Thursday, 7 January 2016

दिनांक 7 जनवरी 2015
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

कलेक्टर ने ग्राम कलमा में शौचालय निर्माण गड़बड़ी को पकड़ा
भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश
          देवास 07 जनवरी 2016/ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने गुरुवार को विकासखंड टोंकखुर्द के ग्रामों का भ्रमण किया। ग्राम कलमा में उन्होंने शौचालय निर्माण में हुई गड़बड़ी को पकड़ा और जांच के निर्देश दिए। ग्राम चिड़ावद में पटवारी रिकॉर्ड में किसान की भूमि दर्ज करने में हीलाहवाली पर उन्होंने नाराजगी जताई। ग्राम भैरवाखेड़ी में विगत तीन माह से सामाजिक सुरक्षा पेंशन नहीं बंटने पर मौके पर उपसंचालक सामाजिक न्याय विभाग को तलब किया और पेंशन वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर के भ्रमण के दौरान एसडीएम सोनकच्छ मुशताक अहमद, तहसीलदार केएल तिलवारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
इस तरह हुई गड़बड़ी
        ग्राम कलमा में कलेक्टर ने पंचायत सचिव से उन हितग्राहियों के नाम पढ़ने को कहा जिनके घर मॉडल शौचालय बनाए गए थे। उपस्थित ग्रामीणों में से कैलाश मुंशीलाल और मोहनबाई इत्यादि ने खड़े होकर बताया कि उनके घरों में कोई शौचालय नहीं बना है। कलेक्टर ने इसे गंभीरता से लेकर तत्कालिक पंचायत सचिव सहित सभी संबंधित लोगों पर जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर ने समग्र स्वच्छता के ब्लॉक कॉडिनेटर देवकंठ तिलोदिया को कार्य की लापरवाही पर जमकर फटकार तथा कार्य सुधारने की नसीहत दी।
ग्रामीणों से चर्चा कर सुनी समस्याएं
        कलेक्टर ने ग्रामीणों से विस्तृत चर्चा की तथा उनके द्वारा बताई गई समस्याओं पर एक-एक करके विचार-विमर्श किया। अनुसूचित जाति मोहल्ले में केबल कनेक्शन कर मीटर लगाने के निर्देश दिए। साथ ही गांव में खराब पड़े चार ट्रांसफॉर्मर को दूरूस्‍त करने के निर्देश दिए। बिजली विभाग द्वारा बताया गया कि गांव में 18 लाख रुपए बकाया होने के कारण ट्रांसफॉर्मर नहीं सुधारा गया है।
आंगनवाड़ी का किया निरीक्षण
        कलेक्टर ने गांव में आंगनवाड़ी भवन का निरीक्षण किया। वहां उपस्थित बच्चों से चर्चा कर नाश्ता, भोजन की जानकारी ली। कमरा बंद पाए जाने पर बच्चों को पर्याप्त हवा, पानी प्रकाश की उपलब्धता के निर्देश दिए।
पंचायत भवन सुधारने के दिए निर्देश
        ग्राम भैरवाखेड़ी में सभी घरों में शौचालय बना लिए जाने पर कलेक्टर ने प्रसन्नता जाहिर की। ग्रामीणों ने बताया कि पहले रोड पर गंदगी के कारण निकलना दुभर था। अब गांव में स्वच्छता का वातावरण है। कलेक्टर ने गांव में नाले को जगह-जगह से बांधने के निर्देश दिए। तालाब का अतिक्रमण हटाकर गहरीकरण की मांग पर कलेक्टर ने जनपद को कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर ने नवनिर्मित पंचायत भवन का ‍निरीक्षण किया। आरईएस द्वारा कमरों और गलियारों को उबड़-खाबड़ छोड़कर काम पूरा करने की सूचना देने पर अप्रसन्नता जताई तथा यहां टाइल्स लगाने के निर्देश दिए।
चिड़ावद पहुंचे कलेक्टर
        लगभग चार हजार की आबादी वाले चिड़ावद गांव पहुंचने पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया और अपनी समस्याएं उनके सामने रखी। कलेक्टर ने हर घर में शौचालय बनाने के लिए उन्हें प्रेरित किया। ग्रामीणों ने भरोसा दिलाया कि गणतंत्र दिवस 26 जनवरी तक वे हर घर में शौचालय बना लेंगे।
किसानों की राजस्व संबंधी समस्याएं सुलझाए नायब तहसीलदार
        किसानों ने उन्हें अपनी राजस्व संबंधी अनेक समस्याओं से अवगत कराया। नामांतरण, नामकरण, सीमाकंन के अनेक प्रकरण लंबित पाए गए। कलेक्टर ने नायब तहसीलदार को अभियान चलाकर किसानों के सभी प्रकरण निराकृत करने के निर्देश दिए। पाड़ल्या के प्रेमसिंह पिता राजकुमार ने बताया कि सभी कागज होने पर भी उनके जमीन का विवरण कम्प्यूटर में दर्ज नहीं किया जा रहा है। कलेक्टर ने तीन दिवस के भीतर उस पर कार्रवाई के निर्देश दिए। हाई स्कूल के प्राचार्य की शिकायत ग्रामीणों द्वारा किए जाने पर जिला शिक्षा अधिकारी को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
22 लाख स्टॉपडेम में नहीं रूकता 22 लीटर पानी
        ग्रामीणों ने बताया कि ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग द्वारा गत वर्ष 22 लाख रूपए की लागत से स्टॉपडेम बनाया गया था, लेकिन पहले ही साल यह नेस्तानाबूत हो गया और इसमें 22 लीटर पानी भी नहीं रूकता। कलेक्टर ने कार्यपालन यंत्री को जांच के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने चिड़ावद के नायब तहसील कार्यालय में पीपल का पौधा भी रौंपा।




