Monday, 4 January 2016

दिनांक 4 जनवरी 2016

जिला जनसम्पर्क कार्यालय, देवास
।।  समाचार  ।।
शासकीय राशि का आहरण कार्य नहीं करने वाले पंचायत सचिवों पर करें कार्रवाई
टीएल बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश
        देवास 04 जनवरी 2016/ राजस्व प्रकरणों के समय सीमा में निराकरण की स्थिति जाने के लिए सभी एसडीएम न्यायालय एवं तहसीलदार न्यायालय का निरीक्षण किया जाए। पंचायत सचिव जिन्होंने शासकीय राशि का आहरण कर कार्य नहीं किया है, उनके विरूद्ध धारा 40 और धारा 92 के तहत प्रभावी कार्रवाई की जाए। सभी सीईओ जनपद पंचायत शासकीय राशि वसूली के लिए एक सप्ताह में अभियान चलाए। कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने सोमवार को साप्ताहिक समय सीमा की बैठक में यह निर्देश दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत प्रबल सिपाहा सहित सभी जिला अधिकारी उपस्थित थे।
सीईओ जनपद पंचायत के कार्यों पर जताई नाराजगी
    सीईओ जनपद पंचायत सोनकच्छ के कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने अप्रसन्नता जताते हुए नाराजगी व्यक्त की। जनसुनवाई में जरूरी महत्व के 14 प्रकरण लंबित पाए जाने पर उन्होंने गुरुवार तक उनके निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे तहसीलदार और सीईओ जनपद के समक्ष लंबित जनसुनवाई के प्रकरण अपने समक्ष तलब कर निराकृत कराएं।
अव्यवस्थित वृक्षारोपण को सुधारा जाए
    कलेक्टर ने नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिए कि नाला निर्माण से अव्यवस्थित हुए वृक्षारोपण को सुधारा जाए। माताजी की टेकरी में गत दिवस किए गए वृक्षारोपण, ट्रीगॉर्ड, पानी और देखरेख की व्यवस्था के निर्देश वन विभाग को दिए गए।
महिला सशक्तिकरण के कार्यों पर जताई अप्रसन्नता
    कलेक्टर ने बच्चों द्वारा भीख मांगते हुए पाए जाने और इनकी समुचित शिक्षा और आवास व्यवस्था में शिथिलता पाए जाने पर जिला महिला सशक्तिकरण अधिकारी को कार्य में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बड़ी संख्या में पदस्थ बाल संरक्षण अधिकारियों द्वारा कार्य की अपेक्षित उपलब्धि नहीं होने पर भी अप्रसन्नता जताई।
6 जनवरी को शिप्रा घाटों की होगी सफाई
    बैठक में सीईओ जिला पंचायत प्रबल सिपाहा ने बताया कि आगामी 6 जनवरी को क्लीन शिप्रा अभियान के तहत घाटों की सफाई की जाएगी।

