दिनांक 03-01-2016
स्कूल भवनों के मरम्मत कार्य भी दर्ज होंगे पोर्टल पर
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवास
॥ स मा चा र ॥
पौधों के बड़े होने के बाद सुंदर लगेगी टेकरी
टेकरी पर किया गया फलदार पौधों का रोपण
देवास
03 जनवरी 2016/
प्रकृति की सुंदरता हरियाली से होती है। हमें
अपनी प्रकृति को सहेजकर रखना है, जिससे प्रकृति की सुंदरता लगातार बनी रही। उक्त बातें
"नववर्ष 2016" के अंतर्गत मां चामुंडा की टेकरी पर रविवार को किए गए सघन
फलदार पौधों के रोपण करते हुए कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने कही। इस अवसर पर जिला पंचायत
अध्यक्ष नरेंद्रसिंह राजपूत, महापौर सुभाष शर्मा, पुलिस अधीक्षक अभय सिंह, वन सरंक्षक
पीएस चंपावत, एडीएम डॉ. कैलाश बुंदेला, जिला पंचायत सीईओ प्रबल सिपाहा, एसडीएम सारिका
भूरिया, जिला अधिकारी एवं स्टॉफ, गणमान्य नागरिक,
विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी/ कार्यकर्ता, विद्यार्थी एवं अन्य लोग उपस्थित
थे।
पौधारोपण से टेकरी लगने लगी है सुंदर
महापौर सुभाष शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि टेकरी
पर किए जा रहे पौधारोपण से टेकरी की सुंदरता बढ़ने लगी है। हमें पौधों का रोपण करके
उनके देखभाल करना चाहिए। अगर पेड़ पौधे रहेंगे तो हमें प्राण वायु मिलेगी।
विभिन्न प्रकार के पौधें रोपें गए
"नववर्ष 2016" के स्वागत अवसर पर जिला
पंचायत अध्यक्ष, महापौर, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक
एवं उपस्थितजनों ने खिरनी, मोरतली, पीपल, शीशम, कदम, आम, मीठा नीम, सप्तबड़नी के पौधों
का रोपण किया। पौधारोपण के अवसर पर उपस्थित जनों में काफी उत्साह नजर आया। इस दौरान
विभिन्न प्रकार के 500 से अधिक पौधों का रोपण किया गया।
खिरनी का पेड़ सर्वाधिक आयु वाला
आज खिरनी के पौधे का भी रोपण किया गया। खिरननी
का पेड़ एक हजार वर्ष तक जीवत रहता है तथा यह मीठे फल भी देता है। इस प्रकार के पेड़
पर विभिन्न प्रकार के पशु-पक्षी बैठते है तथा मीठे फल को खाते हैं।
--------------------------
6 कियोस्क के आवंटन आदेश सौंपे
देवास
03 जनवरी 2016/
मां चामुंडा टेकरी के सीढ़ी मार्ग पर हस्त
शिल्प/ग्रामोद्योग से संबंधित कार्यों में संलग्न समूहों, व्यक्तियों के द्वारा निर्मित
उत्पादों को प्रोत्साहन देने के लिए कियोस्क के आवंटन आदेश आज रविवार को जिला पंचायत
अध्यक्ष नरेंद्रसिंह राजपूत, महापौर सुभाष शर्मा एवं जिला पंचायत सीईओ प्रबल सिपाहा
की उपस्थित कियोस्क आदेश सौंपे गए।
जिला पंचायत सीईओ ने बताया कि सीढ़ी मार्ग के दाहिने
ओर कियोस्क क्रमांक-2 शब्बो बी, महक स्वयं सहायता समूह को झुमर बनाकर बेचने के लिए,
कियोस्क क्रमांक-3 मायाबाई, जय लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह को बैग बनाकर बेचने के लिए,
कियोस्क क्रमांक-4 जयंती चौहान को फ्रेमिंग बनाकर बेचने के लिए, कियोस्क क्रमांक-5
ममताबाई, श्री गणेश स्वयं सहायता समूह को सोफा कवर, डोरमेड, सीट कवर आदि बनाकर बेचने
के लिए, कियोस्क क्रमांक 6 सुमनबाई चौहान को कपड़े के पर्स बनाकर बेचने के लिए तथा कियोस्क
क्रमांक-7 संजय चौहान को गिफ्ट आयटम बेचने के लिए आवंटन आदेश दिए गए है।
---------------------------
सड़क दुर्घटना के प्रकरण में कलेक्टर
द्वारा आर्थिक सहायता स्वीकृत
देवास 03 जनवरी 2016/ कलेक्टर आशुतोष अवस्थी
ने सड़क दुर्घटना के प्रकरण में पीड़ित परिवार को सड़क दुर्घटना योजना अंतर्गत 15 हजार
रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है।
अनुविभागीय
अधिकारी (राजस्व) खातेगांव एवं संबंधित तहसीलदार के प्रतिवेदन के आधार पर यह सहायता
दी गई है। गत 19 नवंबर 2015 को निलेश पिता सियाराम निवासी ग्राम हीरापुर तहसील सतवास
की संदलपुर रोड दाना बाबा के समीप सड़क दुर्घटना में मृत्यु होने पर "सड़क दुर्घटना
