Friday, 8 January 2016

दिनांक 8 जनवरी 2016

जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

                ॥ स मा चा र ॥
कलेक्टर के गांवों में पहुंचने से सुलझ रही ग्रामीणों की समस्याएं

राशन दुकान का किया आकस्मिक निरीक्षण

    देवास 08 जनवरी 2016/ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने आज शुक्रवार को टोंकखुर्द ब्लॉक के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण किया। उन्होंने चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। भ्रमण के दौरान एसडीएम सोनकच्छ मुश्ताक अहमद, तहसीलदार केएल तिलवारी, सीईओ जनपद टोंकखुर्द जीएन सोलंकी तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

उचित मूल्य की दुकान का आकस्मिक निरीक्षण
    कलेक्टर ने ग्राम पोलाय हरनावदा में उचित मूल्य दुकान का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने दुकान में दो ऐसे व्यक्तियों को राशन क्रय करते हुए देखा जो संपन्न लगते हुए भी एक रुपए प्रति किलो का राशन ले रहे थे। छानबीन करने पर पाया गया इनके पास श्रम कल्याण मंडल का कार्ड है। कलेक्टर ने जिला आपूर्ति अधिकारी को यहां के सभी राशन कार्डों की जांच के निर्देश दिए। जिनके पास जमीने हैं उनके रियायती दर वाले राशन कार्ड निरस्त करने के निर्देश दिए।

नगर पंचायत पहुंचे कलेक्टर
    कलेक्टर श्री अवस्थी ने आकस्मिक रूप से टोंकखुर्द नगर पंचायत पहुंचकर निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना तथा राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के प्रकरणों की जानकारी ली। स्वरोजगार योजना के प्रकरण बैंक में लंबित पाए जाने पर मौके पर ही स्थानीय बैंक प्रबंधक को बुलाया और पात्रता अनुसार शीघ्र स्वीकृति के निर्देश दिए। बैंक प्रबंधक ने बताया कि सभी लंबित प्रकरणों में 15 दिवस के भीतर कार्रवाई पूर्ण कर ली जाएगी।
चौबाराधीरा पहुंचे कलेक्टर
        कलेकटर आशुतोष अवस्थी चौबाराधीरा भी पहुंचे, वहां चौपाल लगाकर आंगनवाड़ी, पटवारी, बीपीएल कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मुख्यमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि पटवारी गांव में आता है एवं राजस्व संबंधी कोई परेशानी नहीं है। गांव में नलजल योजना बंद है। कलेक्टर ने ग्रामीणों को अंशदान के लिए राजी किया और पीएचई विभाग को नलजल योजना प्रारंभ करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने गांव के रास्ते में हुए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए। सरपंच रामकन्या देवीसिंह कुशवाह की सक्रियता को भी कलेक्टर ने सराहा। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पंचायत द्वारा खेल मैदान, निर्मलनीर और शांतिधाम बनवाया जा रहा है।
जीवाजीगढ़ में पटवारी को मिले पूरे नंबर
    कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने ग्राम जीवाजीगढ़ में ग्रामीणों से शासकीय योजनाओं का फीडबैक लिए और पूछे जाने पर ग्रामीणों ने पटवारी राजेंद्र सुनेरे की तारीफ की ओर कहा कि पटवारी का कार्य बहुत अच्छा है। गांव में शिक्षकों के भी समय पर आने की जानकारी मिली। और आंगनवाड़ी अच्छी तरह से चलने और टीकाकरण होने की भी जानकारी ग्रामीणों द्वारा दी गई। कलेक्टर ने गांव में बंद पड़ी नलजल योजना को प्रारंभ करने के निर्देश दिए। गांव में तालाब निर्माण के लिए भी सर्वे के निर्देश दिए। सचिव द्वारा बताया गया कि गांव में रोजगार गारंटी से 17 काम चल रहे हैं।
कलेक्टर के पहुंचने से बन गया कैलाश का काम
    ग्राम इकलेरा में कलेक्टर ने हाट बाजार के ‍दिन चौपाल लगाई और एक-एक करके आवेदकों की समस्या सुनी। किसान कैलाशनारायण पाटीदार ने बताया कि सर्वे नंबर 1633 की जमीन संबंधी काम लंबे समय से नहीं हो पा रहा है। कलेक्टर श्री अवस्थी ने मौके पर ही पटवारी को बुलाकर पूरा मामला समझा और एक सप्ताह के भीतर आवश्यक सुधार के साथ जमीन के कम्प्यूटरीकृत सत्यापित दस्तावेज किसान को सौंपने के निर्देश दिए। यहां बंदोबस्त संबंधी त्रुटियों में सुधार के लिए जरूरी जानकारी किसानों को दी। गांव में बालिकाओं के लिए हायर सेकेंडरी स्कूल की आवश्यकता ग्रामीणों ने बताई। गांव में पदस्थ दो एएनएम नर्बतीबाई कुशवंशी और निर्मला परिहार के देवास से अपडाउन पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। गांव में छ: माह से पेंशन नहीं बंटने की जानकारी मिली। कलेक्टर ने उपसंचालक सामाजिक न्याय विभाग को लगातार तीन दिन क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।





