स लगवाई गई हैं, जो अंधेरा होने पर प्रारंभ हो जाती हैं तथा प्रात: स्वयं बंद हो जाती हैं। कलेक्टर ने बताया कि टेकरी के नीचे पाथ-वे पर 250 एलईडी लाइट्स लगाई जा रही हैं।
क्रमांक 37/2259/09-03-2015                        (फोटो-संलग्न)
जनपद अध्यक्ष/उपाध्यक्ष के लिए सम्मिलन सम्पन्न
जनपद अध्यक्ष/उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित
       देवास 9 मार्च 2015/ जिले में त्रिस्तरीय पंचायत राज्य निर्वाचन की प्रक्रिया के अंतर्गत्‍ आज सोमवार को सभी जनपद मुख्यालयों पर जनपद अध्यक्ष/उपाध्यक्ष के निर्वाचन के लिए सम्मिलन सम्पन्न हुए। सम्मिलन के उपरांत जनपद देवास, टोंकखुर्द, सोनकच्छ, बागली, कन्नौद एवं खातेगांव जनपद अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों को निर्वाचन अधिकारी द्वारा निर्वाचित घोषित किया गया।
ये हुए निर्वाचित
     सोनकच्छ जनपद पंचायत में जनपद अध्यक्ष के लिए श्रीमती दीपशिक्षा पति धर्मेंद्र यादव तथा उपाध्यक्ष पद के लिए श्री राजेंद्रसिंह सवरसिंह, टोंकखुर्द जनपद पंचायत में जनपद अध्यक्ष के लिए श्रीमती रमूबाई पति सोबाराम तथा उपाध्यक्ष पद के लिए श्री पवनकुमार मोड़सिंह चावड़ा, खातेगांव जनपद पंचायत में जनपद अध्यक्ष के लिए श्रीमती गुलाबबाई तथा उपाध्यक्ष पद के लिए श्री बाबूलाल खेर, देवास जनपद पंचायत में जनपद अध्यक्ष के लिए श्रीमती महेंद्र कौर पति समंदर तथा उपाध्यक्ष पद के लिए श्री राजेंद्रसिंह रूपसिंह, कन्नौद जनपद पंचायत अध्यक्ष के लिए डॉ. ओम पटेल पिता जगदीश पटेल तथा उपाध्यक्ष पद के लिए श्री करण पटेल, बागली से अध्यक्ष पद के लिए श्रीमती निर्मला पति हुकमचंद कंठाली तथा उपाध्यक्ष पद के लिए श्री भेरू सिंह को निर्वाचित घोषित किया गया।
ये हुए निर्विरोध निर्वाचित घोषित
     कन्नौद जनपद निर्वाचन में अध्यक्ष डॉ. ओम पटेल तथा उपाध्यक्ष श्री करण पटेल दोनों निर्विरोध निर्वाचित हुए। सोनकच्छ जनपद अध्यक्ष निर्वाचन में श्रीमती दीपशिक्षा पति धर्मेंद्र तथा खातेगांव जनपद निर्वाचन में श्रीमती गुलाबबाई निर्विरोध निर्वाचित हुए।
क्रमांक 38/2260/09-03-2015                   (फोटो-संलग्न)


जिला पंचायत अध्यक्ष/उपाध्यक्षों के निर्वाचन के लिए सम्मिलन 12 को
निर्वाचन कार्यक्रम जारी
   देवास 9 मार्च 2015/जिला पंचायत के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के निर्वाचन के लिए सम्मेलन 12 मार्च को प्रात: 10.30 बजे जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आशुतोष अवस्थी ने निर्वाचन कार्यक्रम जारी कर दिया है।
    जिला पंचायत निर्वाचन अध्यक्ष कार्यक्रम के अंतर्गत निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा प्रात: 10.30 बजे, अध्यक्ष के लिए नाम निर्देशन प्राप्त करने का समय प्रात: 10.45 से 11.15 तक तथा उपाध्यक्ष के लिए दोपहर 2.30 बजे से दोपहर 3.00 बजे तक, अध्यक्ष के नाम निर्देशन की संवीक्षा(जांच) प्रात: 11.15 से 11.45 तक, उपाध्यक्ष पद के‍ लिए संवीक्षा दोपहर 3 बजे से दोपहर 3.30 बजे, अभ्यर्थिता वापस लेने का समय अध्यक्ष के लिए प्रात: 11.45 से दोपहर 12 बजे तक तथा उपाध्यक्ष के लिए दोपहर 3.30 बजे से दोपहर 3.45 तक होगा। अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन लड़ने वाले प्रत्याशियों की अंतिम सूची का प्रकाशन नाम वापसी के तुरंत बाद किया जाएगा। अध्यक्ष पद के लिए मतपत्रों की तैयारी दोपहर 12.30 बजे तक तथा उपाध्यक्ष पद के लिए दोपहर 4.15 बजे तक होगी। अध्यक्ष पद के लिए मतदान दोपहर 12.30 बजे से 1.30 बजे तक, उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान दोपहर 4.15 बजे से शाम 5.15 बजे तक तथा मतगणना एवं परिणामों की घोषणा मतदान समाप्ति के तत्काल बाद होगी।
अपर कलेक्टर श्री सिपाहा पीठसीन अधिकारी
     मप्र राज्य निर्वाचन आयोग भोपाल के निर्देशानुसार 12 मार्च को प्रात: 10.30 बजे जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित होने वाले जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के निर्वाचन के सम्मिलन के ‍लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आशुतोष अवस्थी ने अपर कलेक्टर श्री प्रबल सिपाहा को पीठासीन अधिकारी बनाया गया है। जारी आदेश अनुसार पीठासीन अधिकारी की सहायता के लिए सहायक प्राध्यापक केपी कॉलेज डॉ. अजय काले, सहायक प्राध्यापक केपी कॉलेज डॉ. सर्वपालसिंह राणा, सहायक प्राध्यापक कन्या महाविद्यालय देवास डॉ. समीरा नईम, जिला पंचायत अंकेक्षक श्री मनीष तंवर, वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी श्री संजय शर्मा, कम्प्यूटर ऑपरेटर मप्र ग्रा.स.वि. प्रा. श्री बलवंत सिंह तथा जिला निर्वाचन कार्यालय के श्री भगवानसिंह रेकवाल को नियुक्त किया गया है।

क्रमांक 39/2261/09-03-2015 

No comments:

Post a Comment