योजना" अंतर्गत मृतक के वैध वारिस पिता सियाराम को आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई
है।
क्रमांक 18/1651/03-01-2016
9वीं एवं 11वीं कक्षा का परीक्षा कार्यक्रम घोषित
देवास 03
जनवरी 2016/ राज्य शासन द्वारा बोर्ड पैटर्न पर आधारित कक्षा
9वीं एवं 11वीं का परीक्षा कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। कक्षा 9वीं के नियमित विद्यार्थियों
की परीक्षा 2 मार्च तथा 11वीं की परीक्षा एक मार्च से शुरू होगी।
शासन ने स्कूल शिक्षा के सभी संभागीय संयुक्त
संचालक एवं डीईओ को परीक्षा कार्यक्रम को शाला के नोटिस-बोर्ड पर चस्पा करवाने के निर्देश
दिये हैं। दोनों कक्षा की परीक्षाएँ दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक होंगी। अधिकारियों से
कहा गया है कि प्रत्येक परीक्षार्थी को परीक्षा कार्यक्रम की जानकारी समय सहित ज्ञात
होना चाहिये। परीक्षा कार्यक्रम एजुकेशन पोर्टल पर भी उपलब्ध है।
क्रमांक 19/1652/03-01-2016
स्कूल भवनों के मरम्मत कार्य भी दर्ज होंगे पोर्टल पर
देवास 03
जनवरी 2016/ राज्य शासन ने सर्व शिक्षा अभियान में प्राथमिक
और माध्यमिक शाला भवनों के मेजर रिपेयरिंग कार्यों को एजुकेशन पोर्टल पर दर्ज करवाने
के निर्देश दिये हैं। सभी जिला परियोजना समन्वयक और जिला शिक्षा केन्द्रों को वर्ष
2014-15 एवं 2015-16 में स्वीकृत कार्यों को पोर्टल पर दर्ज करवाने के लिये कहा गया
है। स्कूल भवन के प्रगतिरत कार्यों को आगामी 15 फरवरी तक पूरा करवाने का लक्ष्य है।
---------------------------
अनुदान के लिए ऑन लाइन आवेदन कर सकेंगे किसान
देवास 03 जनवरी
2016/ कृषि यंत्र खरीदने के लिए कृषि विभाग
की अनुदान योजनाओं का लाभ लेने के लिए जिले के किसानों को मुख्यालय तक नहीं आना पड़ेगा।
किसान कहीं से भी ऑन लाइन आवेदन कर सकेंगे। इतना ही नहीं आवेदन स्वीकृत या निरस्त होने
की जानकारी भी एसएमएस से मिलेगी। प्रदेश में ग्वालियर, इंदौर व जबलपुर को पायलट जिलों
में शामिल कर वर्ष 2015-16 में ऑन लाइन व्यवस्था शुरू की गई थी। प्रयोगात्मक सफलता
पर अब सभी जिलों में यह व्यवस्था लागू कर दी गई है। मुख्यालय से निर्देश मिलने के बाद
जिले में भी 7 दिसम्बर से मैन्यूवली आवेदन लेना बंद कर दिए गए हैं।
ऑन लाइन व्यवस्था में अभी जिले के अधिकारियों को
लागिन आईडी व पासवर्ड नहीं दिया गया है। लेकिन लगभग 1900 से अधिक किसानों ने अभी तक
ऑन लाइन आवेदन कर दिए हैं। ऑन लाइन आवेदन में प्रकरण का निराकरण करने के लिए मंगलवार
को उज्जैन में संभाग के अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
इनका अनुदान ऑन लाइन होगा
ट्रैक्टर व पॉवर टीलर सभी प्रकार के शक्तिचलित
व स्वचलित कृषि यंत्र, विद्युत व डीजल पंप, ड्रिप व स्प्रिंकलर सिस्टम व सिंचाई पाइप
लाइन।
ऐसे होगा आवेदन
अनुदान के लिए किसान अपना आवेदन व पंजीयन
एमपी ऑन लाइन कियोस्क से www.mpfsts.mp.gov.in एम.पी. फार्मर सब्सीडी ट्रेकिंग सिस्टम पोर्टल पर स्वयं के द्वारा निःशुल्क
भी कर सकेंगे। इसमें स्वयं के नाम की भूमि की खसरा, खतौनी, पासपोर्ट फोटो, जाति प्रमाण
पत्र (अजा व अजजा किसानों के लिए), बैंक पासबुक के पहले पेज की छायाप्रति, ट्रैक्टर
चलित कृषि यंत्र लेने पर ट्रैक्टर के स्वयं के नाम पर पंजीयन की स्केन कॉपी अपलोड करना
होगी।
यह सुविधा मिलेगी
आवेदन व पंजीयन की जानकारी किसान द्वारा दिए
गए मोबाइल नम्बर पर एसएमएस से मिलेगी। इसके साथ ही आवेदन के निराकरण पर प्रगति व स्वीकृति
या निरस्त की सूचना भी मोबाइल पर एसएमएस पर चरणवार मिलती रहेगी। खास बात यह है कि किसान
भी ऑन लाईन हितग्राहियों के चयन की सूची अनुदन आवंटन की जानकारी देख सकेंगे। इस प्रक्रिया
में अनुदान वितरण में पारदर्शिता रहेगी।
-------------------------
No comments:
Post a Comment