--------------------------
कलेक्टर ने दिए गेहूं उपार्जन की तैयारी के निर्देश
        देवास 04 जनवरी 2016/ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी की अध्यक्षता में आज सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में गेहूं उपार्जन वर्ष 2016-17 की बैठक संप्नन हुई। कलेक्टर ने बैठक में निर्देश दिए कि गेहूं उपार्जन की तैयारी तथा किए जाने वाले कार्य तय समय सीमा में करें। बैठक में सभी एसडीएम, तहसीलदार तथा सहकारिता, कृषि, खाद्य आपूर्ति निगम और जिला सहकारी बैंक तथा एनआईसी के अधिकारी उपस्थित थे।
        कलेक्टर ने बैठक में बताया कि नवीन पंजीयन के लिए किसानों के मोबाइल नंबर, बैंक अकाउंट नंबर एवं ऋण पुस्तिका, वनाधिकार पट्टा पंजीयन समय लाने एवं पूर्व में पंजीकृत किसानों के गेहूं के बोए गए रकबे में संसोधन के लिए एसएमएस का कार्य एनआईसी द्वारा किया जाएगा।
डाटा अपलोड करने का कार्य 15 फरवरी तक करें
        कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पुराने पंजीयन में किसानों के डाटा को अपलोड करना एवं नए पंजीयन का कार्य उपार्जन समिति 15 जनवरी 2016 से 15 फरवरी 2016 तक नियमित रूप से करें। कलेक्टर ने महाप्रबंधक जिला सहकारी केंद्रीय बैंक को निर्देश दिए कि पंजीकृत किसानों के बैंक खातों का सत्यापन 22 जनवरी से 22 फरवरी तक करें।
किसान पंजीयन कार्य तय सीमा में पूर्ण किया जाए
        कलेक्टर ने सभी संबंधित क्षेत्रों के पटवारी, तहसीलदार एवं एसडीओ को निर्देश दिए कि किसान पंजीयन डाटा का सत्यापन 22 जनवरी से 22 फरवरी 2016 तक पूर्ण किया जाए। उन्होंने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक महाप्रबंधक को निर्देश दिए कि जिला स्तर पर किसानों के लोन संबंधी जानकारी ऑनलाइन एप्लीकेशन में भरने का कार्य 15 जनवरी से 28 फरवरी  तक पूर्ण किया जाए।
ऑनलाइन डाटा फिडिंग 25 फरवरी तक करें
        बैठक में कलेक्टर ने डीएसओ, डीआईओ, एनआईसी प्रबंधक को निर्देश दिए कि साफ्टवेयर में गेहूं के प्रति हैक्टेयर अधिकत उपज के ऑनलाइन डाटा फिडिंग का कार्य 25 फरवरी 2016 किया जाए। कलेक्टर ने जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति ‍निगम को निर्देश दिए कि जिला स्तर पर बारदान एवं ट्रांसपोर्ट संबंधित जानकारी ऑनलाइन भरने का कार्य भी 25 फरवरी 2016 तक पूर्ण किया जाए।
गेहूं खरीदी का कार्य 16 मार्च से प्रारंभ किया जाएगा
        कलेक्टर ने निर्देश दिए कि गेहूं खरीदी का कार्य 16 मार्च 2016 से 14 मई 2016 तक किया जाए। इस कार्य में विशेष सावधानी रखी जाए जिससे किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।
प्रचार-प्रसार का कार्य 15 जनवरी तक
        बैठक में बताया गया कि पंजीयन/ संशोधन के लिए प्रचार-प्रसार का कार्य 22 दिसंबर से प्रारंभ हो चुका है जो कि 15 जनवरी 2016 तक नियमित चलाया जाएगा। डीआईओ, एनआईसी एवं ऑरेटर समिति प्रबंधक को ‍निर्देश दिए गए कि समिति स्तर से एसएमएस शेडयूलिंग करने का कार्य 5 मार्च 2016 तक किया जाए।
----------------------------
नगरीय क्षेत्र के भूमिहीनों का सर्वे होगा
        देवास 04 जनवरी 2016/ नगरीय क्षेत्र के भूमिहीन व्यक्तियों को पट्टा दिए जाने के संबंध में सर्वे कार्य किया जाएगा। कलेक्टर आशुतोष अवस्थी की अध्यक्षता में सोमवार को नगरीय निकायों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें शासन के निर्देशों से सभी को अवगत कराया गया। बैठक में बताया गया कि 31 दिसंबर 2012 की स्थिति में राज्य शासन नगरीय निकायों अथवा विकास प्राधिकरण की भूमि पर काबिज व्यक्ति जो वहां वास्तविक रूप से निवास कर रहा है, कोई मकान या भूमि या तो अपने स्‍वयं के नाम पर या अपने कुटुंब के किसी सदस्य के  नाम से स्वामित्व में नहीं रखता हो, को आवासीय पट्टों का वितरण अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत किए जाने के निर्देश दिए गए।
    कलेक्टर ने अपर कलेक्टर डॉ. कैलाश बुंदेला को जिला शहरी विकास अभिकरण के माध्यम से संपूर्ण कार्य के लिए नोडल अधिकारी बनाया है। इस माह के अंत तक सर्वेक्षण कार्य पूरा हो जाएगा। प्रारंभिक  सर्वेक्षण सूची का प्रकाशन 5 फरवरी तक होगा। अंतिम सर्वेक्षण सूची 20 फरवरी तक तैयार की जाएगी। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि  सर्वे कार्य पूर्ण वैधानिकता हो।
----------------------------
सबकी जिम्मेदारी है पोलियो का खात्मा- कलेक्टर
        देवास 04 जनवरी 2016/ पोलियो की बीमारी पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया गया है। इसका जड़ से खात्मा हो, यह हम सब की जिम्मेदारी है। आगामी 17 जनवरी और 21 फरवरी को पल्स पोलिया अभियान की सफलता के लिए समाज के सभी वर्ग अपनी सहभागिता दें। कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने सोमवार को जिला टास्क फोर्स की बैठक में यह बात कही। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एके दीक्षित ने बताया कि जिले में 5 वर्ष आयु के 2 लाख 26 हजार बच्चे हैं। पोलियो की ड्राप पिलाने के लिए शहरी क्षेत्र में 419 तथा ग्रामीण क्षेत्र में 1406 की टीम लगाई गई है। आवागमन के स्थलों के लिए 51 मोबाइल टीम बनाई गई हैं। पोलियो की दवा पिलाने के लिए 4 हजार 102 कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई गई है। एक कंट्रोल रूम बनाया गया है, जिसका नंबर 252015 है। बैठक में विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी मौजूद थे।
---------------------------