--------------------------------
कलेक्टर द्वारा दो करोड़ छप्पन लाख का अर्थदंड

    देवास 08 जनवरी 2016/ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी के निर्देश पर खनिज, राजस्व, पुलिस विभाग के अधिकारी/ कर्मचारियों व होमगॉर्ड सैनिक ने सघन जांच करते हुए अवैध उत्खन्न एवं परिवहन को रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

        प्रभारी अधिकारी खनिज शाखा ने बताया है कि जिले  खनिज उत्खन्न एवं परिवहन रोकने के अभियान के अंतर्गत 6 जनवरी 2016 तक अवैध खनन, परिवहन, भंडारण के कुल 494 मामले प्रकाश में आए, जिनके विरूद्ध मप्र गौण खनिज नियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर जिला दंडाधिकारी के न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। इन पर कलेक्टर न्यायालय ने कार्रवाई करते हुए 2 करोड़ 56 लाख 16 हजार रुपए का अर्थदंड आरोपित किया गया तथा वसूल कर खनिज मद में जमा किया गया है।

-------------------------------

औद्योगिक भूमि आवंटन के लिए आवेदन आमंत्रित

              तिथि में आंशिक संशोधन
       देवास 08 जनवरी 2016/ मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में प्रयोजन के लिए ऑनलाइन भूमि आवंटित करने के लिए आवेदन आमंत्रित किए जाते हैं। यह भू-आवंटन "मप्र राज्य औद्योगिक भूमि" एवं "औद्योगिक भवन प्रबंधन नियम"  के तहत निर्धारित ‍नियमों एवं प्रक्रिया अनुसार "पहले आओ पहले पाओ" पद्धति से किया जाएगा।
       मप्र औद्योगिक केंद्र विकास निगम उज्जैन के महाप्रबंधक ने बताया कि आवंटन के लिए निगम के औद्योगिक क्षेत्र जिला देवास के सिरसोदा तथा नेमावर, उज्जैन जिले के ताजपुर, जिला शाजापुर के मक्सी, मंदसौर जिले के जग्गाखेड़ी में भूमि उपलब्ध है। इनके लिए औद्योगिक क्षेत्रों में ऑनलाइन भूमि आवंटन 1 सितंबर 2015 से 30 सितंबर 2015 तक किया गया था। उक्त अवधि के पश्चात भूमि आवंटन की तिथि 31 अक्टूबर 2015 तक बढ़ाई गई थी जो कि समाप्त हो चुकी है। अब तिथि में फिर से संशोधन करते हुए 01 नवंबर 2015 से 31 जनवरी 2016 तक आवेदन कर सकते है।  भूमि आवंटन के लिए मार्गदर्शन एवं जानकारी के लिए मप्र औद्यागिक केंद्र विकास निगम उज्जैन कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं। आवंटित किए जाने वाले भूखंड, मानचित्र, प्रीमियम की दरों, आवेदन पत्र आदि से संबंधी जानकारी निगम की वेबसाइट www.mpakujjain.com  से प्राप्त कर सकते हैं।
---------------------------
जॉब फेयर का आयोजन 18 जनवरी को
        देवास 08 जनवरी 2016/ जिला प्रशासन देवास के निर्देशन में जिले के बेरोजगार आवेदक युवक/युवतियां को अवगत कराया जाता है कि जिला रोजगार कार्यालय देवास द्वारा एक दिवसीय जॉब फेयर आय.टी.आय. परिसर विकास नगर चौराहा ए.बी. रोड, देवास में 18 जनवरी 2016 प्रातः को 11 से 4 बजे तक आयोजित किया जा रहा है।
        जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि जॉब-फेयर में देवास में स्थित कुछ कंपनियों, इन्श्युरेंस ग्रुप के अलावा अन्य जिलों से पीथमपुर, धार, इंदौर, भोपाल, मेहतवाड़ा, सीहोर आदि जगहों से भी निजी कंपनियां भाग लेगी। उक्त कंपनियों में सभी योग्यता जैसे शैक्षणिक योग्यता 5वी पास एवं उससे अधिक होनी चाहिए। आय.टी.आय. एवं अन्य डिग्री धारियों के लिये भी पद रिक्त है। हर कंपनी का अपना अलग-अलग कार्य होने से उनका वेतन भी अलग-अलग कंपनियों के नियमानुसार होगा। कंपनी की ओर से मिलने वाले अन्य लाभ भी दिए जाएंगे। ऐसे इच्छुक आवेदक अपने समस्त प्रमाण-पत्रों, अनुभव प्रमाण-पत्र की फोटोकॉपी तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो के साथ उक्त तिथि तक एवं समय पर उपस्थित होकर होने वाले जॉब फेयर का लाभ लेंवे। इस प्रयोजन हेतु किसी भी प्रकार का मार्ग व्यय देय नही होगा ।
----------------------------
पर्यावरण जागरूकता के लिए मैराथन दौड़ का
आयोजन 10 जनवरी को
        देवास 08 जनवरी 2016/ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी के मार्गदर्शन में जिला मुख्यालय पर पर्यावरण जागरूकता के लिए "मिनी मैराथन दौड़" का आयोजन 10 जनवरी को प्रात: 8 बजे मल्हार स्मृति मंदिर से किया जाएगा।
        जिला परिवहन अधिकारी निशा चौहान ने बताया है कि तय कार्यक्रम के अनुसार जिले में पर्यावरण जागरूकता एवं संरक्षण विषय पर विद्यालयीन एवं महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं की चित्रकला, निबंध तथा स्लोगन प्रतियोगिता आयोजित कराई जा रही है। इस प्रतियोगिता में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को 10 जनवरी को मिनी मैराथन दौड़ आयोजन स्थल पर ही अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान करना तथा पर्यावरण सुरक्षा पर उद्बोधन आदि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 
       इसके बाद मैराथन दौड़  आयोजित की जाएगी। जिसमें स्कूली छात्र- छात्राओं सहित सभी आयु वर्ग के व्यक्ति शामिल रहेंगे। उक्त दौड़ सयाजी द्वार से एम.जी. रोड होते हुए जवाहर चौक तक रैली के रूप में पहुंचेंगे तथा रैली के माध्यम से जन-जन तक पर्यावरण सुरक्षा एवं प्रदूषण पर रोक लगाने संबंधी अपील करते हुए जागरूकता लाने का प्रयास करेंगें।
        जिला परिवहन अधिकारी ने शहर के सभी प्रबुद्धजनों से आव्हान किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उक्त रैली में उपस्थित होकर पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रकट करें एवं पर्यावरण सुरक्षा का संकल्प लें।
------------------------

वर्ष में 300 दिवस आंगनबाड़ी केन्द्र के हितग्राहियों को पोषण आहार सेवा देना अनिवार्य