------------------------
       
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास

॥ स मा चा र॥

लंबित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक 11 जनवरी को
      देवास 07 जनवरी 2016/ लंबित समयावधि पत्रों की बैठक का आयोजन 11 जनवरी 2016 सोमवार को प्रातः 10.30 बजे से कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर आशुतोष अवस्थी की अध्यक्षता में किया जाएगा। कलेक्टर ने सर्वसंबंधितों को आवश्यक जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
----------------------------
महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता निलंबित
      देवास 07 जनवरी 2016/ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने उपस्वास्थ्य केंद्र अजनास खातेगांव में महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता हेमलता कुश्वाह को कार्यस्थल पर निरंतर अनुपस्थित होने, शासकीय आदेशों की अवहेलना करने के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन की अवधि में इनका मुख्यालय खातेगांव रहेगा।
------------------------
रजब अली - अमानत अली संगीत समारोह आज एवं कल
    देवास 07 जनवरी 2016/ उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी, मप्र संस्कृति परिषद भोपाल द्वारा  जिला प्रशासन के सहयोग से इस वर्ष भी देवास में दो दिवसीय स्मरण उस्ताद रजब अली खां- उस्ताद अमानत अली खां संगीत समारोह का आयोजन 8 व 9 जनवरी को मल्हार स्मृति मंदिर में किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ 8 जनवरी को सायं 7.30 बजे से होगा।
    संगीत समारोह के प्रथम दिवस 8 जनवरी को नासिक के गायक श्री प्रसाद खार्पेड़ तथा इंदौर के वायोलिन वादक श्री कमल कामले प्रस्तुति देंगे। समारोह के द्वितीय दिवस 9 जनवरी को भोपाल के तबला वादक श्री अंशुल प्रतापसिंह तबला वादन करेंगे। मुंबई के बांसुरी वादक श्री संतोष संत बांसुरी वादन तथा कोलकाता के गायक श्री अरशद अली खां गायन प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा सहयोगी कलाकारों में तबला वादक श्री अनिल मोघे, श्री सलीम अल्लाहवाले, श्री हितेंद्र दीक्षित, श्री रामेंद्रसिंह सोलंकी प्रस्तुति देंगे तथा हारमोनियम में श्री विवेक बनसोड़, श्री उपकार गोड़बोले हारमोनियम का वादन करेंगे। कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने आमजन से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में संगीत समारोह में आकर इसका आनंद लें।
-------------------------
महाराष्ट्र के परभणी जिले के कृषक एवं अधिकारियों के
दल ने किया टोंकखुर्द के तालाबों का निरीक्षण
      देवास 07 जनवरी 2016/ देवास जिले के टोंकखुर्द विकासखंड में बने रेवासागर एवं बलराम तालाबों का भ्रमण गत दिवस महाराष्ट्र के परभणी जिले के 35 कृषक एवं 15 कृषि अधिकारियों के दल ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दल के प्रभारी दीपक गवली ने बताया कि गत वर्षों से महाराष्ट्र के मराठवाड़ा में वर्षा नहीं हो रही है। पीने के पानी की किल्लत है। साथ ही सिंचाई भी कम वर्षा के कारण संभव नहीं हो पा रही है। ऐसी स्थिति में परभणी एवं लातूर जिले के पूर्व में कृषकों एवं अधिकारियों द्वारा किए गए भ्रमण से हमारे क्षेत्र में तालाब बनने प्रारंभ हुए है। परभणी एवं लातूर जिले में देवास मॉडल पर ही  तालाब बन रहे हैं। जिससे कृषकों को बहुत लाभ होगा तथा पानी की किल्लत भी कम होगी।
पर्यावरण के संबंध में दी गई जानकारी
    उक्त दल को कलेक्टर आशुतोष अवस्थी एवं उप संचालक कृषि केसी वास्केल के निर्देशन में सहायक संचालक कृषि डॉ. मोहम्मद अब्बास ने ग्राम टोंककला, हरनावदा, टोंकखुर्द, गोरवा, एवं निपानिया में तालाबों का भ्रमण कराया। जिले में तालाबों से आई जल क्रांति से सिंचाई रकबा, उत्पादन में उत्पादकता बढ़ोत्तरी एवं पर्यावरण के सुधार संबंध में जानकारी दी गई। मौके  पर उपस्थित भागीरथ कृषक, मास्टर ट्रेनर प्रेमसिंह‍ खिंची एवं खुमानसिंह, रमेश सिंह, उदयसिंह खिंची टोंककला, रणछोड़ पटेल गोरवा, दिलीपसिंह पवार एडव्होकेट निपानिया, महेंद्र सिंह चावड़ा टोंकखुर्द, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी श्री बड़ौले ने भी तालाब के संबंध में जानकारियां दी।
सफलता की कहानी कृषकों की जुबानी
    भ्रमण दल को स्थानीय कृषक प्रेमसिंह खिंची, दिलीपसिंह पवार एवं रणछोड़ पटेल ने बताया कि हमारे क्षेत्र में सभी ट्यूबवेल, बोरवेल तथा कुआं का जल स्तर तालाबों में पानी भर जाने के कारण बढ़ा है। हमारी भूमि का सिंचाई रकबा दो गुना हो गया है। कृषकों को कभी पानी की कमी नहीं आएगी। इससे हमारी आर्थिक स्थिति में संप्रभुता आई है।
भ्रमण दल ने लिया संकल्प
         परभणी के कृषकों ने शपथ लेकर संकल्प लिया कि  वे सभी अपने खेतों में तालाबों को निर्माण करवाएंगे। शपथ में उन कृषकों ने कहा कि तालाब निर्माण करवाकर देवास के कृषकों से पीछे नहीं रहेंगे। भ्रमण दल ने जिला प्रशासन, कृषि विभाग एवं कृषकों द्वारा किए गए इस अनूठे कार्य के लिए भूरि-भूरि प्रशंसा की है।  
      