खुले में शौच मुक्त ग्रामों का परीक्षण होगा
        देवास 04 जनवरी 2016/ जिले में जिन ग्रामों को खुले में शौच मुक्त्‍ घोषित किया गया है, उनकी वास्तविकता का परीक्षण किया जाएगा। इसके लिए भारतीय प्रबंधन संस्थान इंदौर का दल इन ग्रामों में भ्रमण करेगा। स्कूल एवं आंगनवाड़ी केंद्रों के साथ घर-घर जाकर किया जाएगा। कलेक्टर आशुतोष अवस्थी सोमवार को इन दलों के साथ बैठक कर ग्रामों की स्थिति की जानकारी दी। बैठक में सीईओ जिला पंचायत प्रबल सिपाहा उपस्थित थे।
--------------------------
रजब अली - अमानत अली संगीत समारोह 8 एवं 9 जनवरी को
    देवास 04 जनवरी 2016/ उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी, मप्र संस्कृति परिषद भोपाल द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से इस वर्ष भी देवास में दो दिवसीय स्मरण उस्ताद रजब अली खां- उस्ताद अमानत अली खां संगीत समारोह का आयोजन होगा। यह आयोजन 8 व 9 जनवरी को मल्हार स्मृति मंदिर में किया जाएगा। कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने व्यवस्था के लिए आयुक्त नगर निगम हिमांशु सिंह को निर्देश दिए हैं।
-----------------------------
सफलता की कहानी
मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास मिशन से घर का सपना हुआ अपना
        देवास 04 जनवरी 2016/ ग्राम पंचायत अजनास के पूनमचंद्र पिता बाबूलाल को मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास मिशन अंतर्गत पक्का आवास प्राप्त हो जाने से खुश है। उनकी जिदंगी में निश्चितता और खुशहाली आ गई है। पूनमचंद्र को शासन की मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास मिशन योजनांतर्गत वर्ष 2014.15 में एक लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी। जिससे उनके लिए झोपड़ी को पक्के घर में बनाना मुमकिन हुआ।
    पूनमचंद्र ने बताया कि मेरे पास एक झोपड़ी छोटी सी थी। ग्राम पंचायत के माध्यम से मुझे  मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास मिशन अंतर्गत पक्के आवास हेतु नर्मदा झाबुआ ग्रामीण बैंक  से 1,00,000 /- स्वीकृत हुए। राशि चैक के माध्यम से मेरे खाते में जमा कराकर ग्राम पंचायत की देखरेख में  आवास का निर्माण किया गया। पूनमचंद्र ने बताया कि झोपड़ी से पक्का मकान प्राप्त हो जाने पर  मैं ओर मेरा परिवार बेहद खुश हैं।



No comments:

Post a Comment