        देवास 08 जनवरी 2016/ सर्वोच्च न्यायालय के दिशा निर्देश के अनुसार एक वर्ष में 300 दिवस आगनबाड़ी केन्द्र के हितग्राहियों को पोषण आहार सेवा देना आवश्यक है। एक वर्ष में 365 दिवस मे से 52 दिवस रविवार के अतिरिक्त शेष 13 दिन का स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार तथा मध्यप्रदेश शासन महिला एवं बाल विकास विभाग के आदेशानुसार आंगनबाड़ी केन्द्रों, मिनी आंगनबाड़ी केन्द्रो में 13 दिनों स्थानीय अवकाश वर्ष 2016 के लिए घोषित किए गए हैं। जारी आदेश के अनुसार 14 जनवरी मकर संक्रांति पर्व, 07 मार्च महाशिवरात्रि, 23 मार्च होली, 14 अप्रैल दुर्गा अष्टमी, 15 अप्रैल रामनवमी, 07 जुलाई ईदुल फितर, 18 अगस्त रक्षाबंधन, 25 अगस्त जन्माष्टमी, 05 सितम्बर गणेश चतुर्थी, 11 अक्टूबर विजय दशमीं, 12 अक्टूबर मोहर्रम, 19 अक्टूबर करवाचौथ एवं 31 अक्टूबर दीपावली के अवकाश घोषित किए गए हैं। उपरोक्त अवकाश के अतिरिक्त अन्य कोई भी अवकाश (रविवार को छोड़कर) मान्य नहीं किए जायेंगें। आंगनबाड़ी केन्द्र का समय प्रातः 10 बजे से दोपहर 03 बजे तक निर्धारित किया गया है।
----------------------------

मुख्य सचिव ने कलेक्टर देवास को लिखा प्रशंसा-पत्र

       देवास 08 जनवरी 2016/ मुख्य सचिव श्री अन्टोनी डिसा ने कलेक्टर देवास आशुतोष अवस्थी की तत्पर कार्यशैली और संवेदनशीलता की प्रशंसा की है। मुख्य सचिव ने कलेक्टर देवास को पत्र लिखकर कहा है कि अनुकंपा नियुक्ति के महीनों पुराने प्रकरण में तत्परता से कार्यवाही करते हुए एक सप्ताह की अवधि में नियुक्ति देने का कार्य मानवीय संवेदना का परिचायक है।
उल्लेखनीय है कि मुख्य सचिव से साप्ताहिक भेंट में 17 दिसंबर को आवेदन देने के बाद देवास में रोजगार के जरूरतमंद नागरिक श्री कुलदीप गोदा को 22 दिसंबर को अनुकंपा नियुक्ति का आदेश मिल गया।
--------------------------

रोशनी के निर्देश

    देवास 08 जनवरी 2016/ गणतंत्र दिवस 26 जनवरी के अवसर पर सभी सार्वजनिक भवनों एवं राष्ट्रीय महत्व की इमारतों पर प्रकाश की व्यवस्था करने के निर्देश सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी किए गए है।
------------------------------

प्रायोगिक परीक्षाओं की अवधि निर्धारित

       देवास 08 जनवरी 2016/माध्यमिक शिक्षा मण्डल मध्यप्रदेश द्वारा वर्ष 2016 की नियमित एवं स्वाध्यायी छात्रों की प्रायोगिक परीक्षाओं की अवधि निर्धारित कर दी गई हैं।
       हाई स्कूल, हायर सेकेण्डरी परीक्षा एवं हायर सेकेण्डरी व्यावसायिक पाठयक्रम, पूर्व प्राथमिक प्रशिक्षण पत्रोपाधि और शारीरिक प्रशिक्षण परीक्षा वर्ष 2016 (नियमित एवं स्वाध्यायी) की परीक्षाएं निर्धारित समयावधि में सम्पन्न कराई जाएंगी जिनका कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। नियमित छात्रों की प्रायोगिक परीक्षा 12 फरवरी से 27 फरवरी के बीच संस्था में सम्पन्न होंगी जबकि स्वाध्यायी छात्रों की प्रायोगिक परीक्षा निर्धारित केन्द्र में एक मार्च से 20 मार्च के बीच सम्पन्न होगी।
------------------------



No comments:

Post a Comment