---------------------------

गेहूँ की फसल में खरपतवार नियंत्रण हेतु सलाह

         देवास 07 जनवरी 2016/ किसान भाइयों को सलाह दी जाती है कि वर्तमान समय में जिन किसान भाईयों की गेहूँ की फसल 18-21 दिन की हो गई है तो प्रथम सिंचाई सीआरआई अवस्था (क्राउन रूट निकलते समय) में पहली सिंचाई करें। इस सिंचाई के करने से फसल अच्छी वृद्धि करती है। इसी प्रकार से जिन किसान भाईयों के खेतों में गेहूँ की फसल में खरपतवार जैसे गेहूं सा (फेलेरिस माइनर) जंगली जई, दूब घास, हिरन खुरी, बथुआ आदि का प्रक्रोप होता है। इन खरपतवारों के कारण गेहूँ की फसल में 30-45 प्रतिशत की हानि हो सकती है। अतः जिन किसान भाईयों के खेत में चौडी़ पत्ती वाले खरपतवार दिखाई दे रहे है तो 2-4 डी सोडियम लवण 80 प्रतिशत डब्ल्यूपी 01 लीटर दवा 500-600 लीटर पानी में मिलाकर पहली सिंचाई के बाद स्प्रे करें।
         इसी प्रकार से जिन किसान भाईयों के खेत में सकरी पत्ती वाले खरपतवार दिखाई दे रहे हो तो मेटसल्फ्यूरॉन मिथाईल 20 प्रतिशत डब्ल्यू.पी 20-30 ग्राम मिली. हे.500-600 लीटर पानी में मिलाकर पहली सिंचाई के बाद स्प्रे किया जाना चाहिए। जिन किसान भाईयों के खेत में चौडी एवं सकरी पत्ती वाले खरपतवार दिखाई दे रहे हो तो किसान भाई सल्फोसल्फ्यूरॉन 75 प्रतिशत डब्ल्यूपी फीनोन्सोप्रोप इथाइल 10 प्रतिशत ईसी दवा का मिश्रण 500-600 लीटर पानी में मिलाकर किसान पहली सिंचाई के बाद खेत में नमी रहने पर खरपतवार नियंत्रण हेतु उपयोग कर सकते है। अधिक जानकारी के लिए किसान भाई अपने क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी कृषि विकास अधिकारी या विकासखण्ड के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी से सम्पर्क कर सकते है।
-----------------------


No comments:

Post a Comment